( ताटंक )
भेदज्ञान पूर्वक जब सम्यग्दर्शन उर में आता है।
भव-भव के पातक क्षय होते मिथ्याभ्रम नश जाता है॥
क्रूर मोह मिथ्यात्व नाश हित सम्यग्दर्शन पाऊँगा।
सम्यग्दर्शन की पूजन कर निजस्वभाव में आऊँगा॥
ॐ ह्रीं श्री धर्ममूल-अष्टांगसम्यग्दर्शन अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री धर्ममूल-अष्टांगसम्यग्दर्शन अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री धर्ममूल-अष्टांगसम्यग्दर्शन अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।
( राधिका )
निश्चय जल का ही प्रतिपल पान करूँ प्रभु।
मिथ्यात्व मोह की छाया नाश करूँ विभु॥
जन्मादि रोग त्रय नाश करूँ हे स्वामी।
सम्यग्दर्शन पाऊँ हे अन्तर्यामी॥१॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
निश्चय अक्षत गुण अंतरंग में लाऊँ।
कर प्राप्त स्वरूपाचरण स्वयं को ध्याऊँ॥
संसारतापज्वर नाश करूँ हे स्वामी।
सम्यग्दर्शन पाऊँ हे अन्तर्यामी॥२॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।
निश्चय अक्षत गुण अंतरंग में लाऊँ।
आनन्द अतीन्द्रिय की तरंग प्रभु पाऊँ॥
निज अखंड अक्षयपद पाऊँ हे स्वामी।
सम्यग्दर्शन पाऊँ हे अन्तर्यामी॥३॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।
निश्चय स्वपुष्प निज सुरभिमयी मैं लाऊँ।
गुणशील लाख चौरासी हे प्रभु पाऊँ॥
चिर कामबाण विध्वंस करूँ हे स्वामी।
सम्यग्दर्शन पाऊँ हे अन्तर्यामी॥४॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
निश्चय नैवेद्य स्वरस निर्मित प्रभु लाऊँ।
परिपूर्ण निराहारी पद हे प्रभु पाऊँ॥
चिर क्षुधाव्याधि का नाश करूँ हे स्वामी।
सम्यग्दर्शन पाऊँ हे अन्तर्यामी॥५॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
निश्चय स्वज्ञान की जगमग ज्योति जगाऊँ।
कैवल्यज्ञान की गरिमा मैं भी पाऊँ॥
मिथ्यात्व मोह अज्ञान मिटाऊँ स्वामी।
सम्यग्दर्शन पाऊँ हे अन्तर्यामी॥६॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
निश्चय स्वधर्म की धूप ध्यानमय लाऊँ।
पा धर्मध्यान फिर शुक्लध्यान ही ध्याऊँ॥
वसु मूलप्रकृति कर्मों की नाशूँ स्वामी।
सम्यग्दर्शन पाऊँ हे अन्तर्यामी॥७॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
निश्चय स्वभाव तरु के पवित्र फल लाऊँ।
ध्या अंतिम शुक्लध्यान मैं शिवपुर जाऊँ॥
फल पूर्ण मोक्ष सर्वोत्तम पाऊँ स्वामी।
सम्यग्दर्शन पाऊँ हे अन्तर्यामी॥८॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
निश्चय स्वरूप का अर्घ्य गुणमयी लाऊँ।
पाऊँ अनंत गुण परमामृत रस पाऊँ॥
परमोत्तम पद अनर्घ्य पाऊँ हे स्वामी।
सम्यग्दर्शन पाऊँ हे अन्तर्यामी॥९॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
卐 श्रीसम्यग्दर्शन अर्घ्यावलि 卐
१. दशभेद सहित सम्यग्दर्शन
( वीर )
निमित्तादि की अपेक्षा से सम्यग्दर्शन के दस भेद।
