श्री निःकांक्षित अंग पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Nihkankshit Ang Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( दोहा )

द्वितीय अंग निःकांक्षित, पूजा करूँ विशेष।
इच्छाओं को जीतकर, शुद्ध बनूँ परमेश॥
पूर्ण शुद्ध सम्यक्त्व की, महिमा अपरम्पार।
पलभर में मिथ्यात्व हर, देता सौख्य अपार॥

ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य निःकांक्षितांग अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य निःकांक्षितांग अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री सम्यग्दर्शनस्य निःकांक्षितांग अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( सखी )

निःकांक्षितजल अब लाऊँ। इच्छा विहीन हो जाऊँ॥
प्रभु पूर्ण अनिच्छुक बनकर। जन्मादिरोगत्रय लूँ हर॥१॥

ॐ ह्रीं श्री निःकांक्षितांगाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

निःकांक्षितचंदन लाऊँ। इच्छा विहीन हो जाऊँ॥
अब पूर्ण अनिच्छुक बनकर। संसारतापज्वर लूँ हर॥२॥

ॐ ह्रीं श्री निःकांक्षितांगाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

निःकांक्षितअक्षत लाऊँ। इच्छा विहीन हो जाऊँ॥
प्रभु पूर्ण अनिच्छुक बनकर। अक्षयपद पाऊँ सत्वर॥३॥

ॐ ह्रीं श्री निःकांक्षितांगाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

निःकांक्षितपुष्प सजाऊँ। इच्छाओं पर जय पाऊँ॥
प्रभु पूर्ण अनिच्छुक बनकर। कामाग्नि बुझाऊँ सत्वर॥४॥

ॐ ह्रीं श्री निःकांक्षितांगाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

निःकांक्षितसुचरु चढ़ाऊँ। इच्छाओं पर जय पाऊँ॥
प्रभु पूर्ण अनिच्छुक बनकर। जठराग्नि बुझाऊँ सत्वर॥५॥

ॐ ह्रीं श्री निःकांक्षितांगाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

निःकांक्षितज्योति जगाऊँ। इच्छाओं पर जय पाऊँ॥
प्रभु पूर्ण अनिच्छुक बनकर। मोहाग्नि बुझाऊँ जिनवर॥६॥

ॐ ह्रीं श्री निःकांक्षितांगाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

निःकांक्षितधूप चढ़ाऊँ। इच्छा विरहित हो जाऊँ॥
प्रभु पूर्ण अनिच्छुक बनकर। कर्माग्नि बुझाऊँ जिनवर॥७॥

ॐ ह्रीं श्री निःकांक्षितांगाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

निःकांक्षिततरुफल लाऊँ। इच्छा विरहित हो जाऊँ॥
प्रभु पूर्ण अनिच्छुक बनकर। फल सहज मोक्ष लूँ जिनवर॥८॥

ॐ ह्रीं श्री निःकांक्षितांगाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

निःकांक्षितअर्घ्य बनाऊँ। इच्छा विरहित हो जाऊँ॥
प्रभु पूर्ण अनिच्छुक बनकर। पदवी अनर्घ्य लूँ जिनवर॥९॥

ॐ ह्रीं श्री निःकांक्षितांगाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

अर्घ्यावलि

१. इहलोकसुखवाञ्छा रहित

( गीतिका )

इहलोकसुख की वाञ्छा के लोभ से स्वामी बचूँ।
पंचइन्द्रिय विनश्वर सुख की न इच्छा उर रचूँ॥
अंग निःकांक्षित सदा पालूँ प्रभो मैं चाव से।
पूर्ण समकित प्राप्त करके जुड़ूँ आत्मस्वभाव से॥

ॐ ह्रीं श्री इहलोकसुखवाञ्छारहितनिःकांक्षितांगाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

२. परलोकसुखवाञ्छा रहित

परलोकसुख की वाञ्छा के दोष से हे प्रभु बचूँ।
विनश्वर साता विभावी की न छवि उर में रचूँ॥
अंग निःकांक्षित सदा पालूँ प्रभो मैं चाव से।
पूर्ण समकित प्राप्त करके जुड़ूँ आत्मस्वभाव से॥

ॐ ह्रीं श्री परलोकसुखवाञ्छारहितनिःकांक्षितांगाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

