श्री कुंथुनाथ जिन पूजन
रचयिता: राजेश कासलीवाल, उज्जैन
पूर्ण पाठ नीचे दिया है, मूल PDF (5 पृष्ठ) सबसे नीचे संलग्न।
॥श्री कुंथुनाथ जिन पूजन॥
रचियता - राजेश कासलीवाल, उज्जैन
स्थापना
(छंद रोला)
सम्यक् रत्नत्रय धर भायी षोडश भावन।
सर्व हितंकर पाया पद तीर्थंकर पावन॥
धर्म देशना धर्म चक्र का किया प्रवर्तन।
हुआ अहो जयवंत जगत में श्री जिन शासन॥
(दोहा)
हे जिनेश श्री कुंथु जिन, नमूं त्रियोग सम्हार।
आओ तिष्ठो मम हृदय, धर्म तीर्थ करतार॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्र! अत्र अवतर अवतर संवौषट् इत्याह्वाननम्।
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्र! अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः इति स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्र! अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट् सन्निधिकरणम् परि पुष्पांजलि क्षिपेत।
(वीर छंद)
तन को चेतन धर्म कर्म को मान बना मैं मतवाला।
भला किसी को बुरा कहा रे! पीकर मोह-मधु-प्याला॥
मोहमहामद नाश करो जल लेकर चरणों में आया।
हे कुंथुनाथ जिनराज आपको शरणभूत जग में पाया॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय जन्म-जरा-मृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।
अनुकूल कहे प्रतिकूल कहे परद्रव्यों में यों भेद किया।
आकुल व्याकुल मैं बना रहा नित काषायिक हो तपित जिया॥
प्रभु भव-भव का आताप हरो मैं मलयज चरणों में लाया।
हे कुंथुनाथ जिनराज आपको शरणभूत जग में पाया॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।
संयोग क्षणिक पर्याय क्षणिक टिक रखने की नित चाह रही।
त्रैकालिक निज शाश्वत सत्ता से अनजान रहा परवाह नही॥
अक्षयपद तुमसा पाने को प्रभु अक्षत चरणों में ले आया।
हे कुंथुनाथ जिनराज आपको शरणभूत जग में पाया॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय-अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।
पंचेद्रिय मन के वश होकर पर विषयों में आसक्त रहा।
निज ब्रह्मभाव मैं पा न सका प्रभु जो तुमने अव्यक्त कहा॥
चिद्पुष्पों से अन्तर महके दिवपुष्प चरण में ले आया।
हे कुंथुनाथ जिनराज आपको शरणभूत जग में पाया॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।
कुछ पा लेने की इच्छा पर से आकुलता की जननी है।
यह क्षुधातृषा केवल दुखमय परिणाम व्यर्थ की करनी है॥
रे अनुभव अमिरस पान करूँ नैवैद्य चरण में ले आया।
हे कुंथुनाथ जिनराज आपको शरणभूत जग में पाया॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।
तुम जग के ज्ञाता त्राता हो मैं तम से त्रसित रहा स्वामी।
तुम केवलधर मैं मतिहीन जो दिखता कहता अभिरामी॥
यह मोह यामिनी निपट नाश हो दीपक चरणों में लाया।
हे कुंथुनाथ जिनराज आपको शरणभूत जग में पाया॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।
जग में जड़ चेतन सब सुंदर रे मोह अकेला दूषण है।
विकृत विभाव से रहित तुम्हारी परिणति पावन भूषण है॥
विध्वंस करो वैभाव्य प्रदूषण धूप चरण में हूँ लाया।
हे कुंथुनाथ जिनराज आपको शरणभूत जग में पाया॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।
दुःख मुक्ति हेतु परमुख लखता आकुलता ही फल पाता।
क्षण-क्षण विषयों को बदल-बदल सब यत्न अरे निष्फल जाता॥
निर्वाण महाफल पाने को प्रभु चरणों में दिवफल लाया।
हे कुंथुनाथ जिनराज आपको शरणभूत जग में पाया॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय मोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।
अनमोल तुम्हारा वैभव निज आत्मसाधना जनित प्रभो।
निज दर्शन बोध चरण पथ तुमसा ही केवल है स्वहित विभो॥
प्रभुवर अनर्घ्य पद पाने को बहुमोलक अर्घ्य बना लाया।
हे कुंथुनाथ जिनराज आपको शरणभूत जग में पाया॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
पंचकल्याणक अर्घ्य
(छंद धत्तानंद)
