श्री तीस चौबीसी जी की पूजा (पांच भरत शुभ क्षेत्र) | Shri Tees Chaubisi Ji Ki Puja (Paanch Bharat Shubh Kshetra)

पांच भरत शुभ क्षेत्र पांच ऐरावते,
आगत-नागत वर्तमान जिन सास्वते।
सो चौबीसी तीस जजूँ मन लायके,
आह्वानन विधि करूँ बार त्रय गायके॥

ॐ ह्रीं श्रीपंचमेरुसम्बन्धि - पंचभरत - पंचऐरावत - क्षेत्रस्था भूतानागतवर्तमान - सम्बन्धिचतुर्विंशतितीर्थंकरा अत्र अवतरत अवतरत संवौषट् इति आह्वाननं।

अत्र अत्र तिष्ठत तिष्ठत ठः ठः स्थापनं।

अत्र मम सन्निहिता भवत वषट सन्निधीकरणं।

(अष्टक)

नीर दधि क्षीर सम न्यायो, कनककौ भृङ्ग भरवायो,
अबै तुम चरण ढिंग आयो, जनम जरा रोग नशवायो।
द्वीप अढ़ाई सरस राजे, क्षेत्र दस ता विषैं छाजे,
सात शत बीस जिनराजे, जे पूजतां पाप सब भाजें॥१॥

ॐ ह्रीं पंचभरतपंचैरावतक्षेत्रस्थभूतानागतवर्तमानकालसम्बन्धिचतुर्विंशतितीर्थंकरेभ्यो जलं निर्वपामीति स्वाहा।

सुरभिजुत चन्दनं ल्यायो, संग कपूर घसवायो,
धार तुम चरण ढरवायो, भव आताप नशवायो॥द्वीप०॥

ॐ ह्रीं पांच भरत पांच ऐरावत क्षेत्र संबन्धी तीस चौबीसी सात सौ बीस जिनेन्द्रेभ्यः चन्दनं नि०।

चन्द्रसम तन्दुलं सारं, किरण मुक्ता जु उनहारं,
पुञ्ज तुम चरण ढिंग धारं, अक्षयपद प्राप्तिके कारं।
द्वीप अढ़ाई सरस राजे, क्षेत्र दस ता विषैं छाजे,
सात शत बीस जिनराजे, पूजतां पाप सब भाजे॥

ॐ ह्रीं पांच भरत पांच ऐरावत क्षेत्र संबन्धी तीस चौबीसी के सात सौ बीस जिनेन्द्रेभ्यो नमः अक्षतं नि०।

पुष्प शुभ गन्धजुत सोहै, सुगन्धित नास मन मोहै।
जजत तुम मदन छय हाव, मुकति पर पलकमें जोव॥द्वीप०॥

ॐ ह्रीं पांच भरत पांच ऐरावत क्षेत्र संबन्धी तीस चौबीसी के सात सौ बीस जिनेन्द्रेभ्यो नमः पुष्पं नि०।

सरस व्यंजन लिया ताजा, तुरत बनवायके खाजा।
चरन तुम जजों हों महाराजा, क्षुधादिक पलकमें भाजा॥द्वीप

ॐ ह्रीं पांच भरत पांच ऐरावत क्षेत्र सम्बन्धी तीस चौबीसी के सात सौ बीस जिनेन्द्रेभ्यो नमः नैवेद्यं नि०।

दीप तम नाशकारी है, सरस शुभ जोतिधारी है।
होय दशों दिश उजारी है, भ्रम मिस पाप छारी है॥द्वीप०॥

ॐ ह्रीं पांच भरत पांच ऐरावत क्षेत्र सम्बन्धी तीसचौबीसीके सातसौबीस जिनेन्द्रेभ्यो नमः दीपं नि०।

सरस शुभ धूप दस अंगी, जलाऊं अग्निके संगी।
करमकी सेन चतुरंगी, चरन तुम पूजतें भङ्गी॥द्वीप०॥

ॐ ह्रीं पांच भरत पांच ऐरावत क्षेत्र सम्बन्धी तीसचौबीसीके सातसौबीस जिनेन्द्रेभ्यो नमः धूपं नि०।

मिष्ट उत्कृष्ट फल ल्यायो, अष्ट अरि दुष्ट नशवायो।
श्रीजिन भेंट धरवायो, कार्य मनवांछता पायो॥द्वीप०॥

ॐ ह्रीं पांच भरत पांच ऐरावत क्षेत्र सम्बन्धी तीसचौबीसीके सातसौबीस जिनेन्द्रेभ्यो नमः फलं नि०।

द्रव्य आठों जु लीना है, अर्घ करमें नवीना है।
पूजते पाप छीना है, ‘भानमल’ जोर कीना है॥द्वीप०॥

ॐ ह्रीं पांच भरत पांच ऐरावत क्षेत्र सम्बन्धी तीसचौबीसीके सातसौबीस जिनेन्द्रेभ्यो नमः अर्घं नि०।

(प्रत्येक अर्घ।)

