श्री सिद्ध पूजन | Shri siddh pujan (अरहम जैन)

(स्थापना)
हे सिद्ध शुद्ध चिदात्मामयी, निज धर्म धर शव तज दिया,
प्रगटाया पौरुष प्रथम प्रभु भव रोग तुमने हर लिया,
मैं द्वार जब आया तुम्हारे पाया तुमको निज मगन,
करता हूँ पूजन में तुम्हारी पाऊँगा मुक्ति गगन॥१॥
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपते! सिद्धपरमेष्ठिन्! अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपते! सिद्धपरमेष्ठिन्! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपते! सिद्धपरमेष्ठिन्! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।
जल सा शीतल निज हृदय लिये, मैं आया हूँ द्वारे जिनवर
तुम-सा अन्तरबल प्रकटाने लाया हूँ कर में जल भरकर।
हो मुक्त दशा जग में मेरी, बरसे सुख की सुमनावलियाँ,
और शान्त निजात्म को पी, पुलकित हों अंतर की कलियाँ।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा॥
चंदन को घिस-घिस कर मैंने, जड़ता की महक बढ़ाई है,
प्रभु चेतन चन्दन चरणों में, तेरे मैंने अब लाई है।
हो मुक्त दशा जग में मेरी, बरसे सुख की सुमनावलियाँ,
और शान्त निजात्म को पी, पुलकित हों अंतर की कलियाँ।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा॥
जग जड़ता जग में छोड़ प्रभु, नित आनंत में नित भ्रमण करें,
हम अक्षत सम निज अक्षत पा समकित ठगरो में चरण धरें।
हो मुक्त दशा जग में मेरी, बरसे सुख की सुमनावलियाँ,
और शान्त निजात्म को पी, पुलकित हों अंतर की कलियाँ।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा॥
मैं धी से होकर हीन प्रभु, लाया था जड़ पुष्पों को भर,
अपने निज पौरुष को पाकर, देता हूँ तुमको पुष्प प्रवर।
हो मुक्त दशा जग में मेरी, बरसे सुख की सुमनावलियाँ,
और शान्त निजात्म को पी, पुलकित हों अंतर की कलियाँ।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने कामवाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा॥
मैं निर्मल नैवेद्य को लेकर, निज के थल में जब जा पहुँचा,
देखा अकाया मेरी काया में एक बिम्ब तेरे जैसा॥
हो मुक्त दशा जग में मेरी, बरसे सुख की सुमनावलियाँ,
और शान्त निजात्म को पी, पुलकित हों अंतर की कलियाँ।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा॥
कर कमलों में यह दीप लिये, मैं आया था बनकर रागी।
तेल जलाकर जड़ मल का, उज्ज्वलित कर लिया है अन्तर।
हो मुक्त दशा जग में मेरी, बरसे सुख की सुमनावलियाँ,
और शान्त निजात्म को पी, पुलकित हों अंतर की कलियाँ।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने मोहांधकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा॥
मिथ्यातम से मैं घिरा हुआ, इसकी कुवास करती व्याकुल,
अब धूप खे रहा हूँ जिनवर, निज बल में पाऊँ निज का सुख।
हो मुक्त दशा जग में मेरी, बरसे सुख की सुमनावलियाँ,
और शान्त निजात्म को पी, पुलकित हों अंतर की कलियाँ।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा॥
तत्त्वों का लखकर मुझको भी है प्राप्त हुआ समकित दर्शन,
तेरी पूजन फल प्राप्त मुझे, होगा दुःख से उन्मुक्त गगन।
हो मुक्त दशा जग में मेरी, बरसे सुख की सुमनावलियाँ,
और शान्त निजात्म को पी, पुलकित हों अंतर की कलियाँ।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा॥
तेरी पूजन को अपने अंदर का मैं लक्ष्य बनाऊँगा,
जड़ द्रव्यों को मैं मेल मिटा, शिव के समीप प्रभु आऊँगा।
हो मुक्त दशा जग में मेरी, बरसे सुख की सुमनावलियाँ,
और शान्त निजात्म को पी, पुलकित हों अंतर की कलियाँ।
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने अनर्घपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा॥
जयमाला
(दोहा)
तीन लोक त्रय काल में, सिद्ध भये जो अनंत।
चलती हुई अनादि से, परम्परा जयवंत॥
(चौपाई)
आप भये चिन्मय अभिराम, पाया प्रभुवर सत् शिवधाम।
ज्ञाता-दृष्टा आतमराम, पाया जिनवर सुख आराम॥1॥
कर्मों की विभु धूम उड़ाय, दिव्य जिनेश्वर गुण प्रगटाय।
ऐसे आत्म महा सुख पाय, भविजन मिलकर महिमा गाय॥2॥
मुनि जन ने उपदेश कहे, कहकर वे भी अकाय भये।
ज्यों भविजन पुरुषार्थ करें, त्यों निज में नित रमण करें॥3॥
सर्वज्ञों के नयनों से, स्वार्थ के सत्यार्थ झरे।
इस सत्यार्थ की मैं पाऊँ, चरणों में तेरे झुक जाऊँ॥4॥
तेजोमयी तेरी मूरत, प्रगट भयो तुम-सी सूरत।
आया हूँ मैं हे जिनराज! जग जड़ता तजकर महाराज॥5॥
मरण समाधिमय होवे, मम तम भय सब क्षय होवे।
ज्ञायक परिणति निज पहचान, दुःख से मुक्त अयन पहचान॥6॥
ॐ ह्रीं श्रीसिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा॥
(दोहा)
काल लब्धि ऐसे बने, जलें गुणों के दीप।
अमृत भाग में लोक के, आऊँ आप समीप॥
(पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्)

रचनाकार: अरहम जैन (Arham Jain), खड़ैरी