श्री समयसार पूजन (पण्डित अभयकुमार जैन) | Shri Samaysaar Pujan (Pandit Abhaykumar Jain)

स्थापना

(दोहा)
कुन्दकुन्द मुनि ने रचा, समयसार यह ग्रन्थ।
स्वानुभूति रस से भरा, निर्ग्रन्थों का पन्थ॥
स्व-संवेदन ज्ञान में, आय बसो जिनराज।
स्थापन-सन्निधिकरण, सिद्ध करे मम काज॥

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागम! अत्र अवतर अवतर संवौषट्। (इति आह्वाननम्।)

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागम! अत्र तिष्ठ ठः ठः। (इति स्थापनम्।)

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागम! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्। (इति सन्निधिकरणम्।)

(जोगीरासा : तर्ज - आतम को हित है सुख सो सुख…)
तन-चेतन के भेदज्ञान का सम्यक् नीर भराऊँ।
प्रभो! भक्ति के भाजन में भर जन्म-मरण विनशाऊँ॥
नव तत्त्वों में छिपी हुई चैतन्य-ज्योति दिखलाता।
कुन्दकुन्द आचार्य कथित यह समयसार सुखदाता॥

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागमाय जन्मजरामृत्यु-विनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

कर्तृ-कर्म की मिथ्या श्रद्धा भवाताप दुखदाई।
परम अकर्ता ज्ञायक-लक्ष्यी शीतल गन्ध सुहाई॥
नव तत्त्वों में छिपी हुई चैतन्य-ज्योति दिखलाता।
कुन्दकुन्द आचार्य कथित यह समयसार सुखदाता॥

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागमाय संसारताप-विनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।

पुण्य-पाप क्षत-विक्षत परिणति का एकत्व नशाऊँ।
प्रभो! अखंडित निज ज्ञायक लख, शाश्वत सुख प्रकटाऊँ॥
नव तत्त्वों में छिपी हुई चैतन्य-ज्योति दिखलाता।
कुन्दकुन्द आचार्य कथित यह समयसार सुखदाता॥

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागमाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

द्रव्य-भाव आस्रव की दुखमय परम्परा विनशाऊँ।
प्रभु! निष्काम-भक्ति-सुमनों से काम-कलंक नशाऊँ।
नव तत्त्वों में छिपी हुई चैतन्य-ज्योति दिखलाता।
कुन्दकुन्द आचार्य कथित यह समयसार सुखदाता॥

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागमाय कामबाण-विध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

प्रभो! स्वच्छ उपयोग निरखकर ज्ञेय-लुब्धता त्यागूँ।
सहज अतीन्द्रिय चिदानन्द रस पीकर क्षुधा विनाशूँ॥
नव तत्त्वों में छिपी हुई चैतन्य-ज्योति दिखलाता।
कुन्दकुन्द आचार्य कथित यह समयसार सुखदाता॥

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागमाय क्षुधारोग-विनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

भेदज्ञान की ज्योति निरन्तर चिर-अज्ञान विनाशे।
ज्ञान और वैराग्य शक्ति निज ज्ञायक भाव प्रकाशे॥
नव तत्त्वों में छिपी हुई चैतन्य-ज्योति दिखलाता।
कुन्दकुन्द आचार्य कथित यह समयसार सुखदाता॥

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागमाय मोहान्धकार-विनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

पर को सुखी-दुखी मैं करता मारूँ और जिलाऊँ -
यह विरुद्ध अभिप्राय तजूँ मैं कर्म-बन्ध विनशाऊँ॥
नव तत्त्वों में छिपी हुई चैतन्य-ज्योति दिखलाता।
कुन्दकुन्द आचार्य कथित यह समयसार सुखदाता॥

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागमाय अष्टकर्मदहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

ज्ञान-राग में सन्धि निरखकर प्रज्ञाछैनी द्वारा।
बन्ध छेद कर शिवफल पाऊँ भोगूँ सौख्य अपारा॥
नव तत्त्वों में छिपी हुई चैतन्य-ज्योति दिखलाता।
कुन्दकुन्द आचार्य कथित यह समयसार सुखदाता॥

