सब दुख द्वन्द्व निवारण हेतु, लेहु शरण निज आतम की।
निज सुख स्वानुभव से निपजे, अब तजहु आस अशरण जग की॥1॥
क्यों व्यर्थ विकल्प करे प्रतिक्षण, ये आकुलता उपजाते हैं।
आकुलता ही दुःख बीज अरे! श्री गुरु तुझको समझाते हैं॥2॥
ज्यों बंदर का कुछ काम नहीं, पर मूरख टाँग फँसाता है।
लकड़ी में फँसी हुई छैनी, खुद ही निकाल दब जाता है॥3॥
विल्लाता है, चिल्लाता है, संक्लेश धरे मर जाता है।
अर आर्तध्यान से नरकों में जा, भारी दुःख उठाता है॥4॥
त्यों सुन पर से चेतन तेरा, अत्यन्ताभाव सदा ही है।
फिर भी उपयोग फँसा पर में, तुमने तो दुःख सहा ही है॥5॥
है ज्ञान मात्र तेरा स्वभाव, पर में कर्त्तापन चले नहीं।
जो होना है सो ही होवे, तेरे विकल्प से टले नहीं॥6॥
होने वाला तो कार्य अरे, तेरे विकल्प बिन होता है।
ना होने वाला कार्य मूढ़, चिन्ता से भी नहीं होता है॥7॥
फिर भी अज्ञानी-संसारी, संक्लेश करे अरु रोता है।
भूतकाल के सोच भविष्य की, चिन्ता में दिन खोता है॥8॥
ईंधन घृत डालता ही जावे, अरु अग्नि शमन किया चाहे।
त्यों विषयों के भोगों से मूरख, इच्छा की तृप्ति चाहे॥9॥
पर जग में फूटा घड़ा कभी, जल से भरता देखा किसने।
जिसने भरने की बुद्धि तजी, सुखमय जीवन पाया उसने॥10॥
हे भव्य! आस त्यागो जग की, पर से सुख कभी न आता है।
ज्यों-ज्यों दौड़े त्यों आगे हो, मृग तृषित न जल को पाता है॥11॥
यदि प्रथम भूमिका में ‘आत्मन्’ तेरे विकल्प नहीं छूट सके।
तो करो तत्त्व चिन्तन जिससे, नहीं आर्त-रौद्र में तू अटके॥12॥
यदि महल बनाना हो चेतन, तो मुक्ति महल निर्माण करो।
यदि निधियों से दृष्टि न हटे, तो रत्नत्रय निधि दृष्टि करो॥13॥
यदि करना-धरना है चेतन, निज कार्य करो, निज ध्यान धरो।
यदि नाश करन की इच्छा हो तो, मोह भाव का नाश करो॥14॥
यदि शादी का भी भाव उठे, चारित्र रूप रथ पर सु चढ़ो।
पर भाव रूप पर नारि तजो, शिव सुन्दरि निज अन्दर सु वरो॥15॥
यदि सुनने की उर चाह उठे, तो जिनवाणी उपदेश सुनो।
यदि गुनना है तो हे आत्मन्! निज में निज से निज को ही गुनो॥16॥
पर संग न छूटे तब तक भी, ज्ञानी जन का सत्संग करो।
यदि मरण नहीं छूटे तेरा तो सल्लेखनमय मरण करो॥17॥
जब रोगादिक का वेदन हो, तो समतामृत का पान करो।
यदि कर्मोदय से बचना है तो आत्मज्ञान रवि उदय करो॥18॥
जब तुझे देखना हो चेतन तो वीतराग मुद्रा देखो।
मुद्रा में भी प्रभु को देखो, प्रभु जैसा फिर निज को देखो॥19॥
Artist: ब्र. रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’
स्रोत: सहज पाठ संग्रह