सुदृष्टि तरंगिणी, पं. टेकचंद जी (दैनिक स्वाध्याय) | Sudrishti Tarangini, Pt. Tekchand Ji (Dainik Swadhyay)

सुदृष्टि तरंगिणी: शंका 54, 55

शंका 54: हे गुरो ! यह जीव किस पुण्य से अनेक भोग योग्य अन्न, मेवादि षट्रस युक्त वस्तुओं का भोगी; सुगंधादि भली वस्तुओं को भोगनेवाला होता है ?
समाधानः जिसने पूर्वभव में दीन-दुखी जीवों को देखकर दयाभावपूर्वक दान दिया है; पूर्वभव में मुनिश्रावकों को भक्तिपूर्वक दान दिया है। दूसरों को दान देते हुए भला जाना है। अन्य जीवों को भला अन्न, मेवा, मिठाई खाते देखकर; अनेक सुगंधादि सहित सुखी देखकर स्वयं प्रसन्न हुआ है, इत्यादि शुभभावों से वांछित भोग योग्य, षट्रस मेवादि भली वस्तु का भोगी होता है।

शंका 55: हे गुरो ! यह जीव किस पुण्य से अनेक उपभोग योग्य वस्तु विस्तर, आभूषण, मंदिर, स्त्री, हाथी, घोड़ा, रथादि वाहन, पालकी आदि बहुत पदार्थों का भोक्ता होता है ?
समाधानः जिसने पूर्वभव में मुनियों को वस्तिका का दान दिया है; श्रावकों को तथा आर्यिका को वस्त्र दान दिए हैं। जिनदेव के लिए छत्र, चँवर, सिंहासन आदि उपकरण कराकर पुण्य उपार्जित किया है। अन्य जीवों को वस्त्राभूषण पहिने हुए देखकर स्वयं प्रसन्न हुआ है। जिसने सभी जीवों को समस्त प्रकार से सुख की वाँछा की है, इत्यादि शुभभावसहित जीव अनेक उपभोगों को भोगनेवाला होता है।

सुदृष्टि तरंगिणी: शंका 56, 57

शंका 56: हे नाथ ! यह जीव किस कर्म के कारण बोने शरीर का धारक होता है ?
समाधानः जिसने पूर्वभव में अन्य को छोटे शरीर का धारक देखकर, उनकी हँसी, निंदा की है; बड़े तन का धारक स्वयं को देखकर अभिमान किया है। अन्य को बौना शरीर देखकर स्वयं प्रसन्न हो, उसे भला जाना है। अपने बड़े शरीर से अन्य छोटे शरीरवालों को पीड़ा पहुँचायी है, इत्यादि अशुभभावों से छोटे शरीर का धारक, बौना होता है।

शंका 57: हे मुनिनाथ ! इस जीव को किस पापभाव से कुबड़ा शरीर प्राप्त होता है ?
समाधानः हे दयालु चित्त को धारण करनेवाले वत्स ! तुम मन लगाकर सुनो !! जिस जीव ने पूर्व भव में अन्य जीवों को लाठी, लात, मूकी मारकर, उनकी हड्डियाँ तोड़कर, उन्हें दुःखी कर स्वयं सुख पाया है; अन्य के शरीर को गाँठ-गठीला, रोग सहित देखकर स्वयं सुखी हुआ है। अन्य के शरीर को आँका-बाँका, कुरूप देखकर, उसकी हँसी की है। अपने अच्छे तन का अत्यधिक गर्व कर दूसरों को चिढ़ाया है। इत्यादि अशुभभावों से कुबड़ा शरीर होता है।

सुदृष्टि तरंगिणी: शंका 58, 59

शंका 58: हे गुरो ! यह जीव किस पुण्य से देव होता है ?
समाधानः जिस जीव ने पूर्वभव में सम्यक्त्व धारण किया है। पंचपरमेष्ठियों की पूजा, वंदना, स्तुति की है। तप, शील, संयम का पालन किया है। दीन जीवों की रक्षा रूप भावपूर्वक करुणाभाव धारण किया है। मुनि, श्रावक आदि चतुर्विध संघ की वैयावृत्ति की है। भले भावपूर्वक जिनवाणी पढ़ी, सुनी है, इत्यादि रूप में धर्म का सेवन किया है। अन्य को धर्म का सेवन करते हुए देखकर अनुमोदना की है। नंदीश्वर द्वीप, कुण्डलगिरि, रुचकगिरि आदि क्षेत्रों के जिनमंदिरों की वन्दना की अभिलाषा रखी है, इत्यादि धर्मभावों से देव होता है।

शंका 59: हे गुरो ! यह जीव किस भाव से मनुष्य होता है ?
समाधानः जिसने पूर्वभव में सरलभाव रखे हैं; किसी जीव के प्रति द्वेषभाव नहीं किया है। मंद कषाय धारण कर, धर्मभाव सहित आर्जव परिणाम रूप रहा है-इत्यादि शुभभावों से मनुष्य होता है।