श्री सोनागिर सिद्धक्षेत्र पूजन | Shri Sonagir Siddhakshetra Pujan

(छन्द-तातंक)
जम्बूद्वीप सुभरत क्षेत्र के, मध्य देश में अति पावन।
सिद्धक्षेत्र सोनागिर पर्वत, दिव्य मनोहर मनभावन॥
एक शतक जिन मन्दिर शोभित, चन्द्रप्रभ का समवशरण।
वृषभादिक महावीर जिनेश्वर, की प्रतिमाओं को वन्दन॥
नंग-अनंग कुमार मुक्त हो, निजानन्द रस हुए मगन।
साढ़े पाँच कोटि मुनियों ने, तप कर पाया मुक्ति सदन॥
रत्नत्रय केवल से पाया, सिद्ध शिला का सिंहासन।
श्री मुनिचरण कमल नित वन्दूँ, धन्य-धन्य पूजन दर्शन॥

ॐ ह्रीं श्रीसोनागिर-सिद्धक्षेत्र! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याह्वाननम्।
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिर-सिद्धक्षेत्र! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिर-सिद्धक्षेत्र! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम्।

(वीरछन्द)
हिंसादिक पाँचों पापों में, सदा लीन होता आया।
पाप पंक से रहित अवस्था, पाने को प्रभु जल लाया॥
सिद्धक्षेत्र सोनागिर वन्दूँ, वन्दूँ चन्द्रप्रभ जिनराज।
नंग-अनंग कुमार सु पूजूँ, साढ़े पाँच कोटि मुनिराज॥
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिरसिद्धक्षेत्राय जन्म-जरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

पंचेन्द्रिय के पंच विषय का, राग कभी न हटा पाया।
विषय भोग का ताप मिटाने, अति शीतल चंदन लाया॥सिद्धक्षेत्र.॥
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिरसिद्धक्षेत्राय संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।

पंच प्रमादों में फँसकर, भवसागर में गोता खाया।
अप्रमत्त की मिले अवस्था, इसीलिये अक्षत लाया॥सिद्धक्षेत्र.॥
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिरसिद्धक्षेत्रायऽक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

क्रोध मान माया लोभादिक, भाव किए भव दुख पाया।
सर्व कषायों का अभाव करने को दिव्य पुष्प लाया॥सिद्धक्षेत्र.॥
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिरसिद्धक्षेत्राय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

सप्तव्यसन का राग न छूटा, भक्ष्य अभक्ष्य सभी खाया।
क्षुधा ज्वाल की अग्नि बुझाने, शुभ नैवेद्य नाथ लाया॥सिद्धक्षेत्र.॥
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिरसिद्धक्षेत्राय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

इस अनादि-मिथ्यात्व पाप का, अन्त न अबतक कर पाया।
मोह तिमिर अज्ञान हटाने, ज्ञान दीप पाने आया॥सिद्धक्षेत्र.॥
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिरसिद्धक्षेत्राय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

अष्टकर्म ज्ञानावरणादिक, का न बन्ध कम कर पाया।
घाति-अघाति कर्मक्षय करने, ध्यान धूप पाने आया॥सिद्धक्षेत्र.॥
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिरसिद्धक्षेत्रायऽष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

भव तन भोगों से विरक्ति का, कुछ पुरुषार्थ न कर पाया।
विगत कर्म मल रागद्वेष से रहित, सुफल पाने आया॥
सिद्धक्षेत्र सोनागिर वन्दूँ, वन्दूँ चन्द्रप्रभ जिनराज।
नंग-अनंग कुमार सु पूजूँ, साढ़े पाँच कोटि मुनिराज॥
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिरसिद्धक्षेत्राय मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

पंच महाव्रत, पंच समिति, त्रय गुप्ति न धारण कर पाया।
निज आत्मानुभूति पाने को, भाव अर्घ्य हे प्रभु लाया॥सिद्धक्षेत्र.॥
ॐ ह्रीं श्रीसोनागिरसिद्धक्षेत्रायऽनर्घ्यपद-प्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

(दोहा)
दोहा- सोनागिर के क्षेत्र की, महिमा अपरम्पार।
भावसहित वन्दन करूँ, मन-वच-काय सँभार॥

