मैं प्रभु गुणावा क्षेत्र का पूजन करूँ अर्चन करूँ।
मैं पूज्य गौतम स्वामि गणधर देवपद बंदन करूँ॥
पाया यहाँ से मोक्ष तुमने भाव से दर्शन करूँ।
निज आत्म द्रव्य प्रतीति पाने तत्त्व का चिंतन करूँ॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्र अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्र अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्र अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।
(अष्टक)
निर्मल प्रासुक जल देव चरणों में अर्पण।
भव भ्रान्ति नष्ट हो देव कर निज का चिंतन॥
हे गौतम गणधर देव चरणों में वंदन।
निज का आश्रय ले देव काटूँ भव बंधन॥१॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो जन्मजरामृत्युविनाशनाय जलं नि.।
शुचि शीतल चंदन देव चरणो मे अर्पण।
भवताप नष्ट हो देव कर निज का चिंतन॥
हे गौतम गणधर देव चरणो मे वंदन।
निज का आश्रय ले देव काटूँ भव बंधन॥२॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो संसारताप विनाशनाय चंदनं नि.।
मुक्ता सम तंदुल देव चरणों मे अर्पण।
भव भ्रमण नष्ट हो देव कर निज का चिंतन॥हे गौतम॥३॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो अक्षयपदप्राप्ताय अक्षतं नि.।
सुरतरु पुष्पांजलि देव चरणों में अर्पण।
कंदर्प दर्प हो नष्ट कर निज का चिंतन॥हे गौतम.॥४॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि.।
नैवेद्य भाव मय देव चरणों में अर्पण।
क्षय वेदनीय हो देव कर निज का चिंतन॥हे गौतम.५॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो क्षुधारोग विनाशनाय नैवेद्यं नि.।
तम नाशक दीपक देव चरणों मे अर्पण।
क्षय मोह तिमिर हो देव कर निज का चिंतन॥हे गौतम.॥६॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोहांधकार विनाशनाय दीपं नि.।
शुभ धूप सुगन्धित देव चरणों में अर्पण।
हो सर्व कर्म क्षय देवकर निज का चिंतन॥हे गौतम ७॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो अष्टकर्मविध्वंसनाय धूपं नि.।
फल सहज भाव के देव चरणों मे अर्पण।
परिपूर्ण मोक्ष हो देव कर निज का चिंतन॥हे गौतम८॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोक्षफल प्राप्ताय फलं नि.।
यह अर्घ्य भाव मय देव चरणों मे अर्पण।
पाऊँ अनर्घ्यपद देव कर निज का चिंतन॥हे गौतम.॥९॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्यपद प्राप्ताय अर्घ्य नि.।
(जयमाला)
क्षेत्र गुणावा को नमन गौतम गणधर देव।
मोक्ष गए इस क्षेत्र से सिद्ध हुए स्वयमेव॥
जंबूद्वीप सुभरत क्षेत्र मे मगधदेश हैं महा प्रसिद्ध।
नगर नवादा निकट गुणावा सिद्ध क्षेत्र हैं अति सुप्रसिद्ध॥१॥
महावीर के मुख्य सुगणधर गौतम स्वामी का निर्वाण।
इसी भूमि पर हुआ बानवे वर्ष अवस्था मे यशगान॥२॥
इन्द्रभूति था नाम आपका चौदह विद्याज्ञान निधान।
वैदिक क्रिया कांड के ज्ञाता शिष्य पांच सौ थे विद्वान॥३॥
महावीर के समवशरण मे दिव्य ध्वनि जब नही खिरी।
अवधिज्ञान से लखा इन्द्र ने गणधर की है कमीखरी॥४॥
बड़ी युक्ति से विनय पूर्वक इन्द्र आपको है लाया।
मान स्तंभ देखते ही प्रभु मान ही सर्व विघटाया॥५॥
दीक्षित होकर शिष्य पांच सौ सहित मुनीश्वर पद पाया।
हुए मुख्य गणधर सन्मति के ज्ञान मनःपर्यय पाया॥६॥
इसीलीये आषाढ़ पूर्णिमा गुरूपूर्णिमा प्रसिद्ध हुई।
श्रावण कृष्णा एकम के दिन दिव्यध्वनि सुप्रसिद्ध हुई॥७॥
खिरी दिव्य ध्वनि प्रभु की तत्क्षण मिला महान दिव्य उपदेश।
रची एक अंतमहूर्त मे द्वादशांग गंगा सविशेष॥८॥
श्री वीर के समवशरण संग तीस वर्ष तक किया विहार।
प्रभु वाणी का सरल अर्थ कर किया सकल जग का उपकार॥९॥
कार्तिक कृष्ण अमावस प्रातः महावीर निर्वाण हुआ।
संध्याकाल आपको स्वामी प्रगटित केवलज्ञान हुआ॥१०॥
पावापुर मे दीपमलिका हुई इन्द्र आदिक द्वारा।
चारों दिशि मे जय जय गूंजी हुआ धर्म का जयकारा॥११॥
पंचम स्वर्ग छोड़कर आए माता पृथ्वी के उर मे।
गौतमपुर वसुभूति ब्राह्मण के सुत जन्मे थे घर मे॥१२॥
अग्निभूत अरु वायुभूति दो भ्राता पाये थे विद्वान।
वेद और वेदांगो म तुम पारंगत थे हे भगवान॥१३॥
आयु पचास वर्ष मे जाकर दीक्षित हुए परमनामी।
बारह वर्ष रहे छद्मस्थ अवस्था मे गौतम स्वामी॥१४॥
तीस वर्ष तक रहे केवली फिर पाया पावन निर्वाण।
नाथ वानवे वर्ष आयु मे सिद्ध शिला पाई सुमहान॥१५॥
धन्य हो गई तुमको पाकर सिद्धपुरी की मुक्तिशिला।
निजस्वभाव पुरूषार्थ शक्ति का उत्तम फल प्रभु सहज मिला॥१६॥
भाग्योदय से तीर्थ गुणावा दर्शन करने आया हूँ।
गौतमस्वामी की वाणी हृदयंगम करने आया हूँ॥१७॥
नाथ सुमति दो नाथ बुद्धि दो तत्त्वबोधि की महिमा दो।
भेदज्ञान की उत्तमनिधि दो निजस्वभाव की गरिमा दो॥१८॥
गौतम स्वामी चरणाम्बुज मे बार-बार मेरा बन्दन।
पाप पुण्य आश्रव अभाव कर नाश करूँ भवदुख क्रन्दन॥१९॥
ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्य पद प्राप्तये अर्घ्य नि.।
गौतम प्रभु को जो जपे मन वचकाय संवार।
क्षेत्रगुणावा ध्यान कर हो जावे भवपार॥
इत्याशीर्वादःपुष्पांजलि क्षिपामि
जाप्यमंत्र-ॐ ह्रीं श्री गुणावा सिद्धक्षेत्रेभ्यो नमः।
स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ ८७ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))