श्री धर्मनाथ जिन पूजन (कवि राजमल पवैया) | Shri Dharmanath Jin Pujan (Rajmal Pavaiya)

श्री धर्मनाथ जिन पूजन

धर्म धर्मपति धर्म तीर्थयुत ध्यान धुरन्धर प्रभु ध्रुववान।
धर्म प्रबोधन धर्म विनायक ध्यान ध्येय ध्याता धीमान॥
पंच दशम तीर्थंकर धर्मी धर्म तीर्थकर्ता धर्मेन्द्र।
धर्म प्रचारक धर्मनाथ प्रभु जयति धर्मगुरु धर्म जिनेन्द्र॥

ॐ ह्रीं श्री धमनाथ जिनेन्द्र अत्र अवतर-अवतर संवौषट् ॐ ह्रीं श्री धमनाथ जिनेन्द्र अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठ ठ। ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेन्द्र अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट।

तीर्थ यात्रा जप तप करना मात्र नग्नता धर्म नहीं।
वीतराग निज धर्म प्रगट होते ही रहता कर्म नहीं॥
धर्म भावना का जल लेकर क्षमाधर्म उर लाऊँ।
जन्मरोग का नाशकरूँ मैं आत्म ध्यान चित लाऊँ॥
धर्म धुरन्धर धर्मनाथ प्रभु धर्म चक्र के धारी।
हे धर्मेश धर्म तीर्थंकर शुद्ध धर्म अवतारी॥१॥

ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेन्द्र जन्मजरामृत्यु विनाशनाय जल नि।

धर्म भावना का चन्दन ले धर्म मार्दव ध्याऊँ।
भव भव की पीडा नाशूँ आत्म धर्म गुण गाऊँ॥धर्म धुर॥२॥

ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेंद्राय संसारताप विनाशनाय चंदन नि।

धर्म भावना के अक्षत ले धर्म आर्जव ध्याऊँ।
निज अखंडपद प्राप्तकरूँमैं आत्मधर्म चित लाऊँ॥धर्म धुरंधर॥३॥

ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेन्द्राय अक्षयपद प्राप्तये अक्षत नि।

धर्म भावना पुष्प संजोऊँ सत्य धर्म मन भाऊँ।
कामवाण की शल्य मिटाऊँआत्म धर्मगुण गाऊँ॥धर्म धुरंधर॥४॥

ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेंद्राय कामबाण विध्वंसनाय पुष्प नि।

धर्म भावना के चरू लाऊँ शौच धर्म उर लाऊँ।
क्षुधा रोग का नाश करूँ मैं आत्म धर्म चितलाऊँ॥धर्म धुरंधर॥५॥

ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेंद्राय क्षुधारोग विनाशनाय नैवेद्य नि।

धर्म भावना दीप जलाऊँ संयम धर्म जगाऊँ।
मोह तिमिर अज्ञान हटाऊँ आत्म धर्म गुण गाऊँ॥धर्म धुरंधर॥६॥

ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेंद्राय मोहांधकार विनाशनाय दीप नि।

धर्म भावना धूप चढाऊँ मैं तप धर्म बढाऊँ।
अष्टकर्म निर्जरा करूँमैं आत्म धर्म चित लाऊँ॥धर्म धुरंधर॥७॥

ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेंद्राय अष्टकर्म विध्वंसनाय धूप नि।

धर्म भावना का फल पाऊँ त्याग धर्म मन लाऊँ।
मोक्षस्वपद की प्राप्ति करूँमैं आत्मधर्म गुण गाऊँ॥धर्म धुरंधर॥८॥

ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेनद्राय मोक्षफल प्राप्ताय फल नि।

सम्यक् दर्शन तो स्व लक्ष से ही हो सकता है तत्काल।
जब तक पर का लक्ष तभी तक मिथ्या दर्शन का जंजाल॥
धर्म भावना अर्घ चढाऊँ आकिंचन मन लाऊँ।
ब्रह्मचर्य निजशील पयोनिधि आत्मधर्म चितलाऊँ॥धर्म धुरंधर॥१॥

ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेन्द्राय अनर्घपद प्राप्ताय अर्घ्यं नि।

श्री पंच कल्याणक

त्रयोदशी बैशाख शुक्ल की सुरबाला मंगल गाए।
तज सर्वार्थ सिद्धि का वैभव देवि सुव्रता उर आए॥
स्वप्न फलों को जान मुदित माता मन ही मन मुसकाए।
जय जय धर्मनाथ तीर्थंकर रत्न वृष्टि अनुपम छाए॥१॥

ॐ ह्रीं बैशाख शुक्ल त्रयोदश्या गर्भकल्याणक प्राप्ताय श्री धर्मनाथ जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि।

माघ शुक्ल की त्रयोदशी को रत्नपुरी में जन्म हुआ।
राजा भानुराज हर्षाये इन्द्रों का आगमन हुआ॥
पांडुक शिला विराजित करके क्षीरोदधि से नव्हन हुआ।
जय जय धर्मनाथ त्रिभुवनपति तीन लोक आनंद हुआ॥२॥

ॐ ह्रीं श्री माघशुक्लत्रयोदश्या जन्मकल्याणक प्राप्ताय धर्मनाथ जिनेंद्राय अर्घ्यं नि।

शुक्लमाघ की त्रयोदशी को प्रभु का तप कल्याण हुआ।
भवतन भोगों से विरक्त हो उर में धर्म ध्यान हुआ॥
राज्यपाट सब त्याग पालकी में विराज वन में आए।
तरु दधिपर्ण तले दीक्षा धर धर्मनाथ प्रभु हर्षाए॥३॥

ॐ ह्रीं माघशुक्ल त्रयोदश्या तप कल्याण प्राप्ताय श्री धर्मनाथ जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि।

पौष शुक्ल पूर्णिमा मनोहर जब छद्मस्थ काल बीता।
केवलज्ञान लक्ष्मी पाई चार घाति अरि को जीता॥
हुए विराजि समवशरण में अन्तरीक्ष पद्मासन धार।
जय जय धर्मनाथ जिनवर शाश्वर उपदेश हुआ सुन्दर॥४॥

ॐ ह्रीं पौषशुक्ल पूर्णिमायां ज्ञानकल्याणक प्राप्ताय श्री धर्मनाथ जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि।

रागादिक से भिन्न आत्मा का अनुभव ही श्रेष्ठ महान्।
निज की परसे भिन्न जानने की प्रक्रिया भेद विज्ञान॥
ज्येष्ठ शुक्ल की दिव्य चतुर्थी गिरि सम्मेद हुआ पावन।
प्राप्त अयोगी गुणस्थान चौदहवाँ कर जा मुक्ति सदन॥
सिद्धशिला पर आप विराजे गूंजीमुक्ति जग में जय जयधुन।
मोक्ष सुदत्तकूट से पाया धर्मनाथ प्रभु ने शुभ दिन॥५॥

ॐ ह्रीं ज्येष्ठ शुक्ल मोक्षकल्याणक प्राप्ताय श्री धर्मनाथ जिनेन्द्राय अर्घ्यं नि।

जयमाला

जय जय धर्मनाथ तीर्थंकर जिनवर वृषभ सौख्यकारी।
केवलज्ञान प्राप्त होते ही खिरी दिव्य ध्वनि हितकारी॥१॥

गणधर तिरतालिस प्रमुख ऋषिराज अरिष्टसेन गणधर।
श्रीसुव्रता मुख्य आर्यिका अगणित श्रोता सुर मुनि नर॥२॥

वीतराग प्रभु परमध्यानपति भेद ध्यान के दरशाए।
आर्तरौद्र अरु धर्म, शुक्ल ये चार ध्यान है बतलाए॥३॥

