( दोहा )
वात्सल्य के अंग की, महिमा जग विख्यात।
वात्सल्य का भाव ही, उर में हो दिन-रात॥१॥
गौ बछड़े सम प्रीति, हो साधर्मी से नाथ।
कष्ट दूर उनका करूँ, तत्क्षण हाथों-हाथ॥२॥
वात्सल्य के अंग को, पूजूँ मन वच काय।
सम्यग्दर्शन दृढ़ करूँ, जो है शिवसुखदाय॥३॥
साधर्मी असहायजन, पर हो दृढ़ वात्सल्य।
निज प्रभावना हेतु प्रभु, नाश करूँ सब शल्य॥४॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य वात्सल्यांग अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य वात्सल्यांग अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य वात्सल्यांग अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।
( मानव )
जल ज्ञानगगन से लाऊँ चंद्रिका ज्ञान की पाऊँ।
जन्मादिक रोग मिटाऊँ आस्रव सम्पूर्ण भगाऊँ॥
अपने स्वभाव के प्रति मैं वात्सल्य भाव उर लाऊँ।
वात्सल्य अंग के बल से जय अवात्सल्य पर पाऊँ॥१॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
मल्यागिरि चंदन लाऊँ निज अनहद वाद्य बजाऊँ।
संसारतापज्वर क्षयहित संवर को हृदय लगाऊँ॥
जिनधर्म प्रभाव हेतु मैं वात्सल्यभाव उर लाऊँ।
वात्सल्य अंग के बल से जय अवात्सल्य पर पाऊँ॥२॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।
पाण्डुक वन अक्षत लाऊँ अक्षयपद निज प्रगटाऊँ।
भवसागर पार हेतु मैं निर्जराभावना भाऊँ॥
निजधर्म आयतन के हित वात्सल्यभाव उर लाऊँ।
वात्सल्य अंग के बल से जय अवात्सल्य पर पाऊँ॥३॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।
नन्दनवन कुसुम सुप्रासुक प्रभु के चरणाग्र चढ़ाऊँ।
चिर कामरोग विनशाकर निष्काम स्वपद प्रगटाऊँ॥
साधर्मी वात्सल्य से मैं ओतप्रोत हो जाऊँ।
वात्सल्य अंग के बल से जय अवात्सल्य पर पाऊँ॥४॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
सौमनस स्वरस चरु लाऊँ चिर क्षुधारोग विनशाऊँ।
अनुभवरस पीता जाऊँ ज्ञायक के गीत सुनाऊँ॥
सब जीवों के प्रति वत्सलता उर में सतत् जगाऊँ।
वात्सल्य अंग के बल से जय अवात्सल्य पर पाऊँ॥५॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
मैं भद्रशालवन जाऊँ दीपक स्वज्योति प्रकटाऊँ।
मिथ्यात्वतिमिर भ्रम हरकर सम्यक्त्व ज्योति को पाऊँ॥
त्रिभुवन के जीव सुखी हों मैं यही भावना भाऊँ।
वात्सल्य अंग के बल से जय अवात्सल्य पर पाऊँ॥६॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
गिरि मेरुसुदर्शन जाकर निज ध्यानधूप उर लाऊँ।
कर्मों की ज्वाल बुझाऊँ चिन्मयचिन्तामणि पाऊँ॥
तुम सम पारस बन जाऊँ सबको ही स्वर्ण बनाऊँ।
वात्सल्य अंग के बल से जय अवात्सल्य पर पाऊँ॥७॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
गिरि विजय अचल पर जाऊँ फल परम रसमयी लाऊँ।
फल महामोक्ष प्रगटाऊँ निज मुक्तिवधू सुख पाऊँ॥
सबके ही दुख निवारूँ परिपूर्ण सौख्यतरू लाऊँ।
वात्सल्य अंग के बल से जय अवात्सल्य पर पाऊँ॥८॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