जम्बूद्वीपको प्रथममेरुकी, दक्षिणदिशा भरत शुभ जान।
तहां चौबीसी तीन बिराजें, आगत नागत औ वर्तमान॥
तिनके चरणकमलकी निशिदिन, अर्घ चढ़ाई करूँ उर ध्यान।
इस संसारभ्रमणतें तारो, अहो जिनेश्वर! करुनाखान॥

ॐ ह्रीं सुदर्शन मेरुकी दक्षिण दिशा भरत क्षेत्र सम्बन्धी तीन चौबीसीके बहत्तर जिनेन्द्रेभ्यो नमः। अर्घं।

सुदर्शन मेरुकी उत्तर दिश में, ऐरावत क्षेत्र शुभ जान।
आगत नागत वर्तमान जिन, बहत्तर सदा सास्वते आन॥जिन०

ॐ ह्रीं सुदर्शन मेरुकी उत्तर दिशा ऐरावतक्षेत्र सम्बन्धी तीन चौबीसीके बहत्तर जिनेन्द्रेभ्यो नमः। अर्घं।

(कुसुमलता छन्द।)

खण्ड धातकी विजय मेरुके, दक्षिण दिशा भरत शुभ जान।
तहां चौबीसी तीन बिराजे, आगत नागत अरु वर्तमान॥
तिनके चरणकमलको निशिदिन, अर्घ चढ़ाय करूँ उर ध्यान।
इस संसार भ्रमणतें तारा, अहो जिनेश्वर! करुणावान॥

ॐ ह्रीं धातकीखण्ड द्वीपकी पूर्व दिशि विजय मेरुकी दक्षिण दिशि भरतक्षेत्र सम्बन्धी तीनचौबीसीके बहत्तर जिनेंद्रेभ्यो अर्घं।

इसी द्वीपकी प्रथम शिखरिकौ, उत्तर ऐरावत जु महान।
आगत नागत वर्तमान जिन, बहत्तरि सदा सासते जान॥
तिनके चरणकमलको निशिदिन, अर्घ चढ़ाइ करूँ उर ध्यान।
इस संसारभ्रमणतें तारो, अहो जिनेश्वर! करुणावान॥

ॐ ह्रीं धातकी खण्ड द्वीपकी पूर्व दिशि विजय मेरुकी उत्तर दिशि ऐरावतक्षेत्र सम्बन्धी तीनचौबीसीके बहत्तरि जिनेंद्रेभ्यो अर्घं।

खंड धातकी अचल सुमेर, दक्षिण तास भरत बहु घेर।
तामें चौबीसी त्रय जान, आगत नागत और वर्तमान॥

ॐ ह्रीं धातकीखण्ड द्वीपकी पश्चिम दिशा अचलमेरुकी दक्षिण दिशा भरतक्षेत्र सम्बन्धी तीनचौबीसीके बहत्तर जिनेन्द्रेभ्यो नमः अर्घ।

अचल मेरुकी उत्तर दिश जान, ऐरावत शुभ क्षेत्र बखान।
तामें चौबीसीत्रय जान, आगत नागत और वर्तमान॥

ॐ ह्रीं धातकीखण्डकी पश्चिम दिशा अचलमेरुकी उत्तर दिशा ऐरावत क्षेत्र सम्बन्धी तीनचौबीसीके बहत्तर जिनेन्द्रेभ्यो नमः। अर्घं।

द्वीप पुष्करकी पूरब दिशा, मन्दरमेरुकी दक्षिण भरत-सा।
ताविषे चौबीसी तीन जू, अर्घ लेय जजूँ परवीन जू॥

ॐ ह्रीं पुष्कर द्वीपकी पूरब दिशा मन्दरमेरुकी दक्षिण दिशा भरत क्षेत्र सम्बन्धी तीनचौबीसीके बहत्तर जिनालयेभ्यो नमः अर्घं।

गिरि सुं मंदर उत्तर जानिये, ताके पूर्व दिशा बखानिये।
ताविषे चौबीसी तीन जू, अर्घलेय जजूँ परवान जू॥

ॐ ह्रीं पुष्कर द्वीपकी पूर्व दिशा मन्दरमेरुकी उत्तर दिशा ऐरावत क्षेत्र सम्बन्धी तीन चौबीसीके बहत्तर जिनेन्द्रेभ्यो नमः अर्घं।

पश्चिमपुष्करगिरि विद्यु तमाल, ताके दक्षिण भरतक्षेत्र है सुविशाल।
तामें चौबीसी हैं जु तीन, वसु द्रव्य लेय जजूँ प्रवीन॥

ॐ ह्रीं पुष्करार्द्ध द्वीपकी पश्चिम दक्षिण दिशा भरत क्षेत्र सम्बन्धी तीन चौबीसीके बहत्तर जिनेन्द्रेभ्यो नमः अर्घं।

याही गिरिके उत्तर जु ओर, ऐरावत क्षेत्र बनो निहोर।
तामें चौबीसी है जु तीन, वसु द्रव्य लेय जजूँ परवीन॥

