श्री हनुमान् चरित्र | Shri Hanuman Charitra

दोहा

मुनिसुव्रत के तीर्थ में, भये बलभद्र सु राम।
नारायण लक्ष्मण तथा, महाबली हनुमान्॥1॥

चरम शरीरी शैल श्री, पायो शिव अभिराम।
वात्सल्य की मूर्ति प्रभु, श्रद्धा सहित प्रणाम॥2॥

चौपाई

जय हनुमान् दयालु स्वामी, चरम शरीरी सम्यग्ज्ञानी।
कामदेव सुन्दर सरवंगा, वानर वंश जगत् में चंगा॥3॥

सुत पवनंजय जगत् विख्याता, सती अंजना तुम्हरी माता।
सिंह गुफा में जन्म तुम्हारा, होते हुआ शुभ्र उजियारा॥4॥

तत्क्षण माँ के मातुल आए, रुका विमान अधिक चकराये।
उतरे तब तुम दर्शन पाया, महा हर्ष उर में उपजाया॥5॥

चले साथ लेकर धरि मोदा, उछलि गिरि तज माँ को गोदा।
सभी लोग रोये-घबराये, तुम्हें देख विस्मित हो आए॥6॥

जिस सिल पर तुम गिरे थे स्वामी, चूर हुई तुम्हरे बल नामी।
श्री शैल तब नाम धराया, हनुरुद्वीप में पोषण पाया॥7॥

इसीलिए हनुमान् सु नामा, स्वामी मोहि देहु सुखधामा।
पाकर रावण का सु निमंत्रण, वरुण राज को जीता तत्क्षण॥8॥

रावण भानज वरी अनंगा, पायो राज मान सुख संगा।
सीता जब रावण हर लाया, जिससे राम बहुत दुःख पाया॥9॥

तब तुम धैर्य राम को दीना, खोज हेतु शुभ गमन सु कीना।
देख महेन्द्र नगर सुखकारी, मातृ भक्ति हिम उमड़ी भारी॥10॥

नाना का मद दूर कराया, मंगल आशीष उनका पाया।
दधि मुख के वन में जब आए, अग्नि मध्य मुनि जलते पाये॥11॥

तत्क्षण भक्ति भाव उमड़ाया, मूसलधार वारि बरसाया।
किया दूर उपसर्ग साधु का, विद्या साधक कन्याओं का॥12॥

असंख्यात तिर्यञ्च बचाए, तब प्रभु तुम आगे बढ़ पाये।
वात्सल्य साक्षात् दिखाया, दया धर्म जग को सिखलाया॥13॥

लंका के समीप आते ही, माया कोट लखा वहाँ सही।
तत्क्षण चूर-चूर तुम कीना, रक्षक को परलोक सु दीना॥14॥

वश में कीनी लंका सुन्दरि, अरु पहुँचे लंका के अंदर।
प्रथम विभीषण मंदिर गये, समाचार सीता के लिए॥15॥

निराहार सीता को सुनकर, उसके दुःख से द्रवित जु होकर।
प्रमद नाम उद्यान में पहुँचे, राम मुद्रिका डारी नीचे॥16॥

सीता ने जब भ्रात पुकारा, तब निशंक निज रूप दिखाया।
राम लखन वृतांत सुनाया, तत्क्षण शुभ आहार कराया॥17॥

सीता सिर चूड़ामणि लीना, विदा माँगि कै गमन सु कीना।
सुनकर रावण क्रोध दिखाया, इन्द्रजीत जब पकड़ सु लाया॥18॥

रावण से तब डरे न स्वामी, साँकल तोड़ि भये नभ गामी।
रावण महल नष्ट तुम कीना, पग से स्वर्ण कोट क्षय कीना॥19॥

समर मध्य निज बल दिखलाया, जीवन राम सहित जु बिताया।
विस्तृत राज्य मध्य भी स्वामी, रहे धर्म पथ के अनुगामी॥20॥

प्रजा पुत्र सम देखी सारी, न्याय नीति थी तुमको प्यारी।
इन्द्र सरीखे भोग सु कीने, पर उनमें नहिं किंचित् भीने॥21॥

एक रात्रि लख टूटा तारा, भव-तन-भोग स्वरूप विचारा।
प्रातः राज्य पुत्र को दीना, वन जा नमन गुरु को कीना॥22॥

दीक्षा धारि घोर तप कीना, तुङ्गी गिरि से शिव पद लीना।

दोहा

शुभ चरित्र हनुमान् का, करे कण्ठ सुखकार।
उन सम तज अन्याय पथ, गहे धर्म आधार॥
शिव-मारग पर पग धरें, धारें योग महान्।
तत्क्षण ही दुःख मुक्त हो, पावे सुख अम्लान॥


Artist: ब्र. रवीन्द्र जी ‘आत्मन्’
स्रोत: सहज पाठ संग्रह