परमपूज्य पावन सोनागिर, पर्वत सिद्धक्षेत्र सुखकार।
साढ़े पाँच कोटि मुनिवर की, गूँज रही है जय जयकार॥
इस पर्वत पर ही आया था, चन्द्रप्रभ का समवशरण।
नंग-अनंग कुमार दीक्षा लेकर निज की हुए शरण॥
सम्यग्दर्शन ज्ञान चरित, रत्नत्रय का ले अवलम्बन।
पर द्रव्यों का मोह त्यागकर, निज स्वभाव में हुए मगन॥
कोटि-कोटि मुनि निजस्वरूप लख, निज में ही तल्लीन हुए।
ज्ञानानन्दी सिद्ध स्वभावी, शुद्धात्म में लीन हुए॥
इस पर्वत पर कठिन तपस्या, करके सिद्धलोक पाया।
जा पहुँचे लोकाग्र शिखर पर, परम अनन्त स्वपद पाया॥
चन्द्रप्रभ के समवशरण की, शोभा पर्वत पर न्यारी।
श्री बाहुबलि का दर्शन कर, हर्षित होते नर नारी॥
चन्द्रप्रभ की भव्य मनोहारी, विशाल प्रतिमा सुखकार।
नंग-अनंग कुमारों की प्रतिमाएँ, शोभित मंगलकार॥
साढ़े पाँच कोटि मुनियों के, चरण चिह्न अनुपम मनहार।
भाव सहित दर्शन करने से, होता है आनन्द अपार॥
यहाँ पिसनहारी का मन्दिर, श्रम का पाठ पढ़ाता है।
ऊँचा मानस्तम्भ श्वेत लख, मान गलित हो जाता है॥
ऋषभ अजित संभव अभिनंदन, सुमति पद्मप्रभ सुपार्श्ववंत।
चन्द्र पुष्प शीतल श्रेयांस प्रभु, वासुपूज्य जिन विमल अनन्त॥
धर्म शांति प्रभु कुंथु अरहजिन, मल्लि मुनिसुव्रत नमि भगवंत।
नेमि पार्श्वप्रभु महावीर का, शासन जग में जय जयवंत॥
तीर्थंकर चौबीस जिनेश्वर, के जिनमन्दिर बने अनेक।
जिनप्रतिमा दर्शन से होता, निकटभव्य को स्व-पर विवेक॥
भव्य दिगम्बर जिनप्रतिमा की, पूजन से होता आनन्द।
पुण्योपार्जन हो जाता है, होती सभी कषायें मन्द॥
श्री शुभचन्द्राचार्य भर्तृहरि की यह तपोभूमि पावन।
ज्ञानार्णव की रचना का सुन्दर स्थान मनोभावन॥
बहु प्राचीन जिनालय पावन उच्च शिखर ध्वजयुत मनहर।
महावीर-जिन-कीर्ति-स्तम्भ धवल शोभायमान सुन्दर॥
सोनागिर टेशन से पाँच किलोमीटर है सोनागिर।
होली पर वार्षिक मेले में होता है आनन्द निर्झर॥
सिंह द्वार पर्वत का सुन्दर अतिविशाल रमणीय प्रधान।
जय-जय कर सब प्रवेश करते गाते चन्द्रप्रभ गुणगान॥
चन्द्रप्रभ का समवशरण बहुबार यहाँ पर आया था।
भव्यजनों ने दिव्यध्वनि सुन शिवगामी पथ पाया था॥
स्वर्णिम पर्वत सरल चढ़ाई दर्शनीय दतिया के पास।
बालक-वृद्ध सभी चढ़ जाते, जाते हर्षित प्रभु के पास॥
नीचे शान्ति कुंथु अर जिन की प्रतिमाएँ हैं अति प्राचीन।
जिनबिम्बों के दर्शमात्र से हो जाते हैं पाप विलीन॥
और अन्य अनेक जिनालय सभी धर्मशालाओं युक्त।
मौ वालों का मंदिर भी है एक धर्मशाला संयुक्त॥
चंद्र-नगर में त्रिमूर्ति मंदिर श्रेष्ठ धर्मशाला शोभित।
स्याद्वाद उद्यान जिनालय गोम्मटेश प्रतिमा शोभित॥
परमागम मंदिर विशाल में चन्द्रप्रभ जिन रहे विराज।
स्वाध्याय की श्रेष्ठ व्यवस्था लख प्रमुदित है सकल समाज॥
