(दोहा)
सर्व कर्म बन्धन रहित, नित्य निरामय जान।
परम सूक्ष्म सिद्धात्मा, चित्स्वरूप पहिचान॥
पूजूँ भक्ति भाव से, धरूँ भेद विज्ञान।
निश्चय से मैं भी अहो, शाश्वत सिद्ध समान॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिन्! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याह्वाननम्।
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिन्! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिन्! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम्।
(वसन्ततिलका)
भववास दुःखमय तज निज में बसे जो।
निर्मल गुणाकर हुए शिव में बसे जो॥
जल सम पवित्र होकर मैं सिद्ध ध्याऊँ।
जन्मादि दोष क्षण में प्रभु सम नशाऊँ॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं निर्व. स्वाहा।
सम्यक्त्व आदि गुण युत जगपूज्य हैं जो।
निरखेद तृप्त निज में अविचल रहें जो॥
चन्दन समान शीतल हो सिद्ध ध्याऊँ।
संताप रूप भव में फिर ना भ्रमाऊँ॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्व. स्वाहा।
अन्तिम शरीर से जो कुछ न्यून राजें।
अशरीर ज्ञानमय जो अक्षय विराजें॥
ले भाव अक्षत सहज मैं सिद्ध ध्याऊँ।
क्षत् रूप जग विभव अब किंचित् न चाहूँ॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।
स्वाधीन मग्न निज में निश्चल हुए जो।
कामादि दोष नाशे सुखमय हुए जो॥
निष्काम भावमय हो मैं सिद्ध ध्याऊँ।
हो ब्रह्मारूप शाश्वत आनन्द पाऊँ॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
हे आत्मनिष्ठ योगीश्वर! ध्यान गम्य।
प्रभुवर करूँ सुभक्ति वाणी-अगम्य॥
निज में ही तृप्त हो प्रभु पूजा रचाऊँ।
दुखमय क्षुधादि नाशें प्रभुता सु पाऊँ॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
हे चित्प्रकाशमय परमेश्वर अलौकिक।
निज में निमग्न रहते तिहुँ जग के ज्ञायक॥
निर्मोह ज्ञानमय हो मैं सिद्ध ध्याऊँ।
ज्ञायक स्वरूप सहजहिं ज्ञायक रहाऊँ॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
ध्रुव ध्येय रूप शुद्धात्म सुखकारी।
दर्शाय देव कीना उपकार भारी॥
हो मग्न ध्येय माँहीं पूजा रचाऊँ।
दुष्टाष्ट कर्म बन्धन सहजहिं नशाऊँ॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने-अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
अक्षय अनंत अविकारी मुक्तिनाथ।
वाँछा न शेष पाया चैतन्य-नाथ॥
आनन्द विभोर हो प्रभु पूजा रचाऊँ।
अनुपम अचल सु शाश्वत गति शीघ्र पाऊँ॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
त्रैलोक्य चूड़ामणि प्रभुवर हुए हैं।
साक्षात् शुद्ध आत्मा विभु आप ही हैं॥
भावाघ्य लेय सुखमय पूजा रचाऊँ।
अविचल अनर्घ्य अक्षय प्रभुता सु पाऊँ॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने-अनर्घ्यपदप्राप्तये-अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
(दोहा)
अविकल परमानन्दमय, अविनाशी गुणखान।
भक्ति भाव पूरित हृदय, सहज करूँ गुणगान॥
(चौपाई)
स्वयं सिद्ध परमातम ध्याया, कर्म कलंक समूल नशाया।
प्रगटे गुण अनन्त अविकारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
जय जय क्षायिक सम्यक्दर्शन, केवलज्ञान सु केवलदर्शन।
हुए अनन्त सु वीरजधारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
अगुरुलघु सूक्ष्मत्व अवगाहन, अव्याबाध प्रगट भयो पावन।
चिन्मूरति चिन्मूरति धारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
गुणस्थान चौदह के पार, नित्य निरामय ध्रुव अविकार।
परमानन्द दशा विस्तारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
तीर्थङ्कर जब दीक्षा धारें, सिद्ध प्रभु का नाम उचारें।
अचल अनूपम पदवी धारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
आत्मारাধन का फल पाया, पंचम भाव प्रत्यक्ष दिखाया।
महिमावंत ध्येय सुखकारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
एक क्षेत्र में प्रभु अनन्त, सत्ता भिन्न-भिन्न विलसन्त।
अहो सु अद्भुत प्रभुता धारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
सिद्धालय ज्यों सिद्ध विराजे, देहमाँहि त्यों आतम राजे।
ज्ञायक रूप परम अविकारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
भेदज्ञान करके पहिचाना, द्रव्यदृष्टि धरि सहज प्रमाना।
होऊँ निश्चय शिवमगचारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
सहज रहूँ प्रभु जाननहार, परभावों का हो परिहार।
कटें कर्मबन्धन दुःखकारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
अपने में संतुष्ट रहाऊँ, अपने में ही तृप्त रहाऊँ।
हुई निःशेष कामना सारी, जजूँ सिद्ध नित मंगलकारी॥
ॐ ह्रीं श्री सिद्धचक्राधिपतये सिद्धपरमेष्ठिने अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
(सोरठा)
निश्चल सिद्धस्वरूप, ज्ञानस्वभावी आत्मा।
सहज शुद्ध चिद्रूप, अनुभव करि आनन्द भयो॥
(पुष्पाञ्जलिं क्षिपामि)
स्रोत: अध्यात्म पूजाञ्जलि (डॉ. मुकेश तन्मय शास्त्री), पृष्ठ १५१ (अध्यात्म पूजाञ्जलि (डॉ. मुकेश तन्मय शास्त्री) | Adhyatma Pujanjali (Dr. Mukesh Tanmay Shastri))