नहीं किसी की अपेक्षा है निश्चय से है सदा अभेद॥१॥
आर्ष, मार्ग, बीज, उपदेश, सूत्र, संक्षेप, अर्थ, विस्तार।
समकित है अवगाढ़ और परमावगाढ़ दस भेद विचार॥२॥
जैसे भी हो जिसप्रकार हो सम्यग्दर्शन लूँ उर धार।
यदि मरना भी पड़े मुझे तो मरकर भी पाऊँ अविकार॥३॥
ॐ ह्रीं श्री दशभेदसहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
२. अन्यायत्याग भूषित सम्यग्दर्शन
( रोला )
सम्यग्दृष्टि जीव सदाचारी होते हैं।
पर जीवों की पीड़ा हर प्रमुदित होते हैं॥
कभी नहीं अन्याय भाव आता है उर में।
शुद्धभावना भाते रहते अभ्यंतर में॥१॥
ॐ ह्रीं श्री अन्यायत्यागगुणभूषितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
३. अनीतित्याग भूषित सम्यग्दर्शन
वे अनीति से दूर सतत रहते निजपुर में।
नीति पूर्वक रहते हैं वे ग्राम नगर में॥
सदा जागृत शुद्धभावना भाते रहते।
न्याय नीति से वे लौकिकसुख पाते रहते॥२॥
ॐ ह्रीं श्री अनीतित्यागगुणभूषितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
४. अभक्ष्यत्याग भूषित सम्यग्दर्शन
वे अभक्ष्य का भक्षण कभी नहीं करते हैं।
भक्ष्यपदार्थों में भी वे विवेक रखते हैं॥
जागरूक हो आत्मभावना भाते रहते।
सपने में भी अभक्ष्यभक्षण नहीं वे करते॥३॥
ॐ ह्रीं श्री अभक्ष्यत्यागगुणभूषितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
५. निन्द्यव्यापारत्याग भूषित सम्यग्दर्शन
कभी निन्द्यव्यापार भूलकर भी ना करते।
निन्द्यकार्य करने से वे सदैव ही डरते॥
आठों याम शुद्धभावना भाते रहते।
अवसर मिलते ही स्वरूप में सुस्थिर रहते॥४॥
ॐ ह्रीं श्री निन्द्यव्यापारत्यागगुणभूषितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
६. अष्टगुण भूषित सम्यग्दर्शन
अनुकम्पा, आस्तिक्य, भक्ति उपशम, गुण उर में।
अपनी निन्दा, गर्हा, अरु निर्वेग हृदय में॥
आत्मधर्म अनुराग, हृदय में पूरा-पूरा।
वे वसुगुण धारणकर करते भवदुःख चूरा॥५॥
ॐ ह्रीं श्री अष्टगुणभूषितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
७. पाँच प्रकार मिथ्यात्व रहित सम्यग्दर्शन
प्रभु एकान्त विनय संशय विपरीत विनाशूँ।
क्षय अज्ञानभाव करके सम्यक्त्व प्रकाशूँ॥
सम्यग्दर्शन का बल ले शिवपथ पर आऊँ।
फिर अवगाढ़ तथा परमावगाढ़ भी पाऊँ॥६॥
ॐ ह्रीं श्री पंचप्रकारमिथ्यात्वरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
पच्चीस दोष रहित सम्यग्दर्शन
( दोहा )
सम्यग्दर्शन प्राप्ति हित, त्याग सर्व ही दोष।
इससे ही तुम तृप्त हो, पाओगे संतोष॥
卐 अष्टदोष रहित सम्यग्दर्शन 卐
१. शंकादोष रहित सम्यग्दर्शन
( जोगीरासा )
शंकादोष विहीन बनूँ मैं निर्मल समकित धारूँ।
तत्त्वाभ्यास करूँ नित स्वामी आत्मस्वरूप विचारूँ॥
अष्टदोष से विरहित होकर सम्यग्दर्शन पाऊँ।
सम्यक् श्रद्धापूर्वक स्वामी सर्वदोष विनशाऊँ॥१॥
