श्री शांतिनाथ जिन पूजन (राजेश कासलीवाल) | Shri Shantinath Jin Pujan (Rajesh Kasliwal)

श्री शांतिनाथ जिन पूजन

रचयिता: राजेश कासलीवाल, उज्जैन

पूर्ण पाठ नीचे दिया है, मूल PDF (5 पृष्ठ) सबसे नीचे संलग्न।


॥श्री शांतिनाथ जिन पूजन॥
रचियता - राजेश कासलीवाल, उज्जैन

स्थापना

(छंद रोला)
सम्यक् रत्नत्रय धर भायी षोडश भावन।
सर्व हितंकर पाया पद तीर्थंकर पावन॥
धर्म देशना धर्म चक्र का किया प्रवर्तन।
हुआ अहो जयवंत जगत में श्री जिन शासन॥

(दोहा)
सर्व शांति दातार हो, प्रभुवर शांति जिनेश।
मेरे मनमंदिर बसो, शेष रहे ना क्लेश॥

ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्र! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याह्वाननम्।
ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्र! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्र! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम् परि पुष्पांजलि क्षिपेत।

(छंद विधाता)
स्वयं ही ज्ञानधारी पर, न निज को जान मैं पाया।
परमसुख का पिटारा रे, दुखी संसार भरमाया॥
प्रभु यह मोह अब क्षय हो, जनम ना हो मरण देवा।
अतः है नीर निर्मल से, शिरी शांति चरण सेवा॥

ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

कषायिक भाव की भट्टी, अरे संताप मय ज्वाला।
धधकता मैं प्रभु नित ही, जिसे तुमने बुझा डाला॥
अहो तुम शांत हिमद्रह हो, नही मैं एक कण देवा।
मलय से है अतः प्रभुवर, शिरी शांति चरण सेवा॥

ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।

क्षणिक परभाव जो प्रभुवर, उन्हीं से जोड़कर नाता।
मरण का ही प्रतिपल मैं, अरे अनुभव रहा पाता॥
तुम्ही अक्षय अविनाशी, तुम्हारी हूँ शरण देवा।
करूँ मैं अक्षतों से नित, शिरी शांति चरण सेवा॥
ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

निजातम ब्रह्म में रमते, विषय की वासना तजकर।
हुए निष्काम प्रभुवर तुम, अरे चैतन्य को भजकर॥
मैं पीड़ित हूँ पुहुपशर से, मदन का हो मरण देवा।
अतः मैं पुष्प से करता, शिरी शांति चरण सेवा॥
ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

अनुभव आत्म अमिरस से, परम हो तृप्त तुम प्रभुवर।
नहीं मैने तुम्हे जाना, न निज को भी अरे क्षणभर॥
क्षुधा लोकान्त से ज्यादा, न मिलता एक कण देवा।
अतः नैवेद्य से करता, शिरी शांति चरण सेवा॥
ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

प्रभु त्रैलोक्य दीपक हो, न जग में शेष है कोई।
तुम्हारे ज्ञान से बाहर, नहीं पर ज्ञान में कोई॥
अरे हूँ ज्ञानमय मैं पर, न देखा एक क्षण देवा।
अतः मैं दीप से करता, शिरी शांति चरण सेवा॥
ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

नहीं है पारिणामिक में, कोई दूषण न कर्कट रे।
उसी की ध्यान वन्हि में, विकारी सब धधक जरे॥
प्रभु अब आप जैसी ही, हो शुद्धि का वरण देवा।
अतः मैं धूप से करता, शिरी शांति चरण सेवा॥
ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

निजातम साधना का फल, है मुक्तिथल परम पाया।
जगत सब छोड़कर जिनवर, बने हो तुम जगतराया॥
सभी निष्फल यतन कर मैं, आया तुम शरण देवा।
करूँ मैं दिव्य फल से अब, शिरी शांति चरण सेवा॥
ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

निजातम का विभव प्रभुवर, परिणति में उतर आया।
तुम्हें जो जानता जिनवर, वही क्षय मोह कर पाया॥
मैं तुम सम नाथ कर पाऊं, अमोलक पद वरण देवा।
अतः मैं अर्घ्य से करता, शिरी शांति चरण सेवा॥
ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

पंचकल्याणक अर्घ्य
(धत्तानंद)
तीर्थंकर वंदें नित अभिनंदें, पद अरविंदे शीश धरें।
पांचों कल्याणक समकित दायक, मोद बधायक भक्ति करें॥
पुष्पांजलि क्षिपेत्।

(छंद अवतार)
भादव की कृष्णा सात, तज सर्वार्थ प्रभो।
आए उर एरा मात, सपनों बीच विभो॥
माता की करने सेव, सुरबाला आई।
बहु रतन राशि धनदेव, नभ से बरसाई॥
ॐ ह्रीं भादवकृष्णासप्तम्यां गर्भमंगलमण्डिताय श्रीशान्तिनाथ-जिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