ॐ ह्रीं श्रीपुष्कर द्वीपकी पश्चिम दिशा विद्यु त माली मेरुकी उत्तर दिशा ऐरावत क्षेत्र सम्बन्धी तीन चौबीसीके बहत्तर जिनेन्द्रेभ्यो नमः अर्घं।

द्वीप अढ़ाईके विषै, पंचमेरु है तांह।
दक्षिण उत्तर तासके, भरत ऐरावत आय॥
भरत ऐरावत आय, एक क्षेत्रके मांही।
चौबीसी हैं तीन, दसों दिशि ही के मांही॥
दसों क्षेत्रके सातसौ बीस जिनेश्वर।
अर्घ न्याय करजोडि, जें ज रविमल सुमनकर॥

ॐ ह्रीं पंचमेरु सम्बन्धी भरतैरावत क्षेत्रके विषै तीस चौबीसीजीके सातसै बीस जिनेन्द्रेभ्यो नम अर्घं नि०।

(जयमाला।)

(दोहा।)

चौबीसों तीसों नमों, पूजा परम रसाल।
मन, वच तन को शुद्धकर, अब वरणो जयमाल॥

जय द्वीप अढ़ाई में जू सार, गिरि पांच मेरु उन्नत अपार।
तागिरि पूर्व-पश्चिम जु ओर, शुभ क्षेत्र विदेह बसै जु ठौर॥
ता दक्षिण क्षेत्र भरत सु जानि, है उत्तर ऐरावत महान।
गिरि पांचतनें दश क्षेत्र जोय, छबि ताकी बरन नसकै कोय॥
ताको वरणूं वरणन विशाल, तैसा ही ऐरावत है रसाल।
इस क्षेत्र बीच विजयार्द्ध एक, वा ऊपर विद्याधर अनेक॥
इस क्षेत्र विषै षट खंड जानि, तहां छहोंकाल बरतै महान।
जो तीन कालमें भाग भूमि, दस जाति कल्पतरु रहे झूमि॥

जब चौथौ काल लगै जु आय, तब कर्मभूमि बरतै सुहाय।
तब तीर्थंकर को जन्म होय, सुरलेय जजें गिरि पर सुजोय॥
बहु भक्ति करें सब देव आय, ताथेई थेई की तान न्याय।
हरि तांडव नृत्य करे अपार, सब जोवन मन आनन्दकार॥
इत्यादि भक्ति करिके सुरेन्द्र, निजथान जाय जुत देव वृन्द।
इहविधि पांचों कल्यान होय, हरिभक्ति करै अति हर्ष जोय॥
या कालविषैं पुण्यवन्त जीव, नरजन्मधार शिव लहै अतीव।
तब श्रेष्ठ पुरुष परवीन होय, सब याही काल विषै जु होय॥
जब पंचम काल करे प्रवेश, मुनिधर्म तणों वहीं रहे लेश।
विरले कोई दक्षिण देश मांहि, जिनधर्मी नर बहुते जु नाहिं॥
जब षष्ठम काल करे प्रवेश, तब धर्म रंच नहिं रहे लेश।
दश क्षेत्रनमें रचना समान, जिनवाणी भाष्यो सो प्रमान॥
चौबीसी होइके क्षेत्र तीन, दश क्षेत्रनिमें जानो प्रवीन।
आगत व अनागत वर्तमान, सप्तशतक अरु बीसजान॥
सबही महाराज नमूं त्रिकाल, मम भवसागरतें लेहु निकाल।
यह वचन हिये में धार लेव, मम रक्षा करहु जिनेन्द्र देव॥
‘विमल’ की विनती सुनहु नाथ, मैं पांय परूं जुग जोरि हाथ।
मम वांछित कारज करौ पूर, यह अरज हृदयमें धरि जरूर॥

(घत्ता।)

शत सात जु बीस श्रीजगदीशां, आगतनागत अरु वर्ततु हैं।
मन वच तन पूजै, सुध मन हूजै, सुरग मुक्ति पद पावत हैं॥

ॐ ह्रीं पंचमेरु सम्बन्धी दश क्षेत्रनिके विषै तीस चौबीसीके सातसौबीस जिनेन्द्रेभ्यो नमः अर्घं नि०।

(दोहा।)

सम्वत् सत उन्नीस के, ता ऊपर पुनि आठ।
पौष कृष्ण तृतीया गुरु, पूरन भयो जु पाठ॥
अक्षर मात्रा की कसर, बुध जन शुद्ध करेय।
अल्प बुद्धि मो सोचकें, दोष कबहुं नहि देय॥
पढ़ी नहीं व्याकरण मैं, पिंगल देख्यो नाहिं।
जिनवाणी परसादतें, उमंग भई घट मांहि॥
मान बड़ाई ना चहू, चहू धर्मको अंग।
नित प्रति पूजा कीजिये, मनमें धारि उमंग॥

इत्याशीर्वादः।


स्रोत: पूजन रत्नाकर, पृष्ठ २९३ (पूजन रत्नाकर | Pujan Ratnakar)