श्री वासुपूज्य जिनपूजन
(सवैया तेईसा, तर्ज- वीर हिमाचल)
बालयती वसुपूज्यतनय, प्रभु वासव सेवित त्रिभुवन नामी।
बारहवें तीर्थंकर हो, संयुक्त सुगुण छियालिस अभिरामी॥
मुक्तिमार्ग मिला भविजन को दिव्यध्वनि द्वारा हे स्वामी।
भाव भये शुभ पूजन के, तिष्ठो उर में हे अन्तरयामी॥
(दोहा)
हर्षित हो पूजूँ चरण, चिंतूँ गुण अभिराम।
आराधूँ परमात्म पद, पाऊँ शाश्वत धाम॥
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य जिनेन्द्र! अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य जिनेन्द्र! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य जिनेन्द्र! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।
(छंद-गीतिका)
निज आत्मतीर्थ सु पाइया, समतामयी जल जहाँ भरा।
मिथ्यात्व मल छूट्यो प्रभो! स्नान करि निर्मल भया॥
श्री वासुपूज्य जिनेन्द्र की, पूजा करूँ अति चाव सों।
आनन्दमय ब्रह्मचर्य वर्ते, नाथ! सहज स्वभाव सों॥
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य - जिनेन्द्राय जन्म- जरा मृत्यु - विनाशनाय जलं नि. स्वाहा।
भव ताप नाशा देव! शीतलता स्वयं में ही मिली।
आराधना की युक्ति पाई, सहज निज परिणति खिली॥
श्री वासुपूज्य जिनेन्द्र की, पूजा करूँ अति चाव सों।
आनन्दमय ब्रह्मचर्य वर्ते, नाथ! सहज स्वभाव सों॥
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य-जिनेन्द्राय संसारताप-विनाशनाय चन्दनं नि. स्वाहा।
अक्षय अबाधित ज्ञानमय, चैतन्यप्रभु पाया अहो।
तुष बिना तन्दु सम अमल, अक्षय स्व-पद आधार हो॥ श्री॥
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य-जिनेन्द्राय अक्षयपद प्राप्तये अक्षतं नि. स्वाहा।
प्रभु! तुम गुणों की पुष्पमाला, कंठ में धारण करूँ।
निष्काम ब्रह्मस्वरूप ध्याऊँ, अब्रह्म परिणति परिहरूँ॥ श्री॥
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य-जिनेन्द्राय कामबाण-विध्वंसनाय पुष्पं नि. स्वाहा।
शुद्धात्म अनुभव के समान, न रस दिखे तिहुँलोक में।
ताके आस्वादी क्षुधादिक, नाशे बसे शिवलोक में॥ श्री॥
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य-जिनेन्द्राय क्षुधारोग विनाशनाय नैवेद्यं नि. स्वाहा।
चैतन्य ज्योति सु जगमगे, मोहान्धकार नहीं रहे।
फिर बाह्य दीपक भी सहज निस्सार मुझको भी लगे॥ श्री॥
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य-जिनेन्द्राय मोहांधकार विनाशनाय दीपं नि. स्वाहा।
आनन्दमय आराधना से ध्यान की अगनी जले।
निज सुगुण विलसें सर्व वैभाविक करम ईंधन जले॥ श्री॥
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य-जिनेन्द्राय अष्टकर्म दहनाय धूपं नि. स्वाहा
तिहुँलोक पूजित सिद्धपद, आराधना का फल महा।
यह जानकर लौकिक फलों का भाव नहीं किंचित् रहा॥ श्री॥
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य-जिनेन्द्राय मोक्षफल प्राप्तये फलं नि. स्वाहा।
निर्भेद निरघ सु अर्घ्य लेकर, ज्ञानमय आनन्दमय।
मैं अर्चना करता प्रभु, निर्द्वन्द्व पद पाऊँ अभय॥ श्री॥
ॐ ह्रीं श्री वासुपूज्य-जिनेन्द्राय अनर्घ्यपद प्राप्तये अर्घ्यं नि. स्वाहा।
पंचकल्याणक अर्घ्य
(छंद द्रुतविलम्बित)
होय च्युत महाशुक्र विमान से, आये विजया माता गर्भ में।
षाढ़ कृष्णा षष्टिमी थी सही, धनि हुई चम्पापुर की मही॥
