श्री पार्श्वनाथ पूजा
रचयिता: डॉ. वीरसागर जैन
पूर्ण पाठ नीचे दिया है, मूल PDF (4 पृष्ठ) सबसे नीचे संलग्न।
श्री पार्श्वनाथ पूजा
(डॉ. वीरसागर जैन )
(स्थापना)
जिस मन में बसते आज तक, परद्रव्य और विभाव थे।
उस मन में हे प्रभु! आपको, पधरा रहा हूँ भाव से॥
अब आइये, बस जाइये, मम राग-द्वेष भगाइये।
अरु मुक्तिपथ में कदम मेरे, द्रुत गति से बढाइये॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्र! अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्र! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्र! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।
(अष्टक)
प्रकृति तीर्थंकर बँधे वह, भाव भी जब मलिन है।
तब अशुभ की क्या बात, वह तो मलिन से भी मलिन है॥
स्वच्छ निर्मल नीर तो बस, वीतरागी भाव है।
अतएव निर्मल जल चढ़ाता, हूँ प्रभो मैं आपको॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
लोक में चन्दन-विटप हैं, विपुल मात्रा में खड़े।
पर आज तक क्या आत्मा को, शांत शीतल कर सके॥
छोड़ो उन्हें! छोड़ो उन्हें!! वे, शान्ति दे सकते नहीं।
चैतन्य-चन्दन लेप कर लो, शांति मिलती है सही॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।
संयोग तो क्षय होएंगे ही, आत्मा अक्षय महा।
भवचक्र में पिसकर भी देखो, यह अमर ही रह रहा॥
संयोग को जो देखता, क्षण-क्षण में क्षय वह होयेगा।
अक्षय अमर होगा वही जो, निज को निज में खोएगा॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतं निर्वपामीति स्वाहा। यह कामभाव अनिष्टकारी, है जलाता जगत को।
इससे बचो! इससे बचो!! देखो सदा निज आत्म को।
कृतकृत्य है यह तत्त्व इसमें, कामना की बात क्या?
निष्काम चेतन तत्त्व को, परद्रव्य की दरकार क्या?
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
भूख भोजन से कभी, मिटती नहीं क्या खाइए।
भूख से बचना हो गर तो, रागभाव निवारिये॥
परद्रव्य को खाया नहीं है, आज तक इक जीव ने।
खा रहे निज राग ही सब, यह कहा जिनदेव ने॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जीव जाने ज्ञान से दीपक बिचारा क्या करे?
वह तो स्वयं जड़ रूप है, क्यों ज्ञान को पैदा करे?
सच पूछिए तो इन्द्रियाँ भी, ज्ञान का कारण नहीं।
ज्ञान के कर्ता कर्म करणादि सब हैं ज्ञान ही॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
कर्म तो जड़रूप हैं, परद्रव्य हैं, वे क्या करें?