तीर्थंकर वंदें नित अभिनंदें पद अरविंदे शीश धरें।
पांचों कल्याणक समकित दायक मोद बधायक भक्ति करें॥
पुष्पांजलि क्षिपेत्।
(छंद रोला)
सर्वार्थसिद्धि तज सावन कृष्ण दशम को आए।
मात श्रीमती सोलह सपने लख हरषाए॥
धनपति नभ से करे रत्नवर्षा बहुभारी।
नगर हस्तिनापुर में हरषे सब नर नारी॥
ॐ ह्रीं श्रावणकृष्णदशम्यां गर्भमंगलमण्डिताय श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
सुदि वैशाख प्रथम दिन भू अम्बर सब हर्षा।
प्रभु जन्मोत्सव मेरु शिखर पांडुक जल वर्षा॥
सुरपति नयन सहस कर तांडव नाच रचाया।
सूर्यसेन घर आंगन में बहु मोद मचाया॥
ॐ ह्रीं वैशाखशुक्लप्रतिपदायां जन्ममंगलमण्डिताय श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
षटखंड छोड़ वनखंड अखंड निजातम ध्याने।
चले कुंथु निष्काम काम तज तीर्थ समाने॥
सित वैशाख प्रतिपद जड़पद परपद त्यागे।
सुर नर लौकांतिक कर उत्सव बहु अनुरागे॥
ॐ ह्रीं वैशाखशुक्लप्रतिपदायां तपोमंगलमण्डिताय श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
सुदि चैत्र तीज को बीज-ज्ञान फल केवल पाया।
समवसरण में होय विराजित अमि बरसाया॥
दर्श ज्ञान सुख वीर्य नंत मय मुद्रा प्यारी।
सर्व घातिया कर्म रहित अर्हत् पद अविकारी॥
ॐ ह्रीं चैत्रशुक्लतृतीयायां ज्ञानमंगलमण्डिताय श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
सित वैशाख एक एकपद सिद्ध अनुपम।
हुए अचल ध्रुव ध्रुव-आलम्बी नित्य निरुपम॥
अहो ज्ञानधर शिखर लोक पर शिखर पौरुषी।
नही देह मन वचन नही अब कर्म अंकुशी॥
ॐ ह्रीं वैशाखशुक्लप्रतिपदायां मोक्षमंगलमण्डिताय श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
जयमाला
(दोहा)
कर्म चक्र को काटकर, धर्म चक्र धरनार।
निष्काम अखंडित तीर्थ को, वंदन बारम्बार॥
(छंद चौपाई)
जय जय कुंथुनाथ जिनराया, जय जय मोह विभाव पलाया।
जय परिणति परिपूर्ण स्वरुपा, जय सर्वज्ञ तिहुं जग भूपा॥
जग के कण-कण क्षण-क्षण ज्ञाता, तुम जिनवर शिवमार्ग प्रदाता।
जग को वे सब तत्त्व बताए, जो शिव हेतु प्रयोजन पाए॥
जीव अजीव बंध रु आश्रव, संवर निर्जर मोक्ष कहे तव।
इनकी श्रद्धा ज्ञान यथारथ, जब होता खुलता मुक्तिपथ॥
जीव चेतनामय तिहुंकाला, दर्श ज्ञान उपयोग विशाला।
सुख का दुख का वेदन करता, श्रद्धा थिरता द्विविध विचरता॥
उपादेय आश्रय हित पूरण, श्रद्धा कर हो मोह विदूरण।
ज्यों-ज्यों थिरता बढ़ती जाती, शिवतिय निकट निकट त्यों आती॥
पुद्गल धर्म अधर्म काल नभ, है अजीव ये ज्ञेय कहे सब।
सब निज गुण परिणाम संभारे, निज-निज सत्ता रहते न्यारे॥
भाव विकारी जड़ रज आना, आश्रव भाव दरब परमाणा।
भाव जीव को दुख उपजाते, करम निमित्त मात्र कहलाते॥
इन भावों संग जुड़ना रुकना, कर्म जीव-प्रदेश ठहरना।
बंधन भाव द्रव्य यों जानो, दुखकर दुःख-निमित पहिचानो॥
भेदज्ञान कर निज अनुभूति, सर्व गुणांश स्वभाविक वृत्ति।
निर्मल परिणति भावित संवर, द्रव्य कर्म-आश्रव हत सत्वर॥
शुद्ध भाव का पल-पल बढ़ना, संचित जड़कर्मों का झड़ना।
भाव द्रव्य निर्जर हितकारी, मुक्तितिय सन्निकट निहारी॥
पूर्ण शुद्ध परिणति हो जाना, जड़कर्मों का सब झड़ जाना।
भाव द्रव्य यह मोक्ष महाना, प्रकट हेतु आदेय प्रधाना॥
संवर निर्जर देश प्रमाणों, आश्रव बंध हेय नित जानो।
यों तत्त्वारथ जो सरधाने, धर रत्नत्रय शिवसुख ठाने॥
(धत्तानंद)
तीर्थंकर प्रभुवर हितकर दुखहर, भवतर शिवकर सुहित विभो।
तुमको नित ध्यावें तुम गुण गावें, शिवसुख पावें शीघ्र प्रभो॥
ॐ ह्रीं श्रीकुंथुनाथजिनेन्द्राय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमाला पूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।
(दोहा)
सप्त तत्त्व सरधान कर, थिरता निज में धार।
कुंथुनाथ पथ पर चलें, होवें भवदधि पार॥
पुष्पांजलि क्षिपेत्।
मूल दस्तावेज़ (PDF):
- Shri_Kunthunath_Jin_Pujan_Rajesh_Kasliwal.pdf (0.2 MB, 5 पृष्ठ)
स्रोत: Jain Granth E Library (Telegram), t.me/jainegranth/60206।