श्री मूडबिद्री अतिशयक्षेत्र पूजन | Shri Moodbidri Atishaykshetra Pujan

दक्षिण भारत कर्नाटक में, दक्षिण कन्नड भाग प्रसिद्ध।
अतिशय क्षेत्र मूडबिद्री है, कथित जैन काशी सुप्रसिद्ध॥
क्षेत्र मूल नायक जिन स्वामी, पार्श्वनाथ को करूँ नमन।
त्रिभुवन तिलक शीर्ष चूडामणि, चंद्रनाथ को है वंदन॥
वृषभादिक श्री वीर जिनेश्वर, तीर्थंकर सब करूँ नमन।
रत्नमयी जिनवर प्रतिमाओं को, मैं करता हूँ वंदन॥
धवल-जय धवल-महाधवल, प्राचीन शास्त्रों के दर्शन।
परम पवित्र भावना पूर्वक, करता हूँ जिनवर पूजन॥

ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमासमूह अत्र अवतर-अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमासमूह अत्र तिष्ठ-तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री मुडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमासमूह अत्र मम सन्निहितो भव-भव वषट्।

शुद्धभाव समरस जल पीकर, पर भावों का करूँ विनाश।
त्रिविध ताप की पीड़ा नाशूँ, केवलज्ञान प्रकाश॥
अतिशय क्षेत्र मूडबिद्री को, भाव सहित मेरा वंदन।
जिन प्रतिमाओं के दर्शनकर, पाऊँ में सम्यक् दर्शन॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा॥

शुद्ध भाव चंदन चर्चित कर, भव आताप का करूँ विनाश।
निजस्वभाव साधन के द्वारा, पाऊँ केवलज्ञान प्रकाश॥ अतिशय…॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो संसारतापविनाशनाय चन्दनं निर्वपामीति स्वाहा॥

शुद्ध भाव अक्षत अर्पित कर, अक्षय पद का करूँ विकास।
तत्त्वों का सम्यक् निर्णयकर, पाऊँ केवलज्ञान प्रकाश॥ अतिशय…॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो अक्षयपद प्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा॥

शुद्ध भाव पुष्पांजलि द्वारा, काम भाव का करूँ विनाश।
सहज स्वभाव साधन करके, पाऊँ केवलज्ञान प्रकाश॥ अतिशय…॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा॥

शुद्ध भाव नैवेद्य सरस पा, क्षुधा व्याधि का करूँ विनाश।
एक मात्र निज का दर्शन कर, पाऊँ केवलज्ञान प्रकाश॥ अतिशय…॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो क्षुधारोग विनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा॥

शुद्ध भाव की ज्ञान ज्योति ले, मिथ्यातम का करूँ विनाश।
दर्शमोह-चारित्र मोह हर, पाऊँ केवलज्ञान प्रकाश॥ अतिशय…॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो मोहान्धकार विनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा॥

शुद्ध भाव की ज्ञान धुप ले, अष्टकर्म का करूँ विनाश।
सादि अनंत सिद्ध पद पाऊँ, पाऊँ केवलज्ञान प्रकाश॥ अतिशय…॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो अष्टकर्मदहनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा॥

शुद्ध भाव वैभव फल पाऊँ, भव बंधन का करूँ विनाश।
शिवमय परम मोक्षफल पाऊँ, पाऊँ केवलज्ञान प्रकाश॥ अतिशय…॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो मोक्षफल प्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा॥

शुद्ध भाव के अर्घ्य चढाऊँ, नाश करूँ इस भव का त्रास।
पद अनर्घ्य प्रभु प्राप्त करूँ मैं पाऊँ केवलज्ञान प्रकाश॥ अतिशय…॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो अनर्घ्य पद प्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा॥