ॐ ह्रीं श्री शंकादोषविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
२. कांक्षादोष रहित सम्यग्दर्शन
कांक्षादोष तजूँ हे स्वामी निर्मलता उर धर लूँ।
भवसुख की इच्छाएँ सारी हे प्रभु मैं सब हर लूँ॥
अष्टदोष से विरहित होकर सम्यग्दर्शन पाऊँ।
सम्यक् श्रद्धापूर्वक स्वामी सर्वदोष विनशाऊँ॥२॥
ॐ ह्रीं श्री कांक्षादोषविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
३. विचिकित्सादोष रहित सम्यग्दर्शन
विचिकित्सा का दोष त्याग दूँ समकित हृदय सजाऊँ।
ऋषि मुनियों की वैयावृत्ति में अपना ध्यान लगाऊँ॥
अष्टदोष से विरहित होकर सम्यग्दर्शन पाऊँ।
सम्यक् श्रद्धापूर्वक स्वामी सर्वदोष विनशाऊँ॥३॥
ॐ ह्रीं श्री विचिकित्सादोषविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
४. अनुपगूहनदोष रहित सम्यग्दर्शन
अनुपगूहनदोष त्यागकर गुण सबके प्रगटाऊँ।
ऋषि मुनि श्रावक सबके दोषों को न कभी प्रगटाऊँ॥
अष्टदोष से विरहित होकर सम्यग्दर्शन पाऊँ।
सम्यक् श्रद्धापूर्वक स्वामी सर्वदोष विनशाऊँ॥४॥
ॐ ह्रीं श्री अनुपगूहनदोषविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
५. मूढ़दृष्टिदोष रहित सम्यग्दर्शन
मूढ़दृष्टियुत दोष विनाशूँ सकल मूढ़ता नाशूँ।
निज शुद्धात्मतत्त्व की महिमा पाऊँ ज्ञान प्रकाशूँ॥
अष्टदोष से विरहित होकर सम्यग्दर्शन पाऊँ।
सम्यक् श्रद्धापूर्वक स्वामी सर्वदोष विनशाऊँ॥५॥
ॐ ह्रीं श्री मूढ़दृष्टिदोषविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
६. अस्थितिकरणदोष रहित सम्यग्दर्शन
जिनपथ से जो डिगते हों मैं उनको सुथिर बनाऊँ।
धर्मीजन की सेवा करके अपना धर्म निभाऊँ॥
अष्टदोष से विरहित होकर सम्यग्दर्शन पाऊँ।
सम्यक् श्रद्धापूर्वक स्वामी सर्वदोष विनशाऊँ॥६॥
ॐ ह्रीं श्री अस्थितिकरणदोषविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
७. अवात्सल्यदोष रहित सम्यग्दर्शन
साधर्मी वात्सल्य न भूलूँ प्रीति करूँ मैं मन से।
मुनि अरु श्रावक संघ की सेवा करूँ मैं तन-धन-मन से॥
अष्टदोष से विरहित होकर सम्यग्दर्शन पाऊँ।
सम्यक् श्रद्धापूर्वक स्वामी सर्वदोष विनशाऊँ॥७॥
ॐ ह्रीं श्री अवात्सल्यदोषविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
८. अप्रभावनादोष रहित सम्यग्दर्शन
श्री जिनधर्म प्रभाव करूँ मैं शुद्ध आचरण द्वारा।
जिनश्रुत ज्ञानदान आदि से दूर करूँ अँधियारा॥
अष्टदोष से विरहित होकर सम्यग्दर्शन पाऊँ।
सम्यक् श्रद्धापूर्वक स्वामी सर्वदोष विनशाऊँ॥८॥
ॐ ह्रीं श्री अप्रभावनादोषदोषविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
अष्टदोष सम्यग्दर्शन के घोर भयंकर दुःखमय।
एक दोष भी हो तो फिर सम्यक्त्व न होता निश्चय॥
अष्टदोष से विरहित होकर सम्यग्दर्शन पाऊँ।
सम्यक् श्रद्धापूर्वक स्वामी सर्वदोष विनशाऊँ॥
ॐ ह्रीं श्री अष्टदोषविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