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागमाय मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

सर्व विशुद्ध अकर्ता ज्ञायक का वैभव प्रकटाऊँ।
पद अनर्घ्य अविनाशी पाने को यह अर्घ्य चढाऊँ॥
नव तत्त्वों में छिपी हुई चैतन्य-ज्योति दिखलाता।
कुन्दकुन्द आचार्य कथित यह समयसार सुखदाता॥

ॐ ह्रीं श्री एकत्व-विभक्त-स्वरूप-प्रकाशक-समयसारपरमागमाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

अर्घ्यावली

(दोहा)
नव तत्त्वों के स्वांग में, छिपा समय का सार।
वर्णन करते हैं गुरु, लिखते दस अधिकार॥
श्री गुरु चरण-प्रसाद से, लिखूँ ग्रन्थ का सार।
कहूँ सभी अधिकार का, अर्घ्यावलि में सार॥
नव तत्त्वों के सुमन में, महके चेतन गन्ध।
अर्पित हैं श्रद्धा-सुमन, नमों नमों निर्ग्रन्थ॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

पूर्वरंग समन्वित समयसार के लिए अर्घ्य

(दोहा)
पूर्वरंग में भर रहे, कुन्दकुन्द आचार्य।
यह अपूर्व-रंग ही अहो, समयसार का सार॥

(वीरछंद : तर्ज - आशा की प्यास बुझाने को…)
स्वानुभूति से सदा प्रकाशित सत् स्वरूप है जो चेतन।
जग के सब पदार्थ का ज्ञाता समयसार को है वन्दन॥
धर्म अनन्तमयी वस्तु जो रहे सर्वदा पर से भिन्न।
सदा प्रकाशित अनेकान्तमय मूर्ति करे नित अवलोकन॥1॥
जो अप्रमत्त-प्रमत्त नहीं वह ज्ञायक मेरा निश्चय रूप।
दर्श ज्ञान चारित्र भेद से रहित सदा मैं चेतन रूप॥
अभूतार्थ व्यवहार बताया कहा शुद्धनय को भूतार्थ।
सम्यग्दर्शन का है आश्रयभूत मात्र जानो परमार्थ॥2॥
कहे शुद्धनय शुद्धात्म को बद्ध-स्पृष्ट-विभाव विहीन।
ज्ञानमात्र सामान्य मुख्य हो तो होवे अनुभूति प्रवीण॥
जैसे जग में धन का अर्थी सेवक हो धनवानों का।
हे मोक्षार्थी! सेवक बनना मात्र एक शुद्धात्म का॥3॥
कर्म और नोकर्म द्रव्य को अपना माने अज्ञानी।
इनसे भिन्न चिदात्म लखे जो जीव वही होता ज्ञानी॥
तन-चेतन हैं कथनमात्र ही एक, भिन्न जानो परमार्थ।
अर्घ्य समर्पित जिन-चरणों में पद अनर्घ्य पाऊँ सत्यार्थ॥4॥

ॐ ह्रीं श्री पूर्वरंगसमन्वित-समयसारपरमागमाय नमः अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

(सोरठा)
स्वानुभूति सर्वांग, एक शुद्ध चैतन्य की।
भक्ति-सुमन का रंग, पूर्वरंग अधिकार में॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

जीवाजीवाधिकार समन्वित समयसार के लिए अर्घ्य

(दोहा)
चेतन लक्षण जीव को, जड़ अजीव को जान।
श्री गुरु-चरण प्रताप से, करें भेद-विज्ञान॥