विशेष अर्घ्य

हीरा माणिक मरकत नीलम, मोती मूंगा दुर्लभ रुप।
पुष्पराज वैडूर्य स्फटिक, नव रत्नों के बिम्ब अनूप॥
महाभाग्य से दर्शन पाये, दूर शोक दुःख द्वन्द हुआ।
जल फलादि वसु द्रव्य अर्घ्य, अर्पित कर अति सान्नद हुआ॥१॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो अनर्घ्य पद प्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा॥

षट्खंडागम-धवल-जय धवल-महाधवल जिन शास्त्र महान।
द्वादशांग श्रुत श्री जिनवाणी, भाव सहित वन्दूँ धर ध्यान॥
जल फलादि वसु द्रव्य अर्घ्य ले, जिन शास्त्रों को नमन करूँ।
भेदज्ञान की प्राप्ति हेतु मैं, निज श्रद्धा के सुमन धरूँ॥२॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो अनर्घ्य पद प्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा॥

जयमाला

अतिशय क्षेत्र महान को, वन्दूँ बारम्बार।
निज स्वभाव की शक्ति से, करूँ आत्म उद्धार॥

श्री मूडबिद्री की महिमा, भारत भर में है बहुख्यात।
अति प्राचीन दिगम्बर, जिन चैत्यों की यह नगरी विख्यात॥

परम पूज्य शुभ तीर्थक्षेत्र, यह अष्टादश मंदिर सुन्दर।
कलापूर्ण प्राचीन कला का, इसमें है दर्शन सुखकार॥
प्रथम नमूं “गुरु वसदि” मनोहर, पार्श्वनाथ प्रभु का मंदिर।
संवत् सात शतक के लगभग, निर्मित भव्य चैत्य सुन्दर॥
कृष्ण शिला निर्मित अति ही, प्राचीन मूर्ति जिनस्वामी की।
यही मूलनायक प्रभु प्रतिमा, पार्श्वनाथ जगनामी की॥
नव रत्नों के दुर्लभ अनुपम, अति प्राचीन बिम्ब पावन।
आधे अंगुल से नौ अंगुल, की प्रतिमायें मन भावन॥
हीरा मोती माणिक पन्ना, नीलम पुष्पराज वैडूर्य।
मूंगा स्फटिक रत्न प्रतिमायें, स्वयं प्रकाशित हैं ज्यों सूर्य॥
धवल-जय धवल-महाधवल, सिद्धांत ग्रन्थ अति ही प्राचीन।
यहाँ सुरक्षित परमागम के, दर्शन से होते अघ क्षीण॥
इसीलिए “गुरु वसदि” कहाता, है मंदिर सिद्धांत महान।
जिन शास्त्रों के भाव ग्रहण से, कट जाता अनादि अज्ञान॥
“होस वसदि” यात्रि भुवन तिलक, चुडामणि मंदिर सुविशाल।
एक सहस विशाल स्तम्भों का, मंदिर नगरी का भाल॥
चंद्रनाथ जिन प्रभु की प्रतिमा, पंच धातुमय महा मनोज्ञ।
और अनेक वेदियों पर भी, है अलभ्य जिन मूर्ति मनोज्ञ॥
संवत् पंद्रहसौ का निर्मित, तीन खण्ड का यह मंदिर।
ऊँचा मान स्तंभ सुशोभित, प्रांगण में उन्नत सुन्दर॥
शिल्पकला नैपुण्य शिल्पियों का, अद्भुत पुरुषार्थ सफल।
तीर्थंकर आदिक छह मंडप, भव्य चित्र शोमित उज्जवल॥
“वडग वसदि” में चंद्रनाथ स्वामी की, है प्रतिमा प्राचीन।
ऊँचा मान स्तम्भ जहाँ भी, दर्शनीय जो अर्वाचीन॥
"शेट्ट वसदि"श्री जिन स्वामी, महावीर प्रभु की प्रतिमा।
चौबीसों तीर्थंकर प्रभु की, प्रतिमाओं की है महिमा॥
"हिरे वसदि " में शांतिनाथ स्वामी का, श्रेष्ठ मूल विग्रह।
चौबीसों जिनवर प्रतिमाएँ, बार-बार वन्दूँ जिनगृह॥
“वसदि वेटकेरी” में, नेमिनाथ प्रभु की प्रतिमा है अभिरामी।