अष्टमद रहित सम्यग्दर्शन
१. ज्ञानमदरहित सम्यग्दर्शन
( ताटंक )
जिसे ज्ञानमद होता उसको सम्यग्ज्ञान नहीं होता।
सम्यग्दर्शन का घातक बन पापबीज ही वह बोता॥
सम्यग्दर्शन पाना है तो करो ज्ञानमद चकनाचूर।
सम्यक् श्रद्धा उर प्रगटेगी फिर होगा समकित भरपूर॥१॥
ॐ ह्रीं श्री ज्ञानमदरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
२. पूजामदरहित सम्यग्दर्शन
पूजामद से जो दूषित वे मात्र प्रतिष्ठा के भूखे।
सम्यग्दर्शन घात कर रहे निजस्वरूप के प्रति रूखे॥
सम्यग्दर्शन पाना है तो पूजामद कर दो चकचूर।
दृढ़ श्रद्धा निजअंतर होगी समकित होगा उर भरपूर॥२॥
ॐ ह्रीं श्री पूजामदरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
३. कुलमदरहित सम्यग्दर्शन
जो कुलमद में अंध हो रहे नहीं जानते कुल के भेद।
कोटि-कोटि कुल नीच-ऊँच में रहकर पाया भवदुःख खेद॥
सम्यक् श्रद्धा पाना है तो कुलमद त्यागो भली प्रकार।
दृढ़ श्रद्धान हृदय में धारो तो हो जाओगे भवपार॥३॥
ॐ ह्रीं श्री कुलमदरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
४. जातिमदरहित सम्यग्दर्शन
जो हैं मूढ़ जातिमद में वे करते हैं अनगिनती पाप।
सिद्ध जाति के चिदानंद निज का न कभी कर पाते जाप॥
निश्चय निजश्रद्धा पाने को करो जातिमद का अवसान।
दृढ़ श्रद्धान हृदय में होगा पाओगे निजसौख्य महान॥४॥
ॐ ह्रीं श्री जातिमदरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
५. बलमदरहित सम्यग्दर्शन
बलमद में जो भी मूर्छित हैं अन्तरंग बल क्या जानें।
सम्यग्दर्शन का घातक बलमद है कैसे पहिचानें॥
निश्चय श्रद्धा पाना है तो बलमद कर दो चकनाचूर।
दृढ़ श्रद्धान हृदय में होगा पाओगे निजसुख भरपूर॥५॥
ॐ ह्रीं श्री बलमदरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
६. ऋद्धिमदरहित सम्यग्दर्शन
जो जन ऋद्धि प्राप्त कर लेते वे न कभी मद करते हैं।
जो करते मद ऋद्धि प्राप्ति का वे भवदुःख घट भरते हैं॥
निश्चय श्रद्धा पाना है तो रहो ऋद्धिमद से बहु दूर।
दृढ़ श्रद्धान निजअंतर होगा सम्यक्सुख होगा भरपूर॥६॥
ॐ ह्रीं श्री ऋद्धिमदरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
७. तपमदरहित सम्यग्दर्शन
तपमद के अभिमानी बनने वाले भवदुःख पाते हैं।
तपफल मोक्षसौख्य तज करके सदा अधोगति जाते हैं॥
निश्चय श्रद्धा पाना है तो तपमद का कर दो अवसान।
दृढ़ श्रद्धान सुसम्यक् होगा पाओगे निजपद निर्वाण॥७॥
ॐ ह्रीं श्री तपमदविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
८. रूपमदरहित सम्यग्दर्शन
कामदेव सम अगर रूप है तो भी मान न कर चेतन।
अगर रूपमद उर में होगा तो फिर होगा पूर्ण पतन॥
निश्चय श्रद्धा पाना है तो करो रूपमद पूर्ण विनाश।
दृढ़ श्रद्धा अन्तर में धारो पाओ सम्यग्ज्ञान प्रकाश॥८॥
