श्री कायगुप्तिधारक मुनिराज पूजन, रत्नत्रय मंडल विधान | Shri Kaygupttidharak Muniraj Pujan, Ratnatray Mandal Vidhan

( गीतिका )
कायगुप्ति महान धारूँ काय को वश में करूँ।
दुर्निवार प्रसिद्ध तम हर शुद्ध निज अंतर करूँ॥
देवगति का मूल जिनश्रुत मुक्ति का कारण यही।
राग-द्वेष विनाश हित चारित्र दाता है यही॥
कायगुप्ति पवित्र की पूजन करूँ प्रभु भाव से।
काय के प्रति राग त्यागूँ जुडूँ शुद्ध स्वभाव से॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराज अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराज अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः स्थापनम्।
ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराज अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

( मानव )
नहीं राग का कण कहीं दिख रहा है नभंतर स्वजल से भरा शुद्ध पावन।
चले हो स्वपथ पर स्वसंयम का बल ले तुम्हीं प्रभु हमारे तरण और तारण॥
सहज कायगुप्ति के स्वामी हो मुनिवर अचंचल स्वभावी हुए साधु पावन।
असंयम को सम्पूर्ण निज से पृथक्कर हुआ शान्त शीतल सहज ज्ञान उपवन॥१॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं निर्वपामीति स्वाहा।

परम श्रेष्ठ वसु बीस हैं मूलगुण प्रभु, महाश्रेष्ठ पावन है चारित्र उत्तम।
स्वचंदन की महिमा से शोभित हो स्वामी, महामोक्ष पाते बिना ही परिश्रम॥
सहज कायगुप्ति के स्वामी हो मुनिवर अचंचल स्वभावी हुए साधु पावन।
असंयम को सम्पूर्ण निज से पृथक्कर हुआ शान्त शीतल सहज ज्ञान उपवन॥२॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय संसारतापविनाशनाय चंदनं निर्वपामीति स्वाहा।

त्रयोदशप्रकारी स्वचारित्र धारा समिति गुप्तिव्रत पूर्ण अधिकार पाए।
तो इन्द्रादि सुर भी सरस गीत गाते तुम्हें दिव्याक्षत चढ़ाने को आए॥
सहज कायगुप्ति के स्वामी हो मुनिवर अचंचल स्वभावी हुए साधु पावन।
असंयम को सम्पूर्ण निज से पृथक्कर हुआ शान्त शीतल सहज ज्ञान उपवन॥३॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय अक्षयपदप्राप्तये अक्षतान् निर्वपामीति स्वाहा।

स्वभावों की महिमा से भूषित हुए तुम स्वपुष्पों की माला से शोभित हुए प्रभु।
महाशीलपद पाने के बाद स्वामी कभी लौटकर फिर नहीं आएँगे प्रभु॥
सहज कायगुप्ति के स्वामी हो मुनिवर अचंचल स्वभावी हुए साधु पावन।
असंयम को सम्पूर्ण निज से पृथक्कर हुआ शान्त शीतल सहज ज्ञान उपवन॥४॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय कामबाणविध्वंसनाय पुष्पं निर्वपामीति स्वाहा।

स्वअनुभव के चरु की पा महिमा अनूठी अनाहारी पद आप पाएँगे निश्चित।
क्षुधाव्याधि हरकर शिवम् सुन्दरम् तक स्वसत्यम् के ही श्रम करेंगे प्रकाशित॥
सहज कायगुप्ति के स्वामी हो मुनिवर अचंचल स्वभावी हुए साधु पावन।
असंयम को सम्पूर्ण निज से पृथक्कर हुआ शान्त शीतल सहज ज्ञान उपवन॥५॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं निर्वपामीति स्वाहा।

स्वभावों के दीपक परम ज्योतिर्मय ही जगाते हैं अन्तर में दीपक प्रभामय।
मिलेगा प्रभो ज्ञान कैवल्य निश्चित अनंतों गुणों से भरा निज विभालय॥
सहज कायगुप्ति के स्वामी हो मुनिवर अचंचल स्वभावी हुए साधु पावन।
असंयम को सम्पूर्ण निज से पृथक्कर हुआ शान्त शीतल सहज ज्ञान उपवन॥६॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय मोहान्धकारविनाशनाय दीपं निर्वपामीति स्वाहा।

स्वभावों की ही धूप लाएँगे उर में परम शुक्लध्यानी सकल कर्मनाशक।
विकारी विभावों की होली जलेगी मिलेगा स्वतः ज्ञान निज परप्रकाशक॥
सहज कायगुप्ति के स्वामी हो मुनिवर अचंचल स्वभावी हुए साधु पावन।
असंयम को सम्पूर्ण निज से पृथक्कर हुआ शान्त शीतल सहज ज्ञान उपवन॥७॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं निर्वपामीति स्वाहा।

स्वभावों के फल ही परम सौख्यदाता महामोक्षफल देने वाले हैं स्वामी।
निजानंद रस सिन्धु प्रकटेगा उर में परम सिद्ध पददाता निर्मल अकामी॥
सहज कायगुप्ति के स्वामी हो मुनिवर अचंचल स्वभावी हुए साधु पावन।
असंयम को सम्पूर्ण निज से पृथक्कर हुआ शान्त शीतल सहज ज्ञान उपवन॥८॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय महामोक्षफलप्राप्तये फलं निर्वपामीति स्वाहा।