चिन्ता का निरोध करके एकाग्र जिसविषय में हो मन।
रहता है अन्त मुहूर्त तक यही ध्यान का है लक्षण॥४॥

आर्त, रौद्र तो अप्रशस्त है धर्म शुक्ल है प्रशस्त ध्यान।
इन चारों के चार चार है भेद, अनेक प्रभेद सुजान॥५॥

आर्त्तध्यान के चार भेद है इष्ट वियोग, अनिष्ट संयोग।
पीडा जनित भेद है तीजा चौथा है निदान का रोग॥६॥

रौद्रध्यान के चार भेद हिंसानंदी व मृषानंदी।
चौर्यानन्दी भेद तीसरा चौथा परिग्रहानन्दी॥७॥

हिंसा में आनन्द मानना हिंसानन्दी ध्यान कुध्यान।
झूठ माहि आनन्द मानना ध्यान मृषानन्दी दुखखान॥८॥

चोरी में आनन्द मानना चौर्यानन्दी ध्यान कुध्यान।
परिग्रह में आनन्द मानना परिग्रहानन्दी दुर्ध्यान॥९॥

आर्त ध्यान अरु रौद्र ध्यान तो खोटी गति के कारण हैं।
पहिले गुणस्थान में तो यह भव भव का दुखदारुण हैं॥१०॥

ज्ञान रहित वैराग्य नहीं है मोक्ष मार्ग में काम का।
ज्ञान सहित वैराग्य भावही सम्यक् पथ शिव धाम का॥
चौथे पंचम छठवें तक यह आर्त ध्यान हो जाता है।
रौद्रध्यान चौथे पंचम से आगे कभी न जाता है॥११॥

धर्म ध्यान के चार भेद हैं आज्ञाविचय अपायविचय।
तृतिय विपाकविचय कहलाता चौथा है संस्थानविचय॥१२॥

जिन आज्ञा से वस्तु चिंतवन आज्ञाविचय ध्यान सुखमय।
कर्मनाश के उपाय का ही चिंतन ध्यान अपायविचय॥१३॥

कर्म विपाक उदय उदीरणादिक चिंतवन विपाकविचय।
तीन लोक के स्वरूप का चिंतवन ध्यान संस्थानविचय॥१४॥

इनमें से संस्थानविचय के चार भेद पिंडस्थ पदस्थ।
तीजा है रूपस्थ ध्यान चौथा है रूपातीत प्रशस्त॥१५॥

है पिंडस्थ निजात्म चिंतवन श्री अर्हंत आकृति का ध्यान।
वर्ण मातृका मंत्र ॐ आदिक में सुस्थिति पदस्थ ध्यान॥१६॥

श्री अरहंत स्वरूप चिंतवन निज चिद्रूप ध्यान रूपस्थ।
ध्यान त्रिकाली शुद्धात्मा का रूपातीत महान् प्रशस्त॥१७॥

पाँच धारणाएँ पिंडस्थ ध्यान की ध्याते परम यती।
पार्थिवी, आग्नेयी, श्वसना, वारूणी, तत्त्व रूपमती॥१८॥

धर्मध्यान का फल संवर निर्जरा मोक्ष का हेतु महान्।
चौथे गुणस्थान से सप्तम तक होता है धर्म-ध्यान॥१९॥

अष्टम गुणस्थान से लेकर चौदहवें तक शुक्ल ध्यान।
शुक्लध्यान का फल साक्षात् शाश्वत सिद्धस्वपद भगवान्॥२०॥

ग्यारह अंग पूर्व चौदह के ज्ञानी जो पूर्वज्ञ महान्।
वज्रवृषभनाराचसंहनन चरम शरीरी को यह जान॥२१॥

शुक्लध्यान के चार भेद है इनकी महिमा अमित महान्।
इनके द्वारा ही होता है आठों कर्मों का अवसान॥२२॥

