श्री पंचमहाव्रतधारक मुनिराज पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Panchmahavratdharak Muniraj Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( चौपई वीर )
पंचमहाव्रत की पूजनकर पंचमहाव्रत धारूँ देव।
हिंसा झूठ कुशील परिग्रह चोरी पाप तजूँ स्वयमेव॥
धर्म अहिंसा सत्य अचौर्य अरु ब्रह्मचर्य अपरिग्रह धार।
ये ही पाँचों पूर्ण महाव्रत ले जाते भवसागर पार॥
पाँचों पापों से निवृत्ति ही व्रत कहलाता है उत्तम।
एकदेशअणुव्रत संयम अरु सर्वदेश है सर्वोत्तम॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराज अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराज अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराज अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( चौपई वीर )
जल एकत्वभाव उर लाय। जन्म-जरा-मृत्यु रोग नशाय।
परमगुरु हो जय जय नाथ परम गुरु हो॥
पंचमहाव्रत भवदुःखहार। शिवसुखदाता अपरम्पार।
महासुख हो पूजे नाथ महासुख हो॥१॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराजाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

साम्यभाव चंदन उर लाय। भवज्वर पीड़ा त्वरित नशाय।
परमगुरु हो जय जय नाथ परम गुरु हो॥
पंचमहाव्रत भवदुःखहार। शिवसुखदाता अपरम्पार।
महासुख हो पूजे नाथ महासुख हो॥२॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराजाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

समभावी अक्षत गुण रूप। पाऊँ अक्षयपद चिद्रूप।
परमगुरु हो जय जय नाथ परम गुरु हो॥
पंचमहाव्रत भवदुःखहार। शिवसुखदाता अपरम्पार।
महासुख हो पूजे नाथ महासुख हो॥३॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराजाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

समभावी ध्रुवपुष्प महान। कामभाव करते अवसान।
परमगुरु हो जय जय नाथ परम गुरु हो॥
पंचमहाव्रत भवदुःखहार। शिवसुखदाता अपरम्पार।
महासुख हो पूजे नाथ महासुख हो॥४॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराजाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

अनुभवरस निर्मित चरु श्रेष्ठ। हरते क्षुधामयी दुःख नेष्ठ।
परमगुरु हो जय जय नाथ परम गुरु हो॥
पंचमहाव्रत भवदुःखहार। शिवसुखदाता अपरम्पार।
महासुख हो पूजे नाथ महासुख हो॥५॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराजाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

सम्यग्ज्ञानदीप उर लाय। मोहतिमिर मिथ्यात्व नशाय।
परमगुरु हो जय जय नाथ परम गुरु हो॥
पंचमहाव्रत भवदुःखहार। शिवसुखदाता अपरम्पार।
महासुख हो पूजे नाथ महासुख हो॥६॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराजाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

शुक्लध्यानमय धूप महान। करती अष्टकर्म अवसान।
परमगुरु हो जय जय नाथ परम गुरु हो॥
पंचमहाव्रत भवदुःखहार। शिवसुखदाता अपरम्पार।
महासुख हो पूजे नाथ महासुख हो॥७॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराजाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

यथाख्यात तरुवर फल श्रेष्ठ। पूर्ण मोक्षफलदाता ज्येष्ठ।
परमगुरु हो जय जय नाथ परम गुरु हो॥
पंचमहाव्रत भवदुःखहार। शिवसुखदाता अपरम्पार।
महासुख हो पूजे नाथ महासुख हो॥८॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराजाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

घाति-अघाति विनाशक अर्घ्य। तत्क्षण देते स्वपद अनर्घ्य।
परमगुरु हो जय जय नाथ परम गुरु हो॥
पंचमहाव्रत भवदुःखहार। शिवसुखदाता अपरम्पार।
महासुख हो पूजे नाथ महासुख हो॥९॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महार्घ्य

( विजात )
विभावभावों से बच के रहना यही डुबाते हैं आत्मा को।
विकार सारे हैं मूल दुःख के सदा भ्रमाते निजात्मा को॥१॥

जी ऊब जाता है पाप से तो ये जीव पुण्यों के भाव करता।
स्वयं को विस्मृत सदा ही करता न मोह-मिथ्यात्व शल्य हरता॥२॥

सातों रंगों में उत्तम ज्यों श्वेतरंग अतिउज्ज्वल।
त्यों सप्ततत्त्व में उज्ज्वल शुद्धात्मतत्त्व है निर्मल॥३॥

यह रंग अरूपी अनुपम ज्ञायकस्वभाव का पावन।
जो मोक्षस्वरूप त्रिकाली ध्रुवधामी है मनभावन॥४॥

जो इसे निरखता रुचि से अमरत्व अमित पाता है।
जो इसे परखता शिवमय सिद्धत्व वही लाता है॥५॥

यह निज अनुभव से मिलता निरपेक्ष पूर्ण असहायी।
यह सादि अनंतानंतों कालों तक ध्रुवरस पायी॥६॥

इसको जो वंदन करता वह त्रिभुवनपति बन जाता।
इन्द्रादिक सुरनर मुनियों का नमस्कार नित पाता॥७॥

ज्ञायकस्वभाव जब जगता मिथ्यात्व मोह भगता है।
रागादिभाव भी इसको फिर कभी नहीं ठगता है॥८॥

आनन्दामृत की धारा बहती इसके अंतर में।
यह निजानंद रसलीनी आनंदित स्वभ्यंतर में॥९॥

यह ज्ञायक मैं ही तो हूँ टंकोत्कीर्ण ध्रुवचिन्मय।
सौभाग्य जगा है मेरा पाया है इसका परिचय॥१०॥

अब द्वैत नहीं है कोई अद्वैत हो गया हूँ मैं।
तज अप्रतिबुद्धदशा को प्रतिबुद्ध हो गया हूँ मैं॥११॥

अब त्रिलोकाग्र के ऊपर निश्चित निवास मेरा है।
संयमरथ पर आरूढ़ित दशदिशि प्रकाश मेरा है॥१२॥

अब क्या लेना-देना है सिद्धों से यह बात बताओ।
मैं स्वयं सिद्ध हूँ शाश्वत त्रैकालिक ध्रुवगुण गाओ॥१३॥

ॐ ह्रीं श्री पंचमहाव्रतधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )
पंचमहाव्रत की पूजनकर व्रतधारण का जागा भाव।
आप कृपा से नाश करूँ मैं पाँचों प्रत्यय के परभाव॥
रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥

पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्
卐


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ७३ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 2 (मुनिराज पूजन एवं महाजयमाला) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 2 (Muniraj Pujan evam Mahajaymala))