ॐ ह्रीं श्री रूपमदविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
( दोहा )
आठों मद का नाश कर, करो स्वयं का ध्यान।
सम्यग्दर्शन शुद्ध पा, करो आत्मकल्याण॥
पूर्ण अर्घ्य अर्पण करूँ, करूँ अष्टमद नाश।
सम्यग्दर्शन प्रकट कर, पाऊँ आत्मप्रकाश॥
ॐ ह्रीं श्री अष्टमदरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
षट् अनायतन रहित सम्यग्दर्शन
१. कुदेव-अनायतन रहित सम्यग्दर्शन
( ताटंक )
सर्व कुदेवों से बचकर प्रभु सच्चे देव सदा ध्याऊँ।
वीतराग-सर्वज्ञ-हितंकर श्री अरहंत शरण पाऊँ॥
महादोष सम्यग्दर्शन का है अनायतन दुःखदायी।
सदा सुदेव चरण ही पूजूँ जो हैं शाश्वत सुखदायी॥१॥
ॐ ह्रीं श्री कुदेवअनायतनविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
२. कुगुरु-अनायतन रहित सम्यग्दर्शन
सतत् कुगुरुओं की सेवा कर मैंने प्रभु भवदुःख पाया।
नहीं सुगुरुओं के चरणों में जाकर तत्त्वज्ञान भाया॥
महादोष सम्यग्दर्शन का है अनायतन दुःखदायी।
सच्चे वीतराग गुरु की ही सेवा उत्तम सुखदायी॥२॥
ॐ ह्रीं श्री कुगुरुअनायतनविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
३. कुधर्म-अनायतन रहित सम्यग्दर्शन
जो कुधर्म का सेवन करते वे ही पाते कष्ट अपार।
वीतराग जिनधर्म छोड़कर करते नित खोटा व्यवहार॥
महादोष सम्यग्दर्शन का भव अनंत हों दुःखदायी।
सम्यग्धर्म हृदय में धारण करना ही बहु सुखदायी॥३॥
ॐ ह्रीं श्री कुधर्माअनायतनविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
४. कुदेव-उपासक-अनायतन रहित सम्यग्दर्शन
जो कुदेव के सदा उपासक और प्रशंसक होते हैं।
वे ही भवदुःख वृक्षबीज अपने अंतर में बोते हैं॥
महादोष सम्यग्दर्शन का है भवसागर दुःखदायी।
जो सुदेव के सतत उपासक पाते निजपद सुखदायी॥४॥
ॐ ह्रीं श्री कुदेवउपासकअनायतनविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
५. कुगुरु-उपासक-अनायतन रहित सम्यग्दर्शन
कुगुरु उपासक तथा प्रशंसक नरकों में ही जाते हैं।
हो मिथ्यात्व मोह से दूषित दुर्गति के दिन पाते हैं॥
महादोष सम्यग्दर्शन का है भवसागर दुःखदायी।
सुगुरु उपासक सच्चे श्रावक पाते निजपद सुखदायी॥५॥
ॐ ह्रीं श्री कुगुरुपासकअनायतनविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
६. कुधर्म-उपासक-अनायतन रहित सम्यग्दर्शन
जो कुधर्म के सतत प्रशंसक तथा उपासक प्राणी हैं।
सच्चे आत्मधर्म को भूले महामूढ़ अज्ञानी हैं॥
महादोष सम्यग्दर्शन का भवसमुद्रवर्धक दुःखमय।
जो सुधर्म का सेवन करते पाते शाश्वतपद सुखमय॥६॥
ॐ ह्रीं श्री कुधर्मउपासकअनायतनविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
( कुण्डलिया )
षट् अनायतन दोष तज, पाऊँ समकित पूर्ण।
जिन-आगम की छाँव में, श्रद्धा हो आपूर्ण॥
श्रद्धा हो आपूर्ण अर्घ्य अर्पित करता हूँ।
अब प्रभु ऐसे दोष न हों निश्चय करता हूँ॥
सम्यग्दर्शन शुद्ध प्राप्ति का करूँ मैं यतन।
