( मंगलाष्टक अनुवाद )
( छन्द - हरिगीत )
अरहन्त प्रभु है इन्द्रपूजित, सिद्धिपति सब सिद्ध हैं।
आचार्य जिनशासन प्रभावक, पूज्य और प्रसिद्ध हैं।
उवझायगण आगम पढ़ाते, रत्नत्रय मुनि आदरे।
पाँचों परम ये इष्ट नित, मंगल करें मंगल करें।
सुर-असुर इन्द्रों की मुकुटमणि, दीप्त करती चरण नख।
प्रवचन उदधि विस्तार को जो, स्थायी चन्द्र समान लख।
योगी निरत स्तुतिगान में, अरहन्त सिद्ध तथा अरे।
आचार्य पाठक साधु वे, मंगल करें मंगल करें।
सम्यक्त्व सम्यक्-ज्ञान चारित, रत्नत्रय पावन परम।
श्री मुक्तिपति जिननाथ कहते, मुक्तिदायी ये धरम।
है धर्म आगम चैत्य सब, जिनधाम श्री आकार रे।
ये चतुर्विध सब धर्म मिल, मंगल करें मंगल करें।
ऋषभादि श्रीसम्पन्न जिन, चौबीस जग में ख्यात हैं।
द्वादश अरे चक्रेश भरतादिक, हुए भूनाथ हैं।
विष्णु प्रतिविष्णु हुए, बलभद्र नौ-नौ पद अरे।
त्रेसठ शलाका निमित बन, मंगल करें मंगल करें।
सर्वौषधि अरु पंच वृद्धिंगत सुतप से ऋद्धिवर।
अष्टांग ज्ञानी महानिमित्त, हैं अष्ट चारण ऋद्धिवर।
रे पंच ज्ञान प्रकार ऋद्धि, बुद्धि अर बलत्रय अरे।
सातों तरह के ये ऋषि, मंगल करें मंगल करें।
ज्योतिषादि के गृहों के, मेरु और कुलाचलों के।
वृक्ष जम्बू शाल्मलि, वक्षार के विजयार्द्ध के।
इक्ष्वाकार गिरि तथा, कुण्डल रुचिक नन्दीश्वरे।
जिनधाम मानुषोत्तरे, मंगल करें मंगल करें।
ऋषभ गिरि-कैलाश से, पावापुरी से वीर जिन।
वासुपूज्य श्री चम्पापुरी, गिरनार से श्री नेमि जिन।
सम्मेद से सब शेष जिन, ने मुक्तिथल में पग धरे।
निर्वाण भू ये वैभवी, मंगल करें मंगल करें।
गर्भागमन तीर्थंकरों का, अभिषेक जन्मोत्सव महा।
रे इन्द्र करते प्रव्रज्या का, ज्ञान का उत्सव अहा।
कैवल्यपुर को गमन उत्सव, प्रभुवर अहो भव से तिरे।
ये पंच कल्याणक सभी, मंगल करें मंगल करें।
यह श्री जिन पाठ मंगल, सौभाग्य श्री दातार है।
हो पंच कल्याणक महोत्सव, या दिवस-अवतार रे।
सज्जन पुरुष जो भावपूर्वक, इसको पढ़े अथवा सुने।
धर्मार्थ काम उन्हें चुने, फिर अन्त वे मुक्ति गुने।
Artist: राजेश कासलीवाल, उज्जैन
स्रोत: णमो जिणाणं (राजेश कासलीवाल, उज्जैन), पृष्ठ १०