जंबूद्वीप सुभरत क्षेत्र मे, मध्यप्रदेश प्रान्त सुन्दर।
मक्सीजी के तीर्थ मनोहर, परशोभित हैं जिनमंदिर॥
पार्श्वनाथ जिन प्रभु की प्रतिमा, दर्शनीय अति महामहान।
भव्य सातिशय जिन प्रतिमा के, दर्शन से होता कल्याण॥
वृषभादिक प्रभु पार्श्वनाथ श्री, वीर जिनेश्वर को वन्दन।
भाव सहित प्रभु पूजन करके, नाश करूँ भवदुख क्रन्दन॥
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथ जिनेन्द्र अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथ जिनेन्द्र अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथ जिनेन्द्र अत्रममसन्निहितो भव भव वषट्।
(अष्टक)
मिथ्या भ्रम की जलन बुझाने, भावों का जल लाया हूँ।
जन्म मरण भव रोग मिटाने, शरण आपकी आया हूँ॥
अतिशय क्षेत्र श्री मक्सी के, पार्श्वनाथ को करूँ नमन।
भेदज्ञान को ज्योति जलाऊँ, पाऊँ मैं सम्यक् दर्शन॥१॥
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय जन्म जरामृत्युविनाशनाय जलं नि.।
हिंसादिक अविरति क्षय, हित भावो का चंदन लाया हूँ।
भवआताप की तपन बुझाने, शरण आपकी आया हूँ॥अतिशय.२॥
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय संसारतापविनाशनाय चंदनं नि.।
पंच प्रमाद नाशकरने, भावों के अक्षत लाया हूँ।
अनुपमेय अक्षय पद पाने, शरण आपकी आया हूँ॥अतिशय.३॥
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतं नि.।
महाक्रोध की अगिन बुझाने, भाव पुष्प मैं लाया हूँ।
काम भाव का दर्प मिटाने, शरण आपकी आया हूँ॥
अतिशय क्षेत्र श्री मक्सी के, पार्श्वनाथ को करूँ नमन।
भेदज्ञान की ज्योति जलाऊँ पाऊँ मैं सम्यक्दर्शन॥४॥
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं नि.।
मान कषाय नष्ट करने को, विनय भाव चरु लाया हूँ।
क्षुधावेदनी रोग मिटाने, शरण आया आपकी हूँ।अतिशय.॥५॥
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं नि.।
माया भाव नष्ट करने को, भाव दीप प्रभु लाया हूँ।
मोह तिमिर संपूर्ण हटाने, शरण आपकी आया हूँ॥अतिशय.६॥
ॐ ह्रीं श्री मक्सी पार्श्वनाथजिनेन्द्राय मोहांधकारविनाशनाय दीपं नि.।
लोभ कषाय नष्ट करने को, भाव धूप मैं लाया हूँ।
अष्ट कर्म रिपु को क्षय करने, शरण आपकी आया हूँ॥अतिशय.७॥
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अष्टकर्म दहनाय धूपं नि.।
मन वच काय त्रियोग नाश हित, भावों के फल लाया हूँ।
महा मोक्षफल पाने को मैं, शरण आपकी आया हूँ॥अतिशय.८॥
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय मोक्षफल प्राप्तये फलं नि.।
आश्रव बंध पूर्ण क्षय करने, भाव अर्घ प्रभु लाया हूँ।
सिद्धों सा अनर्घपद पाने, शरण आपकी आया हूँ॥अतिशय.९॥
ॐ ह्रीं श्री मक्सीपार्श्वनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्य पदप्राप्तये अर्घ्यं नि.।
(पंच कल्याणक)
वाराणसी नगर की रचना, देवो द्वारा हुई महान।
कृष्ण दूज बैशाख मनोरम, अनुपम हुआ गर्भ कल्याण॥
सोलह स्वप्न दिखे माता को, हुई रत्न वर्षा अमलान।
विश्वसेन की रानी वामा, के उर आए भगवान॥१॥
ॐ ह्रीं श्री पार्श्वनाथजिनेन्द्राय बैशाख कृष्णद्वितीयां गर्भमंगल प्राप्ताया अर्घ्यं नि.।
पौष कृष्ण एकादशमी, को जन्मे पार्श्वनाथ भगवान।
मंगल वाद्य नृत्य गीतों से, हुआ मनोज्ञ जन्म कल्याण॥
जन्मोत्सव पर इन्द्रों द्वारा, हुआ लोक मे जय जय गान।
