भरत क्षेत्र में तुंगीगिरि पर्वत की महिमा अपरम्पार।
निन्यानवे कोटि मुनियों की सिद्ध भूमि पावन सुखकार॥
तुंगीगिरि से मुक्त हुए है रामचन्द्र बलभद्र महान।
गवय गवाक्ष सुडील नील सुग्रीव सु महानील हनुमान॥
महाघोष सम्यक्दर्शन का यहाँ सुनाई देता है।
रत्नत्रय की महिमा का फल यहाँ दिखाई देता है॥
इस पर्वत पर सदा गूँजती श्री मुनियों की जय गुंजार।
भाव सहित पूजन करता हूँ तुंगीगिरि की जय उच्चार॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्र अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्र अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्र अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।
(अष्टक)
निज अनुभव का निर्मल जल पाने प्रभु चरणों में आऊँ।
जन्म मरण का दोष मिटाऊँ तुम सम सिद्ध स्वपद पाऊँ॥
तुंगीगिरि से मुक्त हुए हैं निन्यानवे कोटि मुनिराय।
रामचन्द्र हनुमान आदि मुनि चरण कमल बंदू हर्षाय॥१॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो जन्मजरामृत्यु विनाशनाय जलं नि.।
निज अनुभव रस शीतल चन्दन लेने चरणों में आऊँ।
भव आतप का दोष नशाऊँ तुम सम सिद्ध स्वपद पाऊँ॥तुंगी.२॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो संसारताप विनाशनाय चंदनं नि.।
निज अनुभव के उत्तम अक्षत लेने चरणों में जाऊँ।
अक्षय पद की प्राप्ति करूँ मैं तुमसम सिद्ध स्वपद पाऊँ॥तुंगी.३॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अक्षयपद प्राप्ताय अक्षतं नि.।
निज अनुभव के शील पुष्प पाने प्रभु चरणों में जाऊँ।
काम क्रोध मद रोग हटाऊँ तुम सम सिद्ध स्वपद पाऊँ॥तुंगी. ४॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि.।
निज अनुभव रस के नैवेद्य प्राप्ति हित चरणों में आऊँ।
क्षुधा रोग का नाश करूँ मैं तुम समसिद्ध स्वपद पाऊँ॥तुंगी.५॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो क्षुधारोग विनाशनाय नैवेद्यं नि.।
निज अनुभव का ज्ञान दीप लेने प्रभु चरणों में आऊँ।
मिथ्यातम की भ्रांति मिटाऊँ तुम सम सिद्ध स्वपद पाऊँ॥तुंगी६॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोहान्धकार विनाशनाय दीपं नि.।
निज अनुभव की धूप सुगन्धित पाने चरणों में आऊँ।
अष्टकर्म की व्याधि मिटाऊँ तुम सम सिद्ध स्वपद पाऊँ॥तुंगी॥७॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अष्ट कर्म दहनाय धूपं नि.।
निज अनुभव रस किंचित फल पाने प्रभु चरणों में आऊँ।
अविकल परम मोक्षफल पाऊँ तुम सम सिद्ध स्वपद पाऊँ॥तुंगी॥८॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोक्षफल प्राप्तये फलं नि.।
निज अनुभव रस अर्घ अनूठा पाने चरणों में आऊँ।
निज अनर्घ पद प्राप्त करूँ मैं तुम सम सिद्ध स्वपद पाऊँ॥तुंगी.९॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्य पद प्राप्तये अर्घ्य नि.।
रामचन्द्र हनुमान मुनीश्वर तप कर हुये सिद्ध भगवान।
गवय गवाक्ष सुडील नील मुनि महानील सुग्रीव महान॥
निज स्वरूप अवलंबन द्वारा पाया सिद्ध स्वपद शिवरूप।
निन्यानवे कोटि मुनियो ने पाया जिनपद परम अनूप॥
जल फलादि वसु द्रव्य अर्घ्य ले पूजूँ पद पंकज सुखदाय।
श्री मुनि चरण कमल मैं बंदूँ भाव पूर्वक अति हर्षाय॥१०॥
