श्री पार्श्वनाथ स्तुति (पारस प्रभु की छवि) | Shri Parshvanath Stuti (Paras Prabhu ki Chhavi)

पारस प्रभु की छवि सुखकारी, वीतराग मूरत मनहारी॥टेक॥

पद्मासन अरु नासा दृष्टी, धर्मामृत की करती वृष्टि।
अद्भुत मुद्रा है हितकारी, पारस प्रभु की छवि सुखकारी ॥१॥

निरखत परमानन्द उपजावे, भेद ज्ञान उर में प्रगटावे।
सब संक्लेश मिटें दुखकारी, पारस प्रभु की छवि सुखकारी ॥२॥

प्रभु की महिमा कैसे गावें, इन्द्रादिक भी पार न पावें।
चरित नाथ का मंगलकारी, पारस प्रभु की छवि सुखकारी ॥३॥

मन में जिनवर यही भावना, करें आप सम आत्मसाधना।
साम्यभाव हो मंगलकारी, पारस प्रभु की छवि सुखकारी ॥४॥

चित्त मलिन नहीं होने पावे, निरतिचार संयम प्रगटावे।
प्रभु चरणों में ढोक हमारी, पारस प्रभु की छवि सुखकारी ॥५॥

ऐसा निश्चल ध्यान लगावें, कर्म कलंक समूल नशावें।
पंचमगति पावें अविकारी, पारस प्रभु की छवि सुखकारी ॥६॥

दिव्य शांतिमय तीर्थ आपका, परम शांत है तत्व आपका।
हो प्रभावना मंगलकारी, पारस प्रभु की छवि सुखकारी ॥७॥

Artist: बाल ब्र. रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’


स्रोत: मङ्गल भक्ति सुमन (२०२२), पृष्ठ ५२

7 Likes