श्री प्रभावना अंग पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Prabhavna Ang Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( दोहा )

धारूँ अंग प्रभावना, परमोत्तम सुखकार।
धर्मप्रभाव महान कर, पाऊँ सौख्य अपार॥१॥

जिनपूजन रथयात्रा, जिनमंदिर निर्वाण।
स्वाध्याय के हेतु मैं, दूँ शास्त्रों का दान॥२॥

बिम्ब प्रतिष्ठा आदि से, करूँ स्वपर कल्याण।
विद्यालय निर्मित करूँ, औषधि करूँ प्रदान॥३॥

धर्मायतनविवेक से, निर्मित करूँ प्रधान।
मैं प्रभावना अंग की, पूजन करूँ महान॥४॥

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य प्रभावनाअंग अत्र अवतर अवतर संवौषट्।

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य प्रभावनाअंग अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य प्रभावनाअंग अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( चौपाई )

धर्म प्रभाव नीर के ज्ञानी। वे ही हैं सच्चे श्रद्धानी।
हो प्रभावना अंग मनोहर। उत्तम सुखदाता है सुन्दर॥१॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

धर्म प्रभावी चंदन लाऊँ। शाश्वत शीतलता उर लाऊँ।
हो प्रभावना अंग मनोहर। उत्तम सुखदाता है सुन्दर॥२॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

धर्म प्रभावी अक्षत अनुपम। अक्षयपद देते हैं बिन श्रम।
हो प्रभावना अंग मनोहर। उत्तम सुखदाता है सुन्दर॥३॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

धर्म प्रभावी पुष्प सजाऊँ। कामबाण पीड़ा विनशाऊँ।
हो प्रभावना अंग मनोहर। उत्तम सुखदाता है सुन्दर॥४॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

धर्म प्रभावी सुचरु चढ़ाऊँ। क्षुधारोग हर शिवसुख पाऊँ।
हो प्रभावना अंग मनोहर। उत्तम सुखदाता है सुन्दर॥५॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

धर्म प्रभावी दीप उजारूँ। मिथ्या तिमिर सर्व निरवारूँ।
हो प्रभावना अंग मनोहर। उत्तम सुखदाता है सुन्दर॥६॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

धर्मप्रभावी धूप ध्यानमय। अष्टकर्म तत्काल करूँ क्षय।
हो प्रभावना अंग मनोहर। उत्तम सुखदाता है सुन्दर॥७॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

धर्म प्रभावी स्वफल चढ़ाऊँ। महामोक्षफल हे प्रभु पाऊँ।
हो प्रभावना अंग मनोहर। उत्तम सुखदाता है सुन्दर॥८॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

धर्म प्रभावी अर्घ्य बनाऊँ। पद अनर्घ्य अविनश्वर पाऊँ।
हो प्रभावना अंग मनोहर। उत्तम सुखदाता है सुन्दर॥९॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( ताटंक )

धर्ममार्ग की कर प्रभावना सम्यग्दर्शन ग्रहण करूँ।
शुद्ध आचरण के द्वारा प्रभु अप्रभावना सर्व हरूँ॥१॥

जिनदर्शन पूजन के हित जिनमंदिर निर्माण करूँ।
श्री जिनरथयात्रा आदिक के कार्य सदैव महान करूँ॥२॥

धर्म प्रभाव हेतु शास्त्रों का प्रभु मैं सदा प्रचार करूँ।
जो भूले हैं धर्म उन्हें मैं जागृत करूँ अज्ञान हरूँ॥३॥

दुखीजनों को चार दान दे मैं उनका कल्याण करूँ।
विद्यालय औषधालय तथा अनाथालय निर्माण करूँ॥४॥

श्राविकाश्रम ब्रह्मचर्य आश्रम आदिक करके निर्माण।
बहु प्रकार का पात्रदान दूँ करूँ स्वयं का ही कल्याण॥५॥

गीत नृत्य वादित्र आदि से धर्म प्रभाव करूँ स्वामी।
आत्मधर्म की प्रभावना ही परमोत्तम त्रिभुवन नामी॥६॥

जिनबिम्बों की करूँ प्रतिष्ठा सम्यक्विधि से अभिरामी।
जीर्णोद्धार तीर्थों का कर हर्षित होऊँ अन्तर्यामी॥७॥

तन मन धन से प्राणिमात्र की सेवा करके हर्षाऊँ।
धर्म प्रभाव करूँ मैं विस्तृत परम सौख्यतरु उपजाऊँ॥८॥

जिनशासन की प्रभावना में वृद्धि करूँ निज बल से नाथ।
रत्नत्रय का तेज प्रकट कर जुडूँ धर्म उज्ज्वल से नाथ॥९॥

संसारी जीवों के उर में जो अज्ञान अँधेरा है।
हे प्रभु उसको दूर करूँ मैं जागे सहज उजेरा है॥१०॥

करके ऐसी प्रभावना निज जीवन सफल करूँ भगवन।
संयमफल पाकर सिद्धों में वास करूँ हो आनंदघन॥११॥

रत्नत्रय का तेज प्रकटाकर यह संसारत्रास हर लूँ।
ध्रुव परमात्म परमपद पाकर शाश्वत निज प्रकाश वर लूँ॥१२॥

( दोहा )

महाअर्घ्य अर्पण करूँ, जय प्रभावना अंग।
सुदृढ़ करूँ उर मध्य मैं, वात्सल्य का अंग॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महाअर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

( मानव )

अपने स्वरूप की पावन अनुपम प्रभावना कर लूँ।
जिनधर्म प्रभाव हृदय धर सारे भवसंकट हर लूँ॥१॥

महिमा जिनधर्म प्रकाशूँ निज निजानंद रस पाऊँ।
ध्वज अनेकान्त सर्वोत्तम जगती में प्रभु फहराऊँ॥२॥

तन धन यौवन परिजन सब दो दिन के साथी नश्वर।
दर्शन ज्ञान स्वरूपी चेतन सदा रहता अनश्वर॥३॥

तन राज्य भवन भू आदि कोई न साथ जाते हैं।
केवल ये कर्मबंध ही सुख दुःखमय संग जाते हैं॥४॥

जो जैसे कृत करता है वह वैसा ही फल पाता।
शुद्धभाव होता जब उर में तब सुख अविनश्वर आता॥५॥

कर्मों का जाल न बुनकर चेतन बन जा समभावी।
निज साम्यभाव रस पीकर हर ले भवभाव विभावी॥६॥

जो शुद्धभाव उर धरते कल्याण स्वयं का करते।
हो मोह क्षोभ से विरहित उर में अनंत सुख भरते॥७॥

ॐ ह्रीं श्री प्रभावनाअंगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )

प्रभु प्रभावना अंग पूजकर मेरा पवित्र हुआ।
अंतरंग में जिनशासन का पूर्ण प्रभाव विचित्र हुआ॥

रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥

पुष्पांजलिं क्षिपेत्

卐


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ५४ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 1 (सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 1 (Samyagdarshan, Samyaggyan, Samyakcharitra))