(हरिगीतिका : तर्ज - सन्तप्त मानस शान्त हों…)
पर को कहे जो आत्मा वे मूढ़ निज नहिं जानते।
कर्म या नोकर्म अथवा राग, को निज मानते॥
वर्णादि अरु रागादि अध्यवसान को पुद्गल कहा।
क्योंकि पुद्गल द्रव्य से निष्पन्न - जिनवर ने कहा॥1॥
यदि भाव-अध्यवसान को जिन कदाचित् चेतन कहें।
यह कथन है व्यवहार का ही पक्ष वे प्रस्तुत करें॥
ज्यों नृपति सैन्यसमूह संग जब चले तो जन यह कहें।
ये जा रहे राजा परन्तु नृपति उनमें एक है॥2॥
आत्मा चैतन्यमय रस रूप गंध विहीन है।
अस्पर्श और अव्यक्त जानो अलिंगग्रहण स्वरूप है॥
किन्तु नय-व्यवहार से वर्णादि कहते जीव के।
परमार्थ से ये सभी पुद्गल, हो सकें नहिं जीव के॥3॥
यदि जीव हो वर्णादिमय, तो पृथक् जड़ से नहिं रहे।
हों एक लक्षण जीव जड़ तो सिद्ध भी पुद्गल बने॥
गुणथान को भी मोहकर्म उदयजनित जिनवर कहें।
अर्घ्य अर्पित जिन-चरण में भव्य शिव-सुख को लहें॥4॥

ॐ ह्रीं श्री जीवाजीवाधिकारसमन्वित-समयसारपरमागमाय नमः अर्घ्यं नि. स्वाहा।

(सोरठा)
अहो! ग्रन्थ का सार, जड़-चेतन की भिन्नता।
अर्पित है सुखकार, भेदज्ञान श्रद्धा-सुमन॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

कर्ता-कर्माधिकार समन्वित समयसार के लिए अर्घ्य

(दोहा)
पर में कर्ता-कर्म की, वृत्ति नशाऊँ नाथ।
परम अकर्ता भाव का, स्वानुभूति में वास॥

(मरहठा माधवी : तर्ज - आओ बच्चों तुम्हें सुनायें…)
क्रोधादिक में अहंबुद्धि से होय कर्म का बन्ध है।
इनसे भिन्न निजातम जाने तो फिर जीव अबन्ध है॥
अशुचि अचेतन आस्रव हैं मैं चेतन निर्मम शुद्ध हूँ।
ये दुखमय दुखरूप जानकर मैं इनसे निवृत्त हूँ॥1॥
कर्म और नोकर्म दशा को करूँ नहीं बस जानता।
पर की पर्यायों को नहिं उपजूँ ग्रहता अरु परिणमता॥
जीव-कर्म के परिणामों में कर्ता-कर्म अभाव है।
मात्र परस्पर निमित्त और नैमित्तिक का उपचार है॥2॥
मोहमयी निज परिणामों का कर्ता हो अज्ञान से।
शुद्ध निरंजन चिन्मय भावों का कर्ता सद्ज्ञान से॥
किन्तु कदापि न पर का कर्ता ज्ञान तथा अज्ञान से।
त्रिविध रूप उपयोग विकारों का कर्ता अज्ञान से॥3॥
जीव, कर्म से बँधा मुक्त है - ये दोनों नय पक्ष हैं।
दोनों नय को मात्र जानते ज्ञानी तो निष्पक्ष हैं॥
जो नय-पक्षों से अतीत है वही समय का सार है।
अर्घ्य समर्पित जिन-चरणों में होऊँ भव से पार है॥4॥

ॐ ह्रीं श्री कर्ताकर्माधिकारसमन्वित-समयसारपरमागमाय नमः अर्घ्यं..।

(सोरठा)
नष्ट करूँ दुर्गन्ध, कर्ता-कर्म विभाव की।
भक्ति-सुमन में रंग, परम अकर्ता भाव का॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

पुण्य-पापाधिकार समन्वित समयसार के लिए अर्घ्य

(दोहा)
जीव तत्त्व से भिन्न हैं, पुण्य-पाप परिणाम।
दोनों कारण बन्ध के, जाने सम्यक् ज्ञान॥