चौदस वदि जेठ जुहार, जनमें जगतपति।
पांडुक पर कलसे ढ़ार, नाचे स्वर्ग पति॥
नृप विश्वसेन के द्वार, बजत बधाई धुन।
तिहुंलोक शांति की धार, पाए शुभ्र शगुन॥
ॐ ह्रीं ज्येष्ठकृष्णाचतुर्दश्यां जन्ममंगलमण्डिताय श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय अनध्यंपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

भवभोग असार विचार, मन वैराग्य लिए।
वदि जेठ चतुर्दशी सार, अंतरमग्न हिए॥
षटखंड छोड़ रतिराज, संयम पथ लहते।
तुम धन्य धन्य यतिराज, ब्रह्म ऋषि कहते॥
ॐ ह्रीं ज्येष्ठकृष्णाचतुर्दश्यां तपोमंगलमण्डिताय श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

तुम पूर्ण निजातम लीन, जगत सकल झलके।
सब कर्म घातिया क्षीण, ले गुण निज बल के॥
सित दशमी पौष महान, दिव्य समोसृत से।
ओंकार धुनि बन ज्ञान, रे अमृत बरसे॥
ॐ ह्रीं पौषशुक्लदशम्यां ज्ञानमंगलमण्डिताय श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

गुणथान चतुर्दश पार, चौदस ज्येष्ठ वदि।
तन करम योग निरवार, तर गए भव उधदि॥
है शांत कुंदप्रभ तूप, शिखर सम्मेद अचल।
समश्रेणी लोकान्त अनूप, शाश्वत मुक्ति थल॥
ॐ ह्रीं ज्येष्ठकृष्णाचतुर्दश्यां मोक्षमंगलमण्डिताय श्रीशान्तिनाथ जिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

(दोहा)
काम सकल निष्काम कर, चक्र कर्म कर चूर।
तीर्थ भविक को तार कर, सिद्ध हुए शिव सूर॥
(छंद त्रोटक)
जय शांति जिनेश गुनेश गरिष्ठ, अरिष्ट विकार विनाश वरिष्ठ।
जगत्त्रय वंदित नंदित देव, अखंडित मंडित मुक्ति स्वमेव॥
किये तुम कर्म गति अवरोध, लिया जब शुद्ध निजातम शोध।
वरा तब संवर सम्यक् भाव, विभाव विभाग धरा निजभाव॥

उपयोगी में उपयोग रहे, उपयोग नही क्रोधादि महे।
क्रोधादिक क्रोधादिक में ही, उपयोग मांहि क्रोधादि नही॥
आधार नही आधेय नही, नही ज्ञान प्रतिष्ठित ज्ञेय कहीं।
पर पर में निज में निज तिष्ठित, है भेदज्ञान विज्ञान प्रतिष्ठित॥

सोपान प्रथम शिवमग संवर, है पान प्रथम निजरस संवर।
निजभाव प्रथम परिणति सुखमय, परभाव प्रथम निकसत दुखमय॥
रजकर्म प्रथम आश्रव रुकता, श्रद्धान प्रथम निजथल झुकता।
शिवशर्म प्रथम आंशिक मिलता, निजधर्म प्रथम अंतर खिलता॥

शुद्धि में वृद्धि पल प्रतिपल, अविचल पद हित पुरुषार्थ प्रबल।
रथधर्म बढ़े पथशिवपुर पर, रज कर्म झरे झर झर निर्जर॥
अविपाक सकाम विराम विषाद, विकार विवर्जन नंद निनाद।
बढ़े गुणथान चले शिवथानक, पावकतप धर करम विनाशक॥

भरम प्रथम फिर करम नास, धर धरम सरम ले चरम वास।
रे विमल निकल बल अतल धार, रस-अरस दरस निज ज्ञान सार॥
सब भाव अनंता काल अनंता, हे भगवंता हे गुणवंता।
गुणथान चतुर्दश पार चतुर्दश, -शीश लोक पर रहो आपवश॥

(धत्तानंद)
तीर्थंकर प्रभुवर हितकर दुखहर, भवतर शिवकर सुहित विभो।
तुमको नित ध्यावें तुम गुण गावें, शिवसुख पावें शीघ्र प्रभो॥

ॐ ह्रीं श्रीशान्तिनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

(दोहा)
अतुल शांतिमय आतमा, शांत हुए परिणाम।
संवर निर्जर मार्ग से, पाया मोक्ष सुधाम॥

पुष्पांजलि क्षिपेत्।


:paperclip: मूल दस्तावेज़ (PDF):

स्रोत: Jain Granth E Library (Telegram), t.me/jainegranth/60332।