जय-जय सहज पवित्र प्रभु, नित्य निरंजन देव।
परिणति स्वाश्रय से अहो, होय शुद्ध स्वयमेव॥1॥
सहज पवित्र परम प्रभु अपना अंतर माहिं विराज रहा।
अद्भुत ज्ञानानन्दमयी, चैतन्य रत्नाकर उछल रहा॥2॥
द्रव्य कलंक तो दूर रहे, जिसमें नहीं भाव कलंक अहा।
निश्चय मंगल तीर्थरूप है, वीतराग-सर्वज्ञ कहा॥3॥
जो नहावे निर्मलता पावे, भव-आताप विनश जावे।
शीतलता निज में ही पावे, फेर न भव में भरमावे॥4॥
हुआ सहज श्रद्धान आपको लखकर स्वामिन् अंतर में।
मोह महामल दूर हुआ, पावनता पाई अंतर में॥5॥
राग-द्वेष मल भी धुल जावे, स्वतः स्वयं में मग्न रहूँ।
अविरल काल अनन्त सहज ही, अद्भुत परमानंद लहूँ॥6॥
हो निःशंक उतरूँ अंतर में, रत्न अलौकिक प्राप्त करूँ।
हो प्रभुता सम्पन्न आप सम, सिद्धालय में वास करूँ॥7॥
कर्म कालिमा को धोने का, कोई और उपाय नहीं।
कीचड़ नहीं, कीचड़ से धुलता, जग जाहिर है बात सही॥8॥
जल से ही यदि धुले मोह मल, फिर आराधन से क्या काम?
यही भावना निर्विकल्प हो, निज में ही पाऊँ विश्राम॥9॥
जल से तो प्रक्षाल अरे, बाहर की एक व्यवस्था प्रभु।
हो पावे नहीं मूर्ति मलिन, हो भक्ति भाव की रक्षा प्रभु॥10॥
अंतरंग में विभो! आप सम, भाव मैल प्रक्षालूँ मैं।
वर्ते निर्मल भेदज्ञान प्रभु, रागादिक परिहारूँ मैं॥11॥
हे परमात्मन्! तुम साक्षी में, नित्य शुद्ध अनुभवन करूँ।
जगे परम पुरुषार्थ जिनेश्वर, साम्य रूप परिणमन करूँ॥12॥
क्षुब्ध न होऊँ, लुब्ध न होऊँ, स्वयं स्वयं में तृप्त रहूँ।
समय-समय ध्याऊँ तन्मय हो, ध्येय रूप अविकार रहूँ॥13॥
स्रोत: वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन), पृष्ठ २२३ (वर्द्धमान पूजाञ्जलि (सं. अखिल जैन) | Vardhaman Pujanjali)