श्री सुकुमाल चरित्र | Shri Sukumal Charitra

चातुर्मास पूर्ण कर मुनिवर पाठ करे सुखकार रे।
वर्णन आया स्वर्गों का तब ही जागे सुकुमाल रे॥1॥

जाति स्मरण हुआ सुखकारी उर छाया वैराग्य रे।
कैसे निकलूँ लगे सोचने मोह नींद से जाग रे॥2॥

कपड़े बाँध-बाँध लटकाए खिड़की में से उतर पड़े।
आनन्दित हो उत्साहित हो श्री मुनिवर की ओर बढ़े॥3॥

शीश नवाकर मुनि चरणों में जिज्ञासु हो बैठ गये।
करुणापूरित यशोभद्र मुनि उद्बोधन हित कहत भये॥4॥

जाग्रत हो सुकुमाल शीघ्र ही जाग्रत हो सुकुमाल रे।
तीन दिवस की आयु शेष है जाग्रत हो सुकुमाल रे॥5॥

जिस भवतरु पर तू है लटका नीचे है भव कूप रे।
देख चार गति रूपी अजगर मुँह फाड़े विकराल रे॥6॥

काल रूप हस्ती झकझोरे तू भी अति भयभीत रे।
रात दिवस दो चूहे काटते तू लटका जिस डाल रे॥7॥

काल अनादि बहुत दुःख पाया वायुभूति के भव में भी।
मुनिनिंदा से फल से कोढ़ी हुआ बहुत बेहाल रे॥8॥

गधी शूकरी कुत्ती होकर सुता हुई चाण्डाल की।
अग्निभूति मुनिवर का सुन संबोधन हुई खुशहाल रे॥९॥

कर सन्यास निदान भाव से नागश्री द्विजसुता हुई।
अणुव्रत लेकर फिर दीक्षा ले छोड़ा जग जंजाल रे॥१०॥

घोर तपश्चर्या करके तू हुआ स्वर्ग में देव रे।
वैभव भोग मनोरम तज कर आया तू सुकुमाल रे॥११॥

फिर भी यहाँ फँसा भोगों में चेत अरे! कर याद रे।
निकल कैद से अब भी अवसर निज परिणाम संभाल रे॥१२॥

तत्क्षण ही जिनदीक्षा ले सुकुमाल गये वन खण्ड में।
रुधिर छलकता और टपकता जाता कोमल अंग में॥१३॥

धन्य-धन्य सुकुमाल मुनीश्वर लीन हुए निज ध्यान में।
अनुभवते ज्ञेयों से न्यारा ज्ञान सहज निज ज्ञान में॥१४॥

रुधिर चाटते एक स्यालनी युग बच्चा युत आयी थी।
खाने लगी शरीर बैर वश महा क्रूरता छायी थी॥१५॥

सरसों का दाना चुभता था देखो जिनको राग में।
अहो! अहो!! वे निश्चल वर्तें सम्यग्ज्ञान विराग में॥१६॥

द्रव्यदृष्टि धर अंतरंग में देख रहे थे वे अशरीर।
तृप्त निजानन्द रस में मुनिवर हुए नहीं किंचित् दिलगीर॥१७॥

प्रमत्तदशा में भी शुभ चिन्तन भेदज्ञानमय था होता।
भाते थे द्वादश अनुप्रेक्षा सहज वर्तते थे ज्ञाता॥१८॥

आज्ञापाय विपाक और संस्थान विचय धर धर्मध्यान।
क्षण-क्षण अप्रमत्त होते थे निर्विकल्प धर आतमध्यान॥१९॥

आत्मध्यान की अद्भुत महिमा लेश नहीं आकुलता थी।
उपादेय शुद्धातम जिनको सहज प्रवर्ते समता थी॥20॥

तीन दिवस यों पूर्ण हुए थे तन का तो अवसान हुआ।
राग प्रशस्त रहा कुछ बाकी सर्वार्थसिद्धि प्रयाण हुआ॥21॥

देवों ने आश्चर्य प्रगटाये गूँजा जय जयनाद था।
नगर निवासी दौड़े आये मिश्रित हर्ष विषाद था॥22॥

देख धीरता धनि-धनि कहते थे सब ही सुकुमाल को।
राजादिक भी दीक्षा लीनी तज परिग्रह जंजाल को॥23॥

माता ने भी मोह तजा था दीक्षा ले कल्याण किया।
हुई अनेकों साथ आर्यिका अपना भव था सफल किया॥24॥

भाव सहित वन्दना करके निर्ग्रन्थ भावना भाता हूँ।
अहो पूज्य सुकुमाल मुनीश्वर! प्रगटे निज पद, ज्ञाता हूँ॥25॥

उपसर्गों में क्षोभ न आवे साम्य दशा वर्ते अविरल।
रहूँ सहज संतुष्ट स्वयं में, अन्य न कोई चाहूँ फल॥26॥


Artist: ब्र. रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’
स्रोत: सहज पाठ संग्रह