श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्र पूजन (कविराज राजमल पवैया) | Shri Chulgiri Siddhakshetra Pujan (Rajmal Pavaiya)

श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्र जय कुम्भकरण मुनिवर जय जय।
इन्द्रजीत मुनि सम श्रेणी से मुक्त हुए प्रभुवर जय जय॥
आदिनाथ प्रभु को विशाल प्रतिमा उत्तुंग मनोहर जय।
बावनगजा प्रसिद्ध जगत मे भाववंदना पूजन जय॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्र अत्र अवतर अवतर संवौषट्।
ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्र अत्र तिष्ठ तिष्ठ ठः ठः।
ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्र अत्र मम सन्निहितो भव भव वषट्।

(अष्टक)

मन वच काया शुद्धि पूर्वक उज्जवल जल लेकर आऊँ।
अजर अमर अनिश्वर पद हित जन्ममरण पर जय पाऊँ॥
श्री चूलगिरि पर्वत पूजूँ आदिनाथ प्रभु को ध्याऊँ।
इन्द्रजीत श्री कुम्भकर्ण मुनि सिद्ध हुए बलि बलिजाऊँ॥१॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो जन्मजरामृत्यु विनाशनाय जलं नि.।

भव आताप नष्ट करने को मलियागिरि चन्दन लाऊँ।
राग शुभाशुभ टाल हृदय से शुद्धभाव निजगुण गाऊँ॥श्री॥२॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो संसारतापविनाशनाय चंदनं नि.।

अक्षय पद की प्राप्ति हेतु उत्तम अक्षत लेकर आऊँ।
चारो गति का भ्रमण मिटाऊँ शुद्ध बुद्ध प्रभु बन जाऊँ॥श्री॥३॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अक्षयपद प्राप्ताय अक्षतं नि.।

काम रोग का मूल नशाने संवर पुष्प सुमन लाऊँ।
आश्रव बंध मार्ग तज तप से करूँ निर्जरा सुख पाऊँ॥४॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो कामबाण विध्वंसनाय पुष्पं नि.।

क्षुधा ज्वाल की आग बुझाने निज स्वभाव शीतल पाऊँ।
शुद्ध भाव नैवेद्य प्राप्त करने को चरणो मे आऊँ॥श्री.॥५॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो क्षुधारोगविनाशनाय नैवेद्यं नि.।

घोर तिमिर मिथ्यात्व मोह को दूर करूँ समकित पाऊँ।
ज्ञानदीप की अमर ज्योति ले रत्नत्रय पथ पर आऊँ॥श्री.६॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोहान्धकार विनाशनाय दीपं नि.।

घाति अघाति नष्ट कर्मो की धूप चूर कर ले आऊँ।
ध्यान अगिन मे उसे जलाकर कर्म रहित शिव पद पाऊँ॥श्री ७॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अष्टकर्म दहनाय धूपं नि.।

अन्तिम शुक्ल ध्यान फल द्वारा महामोक्षफल पा जाऊँ।
सिद्ध शिला सिंहासन बैठ, सादि अनन्त स्वपद पाऊँ॥श्री.८॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो मोक्षफल प्राप्ताय फलं नि.।

जल फलादि वसु द्रव्य अर्घ्य प्रभु के चरणों में नित ध्याऊँ।
निज अर्घ्य पदवी को पाने मैं जिनराज शरण आऊँ॥श्री९॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अनर्घ्य पद प्राप्तये अर्घ्य नि.।

रावण के लघु भ्राता कुम्भकर्ण को जब वैराग्य हुआ।
पंच महाव्रत धारण करके निज स्वरूप ही मान्य हुआ॥
पंचेन्द्रिय जय कर स्वभाव के अवलम्बन से युक्त हुए।
इस पर्वत पर कर्म नाश कर भव बन्धन से मुक्त हुए॥
श्री चूलगिरि से ही तुमने तप कर सिद्धस्वपद पाया।
आज तुम्हारे चरण कमल की पूजन कर अति हर्षया॥१०॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्ध क्षेत्रेभ्यो श्री कुम्भकर्णचरणकमलेभ्यो अर्घ्य नि.।

