श्री स्थितिकरण अंग पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Sthitikaran Ang Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( सरसी )
षष्टम स्थितिकरण अंग की महिमा पाऊँ मैं।
धर्म मार्ग से डिगने वालों को समझाऊँ मैं॥
उन्हें मार्ग पर लाकर मैं उनका कल्याण करूँ।
इसमें ही अपना हित समझूँ अरु दुःख का अवसान करूँ॥
स्थितिकरण अंग की पूजन करता हूँ सविनय।
सम्यग्दर्शन अखंड पाकर पाऊँ सौख्य निलय॥

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य स्थितिकरणांग अत्र अवतर अवतर संवौषट्।

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य स्थितिकरणांग अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य स्थितिकरणांग अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( वीर )
निर्विकल्प होने को स्वामी शुक्लध्यान जल लाऊँ आज।
जन्म जरा मरणादि व्याधि हर पाऊँ शाश्वत निज पदराज॥
स्थितिकरण अंग की महिमा जिनआगम में है विख्यात।
धर्ममार्ग से डिगते प्राणी को सुस्थिर रखना प्रख्यात॥१॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

निर्विकल्प होने को स्वामी शुक्लध्यान चंदन लाऊँ।
यह संसारतापज्वर नाशूँ शीतलता उर प्रगटाऊँ॥
स्थितिकरण अंग की महिमा जिनआगम में है विख्यात।
धर्ममार्ग से डिगते प्राणी को सुस्थिर रखना प्रख्यात॥२॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

निर्विकल्प होने को स्वामी शुक्लध्यान अक्षत लाऊँ।
उत्तम अक्षयपद प्रगटाकर भवसमुद्र यह तर जाऊँ॥
स्थितिकरण अंग की महिमा जिनआगम में है विख्यात।
धर्ममार्ग से डिगते प्राणी को सुस्थिर रखना प्रख्यात॥३॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

निर्विकल्प होने को स्वामी शुक्लध्यान के पुष्प सजा।
कामबाण विध्वंस करूँ मैं नाचूँ गाऊँ वाद्य बजा॥
स्थितिकरण अंग की महिमा जिनआगम में है विख्यात।
धर्ममार्ग से डिगते प्राणी को सुस्थिर रखना प्रख्यात॥४॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

निर्विकल्प होने को स्वामी शुक्लध्यान चरु लाऊँ आज।
क्षुधारोग हर स्वपद अनाहारी उत्तम पाऊँ जिनराज॥
स्थितिकरण अंग की महिमा जिनआगम में है विख्यात।
धर्ममार्ग से डिगते प्राणी को सुस्थिर रखना प्रख्यात॥५॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

निर्विकल्प होने को स्वामी शुक्लध्यान दीपक लाऊँ।
महामोह मिथ्यात्वतिमिर हर केवलज्ञानसूर्य पाऊँ॥
स्थितिकरण अंग की महिमा जिनआगम में है विख्यात।
धर्ममार्ग से डिगते प्राणी को सुस्थिर रखना प्रख्यात॥६॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

निर्विकल्प होने को स्वामी शुक्लध्यान की लाऊँ धूप।
अष्टकर्म सम्पूर्ण चूर्णकर प्रगटाऊँ निज आत्मस्वरूप॥
स्थितिकरण अंग की महिमा जिनआगम में है विख्यात।
धर्ममार्ग से डिगते प्राणी को सुस्थिर रखना प्रख्यात॥७॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

निर्विकल्प होने को स्वामी शुक्लध्यान के फल पाऊँ।
निज पुरुषार्थशक्ति के बल से महामोक्षफल पा जाऊँ॥
स्थितिकरण अंग की महिमा जिनआगम में है विख्यात।
धर्ममार्ग से डिगते प्राणी को सुस्थिर रखना प्रख्यात॥८॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

निर्विकल्प होने को स्वामी अर्घ्य अपूर्व बनाऊँ आज।
निरुपम पद अनर्घ्य प्रगटाऊँ पाऊँ अपना सुख साम्राज्य॥
स्थितिकरण अंग की महिमा जिनआगम में है विख्यात।
धर्ममार्ग से डिगते प्राणी को सुस्थिर रखना प्रख्यात॥९॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महार्घ्य

( मानव )
निज आत्मतत्त्व श्रद्धा ही सम्यग्दर्शन मनभावन।
निज आत्मज्ञान ही उत्तम है सम्यग्ज्ञान सुपावन॥१॥
निज आत्मब्रह्म में चर्या करना चारित्र सुहावन।
ये ही निश्चय रत्नत्रय हरता है भव के बंधन॥२॥
इसके बिन कभी न मिलता है मोक्षमार्ग प्राणी को।
इसके बिन शिवपथ दुर्लभ संसारी अज्ञानी को॥३॥
इसका ही आश्रय लेकर भव्यात्मा शिवपथ पाते।
इसकी ही परमभक्ति से वे मुक्तिभवन में जाते॥४॥
जो डिगते हों जिनपथ से उनको मैं सुथिर बनाऊँ।
निज स्थितिकरण करूँ प्रभु आत्मोत्पन्न सुख पाऊँ॥५॥

( दोहा )
महाअर्घ्य अर्पण करूँ, अस्थिरता कर भंग।
समकित बिन होता नहीं स्थितिकरण सुअंग॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगायअनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

( मानव )
यह स्थितिकरण अंग दृढ़ अति उत्तम है समकित का।
समकित को सुदृढ़ बनाता यह मार्ग सदा निज हित का॥१॥
अपने स्वभाव में अपने को सुस्थित करूँ सदा प्रभु।
अपने को और अन्य को जिनपथ पर सुथिर करूँ विभु॥२॥
प्रभु स्थितिकरण अंग को मैं अपने कंठ लगाऊँ।
डिगते साधर्मी जन को मैं धर्ममार्ग पर लाऊँ॥३॥
यदि निर्धन है तो उसको धन से सम्पन्न बनाऊँ।
रोगी है कोई भाई तो उसे निरोग कराऊँ॥४॥
कामादि विकारों से जो पीड़ित है मैं समझाऊँ।
दृढ़ करूँ धर्म के पथ पर मैं भी प्रभु दृढ़ हो जाऊँ॥५॥
भय के कारण डिगता हो यदि साधर्मीजन कोई।
निर्भय मैं उसे बनाऊँ फिर भय न रहेगा कोई॥६॥
भूखा हो कोई भाई तो भोजन उसे कराऊँ।
वस्त्रादि भेंट कर उसको अपने समकक्ष बनाऊँ॥७॥
हो भेद न साधर्मी में हो प्रेम सभी से मेरा।
मैं तो अब ऋषिमुनियों का हो जाऊँ स्वामी चेरा॥८॥
जो दीन-दुखी हैं उनका भी सारा कष्ट मिटाऊँ।
मिथ्यात्व मोहक्षय के हित आत्मोन्मुख उन्हें बनाऊँ॥९॥
सुस्थिर स्वरूप में अपने को सुस्थित कर हर्षाऊँ।
जितने विभाव हैं उनको पल भर में नाथ भगाऊँ॥१०॥
जो धर्ममार्ग से विचलित होते हों उन्हें सुथिर कर।
हर्षित होऊँ अपने को निज आत्मा में थापित कर॥११॥

ॐ ह्रीं श्री स्थितिकरणांगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )
स्थितिकरण अंग की पूजन कर निज में सुस्थिर होऊँ।
भवभ्रम क्षय की मनोकामना पूरी हो तो सुख जोऊँ॥
रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥

पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्

卐


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ४६ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 1 (सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 1 (Samyagdarshan, Samyaggyan, Samyakcharitra))