श्री निःशंकित अंग पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Nihshankit Ang Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( दोहा )

यह निःशंकित अंग ही, है समकित का मूल।
भावसहित पूजन करूँ, हो निज के अनुकूल॥

( वीर )

आत्मस्वभाव मोक्ष का कारण यह निःशंक श्रद्धा उर धार।
यही मूल है आत्मधर्म का ये ही ले जाता भवपार॥
सकल कुशंकाओं से विरहित है निःशंकित अंग महान।
स्वपरविवेकपूर्वक मैं भी करूँ आत्मा का श्रद्धान॥

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य निःशंकितांग अत्र अवतर अवतर संवौषट्।

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य निःशंकितांग अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य निःशंकितांग अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( ताटंक )

निःशंकितजल की पा धारा। जन्मादिरोग नाशूँ सारा॥
सम्यग्दर्शन उर में लाऊँ। आनंद अतीन्द्रिय प्रभु पाऊँ॥१॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

निःशंकितचंदनतिलक लगा। संसारताप दूँ दूर भगा॥
सम्यग्दर्शन उर में लाऊँ। आनंद अतीन्द्रिय प्रभु पाऊँ॥२॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

निःशंकितअक्षतशालि मिलें। अन्तर्मन केनिजकमल खिलें॥
सम्यग्दर्शन उर में लाऊँ। आनंद अतीन्द्रिय प्रभु पाऊँ॥३॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

निःशंकितपुष्पसुगंध मिले। कामाग्नि नाश गुणशील झिले॥
सम्यग्दर्शन उर में लाऊँ। आनंद अतीन्द्रिय प्रभु पाऊँ॥४॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

निःशंकितसुचरु सरस लाऊँ। चिर क्षुधाव्याधि को विनशाऊँ॥
सम्यग्दर्शन उर में लाऊँ। आनंद अतीन्द्रिय प्रभु पाऊँ॥५॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

निःशंकितदीपप्रकाश करूँ। मिथ्यात्व मोहतम नाश करूँ॥
सम्यग्दर्शन उर में लाऊँ। आनंद अतीन्द्रिय प्रभु पाऊँ॥६॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

निःशंकितध्यान धूप लाऊँ। वसुकर्म नाश शिवपुर जाऊँ॥
सम्यग्दर्शन उर में लाऊँ। आनंद अतीन्द्रिय प्रभु पाऊँ॥७॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

निःशंकितनिजरुफल लाऊँ। ध्रुव श्रेष्ठ मोक्षफल प्रभु पाऊँ॥
सम्यग्दर्शन उर में लाऊँ। आनंद अतीन्द्रिय प्रभु पाऊँ॥८॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

निःशंकितअर्घ्य बनाऊँगा। पदवी अनर्घ्य प्रगटाऊँगा॥
सम्यग्दर्शन उर में लाऊँ। आनंद अतीन्द्रिय प्रभु पाऊँ॥९॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

卐 सात भय रहित सम्यग्दर्शन 卐

१. इहलोकभय रहित सम्यग्दर्शन

( गीतिका )

इह लोक भय से ग्रसित प्राणी दुःखी ही रहते सदा।
सतत आतंकित रहा करते जगत में सर्वदा॥
इहलोकभय को छोड़कर सम्यक्त्व का वैभव परख।
पूर्ण निर्भय बन सदा को शुद्ध आत्मस्वरूप लख॥

ॐ ह्रीं श्री इहलोकभयरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

२. परलोकभय रहित सम्यग्दर्शन

परलोकभय से जो ग्रसित हैं दुःखी रहते सर्वदा।
सतत भय से डरा करते ज्ञान निज हरते सदा॥
परलोकभय को छोड़कर सम्यक्त्व का वैभव परख।
तथा निर्भय बन सदा को शुद्ध आत्मा को निरख॥

ॐ ह्रीं श्री परलोकभयरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

३. मरणभय रहित सम्यग्दर्शन

मरणभय से जो ग्रसित हैं दुःखी है जीवन सदा।
मृत्यु से हैं सतत् आतंकित अरे वह सर्वदा॥
मरणभय को छोड़ दे बन जाएगा मृत्युंजयी।
शुद्ध निजवैभव निरख तू ज्ञान-दर्शनगुणमयी॥

ॐ ह्रीं श्री मरणभयरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

४. वेदनाभय रहित सम्यग्दर्शन

वेदनाभय सताता है तुझे मूरख सर्वदा।
सतत आतंकित हृदय है दुःखी है प्राणी सदा॥
वेदनाभय छोड़कर शुद्धात्म का वैभव परख।
सतत निर्भय बन सुचेतन निजस्वभाव सदा निरख॥

