श्री सोलहकारण पूजन | Shri Solahkaran Pujan

(छन्द-वीर)

भव दुःख निवारण सोलहकारण, सहज भाव से नित भाऊँ।
आनन्दित हो उत्साहित हो, रत्नत्रय पथ पर मैं धाऊँ॥
जिन भायीं भावना मंगलमय, उनने तीर्थङ्कर पद पाया।
मैं पूजूँ धरि बहुमान हृदय में, धर्म तीर्थ शुभ प्रगटाया॥

(दोहा)

मैं भी भाऊँ चाव सों, निज अन्तर लौ लाय।
होवे धर्म प्रभावना, तिहुँ जग में सुखदाय॥

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणभावनासमूह! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याह्वाननम्।

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणभावनासमूह! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणभावनासमूह! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम्।

(छन्द-मानव)

धरि दर्शनविशुद्धि सुखमय, निर्मल जल ले समतामय।
पूजूँ भाऊँ सुखकारी, सोलहकारण दुःखहारी॥

ॐ ह्रीं श्री दर्शनविशुद्धि-विनयसंपन्नता-शीलव्रतेष्वनतिचार-अभीक्ष्णज्ञानोपयोग-संवेग-शक्तितस्त्याग-तपः-साधुसमाधि-वैयावृत्यकरण-अर्हद्भक्ति-आचार्यभक्ति-बहुश्रुतभक्ति-प्रवचनभक्ति-आवश्यकापरिहाणि-मार्गप्रभावना-प्रवचनवत्सलत्वेति तीर्थकरत्वकारणेभ्यो जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

शुभ धैर्यमयी ले चन्दन, जिन चरणों में कर वन्दन।
पूजूँ भाऊँ सुखकारी, सोलहकारण दुःखहारी॥

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणेभ्यः संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।

निस्तुष ज्ञानाक्षत धारूँ, क्षत् विभव चाह परिहारूँ।
पूजूँ भाऊँ सुखकारी, सोलहकारण दुःखहारी॥

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणेभ्यो अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

निष्काम शील प्रगटाकर, भावों के पुष्प चढ़ाकर।
पूजूँ भाऊँ सुखकारी, सोलहकारण दुःखहारी॥

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणेभ्यः कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

निज रसमय चरु ले आऊँ, दुर्दोष क्षुधादि नशाऊँ।
पूजूँ भाऊँ सुखकारी, सोलहकारण दुःखहारी॥

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणेभ्यः क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

अज्ञान तिमिर क्षयकारी, ले ज्ञानदीप अविकारी।
पूजूँ भाऊँ सुखकारी, सोलहकारण दुःखहारी॥

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणेभ्यो मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

ध्याऊँ पद पाप निकन्दन, नाशें सब ही विधि बन्धन।
पूजूँ भाऊँ सुखकारी, सोलहकारण दुःखहारी॥

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणेभ्योऽष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

फल भक्तिमयी सु चढ़ाऊँ, निर्वाण महाफल पाऊँ।
पूजूँ भाऊँ सुखकारी, सोलहकारण दुःखहारी॥

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणेभ्यो मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

ले अर्घ्य अनूपम सुखमय, लहूँ भावलीनता अक्षय।
पूजूँ भाऊँ सुखकारी, सोलहकारण दुःखहारी॥

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणेभ्योऽनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

सोरठा- इह विधि मंगलकार, पूजा करि आनन्द सों।
सहज स्वरूप विचार, गाऊँ जयमाला सुखद॥

(छन्द-त्रोटक)

सम्यक् दर्शन निर्दोष होय, शंकादि दोष लागे न कोय।
रत्नत्रय प्रति नित विनय रहे, कब पूर्ण होय यह भाव रहे॥
निर्दोष शील वर्ते अखण्ड, परमार्थ लहूँ हो मोह खण्ड।
भाऊँ सु निरन्तर भेदज्ञान, जासों पाऊँ निज पद महान॥
हो धर्म धर्म फल में उछाह, उपजे न कदाचित् विषय दाह।
निजशक्ति संभारि करूँ सुदान, त्यागूँ विभाव दुखकारि जान॥
शक्ति अनुसार धरूँ विचित्र, इच्छा निरोध जिन तप पवित्र।
साधु समाधि में करि सहाय, मैं भी समाधि लहूँ सुखदाय॥
हो तत्पर वैयावृत्ति माँहि, विचरूँ मैं भी शिवमार्ग माँहि।
अरहंत भक्ति धरि विषय टार, आराधूँ साधूँ स्वपद सार॥
आचार्यभक्ति होवे पवित्र, धारूँ निर्मल सम्यक् चरित्र।
वंदूँ बहु श्रुतधर उपाध्याय, लहूँ ज्ञान महान सु मुक्तिदाय॥
जिन प्रवचन की भक्ति अनूप, धरि ध्याऊँ अविकल चित्स्वरूप।
आवश्यक निश्चय अरु व्यवहार, हो सहज भाव से सुखकार॥
होवे प्रभावना मंगलमय, जिनधर्म धरें सब हों निर्भय।
धर्मी प्रति अति ही वात्सल्य, होवे सुखकारी अरु निःशल्य॥
सोलहकारण आनन्दकार, तीर्थङ्कर पद की देन हार।
निर्वांछक हो भाऊँ सु सार, ध्रुवतीर्थ रूप निजपद निहार॥

ॐ ह्रीं श्रीदर्शनविशुद्ध्यादिषोडशकारणेभ्योऽनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

(दोहा)

सोलह कारण भावना, सब ही को सुखदाय।
पूजूँ भाऊँ भक्ति धरि, श्री जिनधर्म सहाय॥

(पुष्पाञ्जलिं क्षिपामि)


स्रोत: अध्यात्म पूजाञ्जलि (डॉ. मुकेश तन्मय शास्त्री), पृष्ठ २०१ (अध्यात्म पूजाञ्जलि (डॉ. मुकेश तन्मय शास्त्री) | Adhyatma Pujanjali (Dr. Mukesh Tanmay Shastri))