निज आयतन पाकर तज दूँ मैं षट् अनायतन॥
ॐ ह्रीं श्री षड्अनायतनदोषविहीनसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
तीन मूढ़ता रहित सम्यग्दर्शन
( ताटंक )
देवमूढ़ता गुरुमूढ़ता लोकमूढ़ता सब त्यागूँ।
ये तीनों मूढ़ता समझकर इनसे सदा दूर भागूँ॥
वीतरागता के स्वरूप को जानूँ दूर करूँ अज्ञान।
रहूँ अमूढ़दृष्टि हे स्वामी सुदृढ़ करूँ निज का श्रद्धान॥
१. देवमूढ़ता रहित सम्यग्दर्शन
( वीर छंद )
रागी-द्वेषी देवों की पूजन यह देवमूढ़ता जान।
रोगमुक्ति या पुत्रप्राप्ति या धनवांछा हित का अज्ञान॥
अष्टादश दोषों से विरहित ही होते हैं सच्चे देव।
वीतराग देवों की पूजन सच्चा सुख देती स्वयमेव॥१॥
ॐ ह्रीं श्री देवमूढ़तारहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
२. गुरुमूढ़ता रहित सम्यग्दर्शन
( ताटंक )
जो सग्रन्थ आरम्भ परिग्रह युत हैं पाखंडी हिंसक।
इनकी सेवा विनय वन्दना गुरुमूढ़ता भववर्धक॥
सुगुरु स्वरूप समझकर उनको ही मैं करूँ सदैव नमन।
क्रोधी मानी यशलोभी गुरुओं से सदा बचूँ भगवन॥२॥
ॐ ह्रीं श्री गुरुमूढ़तारहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
३. लोकमूढ़ता रहित सम्यग्दर्शन
( वीरछंद )
लोकमूढ़ता देखादेखी चलूँ न मूढ़ों के अनुसार।
भलीभाँति से करूँ परीक्षा लोकमूढ़ता कर परिहार॥१॥
चाहे जैसी तनुमुद्रा हो उसके आगे झुकूँ नहीं।
वीतरागमुद्रा ही पूजूँ लोकमूढ़ मैं बनूँ नहीं॥२॥
अबतक बाँट तराजू पूजे पूजी मैंने कलम-दवात।
खाते बही तिजोरी पूजी लक्ष्मी पूजी सारी रात॥३॥
नदीनहवन में धर्म मानकर सागर भी पूजे बहुबार।
व्यंतर पूजे नवग्रह पूजे पूजे प्रभु खोटे त्यौहार॥४॥
धन पूजाहित दीप जलाए देहली द्वार भूमि पूजी।
आड़े-टेढ़े पत्थर पूजे वटतरु सभी दिशा पूजी॥५॥
सभी दिशाएँ समान होती सभी वार हैं एक समान।
इनमें अच्छे-बुरे भेद से प्रगटित होता है अज्ञान॥६॥
बिल्ली ने रास्ता काटा तो दुःख से डरकर घर आया।
छींक हुई तो महामूढ़ता से वापस घर में आया॥७॥
आदि-आदि देखादेखी लोकमूढ़ता करता हूँ।
सच्चा मार्ग छोड़कर उन्मार्गों पर ही पग धरता हूँ॥८॥
अब प्रभु लोकमूढ़ता तज दूँ बनूँ अमूढ़दृष्टि निर्दोष।
सम्यग्दर्शन सुदृढ़ करूँ प्रभु पाऊँ शाश्वत सुख-संतोष॥९॥
ॐ ह्रीं श्री लोकमूढ़तारहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
( वीर )
बिना मूढ़ता नष्ट किए सम्यक्त्व नहीं होता है शुद्ध।
देवमूढ़ता गुरुमूढ़ता लोकमूढ़ता घोर अशुद्ध॥
ये तीनों मूढ़ता त्यागकर बनूँ अमूढ़दृष्टि उत्तम।
भलीभाँति से करूँ परीक्षा लोकमूढ़ता नहीं उत्तम॥१॥
ॐ ह्रीं श्री देवगुरुलोकमूढ़तारहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
( दोहा )
सम्यग्दर्शन के प्रभो, दोष त्याग पच्चीस।
पूर्ण अर्घ्य अर्पण करूँ, जय-जय हे जगदीश॥
ॐ ह्रीं श्री पंचविंशतिदोषविरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