(जोगीरासा)
पुण्य-पाप दोनों बन्धन के कारण जिनवर कहते।
एक स्वर्ण तो एक लौह की बेड़ी ज्ञानी लखते॥
ज्यों कुशील जन की संगति को शीलवान जन तजते।
त्यों ज्ञानी कुत्सित कर्मों को त्याग निजातम भजते॥1॥
ज्यों शूद्रा के युगल पुत्र में इक ब्राह्मण घर पलता।
निज को ब्राह्मण जान दूर से मदिरा सेवन तजता॥
किन्तु दूसरा मदिरा में ही नित्य नहाया करता।
पाप-पुण्य युग कर्मजन्य लख ज्ञानी निज को भजता॥2॥
जो तप शील व्रतादिक पालें किन्तु पुण्य को चाहें।
दूर रहें परमार्थ पन्थ से भव-कारण अवगाहें॥
जीवादिक की श्रद्धा समकित ज्ञान कहें जिन सम्यक्।
रागादिक परिहार चरित है यही मुक्तिपथ सम्यक्॥3॥
विद्वज्जन भूतार्थ छोड़ व्यवहार मार्ग को चाहें।
किन्तु कर्मक्षय निश्चय आश्रित गुरु निर्ग्रन्थ बतायें॥
रागादिक से रहित आत्मा का आश्रय शिवदाता।
अर्घ्य समर्पित जिन-चरणों में शाश्वत सौख्य प्रदाता॥4॥

ॐ ह्रीं श्री पुण्यपापाधिकारसमन्वित-समयसारपरमागमाय नमः अर्घ्यं नि. स्वाहा।

(सोरठा)
शिव-नगरी का पन्थ, पुण्य-पाप से दूर है।
धन्य मार्ग निर्ग्रन्थ, अर्पित हैं श्रद्धा-सुमन॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

आस्रवाधिकार समन्वित समयसार के लिए अर्घ्य

(दोहा)
अशुचि और विपरीत ये, आस्रव हैं दुखरूप।
परम पवित्र निजात्मा, का अनुभव सुखरूप॥

(रोला : तर्ज - ज्ञान-समान न आन जगत में…)
मिथ्या अविरति योग कषाय अचेतन चेतन।
इनमें जो चित्‌रूप वही चैतन्य परिणमन॥
पूर्वबद्ध जड़ कर्म आस्रव का कारण है।
उनमें कारणपन का कारण रागादिक है॥1॥
जीवों के रागादि भाव से ही बन्धन है।
ज्ञानी राग रहित होने से बन्ध रहित है॥
फल पक कर खिर जाता, फिर नहिं जुड़े वृक्ष से।
पूर्व कर्म खिरकर नहिं जुड़ते पुनः जीव से॥2॥
दर्शन-ज्ञान-चरित परिणमते जघन भाव से।
जीव तभी बँधते हैं विध-विध जड़ कर्मों से॥
चारों प्रत्यय कर्म-बन्ध के कारण होते।
राग रहित होने से ज्ञानी तो नहिं बँधते॥3॥
सत्ता में जो कर्म पड़े वे भोग्य नहीं हैं।
उदय काल में भोग्य हुए तब बन्धन ही है॥
हे जिन! अर्घ्य समर्पित करता आज चरण में।
आस्रव-बन्ध रहित ज्ञायक की लहूँ शरण मैं॥4॥

ॐ ह्रीं श्री आस्रवाधिकारसमन्वित-समयसारपरमागमाय नमः अर्घ्यं नि. स्वाहा।

(सोरठा)
सुखमय चेतन भाव, आस्रव दुख कारण कहे।
रचूँ निरास्रव भाव, अर्पित हैं श्रद्धा-सुमन॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

संवराधिकार समन्वित समयसार के लिए अर्घ्य

(दोहा)
शुद्धि की उत्पत्ति ही, संवर भाव सुजान।
स्वानुभूति रसमय अहो, स्व-पर भेदविज्ञान॥