क्षीरोदधि से स्वर्ण मेरु पर, हुआ कलश अभिषेक महान॥२॥
ॐ ह्रीं श्री पार्श्वनाथजिनेन्द्राय पौषकृष्ण एकादश्यां गर्भमंगलप्राप्ताय अर्घ्यं नि.।
जन्मदिवस पर ही जिन प्रभु के, अन्तर मे विराग छाया।
तप कल्याण हुआ सर्वोत्तम, इन्द्रों ने मंगल गाया॥
लौकान्तिक देवों ने आकर, धन्य धन्य ध्वनि उच्चारी।
बालब्रह्मचारी योगीश्वर, लघु वय मे दीक्षाधारी॥३॥
ॐ ह्रीं श्री पार्श्वनाथजिनेन्द्राय पौषकृष्णएकादश्यां तपोमंगलप्राप्ताय अर्घ्यं नि.।
कमठजीव ने पूर्व बैर से जब उपसर्ग किया घनघोर।
ज्ञाता दृष्टा रहे आप प्रभु आए निज स्वभाव की ओर॥
उपसर्गो से डिगे न तिलभर निजस्वरूप का ध्यान किया।
कृष्ण चतुर्थी चैत्र मास को निर्मल केवलज्ञान लिया॥४॥
ॐ ह्रीं श्री पार्श्वनाथजिनेन्द्राय चैत्र कृष्णचतुर्थ्यां ज्ञानसाम्राज्य प्राप्ताय अर्घ्यं नि.।
समवशरण मे दिव्यध्वनि द्वारा उपदेश महान दिया।
द्रव्यदृष्टि से सभी जीव है शुद्ध सिद्धसम ज्ञान दिया॥
श्री सम्मेदशिखर पर्वत पर स्वर्णभद्र शुभ कूट प्रधान।
श्रावण शुक्ल सप्तमी को प्रभु पाया शिवपद मोक्ष महान॥५॥
ॐ ह्रीं श्री पार्श्वनाथ जिनेन्द्राय श्रावण शुक्ल सप्तम्यां मोक्षमंगल प्राप्ताय अर्घ्यं नि.।
(जयमाला)
पार्श्वनाथ भगवान को बारम्बार प्रणाम।
दृष्टि मुक्त हो मै करूँ, प्रभु निज मे विश्राम॥
तीर्थक्षेत्र मक्सी की महिमा भारत भर मे है विख्यात।
अतिशय क्षेत्र मनोहर पावन अतिशय होते है दिनरात॥१॥
कलापूर्ण ऊँचा जिन मन्दिर नभ से बाते करता है।
भव्य शिखरयुत दूर दूर से हर्ष हृदय मे भरता है॥२॥
मन्दिर के परकोटे मे हैं बयालीस लघु जिन मन्दिर।
भव्य दिगम्बर जिन प्रतिमाएँ यहाँ विराजित है सुन्दर॥३॥
संवत् नौ सौ से सोलह सौ तक की मूर्ति यहाँ शोभित।
जैन दिगम्बर जीवराज पापड़ीवाल आदिक निर्मित॥४॥
नंदीश्वर रचना मे बावन मूर्ति दिगम्बर हैं उत्कीर्ण।
उस युग मे मन्दिर निर्माता कलाकार थे महा प्रवीण॥५॥
अति उत्तुंग जिनालय दर्शन से होता निर्मल अन्तर।
नग्न दिगम्बर खडगासन पद्मासन प्रतिमाएँ सुन्दर॥६॥
भव्य मूलनायक प्रभु प्रतिमा पार्श्वनाथ जिनस्वामी की।
वीतराग अरहंत महाप्रभु तीर्थकर अभिरामी की॥७॥
ध्यानपूर्ण नासाग्र दृष्टि जिनमुद्रा महा पूज्य पावन।
परम दिगम्बर राग रहित निर्ग्रन्थ मूर्ति अति मन भावन॥८॥
कृष्ण वर्ण की पद्मासन प्रभु की प्रतिमा कल्याणमयी।
जिन दर्शन सम्यक्दर्शन का कारण है श्रद्धानमयी॥९॥
संवत् नौ सौ से भी पहिले प्रतिमा का निर्माण हुआ।
संवत् चौदह सौ मे फिर से यह मंदिर निर्माण हुआ॥१०॥
स्वर्ण कलश ध्वज दंड प्रभामय प्रभु की यश गाथा गाते।
नील गगन से होड़ लगाते, जन गण मन को हर्षाते॥११॥
जो भी दुखिया भक्ति भाव से, प्रभु निर्मल गुण गाते।
सुत वैभव सुख सम्पति पाते, सारे संकट कट जाते॥१२॥
भाव पूर्वक जिन मुद्रा लखते ही, होता हर्ष महान।
निजस्वरूप के दर्शन होते, होता है निज पर का भान॥१३॥
तत्वों के सम्यक् निर्णय से, मिट जाते सारे दूषण।
घोर तिमिर मिथ्यात्वमोह का, हो जाता है क्षय तत्क्षण॥१४॥
मै प्रभु दीन हीन संसारी भवसागर दुःख से आकुल।
चारो गति के विषम चक्र से देव हुआ हूँ अति व्याकुल॥१५॥
जो भी चरणो मे आता है उसके दुःख मिट जाते है।
भव्य जीव उपदेश मूक पा मोक्षमार्ग पर आते है॥१६॥
मै भी यही भावना लेकर दर्शन करता हूँ भगवान!