महाअर्घ्य
( ताटंक )
सम्यग्दर्शन की महिमा है वचन-अगोचर अपरम्पार।
औपशमिक, क्षायोपशमिक, क्षायिक यह होता तीन प्रकार॥१॥
सात प्रकृति कर्मों की उपशम हों तब उपशम होता है।
छह का उदयभावी क्षय इक उदय क्षयोपशम होता है॥२॥
इन्हीं सात का क्षय होता जब तब यह क्षायिक होता है।
सम्यग्दर्शन सदा निसर्गज या कि अधिगमज होता है॥३॥
आत्मीय निश्चय होता है व्यवहार पराश्रित होता है।
जो कुछ भी होता है वह केवल निजबल से होता है॥४॥
( दोहा )
महाअर्घ्य अर्पण करूँ, हो समकित की प्राप्ति।
निज अनुभवरस शुद्ध की, हो अंतर में व्याप्ति॥
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महाअर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
( मानव )
समकितयुत अल्प तपस्या भी उत्तम फल देती है।
समकितबिन गहन तपस्या तो भवदुःख फल देती है॥१॥
ज्यों जलबिन खेती करना तो पूर्ण व्यर्थ होता है।
समकितबिन पुण्यक्रिया का भी नहीं अर्थ होता है॥२॥
समकितयुत पुण्यभाव से ही अर्थकाम मिलता है।
होता है आत्मबोध भी चारित्रकमल खिलता है॥३॥
अबतक जो सिद्ध हुए हैं वे सब समकित के बल से।
जो भी भविष्य में होंगे वे भी समकित के बल से॥४॥
समकित से ही होती है उपलब्धि शाश्वत सुख की।
सामर्थ्य न हो समकित की तो चहुँगति मिलती दुःख की॥५॥
तत्त्वों की श्रद्धा को ही व्यवहार सुसमकित कहते।
निज आत्मतत्त्व श्रद्धा को निश्चय समकित गुण कहते॥६॥
होती है मुक्तिसंपदा विकसित समकित के द्वारा।
है समयसाररसपूरित सम्यग्दर्शन की धारा॥७॥
अष्टांग शुद्धसमकित ही उर में विशुद्धता लाता।
संसारजन्य दुःखरूपी ज्वाला को यही बुझाता॥८॥
सम्यग्दर्शन की धारा ही जन्म-मरण दुःख हरती।
स्वात्मोपलब्धि पाता जिय उर में अनंत सुख भरती॥९॥
सम्यक् स्वदृष्टि होती है तो पतन नहीं होता है।
मोहादि विकारीभावों का पूर्ण शमन होता है॥१०॥
है मूलज्ञानलक्ष्मी का निर्दोष चरित्र सुदाता।
जो समकित पा लेता है वह रत्नत्रयनिधि पाता॥११॥
जब काललब्धि आती है स्वयमेव निकट आता है।
पापों से रहित बनाता संवेग हृदय भाता है॥१२॥
पुरुषार्थसाध्य निजश्रद्धा ही समकित उर लाती है।
निजपरिणति रमणीया ही चेतनमन को भाती है॥१३॥
जय हो सम्यग्दर्शन की जय हो निज आनंदघन की।
जय महाशील गुणधारी मुनियों के पावन घन की॥१४॥
( वीर )
सम्यग्दर्शन की पूजन का फल पाऊँ सम्यग्दर्शन।
स्वपरविवेक ज्ञान उर लेकर पाऊँ दृढ़ चारित्रसदन॥
रत्नत्रयमंडल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥
पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्।
卐
स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ९ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 1 (सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 1 (Samyagdarshan, Samyaggyan, Samyakcharitra))