श्री खंडगिरि श्री उदयगिरि देश कलिंग मध्य विख्यात।
जंबूद्वीप सुभरत क्षेत्र मे अति प्रसिद्ध है उत्कल प्रान्त॥
छोटे बड़े जिनालय पांचो श्री खंडगिरि पर शोभित।
हैं प्राचीन गुफाएं पन्द्रह जिनमे जिन प्रतिमा परिमित॥
उदयगिरि सामने जहाँ प्राचीन गुफाएं अष्टादश।
नीचे जिनमंदिर विशाल है तीन धर्मशाला हैं बस॥
छोटे छोटे दोनों पर्वत लखकर होता हर्ष महान।
श्री जिनेन्द्र दर्शन पूजन से होता है सबका कल्याण॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्यो पुष्पांजलि क्षिपामि।
(अष्टक)
क्षीर समुद्र समान श्वेत जल पावन प्रभु लेकर आऊँ।
त्रिविध ताप की व्याधि हटाऊँ निज स्वरूप दर्शन पाऊँ॥
श्री खंडगिरि श्री उदयगिरि के दर्शन कर हर्षाऊँ।
पूर्णानंदी ज्ञानस्वभावी निज स्वभाव महिमा पाऊँ॥१॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्योजन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं नि.।
तन ज्वर हरने वाला मल्यागिरि पावन चंदन लाऊँ।
भवआताप संपूर्ण विनाशूँ निजस्वभाव दर्शन पाऊँ। श्रीखंडगिरि॥२॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्यो संसारताप विनाशनाय चंदनं नि.।
धवलोज्ज्वल तन्दुल अखंड मैं भावमयी लेकर आऊँ।
अक्षय पद के प्रगटाने को निजस्वरूप दर्शन पाऊँ॥श्रीखंडगिरि.३॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्यो अक्षयपद प्राप्त्य अक्षतं नि.।
सरस सुगंधित पुष्प अनूठे भावमयी लेकर आऊँ।
कामबाण विध्वंस हेतु अब निजस्वरूप दर्शन पाऊँ। श्रीखंडगिरि॥४॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि.।
दर्शनीय नैवेद्य स्वरसमय भावमयी लेकर आऊँ।
क्षुधारोग संपूर्ण मिटाने निज स्वरूप दर्शन पाऊँ॥श्री खंडगिरि॥५॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्यो क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं नि.।
तिमिर विनाशक जगमग दीपक भावपूर्ण लेकर आऊँ।
मोहमहातम के विनाशहित निजस्वरूप दर्शन पाऊँ।
श्री खंडगिरि श्री उदयगिरि के दर्शन कर हर्षाऊँ।
पूर्णानंदी ज्ञानस्वभावी निज स्वभाव महिमा पाऊँ॥६॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्योमोहान्धकार विनाशनाय दीपं नि.।
दश प्रकार की धूप सुरभिमय भावपूर्ण लेकर आऊँ।
अष्टकर्म विध्वंश हेतु अब निजस्वरूप दर्शन पाऊँ। श्रीखंडगिरि॥७॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्यो अष्ट कर्म विध्वंसनाय धूपं नि.।
कल्पवृक्ष सम उत्तम फल प्रभु भावपूर्ण लेकर आऊँ।
पर मुक्ति काफल पाने को निजस्वभाव दर्शन पाऊँ। श्रीखंडगिरि॥८॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्यो मोक्षफल प्राप्ताय फलं नि.।
जल फलादि वसु द्रव्य सजाकर भाव अर्घ्य उत्तम लाऊँ।
पदअनर्घ्य अविलंब प्राप्तिहित निजस्वभाव दर्शनपाऊँ। श्रीखंडगिरि॥९॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्यो अनर्घ्य पदप्राप्तय अर्घ्य नि.।
(जयमाला)
श्री खंडगिरि उदयगिरि उत्कल प्रान्त महान।
भाव सहित पूजन करूँ मन वच तन धर ध्यान।
ये दोनो पर्वत अति सुन्दर एक दूसरे के सन्मुख।
परम तपस्या भूमि मुनीश्वर होते निज स्वनाव उन्मुख॥१॥
महाप्रतापी खारवेल सम्राट विश्व मे हुए प्रसिद्ध।
जयकर देश अनेकों लेख लिखाये पर्वत पर सुप्रसिद्ध॥२॥
प्रभु कलिंगजिन की प्रतिमा को मगधञ्जीत वापस लाए।
जैन धर्म की विजय पताका फहरा मन मे हर्षाए॥३॥
यही कुमारी पर्वत भी कहलाता था सुन्दर विख्यात।
हैं प्राचीन गुफाएँ सुन्दर झरते जल के सरस प्रपात॥४॥
पार्श्वनाथ अरु महावीर का समवशरण भी आया था।
भव्य जनो ने दीक्षा लेकर मोक्षमार्ग निज पाया था॥५॥
इस पर्वत को सिद्धक्षेत्र भी कहते है अनेक विद्वान।
हैं अनेक उत्कीर्ण मूर्तियाँ जिन मुनियों की महा महान॥६॥
भुवनेश्वर के पास खंडगिरि तथा उदयगिरि पर्वत है।
नित्य यात्री शत शत आते दर्शन कर होते नत है॥७॥
भुवनेश्वर की दूजी ओर पुरी है जगन्नाथ अतिख्यात।
दक्षिण द्वार ऋषभदेव की कृष्णवर्ण प्रतिमा विख्यात॥८॥
जो मुनि मुक्त हुए हो उनको बार-बार मेरा वन्दन।
भेदज्ञान की उत्तम निधि ले पाऊँ मैं सम्यक्दर्शन॥९॥
इन सबके दर्शन पूजन कर नित्य आतम चिंतन करूँ।
निजस्वभाव की महिमा गाऊँ प्रभु निजका ही मनन करूँ॥१०॥
ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्यो अनर्घ्य पद प्राप्तये अर्घ्य नि.।
श्री खंडगिरि उदयगिरि भव्यक्षेत्र सुखकार।
भाव सहित जो पूजते पाते सौख्य अपार॥
इत्याशीर्वादः पुष्पांजलि क्षिपामि
जाप्यमंत्र- ॐ ह्रीं श्री खंडगिरि उदयगिरि क्षेत्रेभ्यो नमः
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ १२२ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))