विनय पूर्वक पूजन करके मै चाहूँ अपना कल्याण॥१७॥
मोक्षमार्ग की ज्योतिर्मय किरणो का नव प्रकाश छाए।
महिमासय सम्यक्दर्शन जब प्रकट हृदय मे हो जाए॥१८॥
छोटा मंदिर श्री सुपार्श्व सप्तम तीर्थकर का मनहर।
पार्श्वनाथ की नूतन प्रतिमा यहाँ सुशोभित है सुखकर॥१९॥
यहाँ अठारहसौ संवत् की विविध वर्ण की मूर्ति अनेक।
भव्य दिगम्बर जिन प्रतिमा दर्शन से जगता स्व पर विवेक॥२०॥
भक्ति भाव से भक्त जनो ने जिन प्रतिमाएँ पधराई।
दर्शन से होता प्रसन्न मन भव्य जनो के उर भाई॥२१॥
जामनेर पिपलोन सखेड़ी शाजापुर पचोर उज्जैन।
आसपास के सब क्षेत्रों मे मन्दिर रहे दिगम्बर जैन॥२२॥
आठं प्राचीन मूर्तियों दुर्लभ अब भी मिलती भूतल से।
इनका जीर्णोद्धार परम आश्यक तन मन धन बल से॥२३॥
किंवदन्तियाँ प्रभु के अतिशय की प्रसिद्ध है यहाँ अनेक।
बादशाह ने भी बनवाए पांच कंगूरे मस्तक टेक॥२४॥
अत्याचारी अभिमानी का मान गलित हो जाता है।
दर्शन करते ही कुमार्ग तज कर सुमार्ग पर आता है॥२५॥
जब निष्काम भावना होती पुण्य सातिशय होता है।
विषय कषाय मंद होते ही पाप दूर हो रोता है॥२६॥
धन वैभव स्वर्गादि न चाहूँ, चाहूँ स्व पर भेद विज्ञान।
महामोक्ष कल्याण प्राप्त हो यही विनय है हे भगवान॥२७॥
पाप पुण्य आश्रव विनाश कर कर्मबंध का नाश करूँ।
निज स्वभाव के साधन द्वारा केवलज्ञान प्रकाश करूँ॥२८॥
महा चमत्कारी प्रभु प्रतिमा हृदय चमत्कृत करती है।
वीतराग संदेश सुनाती सबको उपकृत करती है॥२९॥
तेइसवे तीर्थकर प्रभु श्री पार्श्वनाथ स्वामी की जय।
सम्यक्दर्शन मुझे प्राप्त हो सप्त भयो से बनूँ अभय॥३०॥
सर्वअरिष्ट निवारक स्वामी भव अरिष्ट का करो अभाव।
नाथ आपके पथ पर चलकर मै भी पाऊँ शुद्ध स्वभाव॥३१॥
ॐ ह्रीं श्री पार्श्वनाथ जिनेन्द्राय पूर्णार्घ निर्वपामीति स्वाहा।
मक्सी जी के क्षेत्र की महिमा लोक प्रसिद्ध।
निज स्वभाव मे जो रहे हो जाएँ शिव सिद्ध॥
इत्याशीर्वादः पुष्पांजलि क्षिपामि
जाप्यमंत्र- ॐ ह्रीं श्री अतिशयक्षेत्र श्री मक्सी पार्श्वनाथजिनेन्द्राय नमः।
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ १४२ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))