ॐ ह्रीं श्री रामचन्द्र हनुमान, गवय गवाक्ष सुडील नील महानील सुग्रीव आदि निन्यानबे कोटि मुनि चरण कमलेभ्यो अर्घ्य नि.।
(जयमाला)
सम श्रेणी में सिद्ध जो, ऊपर रहे विराज।
उन सब को वंदन करूँ, महामोक्ष के काज॥
जंबूद्वीप सु भरत क्षेत्र में महाराष्ट्र है प्रान्त विशाल।
इसके मध्य क्षेत्र में तुंगीगिरि पर्वत का उन्नत भाल॥१॥
मांगीतुंगी क्षेत्र मनोहर दर्शन कर उर हर्षाता।
सिद्ध क्षेत्र तुंगीगिरि अनुपम भारत भर में विख्याता॥२॥
निन्यानवे कोटि मुनियो ने इस पर्वत पर धर निज ध्यान।
मुक्तिलोक का वैभव का पाया, पाया पावन पद निर्वाण॥३॥
दीक्षा ले श्री रामचन्द्र ने शुद्धात्म का ध्यान किया।
निज स्वभाव की महाशक्ति से उत्तम पद निर्वाण लिया॥४॥
श्री हनुमान तपस्या करके इस पर्वत से सिद्ध हुए।
गवय गवाक्ष सुडील नील मुनि तपकर परम विशुद्ध हुए॥५॥
महानील सुग्रीव आदि मुनि मुक्ति वधू से युक्त हुए।
कोटि कोटि मुनि इस पर्वत से आत्म ध्यान धर मुक्त हुए॥६॥
द्वेपायन के महा क्रोध से भस्म हुई यादव संतान।
जली द्वारिका बचा न पाये श्रीकृष्ण बलराम महान॥७॥
हो उदास चल पड़े गहन वन में विधि का था यही विधान।
जरतकुमार भ्रात से अनजाने में गये कृष्ण के प्राण॥८॥
श्री कृष्ण नारायण की निर्जीव देह कांधे पर ले।
छह महीने तक लिये फिरे बलभद्र मोह ममता उर ले॥९॥
आत्मबोध जब हुआ द्रव्य परिणमन स्वतंत्र पूर्ण जाना।
मृत्यु अवश्यम्भावी है भवितव्य यही था यह माना॥१०॥
श्री कृष्ण का इसपर्वत पर अन्तिम संस्कार करके।
श्री बलराम चले तप करने उर में शुद्ध भाव धरके॥११॥
भावशुभाशुभ से विहीन निज आत्म तत्त्व स्वीकार किया॥१२॥
सम्यक्दर्शन की महिमा का यहाँ गूँजता है जयगान।
रत्नत्रय की परम भक्ति की देखो महिमा महा महान॥१३॥
पर्वत की ऊंचाई भक्त जनों की मन हर्षाती है।
कठिन चढ़ाई भव्य जनों को सहज सरल हो जाती है॥१४॥
पर्वत पर उत्कीर्ण मूर्तियाँ अनुपम सुन्दर भव्य ललाम।
चरणचिन्ह मुनियों के शोभित परम पूज्य पावन अभिराम॥१५॥
नीचे जिन मंदिर अनेक है वृषभादिक सन्मति प्रभु के।
भव्य दिगंबर प्रतिमाओं से युक्त जिनेन्द्र महाविभु के॥१६॥
ऊँचा मानस्तंभ श्वेत शुभ जिन प्रतिमाओं से शोभित।
तीर्थकर प्रभु के दर्शन से हो जाता है मन मोहित॥१७॥
इन सबका पूजन बंदन भव भव के पातक हरता है।
इनके पद चिन्हो पर जो चलता वह निज पद वरता है॥१८॥
तुंगीगिरि की तीर्थयात्रा भाव सहित यदि हो जाए।
शुद्ध भाव निज उर में जागे शुद्धात्म पद दर्शाए॥१९॥
इसीलिये प्रभु भक्ति भाव से करता हूँ जिनवर पूजन।
विषय कषाय रहित हो जाऊँ यही भावना है भगवन॥२०॥
पाप पुण्य क्षय करने को पुरूषार्थ जगे मेरे मन में।
शुद्ध आत्मा को ही पाऊँ अब न फिरूँ प्रभु भव वन में॥२१॥
पूर्ण ध्रौव्य चैतन्य तत्त्व निज का पल पल बहुमान करूँ।
सर्व विभावों से सुदूर हो जिन अनुभव रस पान करूँ॥२२॥
इसी क्षेत्र में मुक्ति प्राप्त करने का स्वामी यतन करूँ।
अष्ट स्वगुण सिद्धों के पाऊँ मुक्ति गगन में ही विचरूँ॥२३॥
ॐ ह्रीं श्री तुंगीगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्य पद प्राप्तये अर्घ्य नि.।
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ ४२ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))