ॐ ह्रीं श्री वेदनाभयरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

५. अरक्षाभय रहित सम्यग्दर्शन

अरक्षाभय से ग्रसित है खोजता है अभयथल।
सतत आतंकित हृदय में नष्ट करता आत्मबल॥
अरक्षाभय त्यागकर तू प्राप्त समकित शुद्ध कर।
सतत निर्भय बन सदा को आत्मज्ञान विशुद्ध धर॥

ॐ ह्रीं श्री अरक्षा भयरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

६. अगुप्तिभय रहित सम्यग्दर्शन

ग्रसित मूढ़ अगुप्तिभय से गुप्त रहना चाहता।
ज्ञान की अवहेलना कर मुक्त होना चाहता॥
छोड़ सर्व अगुप्तिभय को पूर्ण श्रद्धा हृदय धार।
सतत् निर्भय बन सदा को प्राप्त कर ले सुख अपार॥

ॐ ह्रीं श्री अगुप्तिभयरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

७. अकस्मातभय रहित सम्यग्दर्शन

अकस्माती भय सताता सदा मिथ्यादृष्टि को।
अकस्माती भय न होता कभी सम्यग्दृष्टि को॥
अकस्मात महान भय तज प्राप्त कर आनंद अपार।
सतत निर्भय हो सदा को आत्मश्रद्धा हृदय धार॥

ॐ ह्रीं श्री अकस्मात भयरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( दोहा )

सात भयों को जीतकर, पाऊँ समकित शुद्ध।
सप्ततत्त्व श्रद्धान कर, पाऊँ ज्ञान विशुद्ध॥
पूर्ण अर्घ्य अर्पण करूँ, निर्भय होकर देव।
आप कृपा से हे प्रभो, पाऊँ सौख्य अमेव॥

ॐ ह्रीं श्री सप्तभयरहितसम्यग्दर्शनाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महार्घ्य

( वीर )

स्वपरज्ञानपति समदृष्टि ही होते हैं अत्यंत निःशंक।
इनको रंच नहीं लगती है संशयादि विभ्रम की पंक॥१॥
तत्त्वों में शंकादि दोष का अभाव ही निःशंकित अंग।
नहीं कभी अणुभर भय होता तब होता यह निर्मल अंग॥२॥
करुणा, मैत्री, सजनता, धर्मानुराग, श्रद्धा बलवान।
समता, उदासीनता, अपनी लघुता, वसुगुण युक्त महान॥३॥
तत्त्वभूत सत्यार्थ स्वरूप जानते हैं समकित धारी।
संशय रहित स्वरुचि के स्वामी ही होते हैं अविकारी॥४॥
ऐसे समकित की रज भी पाऊँ तो धारूँ मस्तक पर।
सप्त स्वरों की बजा बाँसुरी गाऊँ मैं समकित के स्वर॥५॥
अपनी आत्मा की निःशंक श्रद्धा करना ही निश्चय धर्म।
आत्मस्वरूप निःशंक जानना ही निःशंकित अंग का मर्म॥६॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

( शार्दूलविक्रीडित )

भाते जो निःशंक भावना वे एकत्वधन के धनी।
पर से तो संबंध तोड़ करके निज में चले जाएँगे॥
भवतट छोड़ आत्मतट पर आए स्वबल से प्रभो।
करते हैं भगवान सिद्ध स्वागत एकत्वसम्राट का॥१॥

( दीनबन्धु )

जिसने किया श्रद्धान वह भगवान हो गया।
अपना स्वरूप जानकर महान हो गया॥१॥
चारों कषाय क्षीण करके मोह जय किया।
अरहंतदशा प्राप्तकर प्रधान हो गया॥२॥
संसार का अभाव करके सिद्धपद लिया।
क्रम-क्रम से पाँच बंध का अवसान हो गया॥३॥
अपनी स्वभावशक्ति से जाता है सिद्धपुर।
अन्तर्मुहूर्त में उसे निर्वाण हो गया॥४॥
हम भी यही करेंगे यह निश्चय किया है आज।
हमको भी आज हे प्रभो निजज्ञान हो गया॥५॥

ॐ ह्रीं श्री निःशंकितांगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )

निःशंकित अंग की पूजन कर उर में जागा यह भाव।
निःशंकित समकित पाऊँ मैं शंकाओं का करूँ अभाव॥
रत्नत्रयमंडल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥

पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्
卐


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ २६ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 1 (सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 1 (Samyagdarshan, Samyaggyan, Samyakcharitra))