स्वभावों के अर्घ्य अपूर्व बनाकर यथाख्यात पाने का बल पा लिया है।
मिलेगी स्वपदवी अनर्घ्य निराली जिनागम ने ऐसा ही वर्णन किया है॥
सहज कायगुप्ति के स्वामी हो मुनिवर अचंचल स्वभावी हुए साधु पावन।
असंयम को सम्पूर्ण निज से पृथक्कर हुआ शान्त शीतल सहज ज्ञान उपवन॥९॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये अर्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

महार्घ्य

( वसंततिलका )
आनंदकंद महिमामय पूर्ण चेतन।
ज्ञानाब्धि शुद्ध उर में निर्मल निकेतन॥
निर्मल पवित्र कैवल्य स्वज्ञान उर में।
पाऊँ स्वशक्ति द्वारा ध्रुवधाम पावन॥

( वीर )
काया में उपभोग न जाए यत्न करूँ यह भलीप्रकार।
आत्मलीनता ही उर भाए मोह-राग का कर परिहार॥१॥
हो एकाग्र आत्मा में प्रभु काया की प्रवृत्ति रोकूँ।
देह क्रिया में मन जाए तो आत्मज्ञान द्वारा टोकूँ॥२॥
हो स्वतंत्र जड़ तन से तोड़ूँ हे प्रभु सारे ही संबंध।
परिषह उपसर्गों को जयकर हो जाऊँ स्वामी निर्बंध॥३॥
त्रस थावर की हिंसा से पूरी निवृत्ति उत्तम स्वामी।
कायगुप्ति सम्यक् ही पालूँ क्षयकर सात योग नामी॥४॥
काययोग औदारिक त्यागूँ त्यागूँ प्रभु औदारिक मिश्र।
काययोग वैक्रियक त्याग दूँ तज दूँ योग वैक्रियक मिश्र॥५॥
काययोग आहारक त्यागूँ तज आहारक मिश्र प्रभो।
काययोग का मार्ग जीत लूँ निज स्वरूप में रहूँ विभो॥६॥

( दोहा )
महाअर्घ्य अर्पण करूँ, कायगुप्ति के हेतु।
आप कृपा से ज्ञान का, फहराऊँगा केतु॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये महार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

जयमाला

( दोहा )
यह चिन्तन जागा हृदय, सचमुच मैं हूँ कौन।
कायगुप्ति की कृपा से पाया सौख्य अचौन॥

( माधव मालती )
ओ बसंती पवन पावन गीत समकित के सुनादे।
सलिल सम्यग्ज्ञान की गंगोत्री उर में बहा दे॥१॥
स्वरूपाचरणी प्रभा के लिए तरसा आज तक मैं।
स्वतः सम्यक्त्वाचरण की मधुर ध्वनि उर में गुँजा दे॥२॥
ज्ञानऋतु का यही मौसम देखना मैं चाहता हूँ।
माननीया भावना को निज हृदय में अब नचा दे॥३॥
यथाख्यात चरित्र की सम्पूर्ण भक्ति प्रदान कर दे।
अवस्था अरहंतप्रभु सम तू अभी मेरी सजा दे॥४॥
मिथ्यात्वादिक चार प्रत्यय रास्ता रोके हुए हैं।
बिना मौत मरा हुआ हूँ आ मुझे अब तो जिला दें॥५॥
मार्ग में कठिनाइयाँ हैं मोहिनी अँगड़ाइयाँ हैं।
तू मुझे सन्मार्ग शिवकर आ अभी जल्दी बता दे॥६॥
रोग-भोग विनाश की औषधि कहाँ मुझको मिलेगी।
देर मत कर शीघ्र आकर तू मुझे उसका पता दे॥७॥
क्या कहा मैं स्वयं ही भंडार हूँ शिवसुखामृत का।
बुद्धि मेरी मूर्छित है आ उसे अब तो जगा दे॥८॥
स्वर्गसुख की कामना भी जीर्ण तृणवत् मुझे भासे।
मुक्तिपथ की चाहना है, आ मुझे चलना सिखा दे॥९॥

ॐ ह्रीं श्री कायगुप्तिधारकमुनिराजाय अनर्घ्यपदप्राप्तये जयमालापूर्णार्घ्यं निर्वपामीति स्वाहा।

( वीर )
कायगुप्ति की पूजन करके पाया निज पावन चारित्र।
निज सम्यक् चिन्तन करके हो जाऊँगा पूर्ण पवित्र॥
रत्नत्रयमण्डल विधान की पूजन का है यह उद्देश।
निश्चय पूर्ण देशसंयम ले धारूँ दिव्य दिगम्बरवेश॥

पुष्पांजलिं क्षिपेत्
卐


स्रोत: श्री रत्नत्रय मंडल विधान, पृष्ठ १३५ (श्री रत्नत्रय मंडल विधान, भाग 2 (मुनिराज पूजन एवं महाजयमाला) | Shri Ratnatray Mandal Vidhan, Part 2 (Muniraj Pujan evam Mahajaymala))