कुन्दकुन्द है नगर अनूठा बाहुबलि प्रतिमा उद्यान।
पंच-तीर्थ की रचना सुन्दर नित प्रति होते मंगलान॥
पंचतीर्थ बाहुवली के, सन्मुख मानस्तम्भ महान।
महावीर मानस्तम्भ की, महिमा का हो जाता ज्ञान॥
उच्च गगन में चहुँदिशि जिन प्रतिमाओं को सादर वंदन।
दर्शन करते ही हो जाता, मान भाव का त्वरित शमन॥
निकट श्री सीमंधर प्रभु का, समवशरण मंदिर सुन्दर।
समवशरण में नाथ विराजे, दिव्यध्वनि देते मनहर॥
समवशरण की अष्ट भूमियों का होता अनुपम दर्शन।
भरतक्षेत्र के कुन्दकुन्द आचार्य कर रहे हैं वन्दन॥
द्वादश सभा जुड़ी है सुन्दर, सुनती दिव्यध्वनि संदेश।
झेल रहे हैं गणधर स्वामी, सीमंधर प्रभु का उपदेश॥
कुन्दकुन्द-कहान जिनागम, का नूतन निर्माण महान।
नीचे विद्यमान विंशति तीर्थंकर, प्रतिमाएँ है पूज्य प्रधान॥
ऊपर भरतक्षेत्र की भावी, चौबीसी के हैं तीर्थंकर भगवान।
महापद्म आदि के दर्शन कर, उर जगता वैराग्य महान॥
कुन्दकुन्द विद्या निकेतन, विद्यार्थी शिक्षा पाते।
आत्मज्ञान का वैभव पाकर, शुद्ध आत्मा को ध्याते॥
छात्रावास मनोहर सुन्दर, विद्यार्थी जन का आवास।
दिवस रात्रि अध्ययनरत रहकर, करते आत्मा का विश्वास॥
कुन्दकुन्द नगरी की शोभा, द्विगुणित हो गई आज महान।
जो भी यात्री आते यहाँ पर, करते हैं अपना कल्याण॥
नित्य यहाँ यात्री आते हैं दर्शन-पूजन को दिन-रात।
परम सलोना सुन्दर पर्वत भारत भर में है विख्यात॥
हम भी इस पर्वत की यात्रा करके पाएँ परमानन्द।
जीवन सफल बनाएँ अपना सिद्ध समान बने सुख कन्द॥
सोनागिर के वैभव की स्वामिनी दिगम्बर जैन समाज।
भेदभाव है नहीं किसी से सबके चन्द्रप्रभ जिनराज॥
पाप-पुण्य से रहित अवस्था, आत्माश्रय से होती है।
कर्मों की कालुषता धुलती, तब पंचम गति होती है॥
शान्त मौन नासाग्र दृष्टि, जग को सन्देश सुनाती है।
शुद्ध त्रिकाली ध्रुव स्वभाव की, उर में महिमा आती है॥
सिद्धस्वपद पाकर यह चेतन, कृतकृत्य हो जाता है।
वीतराग सर्वज्ञ हितंकर, परमेश्वर हो जाता है॥
प्रभु समान पद मैं भी पाऊँ, यही भावना भाता हूँ।
निजस्वरूप का दर्शन करने, चरण शरण में आता हूँ॥
वचन अगोचर अनुभव गोचर, आत्मतत्त्व दर्शन पाएँ।
सोनागिरि की पूजन करके, मंगलमय हम हो जाएँ॥

ॐ ह्रीं श्रीसोनागिरसिद्धक्षेत्रायऽनर्घ्यपद-प्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

दोहा- सोनागिर पर्वत का दर्शन, पूजन महासौख्यदाता।
श्रीमुनिपद-चिह्नों पर चलने, वाला महामोक्ष पाता॥

(पुष्पांजलिं क्षिपामि)


स्रोत: अध्यात्म पूजाञ्जलि (डॉ. मुकेश तन्मय शास्त्री), पृष्ठ ८६ (अध्यात्म पूजाञ्जलि (डॉ. मुकेश तन्मय शास्त्री) | Adhyatma Pujanjali (Dr. Mukesh Tanmay Shastri))