श्री केवली श्रीधरस्वामी के चरणों मे करूँ नमन।
कुण्डलपुर से निज स्वभाव के द्वारा पाया मुक्ति सदन॥
महावीर स्वामी की अनुपम प्रतिमा को मेरा वंदन।
कुण्डलगिरि कुण्डलाकार पर्वत को सादर अभिनंदन॥
जल फलादि वसुद्रव्य सजाकर करूँ हृदय से मैं पूजन।
शुद्धभाव की प्राप्ति हेतु प्रगटाऊँ मैं सम्यक्दर्शन॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्र अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्र अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्र अत्र मम् सन्निहितो भव भव वषट्।
(अष्टक)
वर्धमान सागर का निर्मल प्रासुक जल लेकर आऊँ।
जन्म मरण भव व्याधि मिटाऊँ शुद्ध स्वरूप सहज पाऊँ॥
कुण्डलपुर से सिद्ध हुए श्रीधर स्वामी को करूँ नमन।
महावीर बाबा के चरणाम्बुज मे है सादर वंदन॥१॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्रेभ्यो जन्मजरामृत्यु विनाशनाय जलं नि.।
मल्यागिरि का बावन चंदन शुद्ध भावना से लाऊँ।
भव ज्वाला की अग्नि बुझाऊँ शुद्ध स्वरूप सहज पाऊँ॥कुण्डल॥२॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्रेभ्यो संसारताप विनाशनाय चंदनं नि.।
मुक्ता सम उज्जवल अखंड तंदुल निज भावों के लाऊँ
भव भंवरो से ऊपर उछलूँ शुद्ध स्वरूप सहज पाऊँ॥कुण्डल॥३॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्रेभ्यो अक्षयपद प्राप्तये अक्षतं नि.।
कल्पवृक्ष के सुमन सजाकर शुद्ध भावना से लाऊँ।
काम भाव पर जय पाने को शुद्ध स्वरूप सहज पाऊँ॥कुण्डल४॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि.।
षट रस व्यंजन जो अतृप्ति के कारण हैं लेकर आऊँ।
क्षुधारोग पर जय पाने को शुद्ध स्वरूप सहज पाऊँ॥कुण्डल॥५॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्रेभ्यो क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं नि.।
भेदज्ञान का दीप जलाकर सम्यक्दर्शन प्रगटाऊँ।
दुर्लभ तिमिर निवारण कारण शुद्ध स्वरूप सहज पाऊँ॥कुण्डल.६॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोहान्धकार विनाशनाय दीपं. नि.।
शुक्ल ध्यान की धूप जलाऊँ श्रेणी चढ़ ऊपर जाऊँ।
अष्ट कर्म का ईंधन डालूँ शुद्ध स्वरूप सहज पाऊँ॥कुण्डल.७॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्रेभ्यो अष्टकर्म दहनाय धूपं नि.।
घाति अघाति कर्म सब क्षयकर सिद्धशिला वैभव पाऊँ।
परममोक्षफल पाने को प्रभु शुद्ध स्वरूप सहज पाऊँ॥कुण्डल८॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोक्ष फल प्राप्तये फलं नि.।
अष्टम वसुधा का अनर्घ्य पद पाने भाव अर्घ्य लाऊँ।
अष्टस्वगुण की प्राप्ति हेतु मैं शुद्धस्वरूप सहज पाऊँ॥कुण्डल.९॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्य पदप्राप्तये अर्घ्य नि.।
(जयमाला)
कुण्डलगिरि कुण्डलपुरी कुण्डल के आकार।
भव्य जिनालय शोभते महिमा अपरम्पार॥
जंबूद्वीप सुभरत क्षेत्र मे मध्यप्रदेश प्रान्त सुन्दर।
हे दमोह से बीस मील पर कुण्डलपुर पर्वत मनहर॥१॥
नीचे वर्धमान सागर है जलमंदिर शोभित पावन।
बीस जिनालय पंक्ति सरोवरतट पर हैं अति मन भावन॥२॥
पर्वत पर चालीस जिनालय है शोभायमान अनुपम।
वीतराग निर्ग्रन्थ दिगम्बर जिन प्रतिमाएँ सुन्दरतम॥३॥
कुण्डल के आकार मनोहर पर्वत शोभाशाली है।
सिद्धभूमि श्रीधर केवलि स्वामी की वैभवशाली है॥४॥
महावीर बाबा का जिन मन्दिर है अति प्राचीन महान।
प्रभु प्रतिमा नासाग्र दृष्टि पद्मासन है सुविशाल प्रधान॥५॥
दूर दूर से भक्त सहस्रो आते है प्रति मास यहाँ।
जिन प्रतिमाओं के दर्शन कर प्रगटाते उल्लास यहाँ॥६॥
आत्मज्ञान मय मनोकामना भव्यों की पूरी होती।
भौतिक विषय कामनाओं से भव्यों की दूरी होती॥७॥
नीचे मानस्तंभ सुशोभित जिन मंदिर है अति प्राचीन।
बनी धर्मशाला अनेक हैं उदासीन आश्रम सु नवीन॥८॥
सरस्वती भण्डार तथा विद्यालय है विद्या का धाम।
निशदिन जय जयकार गूँजता पाते पथिक पूर्ण विश्राम॥९॥
वृषभादिक श्री वीर जिनेश्वर की प्रतिमाओं को वन्दन।
चरण चिन्ह केवली श्रीधरस्वामी को मैं करूँ नमन॥१०॥
तत्वज्ञान की दिव्य भावना अन्तर मे जाग्रत हो देव।
भेद ज्ञान की ज्योति जगे प्रभु मिथ्यातम क्षय हो स्वयमेव॥११॥
सम्यक्दर्शन की निधि पाऊँ ऐसी कृपा करो स्वामी।
तुम समान मैं भी बन जाऊँ यह वर दो अंतर्यामी॥१२॥
ॐ ह्रीं श्री कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्य पद प्राप्तये अर्घ्य नि.।
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ ७२ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))