श्री गोम्मटेश संस्तवन (विकसित नील कमल दल) | Shri Gommatesh Sanstavan (Vikasit Neel Kamal Dal)

शत-शत वार विनम्र प्रणाम!

विकसित नील कमल दल सम है जिनके सुन्दर नेत्र विशाल।
शरतचन्द्र शरमाता जिनकी निरख शांत छवि, उनन्त भाल।
चम्पक पुष्प लजाता लख कर ललित नासिका सुषमा धाम।
विश्ववंद्य उन गोम्मटेश प्रति शत-शत बार विनम्र प्रणाम॥१॥

पय सम विमल कपोल, झूलते कर्ण कंध पर्यन्त नितान्त।
सौम्य, सातिशय, सहज शान्तिप्रद वीतराग मुद्राति प्रशांत।
हस्तिशुंड सम सबल भुजाएं बन कृतकृत्य करे विश्राम।
विश्ववंद्य उन गोम्मटेश प्रति शत-शत बार विनम्र प्रणाम॥२॥

दिव्य शंख सौंदर्य विजयिनी ग्रीवा जिनकी भव्य विशाल।
दृढ़ स्कंध लख हुआ पराजित हिमगिरि का भी उन्नत भाल।
जग जन मन आकर्षित करती कटि सुपुष्ट जिनकी अभिराम।
विश्ववंद्य उन गोम्टेश प्रति शत-शत बार विनम्र प्रणाम॥३॥

विंध्याचल के उच्च शिखर पर हीरक ज्यों दमके जिन भाव।
तपः पूत सर्वांग सुखद है आत्मलीन जो देव विशाल।
वर विराग प्रसाद शिखामणि, भुवन शांतिप्रद चन्द्र ललाम।
विश्ववंद्य उन गोम्मटेश प्रति शत-शत बार विनम्र प्रणाम॥४॥

निर्भय बन बल्लरियां लिपटीं पाकर जिनकी शरण उदार।
भव्य जनो को सहज सुखद हैं कल्पवृक्ष सम सुख दातार।
देवेन्द्रों द्वारा अचित हैं जिन पादारविंद अभिराम।
विश्ववंद्य उन गोम्टेश प्रति शत-शत बार विनम्र प्रणाम॥५॥

निष्कलंक निग्रंथ दिगम्बर भय भ्रमादि परिमुक्त नितांत।
अम्बरादि-आसक्ति विवर्जित निर्विकार योगोन्द्र प्रशांत।
सिंह-स्याल-शुडाल-व्यालकृत उपसर्गो मे अटल अकाम॥६॥
विश्ववंद्य उन गोम्मटेश प्रति शत-शत बार विनम्र प्रणाम।

जिनकी सम्यग्दृष्टि विमल है आशा-अभिलाषा परिहीन।
संसृति-सुख बांछा से विरहित, दोष मूल अरि मोह विहीन।
बन संपुष्ट विरागभाव से लिया भरत प्रति पूर्ण विराम।
विश्ववंद्य उन गोम्मटेश प्रति शत-शत बार विनम्र प्रणाम॥७॥

अंतरंग-बहिरंग-संग धन धाम विवर्जित विभु संभ्रांत।
समभावी, मदमोह-रागजित् कामक्रोध उन्मुक्त नितांत।
किया वर्ष उपवास मौन रह बाहुबली चरितार्थ सुनाम।
विश्ववंद्य उन गोम्मटेश प्रति शत-शत बार विनम्र प्रणाम॥८॥


स्रोत: नित्य नियम पूजन, चतुर्विंशति जिन पूजा, तीर्थ क्षेत्र पूजन व स्तोत्र संग्रह, पृष्ठ २४ (नित्य नियम पूजन, चतुर्विंशति जिन पूजा, तीर्थ क्षेत्र पूजन व स्तोत्र संग्रह | Nitya Niyam Pujan, Tirthkshetra Pujan aur Stotra Sangrah)