श्री प्रतिष्ठापनसमितिधारक मुनिराज पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Pratishthapansamitidharak Muniraj Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( तांटक )
प्रतिष्ठापनासमिति यही व्युत्सर्गसमिति कहलाती है।
परम संयमी मुनियों को यह निश्चय समिति सुहाती है॥१॥
प्रासुक भू पर यत्नपूर्वक देखभाल करते मलत्याग।
महामुनीश्वर शुद्ध स्वपरिणति से करते सदैव अनुराग॥२॥
हो प्रमाद से रहित यत्न से तन मल मूत्रादिक तजते।
जीवरहित भू देख त्याग मल निज स्वभाव को ही भजते॥३॥
प्रतिष्ठापनासमिति शुद्ध की पूजन करता आज विशेष।
कब प्रभु ऐसा अवसर पाऊँ धारूँ ऐसा जिन मुनिवेश॥४॥

ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराज अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराज अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराज अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( जोगीरासा )
निज अनुभवरस नीर चढ़ाऊँ हृदय विवेक जगाऊँ।
जन्म जरा मरणादि व्याधि हर शाश्वत निज पद पाऊँ॥
प्रतिष्ठापनासमिति पालकर हे प्रभु निज में आऊँ।
प्रासुक भू पर तन मल त्यागूँ परम शान्ति प्रभु पाऊँ॥१॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराजाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

निज अनुभव चंदन की शोभा से शोभित हो जाऊँ।
भवताप की आग बुझाऊँ प्रभु शीतल हो जाऊँ॥
प्रतिष्ठापनासमिति पालकर हे प्रभु निज में आऊँ।
प्रासुक भू पर तन मल त्यागूँ परम शान्ति प्रभु पाऊँ॥२॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराजाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

अक्षत शुद्ध स्वानुभव लाऊँ अक्षयपद प्रकटाऊँ।
स्वपद निराहारी मैं पाऊँ परम तृप्त हो जाऊँ॥
प्रतिष्ठापनासमिति पालकर हे प्रभु निज में आऊँ।
प्रासुक भू पर तन मल त्यागूँ परम शान्ति प्रभु पाऊँ॥३॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराजाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

अनुभवपुष्प सुगंधित लाऊँ महाशीलगुण पाऊँ।
कामबाण विध्वंसक बनकर शीलसिन्धु उर लाऊँ॥
प्रतिष्ठापनासमिति पालकर हे प्रभु निज में आऊँ।
प्रासुक भू पर तन मल त्यागूँ परम शान्ति प्रभु पाऊँ॥४॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराजाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

सुचरु स्वानुभव रसमय लाऊँ आत्मध्यान के द्वारा।
क्षुधाव्याधि सर्वांश नाशकर त्यागूँ भवदुःखकारा॥
प्रतिष्ठापनासमिति पालकर हे प्रभु निज में आऊँ।
प्रासुक भू पर तन मल त्यागूँ परम शान्ति प्रभु पाऊँ॥५॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराजाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

निज अनुभवघृत दीप ज्योति पा होऊँ आतमध्यानी।
मोह क्षीणकर घाति चार हर होऊँ केवलज्ञानी॥
प्रतिष्ठापनासमिति पालकर हे प्रभु निज में आऊँ।
प्रासुक भू पर तन मल त्यागूँ परम शान्ति प्रभु पाऊँ॥६॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराजाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

निज अनुभव की ध्यानधूप ले प्रभु वसुकर्म नशाऊँ।
भव के सकल दोष क्षय करके ध्रुव सिंहासन पाऊँ॥
प्रतिष्ठापनासमिति पालकर हे प्रभु निज में आऊँ।
प्रासुक भू पर तन मल त्यागूँ परम शान्ति प्रभु पाऊँ॥७॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराजाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

निज अनुभव के सुतरु उगाकर महामोक्षफल पाऊँ।
शिवसुख सुधा सरोवर पाऊँ मंगलमय हो जाऊँ॥
प्रतिष्ठापनासमिति पालकर हे प्रभु निज में आऊँ।
प्रासुक भू पर तन मल त्यागूँ परम शान्ति प्रभु पाऊँ॥८॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराजाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

शुद्ध स्वानुभव सम्यक् विधि के अर्घ्य अपूर्व बनाऊँ।
पद अनर्घ्य अविलम्ब प्रकटकर ध्रुवधामी बन जाऊँ॥
प्रतिष्ठापनासमिति पालकर हे प्रभु निज में आऊँ।
प्रासुक भू पर तन मल त्यागूँ परम शान्ति प्रभु पाऊँ॥९॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महार्घ्य
( उपजाति )
पालन प्रतिष्ठापनासमिति का, मुनिराज का है कर्त्तव्य पावन।
तब भक्ति रत्नत्रय शुद्ध होती, मुनिराज बनते आनंद के घन॥

( चौपई )
निश्चय रागद्वेष मल त्याग। पाऊँ ध्रुव चारित्र पराग॥
साम्यभाव रस निज सुखदाय। विषयभाव पूरा दुःखदाय॥१॥
समकित के हैं दोष पच्चीस। देते हैं भव-भव तक टीस॥
इन्हें नष्ट करके मतिमान। समकित पाते महिमावान॥२॥
आठ अंगयुत सम्यग्ज्ञान। करता है सबका कल्याण॥
तेरहविध सम्यक्चारित्र। महासौख्यदाता सुपवित्र॥३॥
ये ही है रत्नत्रययान। इससे ही मिलता निर्वाण॥
पंचसमितियों का शृंगार। त्वरित करो हो लो अविकार॥४॥
पुण्य-पाप करके परिहार। निजसुख पाओ अपरंपार॥

( दोहा )
महा अर्घ्य अर्पण करूँ, धारूँ स्वपर विवेक।
प्रतिष्ठापनासमिति धर, पाऊँ गुण प्रत्येक॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारक मुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला
( विधाता )
विभावी भाव करके जो कर्म के बंध करता है।
उदय जब कर्म आते हैं तो उनको उर में धरता है॥१॥
दुःखी होता है कर्मों से सुखी होता न कर्मों से।
नरक पशुगति में जाता है स्वर्ग में देह धरता है॥२॥
एक दिन स्वर्ग से गिरता अधोगति में ये जाता है।
भाग्य से फिर मनुज भव पा कर्म खोटे ही करता है॥३॥
परावर्त्तन ये करता है सदा पाँचों महादुःखमय।
नहीं घबराता है इनसे पुनः ये बंध करता है॥४॥
अगर निज को निरख ले ये तनिक निज को परख ले ये।
तो सम्यग्ज्ञान पाते ही भवोदधि दुक्ख हरता है॥५॥
अगर मिल जाय रत्नत्रय समिति सम्यक् सतत् पाले।
तो त्रिभुवन का तिलक बनकर मुक्तिसुख उर में भरता है॥६॥
अगर निर्वाणसुख चाहो तो कर लो ध्यान सम्यक् अब।
जिनागम घोषणा पूर्वक यही जयघोष करता है॥७॥
ॐ ह्रीं श्री परमअहिंसामयीप्रतिष्ठापनासमितिधारक मुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )
आज समिति आदाननिक्षेपण की पूजनकर हर्ष हुआ।
धर्म अहिंसा पालन की विधि जानी निज उत्कर्ष हुआ॥
रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगम्बरवेश॥
पुष्पांजलिं क्षिपेत्


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ११९ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 2 (मुनिराज पूजन एवं महाजयमाला) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 2 (Muniraj Pujan evam Mahajaymala))