श्री पार्श्वनाथ जिन पूजन
रचयिता: राजेश कासलीवाल, उज्जैन
पूर्ण पाठ नीचे दिया है, मूल PDF (6 पृष्ठ) सबसे नीचे संलग्न।
॥श्री पार्श्वनाथ जिन पूजन॥
रचियता - राजेश कासलीवाल, उज्जैन
(स्थापना)
(छंद - रोला)
सम्यक् रत्नत्रय धर भायी षोडश भावन।
सर्व हितंकर पाया पद तीर्थंकर पावन॥
धर्म देशना धर्म चक्र का किया प्रवर्तन।
हुआ अहो जयवंत जगत में श्री जिन शासन॥
(दोहा)
हृदय कमल पर आ तिष्ठो, पार्श्वनाथ जिनराज।
अष्टद्रव्य मय अर्घ्य ले, आया पूजन काज॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेंद्र! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याहनाननम्।
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेंद्र! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेंद्र! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम् परि पुष्पांजलि क्षिपेत।
(छंद मोतियादाम)
सभी मल नाश परिणति के, किये दुख अंत चहुंगति के।
हुए परिशुद्ध अहो तुम देव, करूँ अतएव चरण की सेव॥
मिटे मम जन्म-मरण दुख नाथ, अनादि काल भ्रमण की गाथ।
जिनेश्वर पार्श्व करूँ गुणगान, चलूं तुम मार्ग लहूं शिवथान॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
निजातम भाव मलय की छांह, किया विभु नाश भवार्णव दाह।
क्षमा के पुंज प्रभु हो आप, कषायिक भाव मुझे संताप॥
हरो भवताप शरण हूँ नाथ, करूँ अरदास मलय ले हाथ।
जिनेश्वर पार्श्व करूँ गुणगान, चलूं तुम मार्ग लहूं शिवथान॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय भवातापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।
क्षणिक यह देह क्षणिक संयोग, क्षणिक परभाव अथिर उपयोग।
तजे तुम देव विनश्वर भाव, धरा थिर योग निजात्म स्वभाव॥
अखंडित भाव अखय तुमसा, मिले जिनदेव विभाव नसा।
जिनेश्वर पार्श्व करूँ गुणगान, चलूं तुम मार्ग लहूं शिवथान॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय-अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।
पर का लक्ष्य वैभाविक काम, व्यभिचारी यही परिणाम।
महा दुख क्लेश सदा परमेश, अनादिकाल नही सुख लेश॥
प्रभुवर आप विजेता काम, चरण में पुष्प करो निष्काम।
जिनेश्वर पार्श्व करूँ गुणगान, चलूं तुम मार्ग लहूं शिवथान॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
प्रभु तुम पूर्ण प्रभु मैं पूर्ण, प्रभु तुम तृप्त हूँ तृष्णापूर्ण।
क्षुधा का रोग नही परभोग, मिले संयोग सभी सवियोग॥
सदा परचाह सदा परआश, विभो अविनाश करो यह नाश।
जिनेश्वर पार्श्व करूँ गुणगान, चलूं तुम मार्ग लहूं शिवथान॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
सकल जग ज्ञेय प्रभु तुम ज्ञान, रहो निजमाहि निजानन्द पान।
नही तुम ज्ञान नही निज भान, रहा वश मोह महा अज्ञान॥
करो तम नाश करो भ्रम नाश, अहो सुखराश निजात्म प्रकाश।
जिनेश्वर पार्श्व करूँ गुणगान, चलूं तुम मार्ग लहूं शिवथान॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
पराश्रित भाव विभाव विकार, किये बहु दोष निजात्म बिसार।
तुम्हे लख शुद्ध अदोष अबंध, लगी प्रिय चित्त चिदातम गंध॥
अतः ले गंध चरण तुम सेव, हरो सब दोष वरो गुण देव।
जिनेश्वर पार्श्व करूँ गुणगान, चलूं तुम मार्ग लहूं शिवथान॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय-अष्टकर्मदहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
निजातम साध किया सुख सिद्ध, लिया फल मोक्ष महान प्रसिद्ध।
तुम्हे आदर्श बना निजलीन, तजूं सब यत्न किये फलहीन॥
जजूं मैं देव लिये फल हाथ, सही पुरुषार्थ सफल हो नाथ।
जिनेश्वर पार्श्व करूँ गुणगान, चलूं तुम मार्ग लहूं शिवथान॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
मिटे दुख जन्म-मरण भवताप, मिले पद अक्षय क्षय-रतिपाप।
न हो परचाह अज्ञान अंधेर, न कर्म विकार रहे प्रभु घेर॥
मिले फल मोक्ष निजातम साध, अतः ले अर्घ्य करें आराध।