"कोटि वसदि"मे, नेमिनाथ प्रभु की प्रतिमा है अभिरामी॥
“विक्रम शेट्टि वसदि” में, पर्यंकासन आदिनाथ भगवान।
चौबीसों जिनराज मूर्तियाँ, उन्नत मान स्तम्भ महान॥
“कल्लु वसदि” में, चन्द्रनाथ अरु शीतलनाथ विराजित है।
“लेप्प वसदि” में, चंदा प्रभु हैं मान स्तंभ सुशोभित है॥
“देरम शेट्टि वसदि” में, जिनवर अरह मल्लि मुनिसुव्रतनाथ।
श्वेत शिलामय चौबीसों जिन, ऊपर मल्लिनाथ जगनाथ॥
“चोल शेट्टि वसदि” में जिन प्रभु, सुमति पद्म सुपार्श्व जिनेश।
पर्यंकासन तीर्थंकर, चौबीसों की हैं मूर्ति विशेष॥
“महादेव शेट्टि वसदि” में, ऋषभदेव तीर्थंकर मूर्ति।
कृष्णावर्ण की प्रभावलय में, चौबीसों जिन की अनुमूर्ति॥
“बेंकि वसदि” में, श्री अनंत जिन कायोत्सर्ग रुप शोभित।
प्रभावलय में तीर्थंकर चौबीस, देख मन है मोहित॥२२॥
“केरे वसदि” सरोवर तट पर, मल्लिनाथ प्रभु का मंदिर।
"पड्डु वसदि " में विमल-अनंत, सुधर्मनाथ जिनबिम्ब प्रवर॥
श्री जैन मठ में, तीर्थंकर पार्श्वनाथ प्रभु की प्रतिमा॥
सर्व मंदिरों की सुव्यवस्था से, ही है मठ की गरिमा॥
"जैन पाठशालेय वसदि " में, मुनिसुव्रत जिन तीर्थंकर।
अमृत शिलामयी निर्मित है, अति प्राचीन बिम्ब सुन्दर॥
यही अठारह जिन मंदिर, कन्नड में वसदि कहाते हैं।
इनके दर्शन करने को प्रति मास सहस्रों आते हैं॥
"रमा शोध संस्थान "आदि, संस्थाएँ करती कार्य महान।
ताड़ पत्र पर लिखित सुदुर्लभ, चार सहस्र ग्रंथ विज्ञान॥
संवत् बारह सौ सतहत्तर में, स्थापित गुरुपीठ हुई।
भट्टारक श्री चारुकीर्ति, नामावलि पीठासीन हुई॥
रत्नमूर्ति अरु धवल-जयधवल-महाधवल के दर्शनकर।
भव्य जीव पुलकित होते है, पाते हैं आनन्द मधुर॥
पूरे भारत से यात्रीगण लाखों, आते है प्रतिवर्ष।

