श्री सम्यग्ज्ञान पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Samyaggyan Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( गीतिका )
प्रभो सम्यग्ज्ञान की पूजन करूँ शुभभाव से।
त्वरित ही अज्ञान नाशूँ जुडूँ आत्मस्वभाव से॥
मोहजन्य कुबुद्धि क्षय कर दूँ प्रभो निज ज्ञान से।
पूर्ण केवलज्ञान पाऊँ आत्मा के ध्यान से॥
ज्ञान का आवरण नाशूँ दर्शनावरणी हरूँ।
मोह क्षयकर अन्तराय विनाश स्वचतुष्टय वरूँ॥
ॐ ह्रीं श्री अष्टविधसम्यग्ज्ञान अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री अष्टविधसम्यग्ज्ञान अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री अष्टविधसम्यग्ज्ञान अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( जोगीरासा )
तत्त्वज्ञान सागर जल लाऊँ त्रिविध रोग विनशाऊँ।
निज अभ्यंतर निर्मल करके शाश्वत निज निधि पाऊँ॥
सम्यग्ज्ञान स्वरूप प्रकटकर आत्मज्ञ हो जाऊँ।
केवलज्ञान महान प्राप्तकर भवसागर तर जाऊँ॥१॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्ज्ञानाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

तत्त्वज्ञान सागर तट जाकर शीतल चंदन लाऊँ।
भवज्वरमय संसारताप हर शीतलता उर पाऊँ॥
सम्यग्ज्ञान स्वरूप प्रकटकर आत्मज्ञ हो जाऊँ।
केवलज्ञान महान प्राप्तकर भवसागर तर जाऊँ॥२॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्ज्ञानाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

तत्त्वज्ञान भू अक्षत लाऊँ अक्षयपद प्रगटाऊँ।
भव समुद्र तर शिव तट पाऊँ परमसौख्य उर लाऊँ॥
सम्यग्ज्ञान स्वरूप प्रकटकर आत्मज्ञ हो जाऊँ।
केवलज्ञान महान प्राप्तकर भवसागर तर जाऊँ॥३॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्ज्ञानाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

तत्त्वज्ञान के पुष्प सजोऊँ कामबाण विनशाऊँ।
महाशील गुणलाख चौरासी निज अंतर में लाऊँ॥
सम्यग्ज्ञान स्वरूप प्रकटकर आत्मज्ञ हो जाऊँ।
केवलज्ञान महान प्राप्तकर भवसागर तर जाऊँ॥४॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्ज्ञानाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

तत्त्वज्ञान अनुभव रस निर्मित सुचरु चढ़ाऊँ स्वामी।
क्षुधारोग हर निराहार पद पाऊँ अन्तर्यामी॥
सम्यग्ज्ञान स्वरूप प्रकटकर आत्मज्ञ हो जाऊँ।
केवलज्ञान महान प्राप्तकर भवसागर तर जाऊँ॥५॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्ज्ञानाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

तत्त्वज्ञान की दीप ज्योति ला निज अंतर उजियाऊँ।
मोह दुष्ट मिथ्यात्व नष्टकर केवलज्ञान उपाऊँ॥
सम्यग्ज्ञान स्वरूप प्रकटकर आत्मज्ञ हो जाऊँ।
केवलज्ञान महान प्राप्तकर भवसागर तर जाऊँ॥६॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्ज्ञानाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

तत्त्वज्ञानयुत शुक्लध्यान की धूप ध्यानमय लाऊँ।
भव समुद्र तर शिव तट पाऊँ परमसौख्य उर लाऊँ॥
सम्यग्ज्ञान स्वरूप प्रकटकर आत्मज्ञ हो जाऊँ।
केवलज्ञान महान प्राप्तकर भवसागर तर जाऊँ॥७॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्ज्ञानाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

तत्त्वज्ञानतरू के फल लाऊँ शुद्ध मोक्षफल पाऊँ।
अजर अमर अविनाशी पद पा ध्रुवधामी हो जाऊँ॥
सम्यग्ज्ञान स्वरूप प्रकटकर आत्मज्ञ हो जाऊँ।
केवलज्ञान महान प्राप्तकर भवसागर तर जाऊँ॥८॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्ज्ञानाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

तत्त्वज्ञान के अर्घ्य संजोऊँ पद अनर्घ्य प्रगटाऊँ।
यह संसारभ्रमण विनशाऊँ कर्मबंध विघटाऊँ॥
सम्यग्ज्ञान स्वरूप प्रकटकर आत्मज्ञ हो जाऊँ।
केवलज्ञान महान प्राप्तकर भवसागर तर जाऊँ॥९॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

