श्री निर्वाण क्षेत्र पूजन (कवि राजमल पवैया) | Shri Nirvan Kshetra Pujan (Rajmal Pavaiya)

श्री निर्वाण क्षेत्र पूजन

अष्टापद कैलाश श्री सम्मेदाचल चम्पापुर धाम।
उर्ज्जयंत गिरनार शिखर पावापुर सबको करूँ प्रणाम॥
ऋषभादिक चौबीस जिनेश्वर मुक्ति वधु के कंत हुए।
पंच तीर्थों से तीर्थंकर परम सिद्ध भगवन्त हुए॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाण क्षेत्राणि! अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाण क्षेत्राणि! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाण क्षेत्राणि! अत्र मम् सन्निहितो भव भव वषट्।

जन्म मरण से व्यथित हुआ हूँ भव अनादि से दुखपाया।
परम पारिणामिक स्वभाव का निर्मल जल पाने आया॥
अष्टापद सम्मेद शिखर, चम्पापुर, पावापुर, गिरनार।
चौबीसों तीर्थंकर की निर्वाण भूमि वन्दू सुखकार॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाणक्षेत्रेभ्यो जन्म-जरा-मृत्यु विनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

भव आतप से दग्ध हुआ मैं प्रतिपल दुःख अनन्त पाया।
परम पारिणामिक स्वभाव का निज चंदन पाने आया॥अष्टा.॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाणक्षेत्रेभ्यो संसार ताप विनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

भव समुद्र में चहुँगति की भंवरों में डूबा उतराया।
परम पारिणामिक स्वभाव से अक्षयपद पाने आया॥अष्टा.॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाणक्षेत्रेभ्यो अक्षयपद प्राप्तये अक्षतं निर्वपामीति स्वाहा।

कामभोग बंधन में पड़कर शील स्वभाव नहीं पाया।
परम पारिणामिक स्वभाव के सहज पुष्प पाने आया॥अष्टा.॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाणक्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

तृष्णा की ज्वाला में जल जल तृप्त नहीं में हो पाया।
परम पारिणामिक स्वभाव के शुचिमय चरु पाने आया॥अष्टा.॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाणक्षेत्रेभ्यो क्षुधारोग विनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

सम्यक्ज्ञान बिना प्रभु अब तक निज स्वरूप ना लख पाया।
परम पारिणामिक स्वभाव की दीप ज्योति पाने आया॥
अष्टापद सम्मेद शिखर, चम्पापुर, पावापुर, गिरनार।
चौबीसों तीर्थंकर की निर्वाण भूमि वन्दू सुखकार॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाणक्षेत्रेभ्यो मोहान्धकार विनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

अष्टकर्म की क्रूर प्रकृतियों में ही निज को उलझाया।
परम पारिणामिक स्वभाव की सजल धूप पाने आया॥अष्टा.॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाणक्षेत्रेभ्यो अष्टकर्म दहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

मोक्ष प्राप्ति के बिना आज तक सुख का एक न कण पाया।
परम पारिणामिक स्वभाव के शिवमय फल पाने आया॥अष्टा.॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाणक्षेत्रेभ्यो मोक्षफल प्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

शुद्ध त्रिकाली अपना ज्ञायक आत्म स्वभाव न दर्शाया।
परम पारिणामिक स्वभाव से पद अनर्घ पाने आया॥अष्टा.॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाणक्षेत्रेभ्यो अनर्घ पद प्राप्तये अर्घ्य निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

श्रीचौबीस जिनेश को वन्दन करूँ त्रिकाल।
तीर्थंकर निर्वांण भू हरे कर्म जंजाल॥
अष्टापद कैलाश आदि प्रभु ऋषभ देव पद करूँ प्रणाम।
चम्पापुर में वासु पूज्य जिनवर के पद बन्दूँ अभिराम॥

उर्ज्जयन्त गिरनार शिखर पर नेमिनाथ पद में वन्दन।
पावापुर में वर्द्धमान प्रभु के चरणों को करूँ नमन॥
बीस तीर्थंकर सम्मेदाचल के पर्वत पर वन्दूँ।
बीस टोंक पर बीस जिनेश्वर सिद्ध भूमि को अभिनन्दूँ॥

कूटसिद्धवर अजितनाथ के चरण कमल को नमन करूँ।
धवलकूट पर सम्भवजिन पद पूजूँ निज का मनन करूँ॥
मैं आनन्दकूट पर अभिनन्दन स्वामी को करूँ नमन।
अविचलकूट सुमति जिनवर के पद कमलों में हे वन्दन॥

मोहनकूट पदम प्रभु के चरणों में सादर करूँ नमन।
कूट प्रभास सुपार्श्वनाथ प्रभु के मैं पूजूँ भव्य चरण॥
ललितकूट पर चन्दा प्रभु को भाव सहित सादर वन्दूँ।
सुप्रभकूट सुविधि जिनवर श्री पुष्पदन्त पद अभिनन्दूँ॥

विद्युतकूट श्री शीतल जिनवर के चरण कमल पावन।
संकुल कूट चरण श्रेयान्सनाथ के पूजूँ मन भावन॥
श्री सुवीरकुल कूट भाव से विमलनाथ के पद बन्दूँ।
चरण अनन्तनाथ स्वामी के कूट स्वयं भू पर बन्दूँ॥

कूट सुदत्त पूजता हूँ मैं धर्मनाथ के चरण कमल।
नमूँ कुन्दप्रभ कूट मनोहर शान्तिनाथ के चरण विमल॥
कुन्थुनाथ स्वामी को वन्दूँ कूट ज्ञानधर भव्य महान्।
नाटक कूट श्री अरनाथ जिनेश्वर पद का ध्याऊँ ध्यान॥

संबलकूट मल्लि जिनवर के चरणों की महिमा गाऊँ।
निर्जरकूट श्री मुनिसुव्रत चरण पूजकर हर्षाऊँ॥
कूट मित्रधर श्री नमीनाथ तीर्थकर पद करूँ प्रणाम।
स्वर्णभद्र श्री पार्श्वनाथ प्रभु को नित वन्दूँ आठों याम॥

तीर्थंकर निर्वाण भूमियाँ तीर्थ क्षेत्र कहलाती हैं।
मुनियों की निर्वाण भूमियाँ सिद्ध क्षेत्र कहलाती हैं॥
गर्भ जन्म तप ज्ञान भूमियाँ अतिशय क्षेत्र कहलाती है।
इन सब तीर्थों की यात्रा से उर पवित्रता आती है॥

अपना शुद्ध स्वभाव लक्ष्य में लेकर जो निज ध्यान धरूँ।
सादि अनन्त समाधि प्राप्त कर परम मोक्ष निर्वाण वरूँ॥

ॐ ह्रीं श्री तीर्थंकर निर्वाणक्षेत्रेभ्यो पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

सिद्ध भूमि जिनराज की महिमा अगम अपार।
निज स्वभाव को साधते वे होते भव पार॥

इत्याशीर्वादः


Artist: कवि राजमल जी पवैया
स्रोत: करलो जिनवर की पूजन (पंडित सदासुख ग्रन्थमाला, अजमेर), पृष्ठ २८९ से २९२