जिन वैभव के साक्षात् दर्शन कर, होता सबको हर्ष॥
सर्व व्यवस्था चारुकीर्ति, भट्टारक जी करते उत्तम।
नया सुरक्षा भवन बनाया, अद्वितीय सुन्दर अनुपम॥
षट्खंडागम की जय ध्वनि के, यहाँ गूँजते हैं जयगान।
जिन अभिषेक-देव पूजन कर, आता हैं निज का बहुमान॥
यह अनमोल महान सुनिधि, देती हैं उर में शांति अपार।
हर्ष पूर्ण उल्लास जगाती, श्री जिन धर्म परम सुखकार॥
धवल-जय धवल-महाधवल का, सार श्रेष्ठ रत्नत्रय धर्म।
इसे प्राप्तकर हे प्रभु मैं भी, नाश करूँ दुःखमय वसुकर्म॥
मूडबिद्री के निकट “कार्कल”, क्षेत्र सुदर्शनीय प्राचीन।
श्री बाहुबली की ऊँची प्रतिमा, पर्वत पर है आसीन॥
संवत् पंद्रहसौ के लगभग, निर्मित बहु वैभवशाली।
अष्टादश जिन मंदिर अनुपम, नीचे हैं शोभाशाली॥
है "वरांग " में तीन जिनालय, बाहुबली का बिम्ब महान।
सलिल सरोवर में जिन मंदिर, जिसकी अलग निरालीशान॥
है “वेणूर” क्षेत्र में, स्वामी बाहुबली की मूर्ति प्रधान।
श्री जिनवर के आठ जिनालय, जिनमें होते मंगल गान॥
“धर्मस्थल” में, चंद्रनाथ आदिक के दो मंदिर पावन।
नूतन विग्रह बाहुबली का, लघु पर्वत पर मन भावन॥
श्री हेगडे जी के द्वारा, दिव्य मूर्ति निर्मापित है।
बाहुबली विहार मनोरम, लख जन मन आकर्षित है।
“हुमचा"अतिशय क्षेत्र मनोहर, छोटा सा पर्वत सुन्दर।
ऊपर नीचे आठ जिनालय, हैं शोभायमान सुखकार॥
“श्रवण वेलगुल” चंद्रगिरि पर, हैं जिन मंदिर अति सुविशाल।
शिलालेख हैं चंद्रगुप्त के, भद्रबाहु के चरण विशाल॥
" विन्ध्यगिरि” पर गोम्मटेश्वर की, प्रतिमा संसार प्रसिद्ध।
हैं बत्तीस जिनालय अद्भुत, नाम जैनबिद्री सुप्रसिद्ध॥
दक्षिण में शत-शत जिन मंदिर, दिव्य पुरातन मन भावन।
“गिरिकुन्द्रादि”“हलेविडुं”“गोम्मटगिरि”, आदिक हैं अतिपावन॥

“पोन्नुर हिल” कुन्दकुन्द की, भव्य की भव्य तपस्या भूमि प्रधान।
इन सबके दर्शन पूजन से, होता अतिशय पुण्य महान॥
भाव सहित दर्शन पूजन कर, जीवन सफल करूँ स्वामी।
तत्त्व भावना पूर्वक निज, का ध्यान करूँ अन्तर्यामी॥
जब तक नहीं स्वभाव दृष्टि हैं, तब तक नहीं स्वरुप विकास।
शांत धर्म मय होने को प्रभु, प्रतिदिन करूँ तत्त्व अभ्यास॥
जब तक पर्यायों में मोहित, तब तक ही मैं मिथ्यादृष्टि।
पर से आत्मबुद्धि हटते ही, हो जाऊँगा सम्यक्दृष्टि॥
मूडबिद्री के श्री जिन मंदिर, जिन प्रतिमा-जिन शास्त्र महान।
सबको अर्घ्य समर्पण करके, मैं प्रभु करूँ आत्म कल्याण॥
ॐ ह्रीं श्री मूडविद्रिक्षेत्रस्थ जिन प्रतिमाभ्यो अनर्घ्य पद प्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा॥

मूडबिद्री के क्षेत्र की, महिमा महा महान।
जिन पूजन से प्राप्त हो, वीतराग विज्ञान॥
इत्याशीर्वाद
जाप्यमंत्र-ॐ ह्रीं श्री मूडबिद्री अतिशय क्षेत्रभ्यो नमः।


स्रोत: श्री गोम्मटेश्वर बाहुबली मंगलयात्रा (पूजन, स्वाध्याय, भक्ति), पृष्ठ ४१ (श्री गोम्मटेश्वर बाहुबली मंगलयात्रा (पूजन, स्वाध्याय, भक्ति) | Shri Gommateshwar Bahubali Mangalyatra)