सब जीव निज अज्ञान से ही, घोर दुख भोगा करें।
अतएव निज अज्ञान का ही, दहन करना चाहिए॥
परद्रव्य से तो सर्वथा, दृष्टि हटाना चाहिए॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अष्टकर्मदहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
फल शुभाशुभ राग के सब, कटुक एवं त्याज्य हैं।
मधुर फल वैराग्य है जो, ज्ञानियों को प्राप्य है॥
सब ज्ञानियों का भोज्य है प्रिय, आत्मज्ञान विराग फल।
अज्ञानी सब निशदिन भखें शुभ-अशुभ भाव विभाव मल॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
जल फलादिक द्रव्य सब परद्रव्य एवं हेय हैं।
हेय भी क्या वस्तुतः तो, ज्ञानियों के ज्ञेय हैं॥
इनसे नहीं है लाभ किंचित्, इन सभी को भूलिए।
अन-अर्घ्य निज चैतन्य निधि है नित्य उसमें झूलिए॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा। (पंचकल्याणक)
गर्भ तो दुखरूप ही होता प्रभो
अर्घ्य क्यों उसको चढ़ाऊँ हे प्रभो।
किन्तु कल्याणक बनाया आपने
द्वितीय कृष्ण वैशाख प्रभुजी आपने॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय वैशाखकृष्णद्वितीयायां गर्भकल्याणकप्राप्ताय अर्घ्यं निर्वपामीति
स्वाहा।
जन्म तो संसार में सब ले रहे।
किन्तु जन्मों से रहित नहीं हो रहे॥
आपका तो जन्म कल्याणक हुआ।
पौष कृष्ण एकादशी के शुभ दिन हुआ॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय पौषकृष्णैकादश्यां जन्मकल्याणकप्राप्ताय अर्घ्यं निर्वपामीति
स्वाहा।
दुःखरूप आरम्भ परिग्रह त्यागकर
बने मुनि प्रभु यथाजात गुण धार कर।
पौष कृष्ण एकादशी पावन हो गई
हम सबको भी मुक्ति राह दिखला गई॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय पौषकृष्णैकादश्यां तपकल्याणकप्राप्ताय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा
निज आतम में लीन हुये ऐसे प्रभो
उपजा केवलज्ञान सहज ही हे प्रभो।
चैत्र चतुर्थी कृष्ण पक्ष की थी प्रभो
वीतराग सर्वज्ञ रूप पाया अहो॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय चैत्रकृष्णचतुर्थ्यां ज्ञानकल्याणकप्राप्ताय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा
घाति अघाति कर्म सभी अब नश गये
सम्यक्त्वादिक सभी आत्मगुण खिल गये।
श्रावण शुक्ला सप्तमि शुभ तिथि आ गई
अनंत काल को मुक्ति लक्ष्मी मिल गई॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय श्रावणशुक्लासप्तम्यां मोक्षकल्याणकप्राप्ताय अर्घ्यं निर्वपामीति
स्वाहा।
जयमाला
( दोहा )
पार्श्वनाथ जिनराज की, महिमा अपरम्पार।
जो सम्यक् समझे उसे, उसका बेड़ा पार॥ (पद्धरि)
पार्श्वनाथ के पार्श्व में आओ। कमठ वृत्ति सब दूर भगाओ॥
सप्त व्यसन को छोड़ो भाई। अष्ट मूलगुण धारो भाई॥
सप्त तत्त्व को जानो भाई। नव पदार्थ पहचानो भाई।
षट् द्रव्यों को जानो भाई। पंच अस्तिकाया है भाई॥
क्रोधादिक कषाय चउ तजिए। पांचों पाप भाव परिहरिए॥
षट् आवश्यक पालन करिये। जिनपूजा गुरुसेवा धरिए॥
पंच अंग स्वाध्याय करीजे। द्वादश विध संयम आदरिए॥
द्वादश विध तप अमृत समझो। चार दान की महिमा समझो॥
सम्यग्दर्शन रत्न गहीजे। अष्ट अंग के संग गहीजे॥
सम्यग्ज्ञान पंचविध लहिए। तेरह सम्यक् चारित धरिए॥
ये सब पार्श्वनाथ ने गाया। उनका सबको ज्ञान कराया॥
ज्ञानिजनों ने वह अपनाया। मोक्ष सहज जीवन में आया॥
पार्श्वनाथ उपदेश को, लिया हृदय में धार॥
दुःख मिटा आनन्द मिला, वन्दन बारम्बार॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
सब जीव नित धारण करें, समता के इस आनन्द को।
नहीं दुखी कोई हो कभी, तज दे सभी क्रोधादि को॥
जगत मंगलरूप ही है, नहीं दुःख की बात कुछ।
ज्ञाता रहो दृष्टा रहो बस, राग-द्वेष करो न कुछ॥
इत्याशीर्वादः। पुष्पांजलिं क्षिपेत्।
मूल दस्तावेज़ (PDF):
- Shri_Parshvanath_Puja_Dr_Veersagar_Jain.pdf (0.1 MB, 4 पृष्ठ)
स्रोत: Jain Granth E Library (Telegram), t.me/jainegranth/50823।