卐 श्री सम्यग्ज्ञान अर्घ्यावलि 卐

( जोगीरासा )
मतिश्रुत अवधि मनःपर्यय अरु केवलज्ञान दशाएँ।
मात्र ज्ञानगुण की होती हैं ये पाँचों पर्यायें॥
इनमें केवलज्ञान प्रकट करने का उद्यम करिए।
चार कषायें चार घातिया पुण्य-पाप सब हरिए॥
ॐ ह्रीं श्री मतिश्रुतावधिमनःपर्ययकेवलज्ञानसमन्वितसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

१. मतिज्ञान

( वीर )
इन्द्रियमन की सहायता से उत्पन्न होता मतिज्ञान।
समकित के बिन कुमति कहाता समकित युत है सुमति सुजान॥१॥
यही अवग्रह, ईहा और अवाय, धारणा चार प्रकार।
सबका ही मैं ज्ञान करूँ प्रभु हो जाऊँ निर्मल अविकार॥२॥
मतिज्ञान के तीन शतक छत्तीस भेद लूँ पूरे जान।
केवल निज शुद्धात्मा को ही जानूँ पाऊँ सम्यग्ज्ञान॥३॥
ॐ ह्रीं श्री मतिज्ञानसमन्वितसम्यग्ज्ञानाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

२. श्रुतज्ञान

मति से जानी हुई वस्तु का ज्ञान विशेष वही श्रुतज्ञान।
समकित के बिन कुश्रुत कहाता समकित युत है तो श्रुतज्ञान॥१॥
अंग बाह्य अरु अंग प्रविष्ट भेद दो धारी है श्रुतज्ञान।
इन दोनों का ज्ञान करूँ मैं संग करूँ द्रव्य श्रुतज्ञान॥२॥
प्रथम भावश्रुत ज्ञान करूँ प्राप्त करने सम्यक्श्रुतज्ञान।
बारह अंग पूर्व चौदह का ज्ञान करूँ प्रभु शुद्ध महान॥३॥
ॐ ह्रीं श्री श्रुतज्ञानसमन्वितसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

३. अवधिज्ञान

क्षेत्र काल मर्यादा को जो ग्रहण करे वह अवधिज्ञान।
समकित बिना कुअवधि कहाता समकित युत सुअवधि प्रधान॥१॥
भवप्रत्यय, गुणप्रत्यय, दोनों भेद इसी के लो पहचान।
देशावधि, परमावधि, सर्वावधि तीनों लो सम्यक्ज्ञान॥२॥
छह प्रकार अननुगामी, अनुगामी वर्धमान हीयमान।
तथा अवस्थित अनवस्थित छह पाऊँ स्वामी सम्यग्ज्ञान॥३॥
ॐ ह्रीं श्री अवधिज्ञानसमन्वितसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

४. मनःपर्ययज्ञान

जीवों के मनगत पदार्थ जो जाने वह मनःपर्ययज्ञान।
समकित के बिना असंभव है यह रूपी का ही करता ज्ञान॥१॥
सभी गणधरों को होता है अरु उनको जो सुऋषि महान।
ऋजुमति पहिला भेद दूसरा श्रेष्ठ विपुलमति उत्तम ज्ञान॥२॥
ॐ ह्रीं श्री मनःपर्ययज्ञानसमन्वितसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

५. केवलज्ञान

सकल विश्व को युगपत जाने वह होता है केवलज्ञान।
सर्व द्रव्य गुण पर्यायों को एक समय में होता जान॥१॥
लोकालोक जानने वाला यह क्षायिक ही होता ज्ञान।
इसके बिना नहीं होता है कोई प्राणी सिद्ध महान॥२॥
इसके होते ही होती है नव केवलब्धियाँ प्रधान।
पाँचों ज्ञानों में सर्वोत्तम बहुमहिमामय केवलज्ञान॥३॥
ॐ ह्रीं श्री केवलज्ञानसमन्वितसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