मंदरगिरि विद्युन्मालीगिरि पर निज अर्घ्य बनाऊँ।
पदवी अनर्घ्य प्रगटाऊँ चैतन्यचंद्रिका पाऊँ॥
संसार भार को क्षयकर निरूपम ध्रुव सौख्य सजाऊँ।
वात्सल्य अंग के बल से जय अवात्सल्य पर पाऊँ॥९॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
महार्घ्य
( मानव )
शिवसुख कारण स्वधर्म में वात्सल्यभाव हो निरुपम।
साधर्मी तथा अहिंसा में परमप्रीति हो अनुपम॥१॥
धर्मात्मा जन के प्रति मैं वात्सल्य अटूट जगाऊँ।
जिनधर्म प्रभाव हेतु मैं हर्षित हो ज्ञान बढ़ाऊँ॥२॥
सच्ची प्रभावना के हित तन मन धन कर न्यौछावर।
अपने स्वरूप के प्रति मैं वात्सल्यभाव उर लाऊँ॥३॥
श्रावक मुनिजन की सेवा कर जीवन सफल करूँगा।
अज्ञानी जन को निश्चित प्रतिबुद्ध करूँ सुख पाऊँ॥४॥
निज अन्तरंग को निर्मल कर उर वत्सलता लाऊँ।
सारे प्राणी सुख पाएँ यह नित्य भावना भाऊँ॥५॥
निश्चय वात्सल्य सुमुनि के चरणों में वन्दन करके।
वात्सल्यशक्ति से हे प्रभु जय अवात्सल्य पर पाऊँ॥६॥
श्रावक श्राविका आर्यिका मुनियों के प्रति हो आदर।
सत्यार्थ भाव से सबकी सेवा करके हर्षाऊँ॥७॥
रागादि बहिर्भावों से मैं प्रीत सदा को तोड़ूँ।
शुद्धात्म शुद्धभावों से दृढ़ प्रीत करूँ सुख पाऊँ॥८॥
ऋषि मुनि गणधर गाते हैं वात्सल्य अंग की महिमा।
मैं भी प्रभु पूर्ण पालकर समकित की गरिमा पाऊँ॥९॥
( दोहा )
महाअर्घ्य अर्पण करूँ, पाऊँ ज्ञान उमंग।
सुदृढ़ करूँ उर मध्य मैं, वात्सल्य का अंग॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
( ताटंक )
समकित की हरियाली जब निज अंतर में लहराती है।
शुष्क हृदय में परम ज्ञान की निर्मल ऊर्जा आती है॥१॥
हृदय प्रफुल्लित हो जाता है जिन ध्वनि मेंहदी रचती है।
स्वभाव परिणति हर्षित होती प्रतिक्षण छमछम नचती है॥२॥
जप तप संयम बीन बजाते शुक्लध्यान गाता है गीत।
यथाख्यात निज रस बरसाता त्वरित मोह लेता है जीत॥३॥
जब उठती है पूर्ण अनंत चतुष्टय की महिमामय प्रीत।
मुक्तिप्रिया भी पा लेती है अद्भुत ध्रुव निज चेतन मीत॥४॥
कोटि-कोटि सुर दुन्दुभियाँ बजतीं मृदुस्वर में भाव विभोर।
परिणय करके जाता चेतन त्रिलोकण सिंहासन ओर॥५॥
स्वागत करते सभी सिद्ध चिर परिचित निर्मल चेतन का।
जय जय घोष गूँजता नभ में त्रिभुवन पति आनंदघन का॥६॥
वात्सल्य की पावन महिमा मंगलमय हितकारी है।
सादि अनंतानंत काल तक भविजन को सुखकारी है॥७॥
ॐ ह्रीं श्री वात्सल्यांगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
( वीर )
उत्तम अंग वात्सल्य की पूजन कर जागा उत्साह।
आत्मा के प्रति वात्सल्य का भाव हृदय में जगा अथाह॥
रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥
पुष्पांजलिं क्षिपेत्
卐
स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ५० (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 1 (सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 1 (Samyagdarshan, Samyaggyan, Samyakcharitra))