(जोगीरासा)
द्रव्य भाव नोकर्म रहित मैं दर्शन-ज्ञान स्वरूपी।
मैं उपयोग स्वभावी मुझमें है उपयोग सदा ही॥
इस प्रकार जब जीव जानता सम्यक् रूप निजातम।
तब उपयोग सिवाय अन्य का कर्ता हो नहिं आतम॥1॥
यथा अग्नि-संतप्त स्वर्ण भी स्वर्णपना नहिं तजता।
वैसे कर्म प्रतप्त जीव भी ज्ञान स्वभाव न तजता॥
शुद्ध जानता जो अपने को वही शुद्धता पाता।
जो अशुद्ध जाने आतम को वह अशुद्धता पाता॥2॥
सर्व संग परित्याग निजातम चिद्रूपी जो ध्याते।
अल्प काल में वे भवि प्राणी कर्म रहित हो जाते॥
ज्ञानी को मिथ्या-अविरति-अज्ञान-योग नहिं होते।
अतः निरास्रव रहते ज्ञानी कर्मों से नहिं बँधते॥3॥
कर्म-बन्ध नहिं हुआ अतः नोकर्म-संयोग न होता।
जब मिलता नोकर्म नहीं तो फिर संसार न होता॥
भेदज्ञानमय अर्घ्य समर्पित है जिनवर चरणों में।
स्वानुभूतिभय पद अनर्घ्य विलसित हो परिणामों में॥4॥

ॐ ह्रीं श्री संवराधिकारसमन्वित-समयसारपरमागमाय नमः अर्घ्यं नि. स्वाहा।

(सोरठा)
निर्मल संवर भाव, चेतन-रस में प्रकट हो।
ध्याऊँ निज ध्रुव भाव, अर्पित हैं श्रद्धा-सुमन॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

निर्जराधिकार समन्वित समयसार के लिए अर्घ्य

(दोहा)
वृद्धिगत निज शुद्धता से विभाव की हान।
सहज खिरें जड़ कर्म भी, यह निर्जरा बखान॥

(मरहठा माधवी)
चेतन और अचेतन द्रव्यों को ज्ञानी जन भोगते।
किन्तु अरुचि से सेवन करते पुनः कर्म नहिं बाँधते॥
ज्ञानी करें विषय-सेवन तो भी उनको नहिं भोगते।
राग-भाव को भिन्न जानते ज्ञान-भाव को वेदते॥1॥
यदि किंचित् भी रागादिक की रुचि वर्ते श्रद्धान में।
सर्वागम ज्ञाता हो फिर भी उसे न आतम ज्ञान है॥
मति श्रुत अवधि मनःपर्यय अरु अनुपम केवलज्ञान भी।
एक ज्ञानपद के अभिनन्दन में अर्पित सुखधाम ही॥2॥
इसमें ही सन्तुष्ट रहो नित लीन रहो इस ज्ञान में।
तृप्त इसी में रहो सदा तो होवे मोक्ष महान है॥
वेदक-वेद्य भाव दोनों प्रतिसमय विलय को प्राप्त हों।
इसीलिए ज्ञानी दोनों की वांछा से परिमुक्त हों॥3॥
ज्ञानी सदा निशंकित रहते इसीलिए निर्भय रहें।
सप्त भयों से रहित हुए हैं अतः निशंकित ही रहें॥
हे प्रभु! निज आश्रय से मुझको हो संवर अरु निर्जरा।
पद अनर्घ्य की प्राप्ति हेतु यह अर्घ्य समर्पित है खरा॥4॥

ॐ ह्रीं श्री निर्जराधिकारसमन्वित-समयसारपरमागमाय नमः अर्घ्यं नि. स्वाहा।

(सोरठा)
ज्ञानी के परिणाम, सदा ज्ञान-वैराग्यमय।
पाऊँ शिवसुख धाम, अर्पित हैं श्रद्धा-सुमन॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

बन्धाधिकार समन्वित समयसार के लिए अर्घ्य

(दोहा)
बन्धन का कारण कहा, मात्र कु-अध्यवसान।
निज निरखे निर्बन्ध जब, होय बन्ध-अवसान॥

