श्री वचनगुप्तिधारक मुनिराज पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Vachangupttidharak Muniraj Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( मानव )
पालनकर वचनगुप्ति का मैं मौनव्रती बन जाऊँ।
निज अंतर में रम जाऊँ अपने भीतर थम जाऊँ॥१॥

वचनावलि सर्वभाँति की त्यागूँ हे अन्तर्यामी।
इसके चारों भेदों को तव कृपा से विशु स्वामी॥२॥

प्रभु वचनगुप्ति की पूजन महिमामय मंगलकारी।
सबको ही मोक्षमार्ग में यह होती है हितकारी॥३॥

ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराज अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराज अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराज अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( चौपाई आचलीबद्ध )
संयम जल से कर अभिषेक। गाऊँ प्रभु के गुण प्रत्येक।
परमगुरु हो जय जय नाथ महाविभु हो॥
वचन गुप्ति है अचल महान। सर्वोत्तम है मौनप्रधान।
देखे नाथ दूर दुःख हो पूजे नाथ महासुख हो॥१॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

संयमचंदन तिलक लगाय। भवज्वर दूँ सम्पूर्ण भगाय।
परम प्रभु हो जय जय नाथ महाविभु हो॥
वचनगुप्ति है अचल महान। सर्वोत्तम है मौन प्रधान।
देखे नाथ दूर दुःख हो पूजे नाथ महासुख हो॥२॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

संयम के अक्षत गुणरूप। अक्षयपद दाता चिद्रूप।
परम प्रभु हो जय जय नाथ महाविभु हो॥
वचनगुप्ति है अचल महान। सर्वोत्तम है मौन प्रधान।
देखे नाथ दूर दुःख हो पूजे नाथ महासुख हो॥३॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

संयम के पुष्पों की माल। कामविनाशक शील विशाल।
परम प्रभु हो जय जय नाथ महाविभु हो॥
वचनगुप्ति है अचल महान। सर्वोत्तम है मौन प्रधान।
देखे नाथ दूर दुःख हो पूजे नाथ महासुख हो॥४॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

संयमचरु श्रेष्ठ महान। निराहार पद करें प्रदान।
परम प्रभु हो जय जय नाथ महाविभु हो॥
वचनगुप्ति है अचल महान। सर्वोत्तम है मौन प्रधान।
देखे नाथ दूर दुःख हो पूजे नाथ महासुख हो॥५॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

संयमदीपकज्योति प्रजाल। हर लूँ मिथ्याभ्रम जंजाल।
परम प्रभु हो जय जय नाथ महाविभु हो॥
वचनगुप्ति है अचल महान। सर्वोत्तम है मौन प्रधान।
देखे नाथ दूर दुःख हो पूजे नाथ महासुख हो॥६॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

संयमयुक्त ध्यानमय धूप। अष्टकर्म नाशक चिद्रूप।
परम प्रभु हो जय जय नाथ महाविभु हो॥
वचनगुप्ति है अचल महान। सर्वोत्तम है मौन प्रधान।
देखे नाथ दूर दुःख हो पूजे नाथ महासुख हो॥७॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

संयमतंरु फल मोक्ष महान। परम सौख्यदाता निर्वाण।
परम प्रभु हो जय जय नाथ महाविभु हो॥
वचनगुप्ति है अचल महान। सर्वोत्तम है मौन प्रधान।
देखे नाथ दूर दुःख हो पूजे नाथ महासुख हो॥८॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

संयम के लाऊँ निज अर्घ्य। पाऊँ स्वपद प्रसिद्ध अनर्घ्य।
परम प्रभु हो जय जय नाथ महाविभु हो॥
वचनगुप्ति है अचल महान। सर्वोत्तम है मौन प्रधान।
देखे नाथ दूर दुःख हो पूजे नाथ महासुख हो॥९॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महार्घ्य

( वसंततिलका )
स्वात्मानुभूति पावन उर में पधारी।
जितने विभाव थे वे भागे विकारी॥
शुद्धात्मतत्त्व चिन्तन के भाव जागे।
आपूर्ण सौख्यपति हूँ मैं ज्ञानधारी॥

( गीतिका )
वचन से कुछ भी न बोलूँ मौन धारण करूँ प्रभु।
सतत हो एकाग्र निज में आत्मा में रहूँ विभु॥१॥

वचन की सारी प्रवृत्ति स्ववश कर निज में रहूँ।
सतत मौनारूढ़ होकर आत्मसागर में बहूँ॥२॥

वचन, सत्य, असत्य, अनुभव, उभय त्यागूँ चार योग।
आत्मा में करूँ विचरण सदा ही जो है मनोज्ञ॥३॥

जल्प और विजल्प में उलझूँ नहीं स्वामी कभी।
निर्विकल्प रहूँ सदा ही परम निजगुण पा सभी॥४॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

( मानव )
अन्तर्मन निर्मल करने अब भेद-ज्ञान आएगा।
सम्यक्त्व शक्ति को पाकर यह जीव सौख्य पाएगा॥१॥

होगा यह स्वपर विवेकी निजपर को पहचानेगा।
आनन्द अतीन्द्रिय सागर निज उर में लहराएगा॥२॥

चारित्र स्वरूपारचरणी झलकेगा अभ्यंतर में।
अनुभवरस पीते-पीते शिवपथ पर आ जाएगा॥३॥

संयम की परम प्रभा पा यह मोह क्षीण कर देगा।
घातिया नाश करके यह सर्वज्ञ स्वपद पाएगा॥४॥

जो निज को ही ध्याएगा वह होगा सम्यग्ज्ञानी।
अष्टादशदोष नष्टकर परमात्मा हो जाएगा॥५॥

फिर ये अघाति भी क्षयकर सिद्धत्व स्वगुण लाएगा।
यह त्रिलोकाग्र पर जाकर निर्वाण सौख्य पाएगा॥६॥

( शार्दूलविक्रीडित )
हित मित प्रिय वच ही महान उत्तम कल्याणकारी सदा।
इससे बढ़कर श्रेष्ठ मौन मुद्रा ऋषिराज ही धारते॥
निर्मोही निर्ग्रंथ वीतरागी करुणामयी को नमन।
पीते हैं रस साम्यभाव नित ही निर्भार आनंदघन॥
ॐ ह्रीं श्री वचनगुप्तिधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )
वचनगुप्ति की पूजन करके जाना स्वामी मौन महत्त्व।
साम्यभाव रस की महिमा सुन जागा उर में स्वतः समत्व॥
रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगम्बरवेश॥

पुष्पांजलिं क्षिपेत्


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ १३१ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 2 (मुनिराज पूजन एवं महाजयमाला) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 2 (Muniraj Pujan evam Mahajaymala))