जिनेश्वर पार्श्व करूँ गुणगान, चलूं तुम मार्ग लहूं शिवथान॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय-अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
पंचकल्याणक अर्घ्य
(छंद धत्तानंद)
तीर्थंकर वंदें नित अभिनंदें, पद अरविंदे शीश धरें।
पांचों कल्याणक समकित दायक, मोद बधायक भक्ति करें॥
पुष्पांजलि क्षिपेत्।
(छंद वसंततिलका)
वैशाख कृष्ण द्वितीया उर-मात आए।
वामा लखे सुपन षोडश हर्ष पाए॥
बरसे अपार शुभ रत्न नगर बनारस।
हरसे अपार नर-नार सुगर्भ पारस॥
ॐ ह्रीं वैशाखकृष्णद्वितीयायां गर्भकल्याणप्राप्ताय श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
तिहुंलोक शांत क्षण को जब पार्श्व जन्मे।
एकादशी सुकल पौष महा दिवस में॥
गिरि मेरु लाय सुरनाथ नव्हन कराया।
बहु हर्ष सर्व जग में नही था समाया॥
ॐ ह्रीं पौषकृष्णैकादश्यां जन्ममंगलमंडिताय श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
बिन ब्याह यौवन चले वनवास लेने।
वनवास क्या निज चिदानंद वास लेने॥
अनुमोद ब्रह्म ऋषि द्वादश भावना से।
तिथि हो भले वह जनम की, राग नासे॥
ॐ ह्रीं पौषकृष्णैकादश्यां तपोमंगलमंडिताय श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
तिथि चार चैत वदि घाति कर्म नाशे।
निजात्मलीन रह सर्व जगत्प्रकाशे॥
विराज द्वादश सभा मधि तत्त्ववर्षा।
गति तीन भव्य सुन अंतर भाव हर्षा॥
ॐ ह्रीं चैत्रकृष्णचतुर्थ्यां केवलज्ञानप्राप्ताय श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
संसार देह सब संग संयोग तजकर।
सम्मेद के सिखर स्वर्ण से सप्त उपर॥
सित सात सावन स्वाभाविक सिद्ध स्वामी।
सदा सुखी सुफल सादि-नंत नामी॥
ॐ ह्रीं श्रावणशुक्लसप्तम्यां मोक्षमंगलप्राप्ताय श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
(दोहा)
वंदन श्री पारस प्रभु, चरण-कमल नत भाल।
भाव भक्ति हृदय धरुं, गाऊं गुण मणिमाल॥
(छंद त्रोटक)
जय पार्श्व प्रभु विभु आनंदमय, जय वीतराग सुख ज्ञान निलय।
जय मोह महारिपु नाश किया, जय अन्तर भेद प्रकाश किया॥
जय शुद्धातम नित ध्यान धरो, जय निज आनन्द रस पान करो।
जय ज्ञान अनन्त विशाल धरो, तिहुंलोक अलोक प्रकाश करो॥
अरि काम कषाय हुए जितने, अरि सर्व विकार हने तुमने।
ना एक विभाव क्षमा कीना, पर नाम क्षमामूरत लीना॥
धरि कमठ बैर भव-भव अपार, तुम क्षमा भाव धर बार-बार।
भव-भव उपसर्ग अपार सहे, भव-भव में समता चित्त लहे॥
शठ कमठ बहु बल धारी था, भव-भव में अत्याचारी था।
तुम क्षमाशील थे शांतभाव, सब गौण करे रे बैरभाव॥
बल देह, देह ना अपनी थी, छल माया, माया दुख करनी थी।
पर क्षमा आत्मबल सबल रहे, छल-क्रोध-बैर को प्रबल दहे॥
तुम तीर्थ हुए वह कुतप ताप, तुम गृह में धर्मी वह तपित पाप।
तुम सवंरमय मुनि धर्म लिए, वह संवर हो बहु कोप किए॥
तुम निर्जर झड़ झड़ कर्म झड़े, बरसाए प्रस्तर बड़े बड़े।
तुम ध्यान वन्हि में दोष दहे, वह शोले बन, बन नीर बहे॥
बहु वात करे वह घात करे, तुम कर्म घातिया घात अरे।
अरहंत हुए भगवंत हुए, गुणवंत हुए सुखनंत हुए॥
यों क्षमा विजेता क्रोध हार, थर-थर कंपित कर विनयचार।
प्रभु क्षमा करो प्रभु शरण गहो, पश्चातापित हूँ चरण लहो॥
प्रभु दिव्य ध्वनि में कहे देव, तज क्रोध बैर दुखकर कुटेव।
है क्षमा आत्म का परम धर्म, हो क्षमाभाव से नष्ट कर्म॥
कर नष्ट सभी रज योग प्रभु, तज तन अंतिम संयोग विभु।
स्वर्णाभ धरा से शिखर लोक, रे आत्मशिखर सर्वान्त लोक॥
(छंद धत्तानंद)
तीर्थंकर प्रभुवर हितकर दुखहर, भवतर शिवकर सुहित विभो।
तुमको नित ध्यावें तुम गुण गावें, शिवसुख पावें शीघ्र प्रभो॥
ॐ ह्रीं श्रीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय-अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
(दोहा)
विधि संकट हर पार्श्व प्रभु, विधि कही शिवराह।
धरुं क्षमा उर मुक्ति लहूं, और न किंचित् चाह॥
पुष्पांजलि क्षिपेत्।
मूल दस्तावेज़ (PDF):
- Shri_Parshvanath_Jin_Pujan_Rajesh_Kasliwal.pdf (0.2 MB, 6 पृष्ठ)
स्रोत: Jain Granth E Library (Telegram), t.me/jainegranth/60228।