श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्र पूजन (कविराज राजमल पवैया) | Shri Kampilapuri Atishaykshetra Pujan (Rajmal Pavaiya)

विमलनाथ की जन्म भूमि कंपिलापुरी को करूँ प्रणाम।
त्रयोदशम तीर्थकर स्वामी परमपूज्य पद कमल ललाम॥
गर्भजन्म तपज्ञान महोत्सव यहाँ हुए चारो कल्याण।
मन वच काया से मै पूजूँ जिनवर विमलनाथ भगवान॥

ॐ ह्रीं श्री अतिशयक्षेत्र कंपिलापुरी अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री अतिशयक्षेत्र कंपिलापुरी अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री अतिशयक्षेत्र कंपिलापुरी अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

निर्मल मुनिमनसम अति उज्जवल पावन जल प्रभु लाया हूँ।
जन्म मरण का नाश कराने शरण आपकी आया हूँ॥
विमलनाथ प्रभु चरणाम्बुज को भाव सहित मेरा वंदन।
गर्भ जन्म तप ज्ञान भूमि कंपिलापुरी को करूँ नमन॥१॥

ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्रेभ्यो जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं नि.।

उत्तम निर्मल शीतल बावन चंदन हे प्रभु लाया हूँ।
यह संसार ताप हरने को शरण आपकी आया हूँ॥विमल॥२

ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्रेभ्यो संसारताप विनाशनाय चंदनं नि।

उत्तम निर्मल पावन शुचिमय अक्षत हे प्रभु लाया हूँ।
शाश्वत अक्षय पद पाने को शरण आपकी आया हूँ॥विमल.३॥

ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्रेभ्यो अक्षयपद प्राप्तय अक्षतं नि.।

उत्तम निर्मल पावन पुष्प सुगंधित हे प्रभु लाया हूँ।
कामवासना को क्षय करने शरण आपकी आया हूँ। विमल.॥४॥

ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि.।

उत्तम निर्मल अति पावन नैवेद्य भाव मय लाया हूँ।
क्षुधा व्याधि संपूर्ण नाशने शरण आपकी आया हूँ। विमल.५॥

ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्रेभ्यो क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं नि.।

उत्तम निर्मल पावन दीप ज्योतिमयी मै लाया हूँ।
स्वपर प्रकाशक ज्योतिजगाने शरण आपकी आया हूँ। विमल.६॥

ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्रेभ्यो मोहान्धकार विनाशनाय दीपं नि.।

उत्तम निर्मल पावन धूप सुरभिमय सुन्दर लाया हूँ।
ध्यानधूप मे कर्म जलाने शरण आपकी आया हूँ॥
विमलनाथ प्रभु चरणाम्बुज को भाव सहित मेरा वंदन।
गर्भ जन्म तप ज्ञान कंपिलापुरी को करूँ नमन॥७॥

ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्रेभ्योअष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं नि.।

उत्तम निर्मल पावन फल सुरतरू के शुचिमय लाया हूँ।
महा मोक्षफल के पाने को शरण आपकी आया हूँ। विमल॥८॥

ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्रेभ्यो मोक्षफल प्राप्तय फलं नि.।

उत्तम निर्मल वसु द्रव्यों का अर्घ्य संजोकर लाया हूँ।
निज अनर्घ्य पदवी पाने को शरण आपकी आया हूँ॥विमल.९॥

ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्यपद प्राप्तय अर्घ्य नि.।

(जयमाला)

विमलनाथ की जन्म भू पुरी कंपिला क्षेत्र।
दर्शन करके हो गए सफल हमारे नेत्र॥

जम्बूद्वीप सुभरत क्षेत्र मे है उत्तर प्रदेश के मध्य।
नगर कंपिलापुरी मनोहर जिन मंदिर से शोभित भव्य॥१॥

सहस्त्रार का स्वर्ग त्यागकर माँ जयदेवी उर आए।
गर्भ पूर्व छह मास जन्म तक रत्न सुरो ने बरसाए॥२॥

राजा श्री कृतवर्मा के गृह जन्मे अति आनन्द हुआ।
चारो गति के जीवों का सब दूर शोक दुखद्वंद हुआ॥३॥

इन्द्रादिक ने हर्ष पूर्वक गिरि सुमेरू अभिषेक किया।
मंगल वाद्य बजा देवो ने परम हर्ष अतिरेक लिया॥४॥

राज्यपाट करते करते प्रभु को वैराग्य हुआ उत्पन्न।
लौकान्तिक सुर इन्द्रादिक ने तप कल्याण किया सम्पन्न॥५॥

तीन वर्ष छद्मस्थ अवस्था बीती पाया केवलज्ञान।
इन्द्र सुरो ने समवशरण रच किया आपका मंगलगान॥६॥

गिरि सम्मेद शिखर पर्वत से शुक्ल ध्यान से मुक्त हुये।
पद सिद्धत्व प्रगट कर अपना मुक्ति वधू से मुक्त हुये॥७॥

हुए करोड़ो वर्ष आज भी होता है प्रभु का जयगान।
पुरी कंपिला मे दिव्यध्वनि के स्वर गूंज रहे भगवान॥८॥

यहाँ जन्म ले इस नगरी को त्रिभुवन मध्य प्रसिद्ध किया।
वीतराग अरहंत जिनेश्वर नर भव उत्तम सिद्ध किया॥९॥

नर भव से मोक्ष मार्ग पर कर सकता है जीव प्रयाण।
प्रगटाकर उर सम्यक्दर्शन पा सकता है सम्यक्ज्ञान॥१०॥

निज सम्यक्चारित्र साधना से पा लेता है निर्वाण।
निज पुरूषार्थ सफल करने का ही प्रयत्न है परम महान॥११॥

पुरी कंपिला धन्य हो गई तुमको पाकर हे भगवान।
पूजन करके धन्य हुआ मै करूँ आपका जय जयगान॥१२॥

यहाँ धर्मशाला विशाल है जिनमंदिर शोभाशाली।
प्रभु प्रतिमा प्राचीन मनोहर वीतराग मुद्रावली॥१३॥

चरण कमल प्रभु के महान हैं उनको सादर नमन करूँ।
सम्यकदर्शन धारण करके मिथ्यातम् को नमन करूँ॥१४॥

ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशयक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्यपद प्राप्तय अर्घ्य नि.।

अतिशयक्षेत्र प्रसिद्ध है पुरी कंपिला नाम।
निज स्वभाव जो साधते पाते शिवपुर थान॥

इत्याशीर्वादःपुष्पांजलि क्षिपामि

जाप्यमन्त्र- ॐ ह्रीं श्री कंपिलापुरी अतिशय क्षेत्रेभ्यो नमः।


स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ ११० (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))