श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्र पूजन (कविराज राजमल पवैया) | Shri Pavagiri Siddhakshetra Pujan (Rajmal Pavaiya)

जम्बूद्वीप सुभरत क्षेत्र मे मध्यप्रदेश प्रान्त सुन्दर।
सिद्धक्षेत्र पावागिरि पावन ऊन ग्राम के निकट प्रवर॥
नदी चेलना के तट पर है छोटा सा पर्वत मनहर।
स्वर्णभद्र आदिक मुनियों ने पाया मुक्ति स्वपद सुखकर॥
शान्ति कुन्थु अरनाथ आदि श्री महावीर प्रभु को वन्दूँ।
श्री मुनिचरण कमल वन्दन कर निज स्वभाव ही अभिनंदू॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्र अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्र अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्र अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

निज स्वभाव साधन जल द्वारा मिथ्या भ्रान्ति हटाऊँ मै।
सम्यक्दर्शन की महिमा पा तीनो व्याधि मिटाऊँ मै॥
सिद्धक्षेत्र पावागिरि वन्दूँ स्वर्णभद्र आदिक मुनि चार।
शान्ति कुन्थु अरनाथ आदि श्री महावीर की जय जयकार॥१॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो जन्मजरामृत्यु विनाशनाय जलं नि.।

निज स्वभाव साधन का चन्दन ले शीतलता पाऊँ मै।
सम्यक्ज्ञान प्रकाश प्राप्तकर भव संताप मिटाऊँ मै॥सिद्ध.॥२॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो संसारतापविनाशनाय चंदनं नि.।

निज स्वभाव साधन अक्षत ले प्रभु अक्षय पद पाऊँ मै।
ले सम्यक्चारित्र भाव मय चहुँगति भ्रमण मिटाऊँ मै॥सिद्ध.॥३॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अक्षयपदप्राप्तये अक्षतं नि.।

निज स्वभाव साधन पुष्पों से अन्तर द्वारा सजाऊँ मै।
रत्नत्रय के सुमन प्राप्तकर काम कुशील नशाऊँ मै॥४॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि.।

निज स्वभाव साधन के ही नैवेद्य हृदय मे लाऊँ मै।
तप संयम की दिव्यप्रभा से क्षुधा विकार नशाऊँ मै॥सिद्ध.॥५॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं नि.।

जिन स्वभाव साधन की निर्मल दीपक ज्योति जगाऊँ मै।
परम दिगम्बर वीतराग बन ज्ञान सूर्य प्रगटाऊँ मे॥सिद्ध.॥६॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोहान्धकारविनाशनाय दीपं नि.।

निज स्वभाव साधन की शुचिमय ध्यान धूप उरलाऊँ मै।
शुक्ल ध्यान की महाज्वाल मे आठो कर्म जलाऊँ मै॥सिद्ध.॥७॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अष्ट कर्मदहनाय धूपं नि.।

निज स्वभाव साधन के द्वारा महामोक्ष फल पाऊँ मै।
आत्म तत्त्व अवलोकन करके सिद्ध स्वपद फल पाऊँ मै॥सिद्ध.८॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोक्षफल प्राप्तय फलं नि.।

निज स्वभाव साधन का अर्घ्य मनोरम लेकर आऊँ मै।
भवनाशिनी भावना भाऊँ निज अर्घ्य पद पाऊँ मै॥सिद्ध.९॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्यपद प्राप्तय अर्घ्य नि.।

स्वर्णभद्र आदिक चारो नृप धन वैभव से हुए उदास।
भेद ज्ञान की निधि पाते ही उरमे जागा दृढ़ विश्वास॥
राज्य पाट तज पंच महाव्रत धारणकर मुनि बने प्रधान।
पावागिरि पर्वत पर आकर किया भावपूर्वक निज ध्यान॥
उग्र तपस्या द्वारा कर्मों का विनाश कर हुए महान।
जय जय चरमशरीरी ऋषिवर स्वामी हुए सिद्ध भगवान॥
जल फलादि वसु द्रव्य सजाकर अर्घ्य समर्पित करताहूँ।
तुम समान शिवपद पा जाऊँ यही भाव उर भरता हूँ॥१०॥

ॐ ह्रीं श्री स्वर्णभद्र आदि चतुर्मुनि चरणकमलेभ्यो अर्घ्य नि.।

(जयमाला)

पावागिरि के क्षेत्र से, गए मोक्ष मुनि चार।
निजस्वरूप का ध्यान धर पाया सौख्य अपार॥

पावागिरि की महिमा सुनकर मै दर्शन करने आया हूँ।
मै स्वर्णभद्र आदिक मुनिवर को शीश झुकाने आया हूँ॥१॥

पर्वत पर जिन मन्दिर अनेक जिन प्रभु की महिमा गाते है।
मुनियों के चरण चिन्ह अनुपम उर मे वैराग्य जगाते हैं॥२॥

श्री शान्ति कुन्थु अर तीर्थंकर की अतिप्राचीन भव्य प्रतिमा।
लख मानस्तंभ मनोहर प्रिय उर मे छाई प्रभु की महिमा॥३॥

नीचे मन्दिर मे महावीर स्वामी की भव्य मूर्ति सुन्दर।
संवत बारह सौ बावन की निर्मित है भावपूर्ण मनहर॥४॥

तुमने मुनिवर जिन दीक्षा ली भव देह भोग से हो विरक्त।
पर का अवलम्बन छोड़ दिया शुद्धात्म के हो गये भक्त॥५॥

निजका चिंतन निजका मंथन निजका दर्शन निजका पूजन।
निज परिणति मे रम गये आप निज के स्वरूप मे हुए मगन॥६॥

घनघोर तपस्या के द्वारा चारों कषाय का कर अभाव।
दृढ़ शुक्ल ध्यान बल के द्वारा प्रगटाया अपना निज स्वभाव॥७॥

सर्वज्ञ हुए केवलज्ञानी त्रिभुवनपति जय जयवंत हुए।
आठो कर्मों का नाश किया प्रभु परमसिद्ध भगवंत हुए॥८॥

हे गुरूवर चरण पखार आज मेरे उर मे आनंद हुआ।
शुद्धात्म की महिमा आई तो दूर शोक दुःख द्वन्द हुआ॥९॥

वृषभादिक वीर जिनेश्वर के चरणों मे शीश झुकाता हूँ।
भव तन भोगो से हो विरक्ति मै यही भावना भाता हूँ॥१०॥

द्वादश भावना चिंतन कर वैराग्य भाव उर मे लाऊँ।
पावन रत्नत्रय को पाकर प्रभु मै भी सिद्ध स्वपद पाऊँ॥११॥

यह सिद्धक्षेत्र निर्वाण भूमि इसकी महिमा का पार नही।
जो निज स्वभाव को ध्याता है उसका रहना संसार नही॥१२॥

ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो पूर्णार्घ्य निर्वपामिति स्वाहा।

पावागिरि के क्षेत्र की बोलो जय जयकार।
मन वच तन जो पूजते हो जाते भवपार॥

इत्याशीर्वादः पुष्पांजलि क्षिपामि
जाप्यमंत्र- ॐ ह्रीं श्री पावागिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो नमः।


स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ ६४ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))