(दोहा)
श्री जिनवर की वंदना, करें विनय उर धार।
हाथ जोड़ मस्तक नवा, मुख से सुगुण उचार॥
आप तिरे संसार से, मैं हूँ प्रभु मझधार।
ऐसी किरपा कीजिए, हो जावें भाव पार॥
पंचम-भाव निहारते, पंचम-गति करतार।
पंच-परावर्तन हरे, गुरुवर पंच प्रकार॥
समवसरण में राजते, करे तत्त्व उपदेश।
दर्श-ज्ञान-सुख-वीर्य मय, श्री अरहंत जिनेश॥
कर्म कलंक न शेष है, और न तन संयोग।
सिद्ध सदा निज में रमें, करे सुखामृत भोग॥
परगृह तज निजगृह बसे, सर्व परिग्रह त्याग।
सूरी पाठक साधु गण, मूरत ज्ञान विराग॥
अनुपम आनंदकंद है, श्री चौबीस जिनंद।
तारणतरण जहाज है, बीसों जिनवर वंद्य॥
नित्य बोधती भव्य को, श्री जिनवाणी मात।
स्याद्वाद शैली अहो, है जग में विख्यात॥
जिनशासन जयवंत है, जिनप्रतिमा जिनधाम।
वीतराग जिन आयतन, वंदें आठों याम॥
Artist: राजेश कासलीवाल, उज्जैन
स्रोत: णमो जिणाणं (राजेश कासलीवाल, उज्जैन), पृष्ठ १२