(हरिगीतिका)
चिकनाई हो यदि देह में तो धूल तन से चिपकती।
त्यों राग की चिकनाई से ही कर्म धूली चिपकती॥
हिंसा तथा भोगोपभोगादिक क्रिया ज्ञानी करें।
पर राग के सद्भाव बिन वे कर्म-रज से नहिं बँधें॥1॥
मैं हूँ बचाता मारता सुख दुक्ख देता अन्य को।
अन्य भी मुझको करें, अभिप्राय यह मिथ्या कहो॥
मरण होता आयु क्षय से उदय से जीवित रहें।
निज कर्म-फल से ही जगत में जीव सुख-दुख भोगते॥2॥
परवस्तु में कर्तृत्व का अभिप्राय अध्यवसान से -
उत्पन्न हों रागादि जिनसे पाप अथवा पुण्य है॥
व्रत समिति गुप्ति शील जप तप आदि का पालन करे।
किन्तु मिथ्यादृष्टि अज्ञानी नहीं मुक्ति लहे॥3॥
ज्यों लालिमा के योग से स्फटिक दिखता लालमय।
रागादि के संयोग से ही जीव दिखता रागमय॥
यह अर्घ्य अर्पित कर प्रभो! निज को लखूँ निर्बन्ध मैं।
ध्याऊँ अबद्ध अनर्घ्य चिन्मय क्षय करूँ अब बन्ध मैं॥4॥

ॐ ह्रीं श्री बन्धाधिकारसमन्वित-समयसारपरमागमाय नमः अर्घ्यं नि. स्वाहा।

(सोरठा)
त्यागूँ अध्यवसान, स्व-पर भेद विज्ञान से।
पाऊँ सम्यग्ज्ञान, अर्पित हैं श्रद्धा-सुमन॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

मोक्षाधिकार समन्वित समयसार के लिए अर्घ्य

(दोहा)
सिद्ध होंय चिरकाल से, भेदज्ञान से जीव।
भटक रहे संसार में, भेदज्ञान बिन जीव॥

(रोला)
विविध भाँति यदि बन्ध भाव का चिन्तन करता।
मात्र विकल्पों से बन्धन से मुक्त न होता॥
चेतन और बन्ध के लक्षण जुदे-जुदे हैं।
भेद-ज्ञान करते ज्ञानी प्रज्ञा-छैनी से॥1॥
प्रज्ञा द्वारा चेतन में ही हो अपनापन।
चेतन से जो भिन्न न उनमें हो अपनापन॥
निज को चिन्मय अन्य द्रव्य को भिन्न जानता।
फिर पर में अपनापन कैसे हो ज्ञानी का!॥2॥
जो अपराध करे वह नर नित शंकित रहता।
जो न करे अपराध निशंकित वह नर रहता॥
अपराधी को बन्धन की चिन्ता नित रहती।
जीव निरपराधी को चिन्ता कभी न होती॥3॥
प्रतिक्रमण निन्दा गर्हा विषकुम्भ कहे हैं।
स्वाश्रित अप्रतिक्रमण आदि को अमृत कहते॥
प्रभो! भक्ति का राग कहो कैसे अरपूँ मैं।
निश्चय-भक्ति अनर्घ्य, भावना अब भाऊँ मैं॥4॥

ॐ ह्रीं श्री मोक्षाधिकारसमन्वित-समयसारपरमागमाय नमः अर्घ्यं नि. स्वाहा।

(सोरठा)
नहीं मोक्ष का वेश, निज चैतन्य स्वभाव में।
निज में करूँ प्रवेश, अर्पित हैं श्रद्धा-सुमन॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

सर्वविशुद्धज्ञानाधिकार समन्वित समयसार के लिए अर्घ्य

(दोहा)
नव तत्त्वों के स्वांग में, विलसे ज्ञायक भाव।
स्वानुभूति में नित बसे, परम अकर्ता भाव॥