३. भोगआकांक्षा रहित

भोग भोगे हैं अनन्तों और पाये बहुत दुःख।
भोगआकांक्षा तजूँ प्रभु प्राप्त हो निज आत्मसुख॥
अंग निःकांक्षित सदा पालूँ प्रभो मैं चाव से।
पूर्ण समकित प्राप्त करके जुड़ूँ आत्मस्वभाव से॥

ॐ ह्रीं श्री भोगकांक्षारहितनिःकांक्षितांगाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

४. उपभोगआकांक्षा रहित

उपभोग-आकांक्षा सदा से महादुःख देती रही।
किन्तु यह उपभोग इच्छा निज अन्तर से ना गई॥
अंग निःकांक्षित सदा पालूँ प्रभो मैं चाव से।
पूर्ण समकित प्राप्त करके जुड़ूँ आत्मस्वभाव से॥

ॐ ह्रीं श्री उपभोगकांक्षारहितनिःकांक्षितांगाय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महार्घ्य

( वीर )

परद्रव्यों में रागरूप इच्छा-अभाव निःकांक्षित अंग।
आत्मद्रव्य में ही रहता है निर्मल शुद्धभाव के संग॥१॥
सर्ववांछाओं से विरहित सम्यग्दृष्टि ही निष्कांक्षी।
कर्मफलों की रंच न वांछा ज्ञातादृष्टा है निष्कांक्षी॥२॥
धर्मधार सांसारिक सुख की इच्छा का है यदि सद्भाव।
तो निश्चित सम्यक्त्व नहीं है निःकांक्षा का जहाँ अभाव॥३॥

ॐ ह्रीं श्री निःकांक्षितांगायअनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

( ताटंक )

पहले दूजे तीजे में तो प्रतिमा होती कभी नहीं।
चौथे गुणस्थान अविरति में भी प्रतिमा का भाव नहीं॥१॥
पहली प्रतिमा लेते ही होता है गुणस्थान पंचम।
ग्यारहवीं प्रतिमा तक कहलाता है एकदेशसंयम॥२॥
पूर्ण देशसंयम लेते ही गुणस्थान होता सप्तम।
फिर यह निर्बलता के कारण पाता गुणस्थान षष्टम॥३॥
इन दोनों में झूला करता जब तक श्रेणी चढ़े नहीं।
निज परिणामों की सम्हाल बिन कोई आगे बढ़े नहीं॥४॥
फिर यह अष्टम में जाता है झट उपशमश्रेणी पाता।
नवम दशम ग्यारहवाँ पाता ग्यारहवें से गिर जाता॥५॥
गिरते ही यह त्वरित सँभलता सप्तम षष्टम में रुकता।
फिर पुरुषार्थ जगाता अपना निजस्वरूप के प्रति झुकता॥६॥
फिर अष्टम से क्षायिकश्रेणी पर तत्क्षण चढ़ जाता है।
नवम दशम पा लाँघ ग्यारहवाँ बारहवाँ पा जाता है॥७॥
मोह क्षीण करता है तत्क्षण कर्म घातिया क्षय करता।
झट तेरहवाँ पा लेता है केवलज्ञानलब्धि वरता॥८॥
फिर ये चौदहवें में जाता कर्म अघाति नाश करता।
गुणस्थान से हो अतीत फिर सिद्ध स्वपद सादर वरता॥९॥
आज हुआ पक्षातिक्रान्त यह नयातीत हो गया चिदेश।
सादिअनंतानंत काल तक निजरस पाएगा सिद्धेश॥१०॥
यदि रत्नत्रय की स्वभक्ति से चेतन होगा ओत-प्रोत।
तो निश्चय ही एक दिवस पाएगा निजशिवसुख का स्रोत॥११॥

( वीर )

निःकांक्षित अंग की पूजनकर हृदय हुआ हे प्रभो प्रसन्न।
सकल वांछाएँ क्षयकरके समकित से होऊँ सम्पन्न॥
रत्नत्रयमंडल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगंबरवेश॥

पुष्पाञ्जलिं क्षिपेत्
卐


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ ३१ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 1 (सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान, सम्यक्चारित्र) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 1 (Samyagdarshan, Samyaggyan, Samyakcharitra))