कुण्डग्राम कुण्डलपुर वैशाली जनपद का नगर महान।
महावीर के गर्भ जन्म तप यहाँ हुये तीनों कल्याण॥
नृप सिद्धार्थ मात त्रिशला के नंदन वर्धमान भगवान।
धन्य हुई कुण्डलपुर नगरी हुआ विश्व मे जय जय गान॥
है बिहार मे नालंदा के निकट वीर का जन्मस्थान।
भाव सहित मैं पूजन करके करूँ आत्मा का ही ध्यान॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशय अत्र अवतर अवतर
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशय अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशय अत्र मम् सन्निहितो भव भव वषट्।
स्वपर विवेक नीर ले निज परिणाम विशुद्ध करूँ।
जन्म मरण के नाश हेतु निज अन्तर शुद्ध करूँ॥
कुण्डलपुर की जन्म भूमि को सादर नमन करूँ।
आत्म ज्ञान की परम शक्ति ले प्रभु भव भार हरूँ॥१॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशयक्षेत्रेभ्यो जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं नि.।
स्वपर विवेक सलिल चंदन से भव का कष्ट हरूँ।
भवाताप के नाश हेतु निज अंतर शुद्ध करूँ॥कुण्डलपुर.॥२॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशयक्षेत्रेभ्यो संसारतापविनाशनाय चंदनं नि.।
स्वपर विवेक सुअक्षत ले भव सागर पार करूँ।
अक्षय पद की प्राप्ति हेतु निज अंतर शुद्ध करूँ॥कुण्डलपुर.॥३॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुरअतिशयक्षेत्रेभ्यो अक्षयपद प्राप्ताय अक्षतं नि.।
स्वपर विवेक पुष्प के द्वारा कलुषित भाव हरूँ।
कामबाण विध्वंस हेतु निज अंतर शुद्ध करूँ॥कुण्डलपुर.॥४॥
ॐ ह्रीं श्रीकुण्डलपुर अतिशयक्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि.।
स्वपर विवेक सु पावन चरु ले पर का मान हरूँ।
क्षुधारोग के नाश हेतु निज अंतर शुद्ध करूँ॥कुण्डलपुर.५॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशयक्षेत्रेभ्यो क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं नि.।
स्वपर विवेक ज्ञान दीपक ले मिथ्या तिमिर हरूँ।
मोहकर्म के नाश हेतु निज अंतर शुद्ध करूँ॥कुण्डलपुर.६॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशयक्षेत्रेभ्यो मोहान्धकार विनाशनाय दीपं.
स्वपर विवेक धूप के द्वारा कल्मष सकल हरूँ।
अष्टकर्म के नाश हेतु निज अंतर शुद्ध करूँ॥कुण्डलपुर७॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशयक्षेत्रेभ्यो अष्टकर्म दहनाय धूपं नि.।
स्वपर विवेक ज्ञान फल पाऊँ चहुँगति भ्रमण हरूँ।
महामोक्षफल पाने को निज अंतर शुद्ध करूँ॥कुण्डलपुर.॥८॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशयक्षेत्रेभ्यो मोक्षफल प्राप्ताय फलं नि.।
स्वपर विवेक अर्घ्य की महिमा से संहार हरूँ।
पदअनर्घ्य पाने को प्रभु निज अंतर शुद्ध करूँ॥
कुण्डलपुर की जन्म भूमि को सादर नमन करूँ।
आत्म ज्ञान की परम शक्ति ले प्रभु भव भार हरूँ॥९॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशयक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्यपद प्राप्ताय अर्घ्य
(जयमाला)
वर्धमान अतिवीर को बारम्बार प्रणाम।
रत्नत्रय का वरण कर पाऊँ प्रभु निज धाम॥
ज्ञातृवंश क्षत्रिय कुल काश्यप गोत्री वीर महान।
जन्म क्षेत्र कुण्डलपुर नगरी जग मे श्रेष्ठ महान॥१॥
सोलह स्वप्न देख माता ने सहज विचार किया।
स्वप्न फलों का सुनकर मन मे हर्ष अपार लिया॥२॥
पंद्रह मास रत्न वर्षा से नगरी धन्य हुई।
स्वर्गलोक सम शोभा पाकर पुरी अनन्य हुई॥३॥
जन्म समय सुरपति ऐरावत गज लेकर आया।
गिरि सुमेरु पर कर अभिषेक हृदय मे हर्षाया॥४॥
जब वैराग्य हुआ प्रभु को आये लौकांतिक देव।
धन्य धन्य कह उठे वीर प्रभु दीक्षित हुये स्वमेव॥५॥
तप कर ऋजुकूला तट प्रभु ने केवलज्ञान लिया।
इन्द्रादिक ने समवशरण रच जय जयकार किया॥६॥
दे उपदेश भव्य जीवों को दिया मुक्ति संदेश।
विपुलाचल पर खिरी दिव्यध्वनि पावन परम विशेष॥७॥
तत्वज्ञान की धार प्रवाहित करके वीर सुवीर।
योग निरोध प्राप्ति हित आए पावापुर के तीर॥८॥
निज स्वभाव साधन से पाया सिद्ध स्वपद निर्वाण।
जय जयकार किया देवों ने गाए मंगलगान॥९॥
मै भी जिन उपदेश ग्रहण कर जीवन सफल करूँ।
सर्व विषमताएँ अनादि की मैं प्रभु सकल हरूँ॥१०॥
अनंतानुबंधी के द्वारा अब तक व्यथित हुआ।
क्रोध मान माया लोभादिक से मैं यथकित हुआ॥११॥
दर्शनमोह न जीत सका मिथ्यातम के कारण।
इसीलिये पाए अनादि से भव भव दुख दारुण॥१२॥
अप्रत्याख्यानावरणी का अन्त न कर पाया।
अविरति के द्वारा पापों का तरूवर उपजाया॥१३॥
प्रत्याख्यानावरणी के कारण प्रमाद भाया।
पंच पाप पंद्रह प्रमाद से मैने दुख पाया॥१४॥
सदा संज्वलन की छाया मे चऊ कषाय भायी।
इन कषाय भावों से मैने दुर्गति उपजायी॥१५॥
योग निरोध नहीं कर पाया चंचल भाव रहा।
मन वच तन के द्वारा मैने भव का कष्ट सहा॥१६॥
अनंतानुबंधी मिथ्यातम हरते ही जाती।
फिर तो तीन चौकड़ी भी स्वयमेव चली जाती॥१७॥
यह पुरूषार्थ परम हितकारी कभी न कर पाया।
इसीलिये प्रभु आज तुम्हारे द्वारे पर आया॥१८॥
सम्यक्दर्शन की निधि दे दो मिथ्यातम हरलो।
भेदज्ञान का सूर्य प्रकाशित कर निज सम कर लो॥१९॥
यही विनय है यही प्रार्थना सुन लो हे स्वामी।
पूजन का फल मिले यही होऊँ शिवपथ गामी॥२०॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर अतिशयक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्यपद प्राप्ताय अर्घ्य नि.।
जन्म भूमि कुण्डलपुर महिमा अपरम्पार।
निज अनुभव को प्राप्त कर हो जाते भवपार॥
इत्याशीर्वादः पुष्पांजलि क्षिपामि
जाप्यमंत्र- ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुरवैशाली अतिशयक्षेत्रेभ्यो नमः।
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ ११८ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))