श्री वीर निर्वाण भक्ति | Shri Veer Nirvan Bhakti

मुक्त हुए हैं वीर जिनेश्वर, आनंद अपरम्पार हो।
सिद्ध हुए हैं वीर जिनेश्वर, मंगल जय जयकार हो॥ टेक॥

दर्शन मोह मिटा था जब ही, मुक्तिमार्ग प्रारंभ हुआ।
भाते-भाते तत्त्वभावना, रागादिक भी क्षीण हुआ॥
हुआ शांतिमय अद्भुत जीवन, आनंद अपरम्पार हो॥1॥

होय विरागी सब परिग्रह तज, निर्ग्रंथ पथ अपनाया था।
उदासीन हो सर्व जगत से, आतम ध्यान लगाया था॥
समतामय जिनरूप सुहाता, आनंद अपरम्पार हो॥2॥

आत्मलीनता पूर्ण हुई थी, कर्म घातिया नष्ट हुए।
आप हुए अंतिम तीर्थंकर, भव्य जीव प्रतिबुद्ध हुए॥
अद्भुत रचना समवशरण की, आनंद अपरम्पार हो॥3॥

करके योग निरोध वीर प्रभु, पावापुर में तिष्ठाये।
शेष कर्म भी नष्ट हुए थे, स्वाभाविक गुण प्रगटाये॥
सहज विराजे लोक शिखर पर, आनंद अपरम्पार हो॥4॥

सिद्ध समान स्वरूप पिछाना, तुम प्रसाद से हे स्वामी।
हो सम्यक् पुरुषार्थ करें, आराधन हम भी हे स्वामी॥
भक्ति भाव से करें अर्चना, आनंद अपरम्पार हो॥5॥


स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ ४३६ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)