श्री मुनिसुव्रतनाथ जिन पूजन
रचयिता: राजेश कासलीवाल, उज्जैन
पूर्ण पाठ नीचे दिया है, मूल PDF (5 पृष्ठ) सबसे नीचे संलग्न।
॥श्री मुनिसुव्रतनाथ जिन पूजन॥
रचियता - राजेश कासलीवाल, उज्जैन
स्थापना
(छंद रोला)
सम्यक् रत्नत्रय धर भायी षोडश भावन।
सर्व हितंकर पाया पद तीर्थंकर पावन॥
धर्म देशना धर्म चक्र का किया प्रवर्तन।
हुआ अहो जयवंत जगत में श्री जिन शासन॥
(दोहा)
मन-वच-तन से पूजता, करूँ चरण नित सेव।
आओ तिष्ठो निकट रहो, मुनिसुव्रत जिनदेव॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्र! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याह्नाननम्।
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्र! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्र! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम् परि पुष्पांजलि क्षिपेत।
(छंद लक्ष्मीधरा)
जन्म-मरण रोग का मोहमल हेतु है।
भव-भव में भ्रमण महा दुख देतु है॥
आपका नाम जाप जल सम मलहर।
नीर निर्मल भेंट देव निर्मलकर॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
भवाताप नाश जिन आप शीतल हुए।
परिणाम प्रभु मम दग्ध पल पल हुए॥
आपकी शरण हूँ शांत चित्त को करो।
भेंट मलयज प्रभो ताप मेरा हरो॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय भवातापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा।
मान जान आतमा आत्म में लीन हो।
द्रव्य-भाव-परिणाम आप अक्षीण हो॥
पद अक्षय लहूं आप सम ही प्रभो।
अर्चता अक्षतों से चरण हे विभो॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय-अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।
परभाव त्याग आप ब्रह्मभाव में रमे।
काम के विषाद विष सर्व भाव को वमे॥
हे जिनेश! त्रस्त मैं पुष्पराज मार से।
पुष्प से अर्चना आप मम उर बसे॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
पूर्ण है आतमा पूर्ण परिणाम हो।
अन्य ना इच्छते आप गुणधाम हो॥
आपको लक्ष्य ले सर्व इच्छा तजूं।
हाथ नैवेद्य ले आपको नित भजूं॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
आत्म तल्लीन हो ज्ञान है ज्ञान में।
तीन लोक दीप्त है आप ज्ञानभान में॥
नित्य दीप्त ज्ञानज्योत अंध मैं मोह में।
अर्चता दीप से मोह नाश हेत मैं॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
ध्यान की वन्हि में भावकर्म को दहे।
पूर्ण परिशुद्ध हो ज्ञान गंध को लहे॥
मैं विभाव की कुवास ग्रस्त हूँ हे प्रभो।
पूजता धूप से कर्म नष्ट हो विभो॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय-अष्टकर्मदहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
निज आत्म साधना मोक्ष फलदायिनी।
प्राप्त हो श्री जिनेश आप शिवकामिनी॥
आपके पथ चलूं आपसा फल लहूं।
आप गुणगान कर मोक्ष का थल चहूं॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
है अमोल आतमा है अमोल आप पद।
विश्व की उपाधियां आप सम है अपद॥
एक ओर सर्व जग एक ओर आप हैं।
अर्घ्य कर ले प्रभो आप नाम जाप है॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय-अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
पंचकल्याणक अर्घ्य
(छंद धत्तानंद)
तीर्थंकर वंदें नित अभिनंदें, पद अरविंदे शीश धरें।
पांचों कल्याणक समकित दायक, मोद बधायक भक्ति करें॥
पुष्पांजलि क्षिपेत्।
(छंद गीतिका)
रत्न नभ से बरसते थे माह छह जब पूर्व से।
रे! कृष्ण सावन दूज माता-उर मुनिसुव्रत बसे॥
स्वप्न सोलह फल मधुर सुन मोद मन में छा गई।
छप्पन कुमारी अष्ट देवी हेतु सेवा आ गई॥