पृथक्त्व वितर्क विचार और एकत्व वितर्क अविचार महान्।
सूक्ष्मक्रिया अप्रतिपाति अरु व्युपरत क्रिया निवर्ति प्रधान॥२३॥

सौ सौ बार नमन कर निज को निज के ही भीतर जा रे।
मिट जाएँगे पलक मारते ही भव भ्रम के अँधियारे॥
श्रुतवीचार संक्रमण होना ध्यान पृथक्त्व वितर्क विचार।
मोहनीय घातिया विनाशक पहिला शुक्लध्यान सुखकार॥२४॥

एक योग में योगी रहता वह एकत्व वितर्क अविचार।
तीन घातिया का नाश करे जो दूजा शुक्ल ध्यान शिवकार॥२५॥

अष्टम से लेकर बारहवें गुणस्थान तक ये होते।
त्रेसठ कर्म प्रक्रति क्षय होती तब अरहन्त देव होते॥२६॥

कायक्रिया जब सूक्ष्म रहे तब होता सूक्ष्मक्रि याप्रतिपाति।
तेरहवें में होता जब अन्तमुहूर्त आयु रहती॥२७॥

योग अभाव अघातिकर्म क्षय करता व्युपरत क्रिया निवर्ति।
चौदहवें में लघु पंचाक्षर समय मात्र इसकी स्थिति॥२८॥

चौदहवें के प्रथम समय में प्रकृति बहात्तर का होनाश।
अन्त समय में तेरह कर्म प्रकृति का होता पूर्ण विनाश॥२९॥

ऊर्ध्व गमन कर सिद्धशिला पर सिद्ध स्वपद पाते भगवन्त।
हो लोकाग्र भाग में सुस्थित शुद्ध निरंजन सादि अनंत॥३०॥

धर्मध्यान को सर्व परिग्रह तजकर जो जन ध्याते हैं।
स्वर्गादिक सर्वार्थसिद्धि को सहज योगि जन पाते हैं॥३१॥

क्षपकश्रेणि चढ शुक्ल ध्यान जो ध्याते पाते केवलज्ञान।
अंतिम शुक्ल ध्यान के द्वारा वे ही पाते हैं निर्वाण॥३२॥

आर्त्त रौद्र में कृष्ण, नील, कापोत अशुभ लेश्या होती।
धर्मध्यान में पीत, पद्म अरु शुक्ल लेश्या ही होती॥३३॥

पहिले दूजे शुक्लध्यान में शुक्ल लेश्या ही होती।
तीजे चौथे शुक्लध्यान में परम शुक्ल लेश्या होती॥३४॥

चार ध्यान को जानूँ समझूँ अप्रशस्त का त्याग करूँ।
आलंबन लेकर प्रशस्त का रागातीत विराग वरूँ॥३५॥

रहित, परिग्रह, तत्त्वज्ञान, परिषहजय, साम्यभाव, वैराग्य।
धर्म ध्यान के पाँचों कारण निज में पाऊँ जागेभाग्य॥३६॥

जन्म मरण करते करते तू ऊबा नहीं विभाव से।
अब तो निज पुरुषार्थ जगाले मिलजा अरे स्वभाव से॥
हे प्रभु मैं भी निज आश्रय ले निजस्वरुप कोही ध्याऊँ।
धर्मशुक्ल ध्या अष्टकर्म क्षयकर निज सिद्धस्वपदपाऊँ॥३७॥

ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेन्द्राय पूर्णार्घ्यं नि स्वाहा।

वज्र चिह्न शोभित चरण भाव सहित उरधार।
मन वच तन जो ध्यावते वे होते भवपार॥

इत्याशीर्वाद

जाप्तमन्त्र - ॐ ह्रीं श्री धर्मनाथ जिनेन्द्राय नम


Artist: कवि राजमल जी पवैया
स्रोत: जैन पूजांजलि (श्री रूपचन्द्र सुशीलाबाई दि. जैन ग्रंथमाला, विदिशा, १९९२), पृष्ठ २२८ से २३४