स्पेशल उपदेश | Speshal Upadesh

स्पेशल उपदेश

-प्रो. वीरसागर जैन

एक बार एक नगर में एक महात्माजी पधारे | नगर के सभी लोग उनके प्रवचन सुनने आने लगे | बहुत चर्चा फैली तो एक दिन नगर का राजा भी आया | प्रवचन चल रहा था सो चलता रहा |

प्रवचन पूरा होने के बाद राजा ने महात्माजी से कहा- ‘महाराज ! मैं इस नगर का राजा हूँ, आपने शायद पहिचाना नहीं है, मुझे तो आपका स्पेशल उपदेश मिलना चाहिए ।’

महात्माजी समझ गये | बोले- ‘ठीक है राजन् ! कल तुमको स्पेशल उपदेश देंगे, वो भी तुम्हारे महल में आकर ।’

राजा प्रसन्न हुआ- ‘ये हुई न कोई बात ! कल आहार भी वहीं ग्रहण कीजिए महाराज !’

‘ठीक है राजन् ! देखेंगे |’

अगले दिन राजा ने बढ़िया खीर बनवाई और महात्माजी के आगमन की प्रतीक्षा करने लगा |

महात्माजी के पहुंचते ही बोला- ‘पहले आहार ग्रहण कर लीजिए महाराज !’

महात्माजी ने कटोरा आगे बढ़ा दिया | राजा जैसे ही उसमें खीर परोसने लगा, ठिठककर एकदम से रुक गया- ‘ये क्या महाराज ! आपका तो कटोरा बहुत गन्दा है, इसमें बहुत सारा कचरा पड़ा है, इसमें खीर कैसे परोसूं ? पहले इसे साफ करना होगा, वरना मेरी खीर और खराब हो जाएगी |’

महात्माजी करुणा करके बोले- 'तुम्हारे लिए भी यही स्पेशल उपदेश है राजन् ! जब तक तुम्हारे मन में अहंकार-ममकार का कचरा रहेगा, तब तक धर्म ग्रहण नहीं किया जा सकेगा, अतः पहले उसे हटाकर अपने मनरूपी पात्र को शुद्ध करो राजन् ! तभी इसमें धर्म टिक सकेगा |

राजा की भली होनहार थी, गुरु भी कुशल थे, राजा को धर्म की प्राप्ति हो गई |

यह कहानी बहुत महत्त्वपूर्ण है | इसमें सर्वप्रथम मन शुद्ध करने की शिक्षा दी गई है और उसे ही स्पेशल उपदेश कहा गया है | कहा गया है कि जबतक मन शुद्ध नहीं होगा, तबतक धर्म की प्राप्ति नहीं होगी | गम्भीरता पूर्वक विचारणीय है कि यहाँ मन शुद्ध करने का आशय क्या है | लोग इसे भी साधारण मनशुद्धि समझ लेते हैं, किन्तु यह साधारण मनशुद्धि वाली बात नहीं है, अपितु कुछ गहरी बात है | मनशुद्धि का अर्थ यहाँ अन्तरंग अभिप्राय की शुद्धि है, श्रद्धा की शुद्धि है, जिसे जैनदर्शन में सम्यग्दर्शन कहते हैं | कहानी का सन्देश यही है कि श्रद्धा की शुद्धि के बिना, सम्यग्दर्शन के बिना धर्म की प्राप्ति नहीं होती | सम्यग्दर्शन ही धर्म का प्रथम सोपान है | उसके बिना व्रत-संयमादि का कोई भी उपदेश जीव को नहीं लगता है | यहाँ तक कि वह उपदेश भी विपरीतरूप ही परिणमित होता है, जिसप्रकार कि गन्दे कटोरे में खीर भी गन्दी हो जाती है अथवा कडुवी तुम्बी में डालने से मीठा दूध भी कडुआ हो जाता है अथवा विषैली वस्तु में डालने से अच्छी वस्तु भी विष बन जाती है | मिथ्यादर्शन भयंकर विष ही है । मिथ्यादृष्टि जो भी करेगा, बन्ध का ही कारण बनेगा, अतः सर्वप्रथम कोटि उपाय करके भी सम्यग्दर्शन प्राप्त करना चाहिए । मिथ्यादृष्टि के सदा बन्ध है और सम्यग्दृष्टि के सदा निर्जरा । मिथ्यादृष्टेर्बन्धः सम्यग्दृष्टेर्निवर्तन्ते (-तत्त्वार्थश्लोकवार्तिक) ।

इसप्रकार वास्तव में मिथ्यादर्शन का नाश होने पर अथवा सम्यग्दर्शन के प्राप्त होने पर ही मनशुद्धि होती है और तभी सर्व उपदेश कार्यकारी सिद्ध होता है । ऐसी मनशुद्धि के बिना पूजा-पाठ, दया-दान, स्वाध्याय आदि कुछ भी मोक्ष का कारण नहीं बनता । यही पाहुडदोहा ग्रन्थ में भी कहा गया है कि हे योगी ! सर्वप्रथम मन शुद्ध करो, श्रद्धा शुद्ध करो, वरना तुम्हारे स्वाध्याय आदि भी मोक्ष के हेतु नहीं हो पाएँगे । यथा-

‘पोत्था पढएँ मोक्खु कहँ, मणु वि असुद्धउ जासु ।’ - पाहुडदोहा, 147

अर्थ- जिसका मन अशुद्ध है उसे शास्त्र पढ़ने से भी मोक्ष नहीं मिलता ।

इसीप्रकार अन्य भी अनेक ग्रन्थों में बारम्बार कहा है । जैसे कि आचार्य अमितगति द्वारा रचित योगसार प्राभृत के निम्नलिखित कथन विशेष ध्यान देने योग्य हैं-

  1. मिथ्यादृष्टि जीव तप करके भी शुद्ध नहीं होता । (योगसार-प्राभृत 5/42)
  2. सम्यग्दृष्टि जीव के ही वन्दना, प्रतिक्रमण, प्रत्याख्यान, कायोत्सर्ग होते हैं । (वही, 5/49-52)
  3. मिथ्यादृष्टि जीव नहीं भोगता हुआ भी भोक्ता होता है, जबकि सम्यग्दृष्टि जीव भोक्ता होकर भी अभोक्ता रहता है । (वही, 5/55)

ऐसे ही और भी अनेक कथनों को पढने के लिए मेरा अन्य लेख ‘सम्यग्दृष्टि और मिथ्यादृष्टि में इतना अन्तर : आखिर क्यों’ पठनीय है, जो जैन-दर्शन-प्रदीपिका, पृष्ठ 142 पर संकलित है ।

इस प्रकार मिथ्यात्व को महा हानिकारक जानकर हमें सर्वप्रथम उसके नाश का उद्यम करना चाहिए, जो तत्त्वज्ञान के समीचीन अभ्यास से ही सम्भव है, अन्य कोई उपाय नहीं है । तत्त्वज्ञान के अभ्यास से ही जीव को सर्व द्रव्यों की स्वतन्त्रता समझ में आती है और परद्रव्यों में अहंकार-ममकार एवं कर्ता-भोक्तापन की बुद्धि छूटती है ।

श्रद्धान की महिमा-

जं सक्कदि तं किज्जदि जं च ण सक्कदि तहेव सद्दहण । सद्दहमाण जीवो पावदि अजरामर ठाण ॥

अर्थ- जितना तुमसे शक्य हो उतना करो, पर जो न हो सके उसकी भी श्रद्धा तो पूरे की ही करो, क्योंकि श्रद्धा करने वाला जीव ही अजर अमर स्थान मोक्ष को प्राप्त करता है ।