द्वादशांग

पहला आचारांग आचरण मुनियों का जिसमें वर्णन।
दूजा सूत्रकृतांग है जिसमें शुद्धज्ञान का पूर्ण कथन॥१॥
तीजा स्थानांग भूमि पर देख शोध के धरो चरण।
चौथा समवायांग क्षेत्र आदिक भावों का दिव्यकथन॥२॥
व्याख्याप्रज्ञप्ति अंग पाँचवा प्रश्नोत्तर विज्ञान सघन।
षष्ठम ज्ञातृधर्म कथांग सुधर्म कथाओं का वर्णन॥३॥
उपासकाध्यनांग सातवाँ श्रावक का आचरण चरण।
अन्त:कृतदशांग आठवाँ अन्त:कृतकेवली कथन॥४॥
नवमा अनुत्तरांग तीर्थ प्रति गये अनुत्तर जो मुनिवर।
दशमप्रश्न व्याकरण अंग में कथन व्याकरण प्रश्नोत्तर॥५॥
हैं विपाक सूत्रांग ग्यारहवाँ पुण्य-पाप फल का वर्णन।
दृष्टिवाद बारहवाँ मिथ्यातम नाशक सम्यग्दर्शन॥६॥
इन द्वादश अंगों के पद हैं इकशत द्वादश कोटि तथा।
लाख तिरासी सहस्र अठावन और पाँच सुन हरो व्यथा॥७॥
ॐ ह्रीं श्री द्वादशांगश्रुतज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

परिकर्मआदि सम्बन्धी अर्घ्य

( वीर )
दृष्टिवाद के भेद पाँच हैं पहला है परिकर्म महान।
दूजा सूत्र तृतीय अनुयोग चतुर्थम भेद पूर्वगत जान॥१॥
पंचम भेद चूलिका जानो धन्य-धन्य श्रुत-ज्ञान प्रधान।
चौदह भेद पूर्वगत के हैं और भेद भी अन्य महान॥२॥
दृष्टिवाद के पाँचों भेदों की संख्या भी लो सब जान।
एक अरब वसुकोटि साठ हैं लाख सहस्र सु बीस प्रमाण॥३॥
जिन आगम का स्वाध्याय कर भेदज्ञान प्रकटाऊँगा।
शुद्ध अतीन्द्रिय आनन्द रस पी, मिथ्या तिमिर नशाऊँगा॥४॥
ॐ ह्रीं श्री परिकर्मादिपंचभेदगर्भितश्रुतज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

चार अनुयोग

( मत्तसवैया )
प्रथमानुयोग का ज्ञान करूँ शुभ-अशुभभाव फल को जानूँ।
करणानुयोग का ज्ञान करूँ दुखदायी कर्मप्रकृति मानूँ॥१॥
चरणानुयोग से सदाचार सीखूँ चारित्र शक्ति पाऊँ।
द्रव्यानुयोग से स्वपर ज्ञान पाऊँ शुद्धात्मा निज ध्याऊँ॥२॥
चारों ही अनुयोग पढूँ इनकी कथनी सम्यक् मानूँ।
सर्वोत्तम जिनधर्म योग पा निज आत्मा को पहिचानूँ॥३॥
ॐ ह्रीं श्री प्रथमानुयोगकरणानुयोगचरणानुयोगद्रव्यानुयोगसमन्वितसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

अष्ट अंग अर्घ्यावलि

( वीर )
व्यंजन, अर्थ उभय, अरु काल उपधानाचार अरु विनयाचार।
तथा अनिन्हव सप्तम जानो अष्टम है बहुमानाचार॥१॥
पहला व्यंजन द्वितीय अर्थ है तृतीय उभय और चौथा है काल।
है उपधान पाँचवाँ, षष्ठम विनय, सातवाँ, अनिन्हव पाल॥२॥
है अष्टम बहुमान यही है अंग ज्ञान के श्रेष्ठ महान।
आत्मतत्त्व की दृढ प्रतीति पूर्वक होता है सम्यग्ज्ञान॥३॥
ॐ ह्रीं श्री अष्टांगयुतसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

१. व्यंजनाचार

मात्र शब्द का पाठ जानना प्रथम अंग व्यंजन आचार।
अष्ट अंगयुत सम्यग्ज्ञान बनाता जीवों को अविकार॥
ॐ ह्रीं श्री व्यंजनाचार अंगयुतसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

२. अर्थाचार

अर्थ मात्र संपूर्ण जानना द्वितीय अंग है अर्थाचार।
अष्ट अंगयुत सम्यग्ज्ञान बनाता जीवों का अविकार॥
ॐ ह्रीं श्री अर्थाचारअंगयुतसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

३. उभयाचार

शब्द अर्थ दोनों का सच्चा ज्ञान तीसरा उभयाचार।
अष्ट अंगयुत सम्यग्ज्ञान बनाता जीवों का अविकार॥
ॐ ह्रीं श्री उभयाचारअंगयुतसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

४. कालाचार

योग्य काल में शास्त्र पठन पाठन है चौथा कालाचार।
अष्ट अंगयुत सम्यग्ज्ञान बनाता जीवों का अविकार॥
ॐ ह्रीं श्री कालाचारअंगयुतसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