रावण के सुत इन्द्रजीत को जब विराग मन मे आया।
जिन दीक्षा ले मुनि पद धारा दादश तपकरसुख पाया॥
एक दिवस इस पर्वत पर आ प्रतिमा योग किया धारण।
शुक्ल ध्यान से योग निरोध किया हो गए तरण तारण॥
श्री चूलगिरि से ही तुमने तप करसिद्ध स्वपद पाया।
आज तुम्हारे चरण कमल की पूजन कर अति हर्षया॥११॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरिसिद्धक्षेत्रेभ्यो श्री इन्द्रजीतचरण कमलेभ्यो अर्घ्य नि.।

(जयमाला)

भरत क्षेत्र के मध्यदेश मे बड़वानी है नगर सुजान।
बड़वानी के निकट क्षेत्र है बावनगजा प्रसिद्ध महान॥
श्री चूलगिरि पर्वत सुन्दर पावन सिद्ध भूमि सुखधाम।
उन्नत पर्वतमालाओं से शोभित दृश्यावलि अभिराम॥१॥

उच्च शिखर पर इन्द्रजीत अरु कुम्भकरण के चरण ललाम।
विनय पूर्वक करूँ वंदना मैं भी पाऊँ शिवपुर धाम॥२॥
चौरासी फीट की प्रभु प्रतिमा अतिप्राचीन मनोज्ञ विशाल।
आदि देव के दर्शन मात्र से हो जाते हैं भव्य निहाल॥३॥

आदिनाथ प्रभु की महान प्रतिमा के दर्शन सुखदायक।
कायोत्सर्ग ध्यानमुद्रा मे लीन जगत के अधिनायक॥४॥
चौबीसी के प्रथम तीर्थङ्कर श्री ऋषभदेव स्वामी।
कर्मभूमि के आदि प्रवर्तक जगउद्धारक गुणमामी॥५॥

नीचे जिन मन्दिर मनोज्ञ बहु मानस्तंभ मनोहारी।
वृषभादिक चौबीस जिनेश्वर की प्रतिमायें सुखकारी॥६॥
त्रिभुवनपति त्रैलोक्यतिलक चूड़ामणि तीन लोक वंदित।
सुर नर मुनि पूजित हे स्वामी शत इन्द्रों से अभिनंदित॥७॥

भाव भक्ति पूर्वक हे स्वामी इन चरणों मे आया हूँ।
अशरण शरण जान तुमको प्रभु अर्घ्य सुमन यह लाया हूँ॥८॥
सम्यक् ज्योति प्रकाशित कर दो मेरे अन्तर मे स्वामी।
पूजन का फल भेद ज्ञान दो आदीश्वर अंतर्यामी॥९॥

पंच पाप से दूररहूँ मैं पंच प्रमाद न हृदय धरूँ।
चार कषायो पर जय पाऊँ राग द्वेष को शीघ्रहरूँ॥१०॥
रत्नत्रय पथ पर चलकर मैं केवलज्ञान प्रकाश करूँ।
निजानंद रस लीन रहूँ मैं सिद्ध लोक में वास करूँ॥११॥

ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो अर्घ्य नि.।

बावनगजा चूलगिरि पूजन जो जन करते मन वचकाय।
जन्म जन्म के पातक क्षय हो रोग द्वेष परिणति मिट जाय॥
इत्याशीर्वाद पुष्पांजलि क्षिपामि

जाप्यमंत्र- ॐ ह्रीं श्री चूलगिरि सिद्धक्षेत्रेभ्यो नमः।


स्रोत: तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया), पृष्ठ ६१ (तीर्थक्षेत्र पूजाञ्जलि (कविराज राजमल पवैया) | Tirthkshetra Pujanjali (Kaviraj Rajmal Pavaiya))