(वीरछन्द)
सर्वविशुद्ध ज्ञान अधिकार दिखाता परम अकर्ता भाव।
अपने-अपने परिणामों का कर्ता है - यह द्रव्य स्वभाव॥
राग-भाव का कर्ता है अज्ञानी निज को भूल रहा।
ज्ञानी राग-भाव का ज्ञाता निज स्वभाव को जान रहा॥1॥
जैसे चक्षु रहे अकारक और अवेदक वस्तु का।
शुद्ध ज्ञान नहिं कारक-वेदक होता बन्धन-मुक्ति का॥
मैं जीवों की रक्षा करता हूँ यदि मुनि ऐसा माने।
कर्ता माने जग विष्णु को दोनों ही नहिं मुक्ति लहें॥2॥
नहीं अकर्ता जीव सर्वथा, निज-भावों का कर्ता है।
जो कर्ता है वही भोगता, नहीं सर्वथा क्षणिक कहें॥
जैसे कलई न अन्य वस्तु की वह तो मात्र कलई ही है।
ज्ञायक भी है नहीं अन्य का, ज्ञायक तो बस ज्ञायक है॥3॥
शिवपथ में निज को स्थापित कर निज को ध्यावें भविजन।
लिंग ममत्व तज निज में विचरें लहें समय का सार सुजन॥
समयसार यह ग्रन्थ प्रभो मम श्रद्धा ज्ञान चरित्र बसे।
कारण-कार्य समय को अर्घ्य समर्पित कर ज्ञायक विलसे॥4॥

ॐ ह्रीं श्री सर्वविशुद्धज्ञानाधिकारसमन्वित-समयसारपरमागमाय नमः अर्घ्यं नि.।

(सोरठा)
कहा ग्रन्थ का सार, सर्व विशुद्ध स्वभाव है।
लहूँ समय का सार, अर्पित हैं श्रद्धा-सुमन॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

महार्घ्य

(दोहा)
ग्रन्थराज प्राभृत-समय, कहे अटल सिद्धान्त।
महा-अर्घ्य अर्पित प्रभो, पाऊँ भव का अन्त॥

(मरहठा माधवी)
अहो! वीर की दिव्य देशना परम्परा से प्राप्त कर।
साक्षात् सीमन्धर प्रभु की दिव्यध्वनि के भाव भर॥
भरत क्षेत्र के जीव दुखी हैं निज स्वरूप नहिं जान कर।
मुनिवर कुन्दकुन्द ने करुणा-रस से निज परिणाम भर॥1॥
‘णवि होदि अपमत्त पमत्तो’ शाश्वत ज्ञायक भाव है।
पाँच भावमय कहे शुद्धनय शाश्वत ध्रुव भूतार्थ है॥
सम्यग्दृष्टि को है आश्रय निज भूतार्थ स्वभाव का।
‘अहमिक्को खलु सुद्धो दंसण-णाणमई’ निज भाव का॥2॥
कर्ता-कर्म स्वरूप दिखाया पुण्य-पाप द्वय एक हैं।
ज्ञानी सदा निरास्रव रहते, नहीं क्रोध उपयोग में॥
दिखें भोग में किन्तु ज्ञानिजन करें कर्म की निर्जरा।
प्रज्ञाछैनी से ज्ञानीजन क्षय करते हैं बन्ध का॥3॥
पर का सदा अकर्ता निज का कर्ता ज्ञायक भाव है।
किन्तु दृष्टि का विषय सदा ही निष्क्रिय चिन्मय भाव है॥
समयसारमय चिन्तन जीवन, स्व-संवेदन ज्ञान हो।
महा-अर्घ्य अर्पित है प्रभुवर! ज्ञायक का श्रद्धान हो॥4॥

ॐ ह्रीं श्री शुद्धात्मप्रतिपादक-समयसारपरमागमाय नमः महार्घ्यं नि. स्वाहा।

(सोरठा)
महके चिन्मय गन्ध, खिलें सुमन प्रभु समय के।
निज को लखूँ अबन्ध, अर्पित हैं श्रद्धा-सुमन॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

जयमाला

(दोहा)
इस प्रकार संक्षेप में, कहा ग्रन्थ का सार।
अर्पित यह जयमालिका, गुरु-पद निज उर-धार॥

