श्री चौबीस तीर्थंकर मंडल विधान मंगलाचरण (राजेश कासलीवाल) | Shri Chaubees Tirthankar Mandal Vidhan Mangalacharan (Rajesh Kasliwal)

मंगलाचरण

( दोहा )
मंगलमय अरहंत जिन, सिद्ध सुमंगल जान।
सूरी पाठक साधुगण, मंगल सर्व महान॥
मंगलमय जिनराज है, तीर्थंकर भगवान।
मंगलमय आराधना, मंगलमय गुणगान॥

( छंद - वसंततिलका )
चतुर्विंशति जिननाथ विधान मंगल।
जिनेश मंगल गुणों का गान मंगल।
तव नाम कीर्तन करे वे शब्द मंगल।
है भाव मंगल जिनेश्वर अर्थ मंगल।

( दोहा )
प्रभु की पूजा अर्चना, रचकर करें विधान।
तीर्थंकर चौबीस का, गावें मंगलगान॥
षोडशकारण भावना, सबका हो कल्याण।
जीव सुखी होवें सभी, मिले दुःखों से त्राण॥
सम्यक पूर्वक भावना, ऐसी जिनकी होय।
तीर्थंकर पदवी मिले, सब जग के दुःख खोय॥
आदिनाथ से वीर तक, श्री जिन सर्व महान।
भव्यजनों को तारकर, पहुंचे हैं शिवथान॥
तीर्थंकर त्रिभुवन धनी, हुए पांच कल्याण।
गर्भ जन्म तप ज्ञान हो, मंगलमय निर्वाण॥

( सोरठा )
पाए हो निर्वाण, तुम पथ प्रभुवर मैं चलूं।
हो मेरा कल्याण, ऐसा मंगल कीजिए॥
पुष्पांजलिं क्षिपेत्।


Artist: राजेश कासलीवाल, उज्जैन
स्रोत: णमो जिणाणं (राजेश कासलीवाल, उज्जैन), पृष्ठ ४६