ॐ ह्रीं श्रावणकृष्णद्वितीयायां गर्भमंगलमण्डिताय श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय-अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
शान्ति सब जग में हुई कंपित हरि आसन हुआ।
वैशाख वदी दशमी दिवस को जन्म जगभूषण हुआ॥
इन्द्र शचि सुर मेरु पर ला अभिषेक पांडुक पर किया।
तब नृत्य तांडव सहस लोचन देख सब हरषे हिया॥
ॐ ह्रीं वैशाखकृष्णदशम्यां जन्ममंगलमण्डिताय श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
दशमी दिवस वैशाख वदी वैराग्य ले शिव साधने।
वे वन चले प्रासाद वैभव छोड़ निज आराधने॥
इन्द्र सुर ब्रह्मर्षि आए मनुज भी अनुमोदने।
रे! सिद्ध को कर नमन मुनिव्रत ले लगे निज शोधने॥
ॐ ह्रीं वैशाखकृष्णदशम्यां तपोमंगलमण्डिताय श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय-अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
कैवल्य पायो कृष्ण नवमी वैशाख के पावन दिवस।
कर नष्ट चारों घातिया पाया अनन्ती आत्मरस॥
भवि भाग्य से द्वादश सभा में पीयूष पावन था झरा।
तब साध निज को भव्य ने शिवमार्ग सुंदर था वरा॥
ॐ ह्रीं वैशाखकृष्णनवम्यां ज्ञानमंगलमण्डिताय श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
सब कर्म योग संयोग तज निःशेष केवल आत्म हो।
पर्याय भी ध्रुव अचल अनुपम निकल हो परमात्म हो॥
फागुन वदी बारस दिवस सम्मेद की पावन धरा।
रे! कूट निर्जर शिखर से तुम शिखर आतम पद वरा॥
ॐ ह्रीं फाल्गुनकृष्णद्वादश्यां मोक्षमंगलमण्डिताय श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
(दोहा)
मुनिसुव्रत मुनिनाथ का, करता हूँ गुणगान।
जिस पथ आप चले प्रभु, पाऊं पंथ महान॥
(छंद पद्धरि)
जय मुनिसुव्रत जिनवर महान, जय वीतराग गुणगण निधान।
जय सर्व जगत ज्ञाता जिनेश, जय निज आतम ध्याता गुणेश॥
जय हितकर हो करुणानिधान, बिन कारण बिन करुणा सुजान।
जय दिव्यध्वनि दातार देव, बिन इच्छा जो खिरती स्वमेव॥
जग के सब तत्त्व पदार्थ कहे, स्वाधीन सभी तत्त्वार्थ रहे।
सुन्दरतम तुम जग को कहते, सब निज निज में ही नित रहते॥
एकत्व नियत को प्राप्त समय, सुन्दर सर्वत्र अरे गुणमय।
इक दूजे की जो बन्ध कथा, वह है विरोधिनी कही यथा॥
प्रभु समय सभी छह द्रव्य कहे, निज निज में शोभा प्राप्त रहे।
अपने अनन्त धरम चुम्बन, पर से ना स्पर्श अरे इक क्षण॥
इक क्षेत्र भले अवगाह रहे, निज से ना च्युत हो देव कहे।
परिणमन नही पर रुप करे, ना नष्ट व्यक्तिता नन्त अरे॥
यों द्रव्य रहे निज-निज प्रदेश, पर में ना हो किंचित प्रवेश।
अस्ति निज से नास्ति पर से, सब वज्र दिवारों मध्य बसे॥
जिनशासन का यह मूलमंत्र, कण-कण जग में हैं सब स्वतन्त्र।
वस्तु स्वतन्त्र्य का दिव्य नाद, प्रभु तुम वाणी सत्यार्थ वाद॥
कर दिव्य देशना हे जिनेश, हर भविजन के भवभ्रमण क्लेश।
सम्मेद अचल से अचल गति, निर्जर से मोक्ष महान यति॥
तज तन चेतन प्रतिच्छंद बने, सब कर्म तजे सुखकंद बने।
साधक को साध्य दशा दिखती, तुमको लख परिणति निज लखती॥
(छंद धत्तानंद)
तीर्थंकर प्रभुवर हितकर दुखहर, भवतर शिवकर सुहित विभो।
तुमको नित ध्यावें तुम गुण गावें, शिवसुख पावें शीघ्र प्रभो॥
ॐ ह्रीं श्रीमुनिसुव्रतनाथजिनेन्द्राय-अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमाला पूर्णार्घ्य निर्वपामीति स्वाहा।
(दोहा)
मुनिसुव्रत बतला रहे, निजाधीन निजरुप।
तुम पद का अनुसरण करूँ, पाऊं सिद्ध स्वरुप॥
पुष्पांजलि क्षिपेत्।
मूल दस्तावेज़ (PDF):
- Shri_Munisuvratnath_Jin_Pujan_Rajesh_Kasliwal.pdf (0.2 MB, 5 पृष्ठ)
स्रोत: Jain Granth E Library (Telegram), t.me/jainegranth/60198।