ॐ ह्रीं आषाढकृष्णषष्ठ्यां गर्भमंगलमण्डिताय श्रीवासुपूज्य जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि. स्वाहा।
चतुर्दशि फागुन की श्याम है, जन्म अन्तिम प्रभु अभिराम है।
किया था अभिषेक सुमेरु पर, पुण्यशाली इन्द्रों ने आनंद कर॥
ॐ ह्रीं फाल्गुनकृष्ण चतुर्दश्यां जन्ममंगलमण्डिताय श्रीवासुपूज्य जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि. स्वाहा।
ब्याह अवसर पर प्रभु वैराग्य धरि, भव शरीर कुभोग असार लखि।
चतुर्दशि फागुन कलि शुभघड़ी, अहो मुनिपद की सहज दीक्षा धरी॥
ॐ ह्रीं फाल्गुनकृष्ण चतुर्दश्यां तपोमंगलमण्डिताय श्रीवासुपूज्य जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि. स्वाहा।
शुक्ल ध्यान महान् लगाइया, ज्ञान केवल जिनवर पाईया।
दिव्यध्वनि भई मंगलकार है, दूज भादव कृष्ण की सुखकार है॥
ॐ ह्रीं भाद्रपदकृष्णद्वितीयायां ज्ञानमंगलमण्डिताय श्रीवासुपूज्य जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि. स्वाहा।
चतुर्दशी सित भादौं की सही, लही प्रभुवर ने अहो अष्टम् मही।
तीर्थ चम्पापुर महासुखदाय है, अर्घ ले जजिहौं सहज शिवदाय है॥
ॐ ह्रीं भाद्रपद शुक्ल चतुर्दश्यां मोक्षमंगलमण्डिताय श्रीवासुपूज्य जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि. स्वाहा।
जयमाला
(दोहा)
इन्द्रादिक पूजैं चरण, महाभक्ति उर धार।
गावें जयमाला प्रभो! आतमनिधि दातार॥
(चौपाई)
जय जय वासुपूज्य भगवान्, गुण अनन्त मंगलमय जान।
भरि यौवन में सहज विराग, भोगों प्रति उपज्या नहिं राग॥
निज में प्रमुदित बाह्य उदास, आत्मसाधना का उल्लास।
जगत् विभव किंचित् न सुहाय, तत्त्व विचार करें सुखदाय॥
शुद्धातम ही जग में सार, अविनाशी सुख का आधार।
इन्द्रिय सुख तो दुःख के मूल, फल में उपजें भव-भव शूल॥
संसारी निज ज्ञान विहीन, इन्द्रिय मद मेटन बलहीन।
विषय चाह उपजावे दाह, भोगन में भूले शिवराह॥
आत्मज्ञान बिन शरण न कोय, व्यर्थ मोह में क्लेशित होय।
अब विलम्ब करना नहीं जोग, धरूँ शीघ्र शिवदाता योग॥
सब विधि अवसर मिलो महान्, जीतूँ कर्म लहूँ निर्वान।
दृढ़ विराग उपज्या सुखदाय, तत्क्षण लौकान्तिक सुर आय॥
अनुमोदन कर शीश नवाय, धन्य विचार कियो जिनराय।
दीक्षा धरो प्रभो! अविकार, भायें भावना हम हूँ सार॥
इन्द्रादिक आये हर्षाय, प्रभु को तपकल्याण मनाय।
उत्सव सों प्रभु वन में गये, वस्त्राभूषण सब तजि दये॥
पंच मुष्ठि कचलौंच कराय, निर्ग्रंथ रूप धर्यो सुखदाय।
आत्म ध्यान की धुनी लगाय, एक वर्ष छद्मस्थ रहाय॥
चढ़े क्षपक श्रेणी सुखकार, प्रगट्यो अर्हत् पद अविकार।
भविजन को शिवराह दिखाय, सिद्धालय में तिष्ठे जाय॥
ज्ञान माँहिं हे देव निहार, करें अर्चना मंगलकार।
प्रभु चरणों में शीश नवाय, अद्भुत परमानन्द विलसाय॥
(छन्द-घत्ता)
प्रभु अमल अनूपं शुद्ध चिद्रूपं, सहजानंदमय राजत हो।
निष्काम जिनेश्वर, जजूँ महेश्वर, शिव मारग विस्तारत हो॥
ॐ ह्रीं श्रीवासुपूज्यजिनेन्द्राय जयमालाऽर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
(दोहा)
बाल ब्रह्मचारी प्रभो! वासुपूज्य जिनराज।
करि सम्यक् आराधना, पाऊँ निजपद राज॥
॥पुष्पांजलिं क्षिपामि॥
रचयिता: बाल ब्र. श्री रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’
Source: अध्यात्म पूजांजलि, जिनेंद्र आराधना संग्रह