श्री चौबीस तीर्थंकर पूजा (राजेश कासलीवाल) | Shri Chaubees Tirthankar Puja (Rajesh Kasliwal)

श्री चौबीस तीर्थंकर पूजा

रचयिता: राजेश कासलीवाल, उज्जैन

पूर्ण पाठ नीचे दिया है, मूल PDF (4 पृष्ठ) सबसे नीचे संलग्न।


श्री चौबीस तीर्थंकर पूजा
रचयिता - राजेश कासलीवाल उज्जैन

स्थापना (दोहा)
ऋषभादि वीरान्त प्रभु, श्री चौबीस जिनेश।
ज्ञाता हो तिहुँलोक के, नही राग नही द्वेष॥
धर्मतीर्थ उपदेश कर, पहुँचे शिवपुर-थान।
तिष्ठो मम उर-पद्म पर, यही विनय-आव्हान॥

जल
ऐक्य रहा तन में चेतन का, अतएव निरंतर जग-नर्तन।
प्रभु! सरस-सुवासित-समकित-जल से, मिथ्यात्व-महामल का मर्दन॥
तीर्थनाथ चौबीस-जिनेश्वर! शरण तुम्हारी हूँ आया।
जन्मादि-रोग का हो अभाव, अब निर्मल-नीर चरण लाया॥

चंदन
निःशेष कषायें अतः शान्त हों, शीतल हो शीतल कर हो।
निर्द्वंद्व निराकुल! व्याकुलता से, तपित-जनों को तपहर हो॥
तीर्थनाथ चौबीस-जिनेश्वर! शरण तुम्हारी हूँ आया।
दग्ध अरे! मैं भवाताप से, इसीलिए मलयज लाया॥

अक्षत
अविकार अखंडित अविनाशी, अघहार अनाकुल रे! अक्षय।
अनबाध अशोक अशंक अरे! अविचल अनहद हो और अभय॥
तीर्थनाथ चौबीस-जिनेश्वर! शरण तुम्हारी हूँ आया।
प्रभु! अक्षय-पद की प्राप्ति-हेतु, अक्षत चरणों में ले आया॥

पुष्प
अंतःस्तल महक रहा प्रभुवर! चैतन्य-सुमन की सौरभ से।
कंदर्प-छली से मुक्त विभो! गुण गाते गणधर गौरव से॥
तीर्थनाथ चौबीस-जिनेश्वर! शरण तुम्हारी हूँ आया।
रे! पुष्पचाप-आताप नाश हो, पुष्प चरण में ले आया॥

नैवेद्य
क्षुधा शमन को अक्षम रे! व्यंजन सारे जगती-तल के।
आनंद-अतींद्रिय अमृत-रस यह, भूख भगाता है पल में॥
तीर्थनाथ चौबीस-जिनेश्वर! शरण तुम्हारी हूँ आया।
स्वादिष्ट मनोहर इष्ट-मिष्ट ये, व्यंजन चरणों में लाया॥
दीप
अज्ञान-तमिस्रा पराभूत रे! प्रज्ञा-कण हैं क्षण-क्षण अक्षय।
मोहान्ध-शमन का महामंत्र, निज ज्ञान-भानु का हो निश्चय॥
तीर्थनाथ चौबीस-जिनेश्वर! शरण तुम्हारी हूँ आया।
अर्पण प्रभुवर! यह दीप-रत्न, कैवल्य-दिवाकर मन भाया॥
धूप
चिद्-वर्तन से विपरीत-कर्म, जो ध्यान-अनल में ध्वस्त प्रभो!
प्रविमुक्त प्रदूषण-कानन से, चैतन्य-निलय में मस्त विभो!
तीर्थनाथ चौबीस-जिनेश्वर! शरण तुम्हारी हूँ आया।
प्रभू हों विनष्ट ये कर्म सभी, मैं धूप चरण में ले आया॥
फल
आनंद-प्रपूरित अमृत-फल, निज-आत्म-वाटिका के मनहर।
प्रतिपल परिणति में आस्वादन, से परम-तृप्त हो हे जिनवर!
तीर्थनाथ चौबीस-जिनेश्वर! शरण तुम्हारी हूँ आया।
ध्रुव-अचल-अनुपम-गति पाने, मैं दिव्यतरु के फल लाया॥
अर्घ्य
दर्श-ज्ञान-चारित्र-वीर्य-सुख, गुण-अनंत निज का वैभव।
व्यय-उत्पादी-ध्रुव-सत्ता में, फेर नहीं कुछ भी संभव॥
तीर्थनाथ चौबीस-जिनेश्वर! शरण तुम्हारी हूँ आया।
मैं अनर्घ्य-वैभव-अभिलाषी, अर्घ्य चरण में ले आया॥

जयमाला

दोहा:-
वंदूँ श्री चौबीस-जिन, मन-वच-तन से आज।
परिणति मेरी आप-सम, हो जावे जिनराज!

आदि अजित संभव अभिनंदन, सुमति पद्म सुपार्श्व प्रभो।
चन्द्र पुष्प शीतल जिनेश अरु, श्रेयनाथ वासुपूज्य विभो॥
विमल अनंत धर्म शांति जिन, कुंथू अरह मल्लि जिनराय।
मुनिसुव्रत नमि नेमि पार्श्व प्रभु, महावीर को शीश नवाय॥

दोहा:-
चौबीसों तीर्थेश ये, भरतक्षेत्र शुभ जान।
अतिशय-महिमा के धनी, हुये पाँच-कल्याण॥

छंद विधाता:-
प्रभू का गर्भ-कल्याणक, रे! बरसे रत्न अंबर से।
ये शुभ-संदेश वसुधा पर, जगत् के जीव सब हरषे॥
अहो! ये स्वप्न-सोलह जो, प्रभू की मात ने देखे।
रे! रत्नों की पिटारी में, जगत् के नाथ आ बैठे॥

जन्म है आज यह अंतिम, त्रिजग में हर्ष है भारी।
इंद्र-आसन हुआ कम्पित, करो उत्सव की तैयारी॥
किया अभिषेक पांडुक पर, सहस्र-लोचन सुदर्शन भी।
लौटकर जब नगर आये, नृत्य-तांडव प्रदर्शन भी॥

तत्त्व-चिन्तन अनुप्रेक्षा, किया वैराग्य का वर्धन।
लौकान्तिक देव भी आए, किया संयम का अनुमोदन॥
शिविका देव जो लाए, मनुज को था प्रथम-अवसर।
रे! मुष्ठी पंच-लुंचन केश, को वो भी हुए तत्पर॥

अहो! यह ज्ञान-कल्याणक, लगा समवसरण प्यारा।
सदा हो लीन निज में ही, बना पर ज्ञेय जग सारा॥
किया उपदेश तत्त्वों का, सभी का भाग्य था जागा।
निजातम-लौ लगी जिसको, मिथ्यातम दूर था भागा॥

हुआ निर्वाण प्रभुवर का, नहीं कुछ शेष संयोगी।
तजा अब देह भी अंतिम, चले निज-देश को योगी॥
अहो! अब द्रव्य-गुण जैसी, हुई पर्याय भी निर्मल।
रहो यों काल अनंतानंत, प्रभू! ध्रुवधाम में निश्चल॥

दोहा :-
तीर्थंकर जिनराज की, पूजा का परिणाम।
जिन सम निज को जानकर, पहुँचें शिवपुर धाम॥

☆ ☆ ☆


:paperclip: मूल दस्तावेज़ (PDF):

स्रोत: Jain Granth E Library (Telegram), t.me/jainegranth/47028।

खोज: Shri Chaubis Tirthankar Puja