५. उपधानाचार

प्राप्त ज्ञान को नहीं भूलना यह पंचम उपधानाचार।
अष्ट अंगयुत सम्यग्ज्ञान बनाता जीवों का अविकार॥
ॐ ह्रीं श्री उपधानाचारअंगयुतसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

६. विनयाचार

विनयपूर्वक ज्ञानाराधन करना षष्ठम विनयाचार।
अष्ट अंगयुत सम्यग्ज्ञान बनाता जीवों का अविकार॥
ॐ ह्रीं श्री विनयाचारअंगयुतसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

७. अनिन्हवाचार

गुरु का नाम न कभी छिपाना यह सप्तम अनिन्हवाचार।
अष्ट अंगयुत सम्यग्ज्ञान बनाता जीवों का अविकार॥
ॐ ह्रीं श्री अर्थाचारअंगयुतसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

८. बहुमानाचार

बहु आदर से जिनश्रुत पढ़ना यह अष्टम बहुमानाचार।
अष्ट अंगयुत सम्यग्ज्ञान बनाता जीवों का अविकार॥
ॐ ह्रीं श्री बहुमानाचारअंगयुतसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महार्घ्य

( वीर )
जीवादिक तत्त्वों का ज्ञान यथार्थ प्रयोजनभूत प्रधान।
संशय विभ्रम विमोह विरहित स्वपर ज्ञान ही सम्यग्ज्ञान॥१॥
मतिश्रुत ज्ञान परोक्ष ज्ञान हैं होते कभी नहीं प्रत्यक्ष।
अवधि मनःपर्यय अरु केवलज्ञान सदा ही हैं प्रत्यक्ष॥२॥
नय प्रमाण निक्षेप आदि का ज्ञान शुद्ध आवश्यक है।
स्याद्वादयुत अनेकान्त का ज्ञान परम आवश्यक है॥३॥
मैं भी प्रभु स्वज्ञान के बल से प्रगटाऊँगा केवलज्ञान।
केवलज्ञान प्रकट कर हे प्रभु पाऊँगा निज पद निर्वाण॥४॥
निश्चय से तो शुद्ध आत्मा का ही ज्ञान परम बलवान।
सारभूत कैवल्यज्ञान का स्रोत यही है महिमावान॥५॥
पाँचों ज्ञानों में सर्वोत्तम बहुमहिमामय केवलज्ञान।
एक समय में युगपत लोकालोक जानता है यह ज्ञान॥६॥
ॐ ह्रीं श्री मतिश्रुतावधिमनःपर्ययकेवलज्ञानसमन्वितसम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

( मानव )
आगम से ज्ञान प्राप्तकर जो ज्ञानशील होते हैं।
वे धैर्यपूर्वक शिवतरु के शुद्ध बीज बोते हैं॥१॥
वे पहले भूमि शुद्धि हित मिथ्यात्व नष्ट करते हैं।
रागादि मोहभाव को तज द्रव्यदृष्टि करते हैं॥२॥
फिर भेद-ज्ञान के बल से बनते हैं स्वपर विवेकी।
सम्यग्दर्शन पाने पर होते न कभी अविवेकी॥३॥
उर सम्यग्ज्ञान प्राप्तकर चारित्र शुद्ध पाते हैं।
संयम के पावन रथ को दृढ़तापूर्वक लाते हैं॥४॥
आरूढ़ उसी पर होते ही शिवपथ पर चलते हैं।
मुनि अप्रमत्त बनते ही फल यथाख्यात फलते हैं॥५॥
करते हैं मोह क्षीण वे घातिया चार हर लेते।
सर्वज्ञ स्वपद प्रकटाकर अरहंत दशा वर लेते॥६॥
फिर योगों को भी तजते क्षयकर अघातिया तत्क्षण।
ध्रुव सिद्धस्वपद पाते निज हरते कर्मों के बंधन॥७॥
फिर सादि अनंत कालों तक वे निजानंद रस पीते।
जीवत्वशक्ति के बल से तो वे सदैव ही जीते॥८॥
अक्षय अनंत शिवसुख के वे ही स्वामी होते हैं।
पाँचों प्रत्यय सब क्षयकर अन्तर्यामी होते हैं॥९॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्ज्ञानाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )
सम्यग्ज्ञानरत्न की पूजा करके पाऊँ सम्यग्ज्ञान।
केवलज्ञानसूर्य पाऊँगा पाऊँगा निज पद निर्वाण॥
रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥
पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ५८ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 1 (सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 1 (Samyagdarshan, Samyaggyan, Samyakcharitra))