(वीरछंद)
वीर जिनेश्वर गौतम गुरु मुनि कुंदकुंद को नमन करूँ।
आत्मख्याति दाता मुनि अमृतचंद्र और जयसेन नमूँ॥
नव तत्त्वों में छिपी हुई चैतन्य ज्योति है प्रकट अहो।
अद्वितीय यह जगत चक्षु नित समयसार जयवन्त रहो॥1॥
जो प्रमत्त अप्रमत्त नहीं है शाश्वत चेतन ज्ञायक भाव।
जिसको कभी न छू सकते वर्णादि और रागादि विभाव॥
अतः नहीं रागादि विभावों का कर्ता चैतन्य अहो।
अद्वितीय यह जगत चक्षु नित समयसार जयवन्त रहो॥2॥
लौह शृंखला अशुभभाव तो स्वर्ण शृंखला है शुभभाव।
दोनों ही हैं बन्ध हेतु, नहिं चेतन में उनका सद्भाव॥
जो चहुँगति में भ्रमण कराये कैसे उसे सुशील कहो।
अद्वितीय यह जगत चक्षु नित समयसार जयवन्त रहो॥3॥
द्रव्यास्रव से स्वतः भिन्न अरु भावास्रव का हुआ अभाव।
ज्ञानी सदा निरास्रव रहते रहे ज्ञानमय ज्ञायक भाव॥
यहाँ यही तात्पर्य कहा है सदा शुद्धनय ग्रहण करो।
अद्वितीय यह जगत चक्षु नित समयसार जयवन्त रहो॥4॥
आत्मतत्त्व की उपलब्धि से होता है संवर साक्षात्।
आत्म प्राप्त हो भेदज्ञान से अतः उसे ही करना प्राप्त॥
भेदज्ञान के उद्यम से ही शुद्ध तत्त्व उपलब्ध अहो।
अद्वितीय यह जगत चक्षु नित समयसार जयवन्त रहो॥5॥
ज्ञान-विराग शक्ति से ज्ञानी यद्यपि करें विषय सेवन।
सेवक, किंतु असेवक जानो क्योंकि न भोगें उनका फल॥
विपदाओं के लिए अपद जो वही एक पद स्वाद्य अहो।
अद्वितीय यह जगत चक्षु नित समयसार जयवन्त रहो॥6॥
जब उपयोग और रागादिक एक रूप भासित होते।
निश्चय से बस इसी हेतु से पुरुष कर्म से हैं बँधते॥
किंतु अरे स्वच्छन्द प्रवर्तन कर्म बन्ध का कारण हो।
अद्वितीय यह जगत चक्षु नित समयसार जयवन्त रहो॥7॥
प्रज्ञा-छैनी द्वारा जो जन, जीव-बन्ध को भिन्न लखे।
सावधान होकर पैनी प्रज्ञा-छैनी ज्ञानी पटके॥
सहज परम आनंदरूप रसयुक्त परम उत्कृष्ट अहो।
अद्वितीय यह जगत चक्षु नित समयसार जयवन्त रहो॥8॥
कर्ता-भोक्ता भावों का जो भले प्रकार विनाश करे।
बंध-मोक्ष की रचना से भी कदम-कदम पर दूर रहे॥
शुद्ध-शुद्ध जो निर्मल निश्चल निज रस से भरपूर अहो।
अद्वितीय यह जगत चक्षु नित समयसार जयवन्त रहो॥9॥

ॐ ह्रीं श्री शुद्धात्मतत्त्वप्रकाशक-समयसारपरमागमाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

(दोहा)
अद्वितीय जग-चक्षु यह, समयसार जयवन्त।
परिणति में विलसे प्रभो, निर्ग्रन्थों का पन्थ॥

इति पुष्पांजलिं क्षिपामि/क्षिपेत्

जाप्य मन्त्र - ॐ ह्रीं श्रीशुद्धात्मतत्त्वप्रकाशक-परमागमसमयसाराय नमः।


Artist: पण्डित अभयकुमार जैन
स्रोत: श्री सार समयसार विधान (पण्डित अभयकुमार जैन), पृष्ठ ६ (श्री सार समयसार विधान (पण्डित अभयकुमार जैन) | Shri Saar Samaysaar Vidhan (Pandit Abhaykumar Jain))