है परम सौभाग्य प्रभुवर! आज यह अवसर मिला।
आप से अनुभूति निज, पाने हृदय शतदल खिला॥
ध्यान पथ से हृदय मन्दिर, में बुलाता हूँ तुम्हें।
आओ विराजो सन्निकट कृतकृत्य अब करिये हमें॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः अत्र अवतर अवतर संवौषट् इति इत्याह्वाननम्।
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् इति सन्निधिकरणम्।
जन्म जरा-मृत्यु से पीड़ित, मैं अनादि से हूँ हे नाथ।
उन्हें जलांजलि अतः दे रहा, प्रभु मैं भाव भक्ति के साथ॥
मैंने शरण आपकी ली प्रभु, भव सागर से पार करो।
मुझे बचाओ पापों से, दुःख तापों से उद्धार करो॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
रोग शोक गुस्सा भय चिन्ता, आदि जलाते हैं भगवन्।
भवाताप मेरा मिट जाये, क्षेपण करता हूँ चन्दन॥ मैंने शरण.॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।
स्वपद भूलकर पद-पद पर, आपद आई हे शिवगामी।
भेंट कर रहा अक्षत प्रभु मैं, अक्षय पद पाऊँ स्वामी॥ मैंने शरण.॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।
काम वासना दुस्सह दुष्कर, विषधर से भी विषकारी।
पुष्प उवारूँ मिटे वेदना, मेरी ये कल्मषहारी॥ मैंने शरण.॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
क्षुधा ग्रसित प्राणी बन जाता, दीन हीन सा करुणामय।
मिटे विकार भयंकर ये, नैवेद्य चढ़ाता हूँ सविनय॥
मैंने शरण आपकी ली प्रभु, भव सागर से पार करो।
मुझे बचाओ पापों से, दुःख तापों से उद्धार करो॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
ज्ञान शून्य मोहान्धकार में भटक रहा हूँ दुख भर-भर।
दीप उजालूँ मैं प्रकाश पाने को, मोक्षमार्ग हितकर॥ मैंने शरण.॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
दुष्ट कर्म ये मुझे नचाते, चतुर्गति में तरसाकर।
उन्हें होमने धूप दाहता, श्री चरणों में सुख सागर॥ मैंने शरण.॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः अष्टकर्मदहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
लौकिक फल अब नहीं चाहिए, सफल हो गया दर्शनकर।
केवल मुक्ति फल पाने को, फल अर्पण है क्षेमंकर॥ मैंने शरण.॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
उपादेय सब द्रव्य संजोकर, अर्घ उतार रहा प्रभुवर।
अनर्घ्य पद मैं भी पाऊँ, जो तुमने पाया है जिनवर॥ मैंने शरण.॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
हे प्रभुवर तेरी महान महिमा कैसे मैं गा सकता हूँ?
मन ही मन में सोच-सोच, आनन्द मगन हो जाता हूँ॥
पूजा तथा पूज्य का मैंने, तत्त्व नहीं अब तक जाना।
प्रभु के दर्शन से मैंने, अपना स्वरूप अब पहिचाना॥
कितने दुःख भोगे मैंने, यह सोच-सोच घबराता हूँ।
नहीं मिले भवत्रास मुझे, मैं सविनय शीश झुकाता हूँ॥
प्रभुवर इस दुनियाँ का चक्कर, कर विचार जी घबड़ाता।
कैसे इससे निकल सकूँ, यह नहीं समझ में है आता॥
इतनी मुझ में शक्ति नहीं मैं घर परिकर का त्याग करूँ।
सर्दी गर्मी भूख-प्यास सह, वनवासी होकर विचरूँ॥
ज्ञान-विराग न पास कहीं, कैसे व्यवहार क्लेश तजूँ।
निज-पर का करने अनर्थ क्यों, ढोंग कपट का भेष सजूँ॥
थिरता इतनी परिणामों में, नहीं कि अपना ज्ञान करूँ।
है विराग इतना न पास, कि अपने स्वरूप का ध्यान धरूँ॥
हे प्रभु! मैं तो केवल लेकर, भक्ति भावना आया हूँ।
पूजा का तो किया बहाना, चरण-शरण में आया हूँ॥
निर्बल तन है विनय क्रिया, विधि पूर्वक नहिं पल पाती है।
तथा समल होने से शुद्धि, विधि भी नहीं सध पाती है॥
मैंने जो-जो द्रव्य आपके, सम्मुख देव चढ़ाये हैं।
नहीं यथा विधि शुद्ध, काल्पनिक प्रायः सभी बनाये हैं॥
आठ द्रव्य ही फिर क्यों यों तो अनेक भेंटें हैं प्रभुवर।
किन्तु न तुमको आवश्यकता रही एक की भी जिनवर॥
भक्ति भाव जोड़ने को यह, मैंने उपक्रम ठाना है।
पाप मैल धोने को मैंने, यह सब किया बहाना है॥
मैं घरवासी मोह की फांसी, पाप भार नित ढोता हूँ।
लोक लाज व कमजोरी से क्या-क्या नहीं कर पाता हूँ॥
मैं कुसंग में पड़कर फिर, उसके रंग में रंग जाता हूँ।
झूठ साँच का भेद भूलकर, मैं विमूढ़ बन जाता हूँ॥
कर्म उदय के विकट थपेड़े, अब तो नहीं सहे जाते।
बड़ी बेवशी अनेक झंझट, आकर मन को दहलाते॥
हे प्रभु! यही कामना, जब तक घर में मेरा वास रहे।
तेरे चरणों की भक्ति बस, सदा हमारे साथ रहे॥
नहीं चाहिए देव इन्द्र पद, अब भोगों की चाह नहीं।
नहीं चाहिए चक्रवर्ती पद, अब प्रभुता की दाह नहीं॥
नहीं चाहिए पुण्य कि जिससे, बढ़ता अब संसार रहे।
नहीं चाहिए पाप कि जिससे, दूर मुक्ति का द्वार रहे॥
यही चाह है तव भक्ति से, स्वपर भेद का ज्ञान करूँ।
यही चाह है निज शक्ति से, चिद् स्वरूप का ध्यान करूँ॥
बचूँ पाप से विषय कषायों में, न अधिक अब भरमाऊँ।
समरस पी समता धारूँ प्रभुवर मैं सच्चा सुख पाऊँ॥
देव प्रार्थना है मेरी, कल्याण मार्ग पर आ जाऊँ।
पर परिणति से बचकर मैं अब अपने पद को पा जाऊँ॥
हे प्रभु तेरे चरणों को मैं बार-बार सिर नाता हूँ।
जिनकी छाया में अपूर्व अपनेपन का सुख पाता हूँ॥
ॐ ह्रीं श्री परमात्मने नमः अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
हे प्रभु रक्षा कीजिए, भव से हो उद्धार।
मुझ दुखियारे ‘इन्दु’ का कीजे बेड़ा पार॥
(पुष्पांजलिं क्षिपामि)
स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ ८५ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)