श्री पंच तीर्थंकर पूजन | Shri Panch Tirthankar Pujan

(छन्द-रोला)
तीर्थराज सम्मेदशिखर वंदन को आया।
पंच प्रभु का दर्श तलहटी में ही पाया॥
चन्द्र, शान्ति, श्री पार्श्व, वीर, सीमंधर स्वामी।
सहज विराजो मम अंतर में त्रिभुवननामी॥

ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याह्वाननम्।
ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम्।

(छन्द-ताटंक)
मिथ्यामल धोने को प्रभु, सम्यक् जल पाने आया हूँ।
हे देव चढ़ाकर प्रासुक जल, मन ही मन अति हर्षाया हूँ॥
श्री चन्द्रप्रभो, श्री शान्तिनाथ, श्री पार्श्व जिनेश्वर मंगलमय।
श्री महावीर, श्री सीमंधर, पूजूँ सम्मेदशिखर चिन्मय॥
ॐ ह्रीं श्रीचन्द्रप्रभ, शान्तिनाथ, पार्श्वनाथ, वीरनाथ, सीमंधर स्वामी पंचतीर्थंकर समूह जन्म जरा मृत्यु विनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

ये क्रोध महा संताप करे, ज्यों प्रभुवर आप नशाया है।
पाने को उत्तम क्षमा भाव, चन्दन जिनदेव चढ़ाया है॥ श्री चन्द्रप्रभो.॥
ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।

दुर्मान नाशने हे स्वामिन्, उत्तम मार्दव पाने आया।
शुभ अक्षत से पूजा करते, अक्षय पद लखकर हर्षाया॥ श्री चन्द्रप्रभो.॥
ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

विषयों की चाह मिटाने को, जिन चरण शरण में हूँ आया।
प्रासुक पुष्पों से पूजा करते, परम ब्रह्म प्रभु दर्शाया॥ श्री चन्द्रप्रभो.॥
ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

मैं क्षुधा विनाशक संतोषामृत पाने, जिनवर आया हूँ।
नैवेद्य असार चढ़ाकर प्रभुवर, तृप्ति लखकर हर्षाया हूँ॥
श्री चन्द्रप्रभो, श्री शान्तिनाथ, श्री पार्श्व जिनेश्वर मंगलमय।
श्री महावीर, श्री सीमंधर, पूजूँ सम्मेदशिखर चिन्मय॥
ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

मोह विनाशक स्व-पर प्रकाशक, आत्मज्ञान पाने आया।
प्रभो! दीप से पूजा करते, चित्स्वरूप लख हर्षाया॥ श्री चन्द्रप्रभो.॥
ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

तप की शोधक अग्नि जले, ऐसी विधि पाने आया हूँ।
प्रभु पूजा कर निष्कर्म दशा, प्रगटाने को ललचाया हूँ॥ श्री चन्द्रप्रभो.॥
ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह अष्टकर्मदहनाय धूपं निर्व. स्वाहा।

चारों गतियाँ दुख रूप समझ, मुक्ति पद पाने हूँ आया।
प्रासुक फल से पूजा करते, रत्नत्रय फल पा हर्षाया॥ श्री चन्द्रप्रभो.॥
ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

अनुपम अनर्घ्य प्रभुता प्रभु सम, पाने का भाव जगाया है।
प्रभु सम ही स्थिरता पाऊँ, मैं सविनय अर्घ्य चढ़ाया है॥ श्री चन्द्रप्रभो.॥
ॐ ह्रीं श्री पंचतीर्थंकर समूह अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला
(छन्द-सोरठा)
जग कल्याण निमित्त, आप परम कल्याणमय।
जयमाला सुखकार, गाऊँ सहजानन्दमय॥

(तर्ज : प्रभु पतित पावन…)
हे परम ज्ञायक ज्ञान क्षायिक, प्रगट परमानन्दमय।
युगपद सु लोकालोक भासे, तदपि प्रभु शुद्धात्ममय॥1॥

संतुष्ट निज में ही रहें, प्रभु तृप्त निज में ही रहें।
प्रभु वीतरागी दिव्यध्वनि से, मुक्ति का मारग कहें॥2॥

प्रभु शांत जिनमुद्रा निरखते, चित्त सहजहिं शांत हो।
प्रगटे सु भेदविज्ञान अन्तर, परिणति विश्रान्त हो॥3॥

अशरण जगत में हे जिनेश्वर! आप ही साँचे शरण।
रत्नत्रयमय धर्म ही, दीखे विभो तारण-तरण॥4॥

भवताप हारक मुक्ति दायक, चन्द्रप्रभु की भक्ति से।
मैं भी आराधूँ आत्मा निज, सहज अन्तर्दृष्टि से॥5॥

हे शान्ति जिनवर आप सम ही, शांति निज में ही लहूँ।
निर्भ्रान्त होकर भोग अरु वैभव जगत का नहीं चहूँ॥6॥

हे पार्श्व प्रभु! तव पार्श्व में, मैं भी विराजूँ सिद्ध हो।
निज में ही होवे मग्नता, ध्रुव भाव सहज प्रसिद्ध हो॥7॥

प्रभु वीर मैं भी वीर हो, मोहादि पर पाऊँ विजय।
निर्मुक्त जीवन आप सम पाऊँ परम आनन्दमय॥8॥

अहो सीमंधर विदेही नाथ! भक्ति हो सफल।
सहज सीमा में रहूँ, दुष्कर्म सब होवें विफल॥9॥

शाश्वत परम निर्वाण भूमि, भक्ति से वंदन करूँ।
निष्काम हो, निर्ग्रन्थ हो, मैं शीघ्र भवसागर तिरूँ॥10॥

(छन्द-पद्धरि)
जय-जय अनंत भगवन्त सिद्ध,
निज आतम प्रभुता कर प्रसिद्ध।
लोकाग्र शिखर पर मैं निहार,
वंदूँ प्रभु अन्तर्दृष्टि धार॥
ॐ ह्रीं श्री चन्द्रप्रभ, शान्तिनाथ, पार्श्वनाथ, वीरनाथ, सीमंधर स्वामी पंच तीर्थंकर समूह अनर्घ्यपद प्राप्तये जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

(दोहा)
भाव सहित पूजा करें, सर्व क्लेश विनशाय।
जग में नित जयवंत हो, जिनशासन सुखदाय॥
(पुष्पांजलिं क्षिपामि)


स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ २७० (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)